फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W Vs WI W: भारत ने PAK के बाद वेस्टइंडीज को भी हराया, छह विकेट से जीता मैच, ऋचा ने लगाया विनिंग शॉट

Wed, 15 Feb 2023 10:26 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, केप टाउन

खास बातें

IND W vs WI W T20 World Cup Highlights News in Hindi: पाकिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला जीतने के बाद बुधवार को भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी जीत दर्ज की। यह मैच न्यूलैंड्स के केपटाउन में खेला गया। वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। विंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 118 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने 18.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
ऋचा घोष - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:40 PM, 15-Feb-2023

भारत ने वेस्टइंडीज को छह विकेट से हराया

भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज शानदार अंदाज में किया है। बुधवार को टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरा ग्रुप मैच जीता। भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को केप टाउन में खेले गए मुकाबले में छह विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 118 रन बनाए थे। स्टेफनी टेलर ने 40 गेंदों में 42 रन और शेमेन कैंपबेल ने 36 गेंदों में 30 रन की पारी खेली।

119 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने एक वक्त 43 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और जेमिमा रॉड्रिग्स पवेलियन लौट चुकी थीं। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई। हरमनप्रीत 42 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद ऋचा ने देविका वैद्य के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। उन्होंने विनिंग शॉट (चौका) लगाया। ऋचा 32 गेंदों में पांच चौके की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। 

इससे पहले भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने इस मैच में चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके। तीन विकेट लेते ही वह भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने पूनम यादव (98 विकेट) को पीछे छोड़ा। इसके अलावा दीप्ति ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट भी पूरे कर लिए। पुरुष और महिला दोनों को मिलाकर वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय हैं। भारत के पुरुष क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा विकेट युजवेंद्र चहल के नाम है। उन्होंने 91 विकेट झटके हैं। वहीं, महिलाओं में दीप्ति 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाली नौवीं गेंदबाज हैं। दीप्ति ने अब तक भारत के लिए 89 टी20 मैचों में 100 विकेट झटके हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की अनीसा मोहम्मद के नाम है। उन्होंने 125 विकेट लिए हैं।

भारतीय टीम 18 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ेगी। इंग्लिश टीम फिलहाल ग्रुप-बी में शीर्ष पर है। उसने दो में से दो मैच जीते हैं और चार अंकों के साथ टॉप पर है। वहीं, भारतीय टीम भी चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। नेट रन रेट के मामले में भारत इंग्लैंड से पीछे हैं। भारत-इंग्लैंड के बीच मुकाबले से जो टीम जीतेगी, वह ग्रुप-बी में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकती है। पाकिस्तान की टीम ग्रुप-बी में तीसरे, वेस्टइंडीज की टीम चौथे और आयरलैंड पांचवें स्थान पर है।

08:56 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : भारत को 55 रन की जरूरत

10 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 64 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋचा घोष आठ गेंदों में नौ रन और हरमनप्रीत कौर 17 गेंदों में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब 60 गेंदों में 55 रन की जरूरत है।

08:40 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : भारत को तीसरा झटका

भारत को आठवें ओवर में 43 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। करिश्मा ने शेफाली वर्मा को एफी फ्लेचर के हाथों कैच कराया। शेफाली 23 गेंदों में 28 रन बना सकीं। इस दौरान उन्होंने पांच चौके लगाए। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 44 रन है। फिलहाल हरमनप्रीत कौर नौ गेंदों में दो रन और ऋचा घोष चार गेंदों में एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को अब 72 गेंदों में 75 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
08:29 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : भारत को दूसरा झटका

भारत को पांचवें ओवर में 35 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। हेली मैथ्यूज ने जेमिमा रॉड्रिग्स को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। जेमिमा एक रन बना सकीं। जेमिमा ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल भारतीय टीम को जीत दिलाई थी। इस मैच में वह फेल रहीं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 35 रन है। फिलहाल कप्तान हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा क्रीज पर हैं। इससे पहले स्मृति मंधाना भी 10 रन बनाकर आउट हुई थीं।

08:22 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : भारत को पहला झटका

चौथे ओवर में 32 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। करिश्मा रामहैरेक ने स्मृति मंधाना को विकेटकीपर रशादा विलियम्स के हाथों स्टंपिंग कराया। मंधाना सात गेंदों में 10 रन बना सकीं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स और शेफाली वर्मा क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 34 रन है।

विज्ञापन
08:12 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : भारत की तेज शुरुआत

भारतीय टीम ने 119 रन के लक्ष्य का पीछा करने की तेज शुरुआत की है। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 14 रन है। शेफाली वर्मा ने पहले ही ओवर में तीन चौके लगाए। फिलहाल शेफाली छह गेंदों में 12 रन बनाकर खेल रही हैं, जबकि स्मृति मंधाना खाता भी नहीं खोल सकी हैं। 

07:57 PM, 15-Feb-2023
दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना - फोटो : सोशल मीडिया

वेस्टइंडीज ने भारत को 119 रन का लक्ष्य दिया

वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 119 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 118 रन बनाए। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने मैच में चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके। तीन विकेट लेते ही वह भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। इस मामले में उन्होंने पूनम यादव (98 विकेट) को पीछे छोड़ा। इसके अलावा दीप्ति ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट भी पूरे कर लिए। पुरुष और महिला दोनों को मिलाकर वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय हैं। भारत के पुरुष क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा विकेट युजवेंद्र चहल के नाम है। उन्होंने 91 विकेट झटके हैं। वहीं, महिलाओं में दीप्ति 100 विकेट का आंकड़ा छूने वाली नौवीं गेंदबाज हैं। दीप्ति ने अब तक भारत के लिए 89 टी20 मैचों में 100 विकेट झटके हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की अनीसा मोहम्मद के नाम है। उन्होंने 125 विकेट लिए हैं।

07:51 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : वेस्टइंडीज को पांचवां झटका

19वें ओवर में 114 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को पांचवां झटका लगा। रेणुका ने शाबिका गजनबी को क्लीन बोल्ड किया। गजनबी 13 गेंदों में 15 रन बना सकीं। फिलहाल चेडियन नेशन और एफी फ्लेचर क्रीज पर हैं।

07:34 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : विंडीज को एक और झटका

15वें ओवर में वेस्टइंडीज को चौथा झटका लगा। ओवर की दूसरी गेंद पर चिनेले हेनरी रन आउट हो गईं। वह चार गेंदों पर दो रन बना सकीं। स्मृति मंधाना के थ्रो पर विकेटकीपर ऋचा घोष ने गिल्लियां बिखेर दीं। पिछले दो ओवर में वेस्टइंडीज ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। इससे पहले पिछले ओवर में दीप्ति ने कैंपबेल और स्टेफनी को पवेलियन भेजा था। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 82 रन है। फिलहाल शाबिका गजनबी और चेडियन नेशन क्रीज पर हैं।

07:30 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : दीप्ति का डबल स्ट्राइक

14वें ओवर में दीप्ति शर्मा का कहर देखने को मिला। उन्होंने एक ओवर में दो विकेट झटके। ओवर की तीसरी गेंद पर दीप्ति ने शेमेन कैंपबेल को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया। कैंपबेल 36 गेंदों में 30 रन बना सकीं। पारी में तीन चौके लगाए। इसके बाद आखिरी गेंद पर स्टेफनी टेलर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 40 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुईं। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर तीन  विकेट पर 78 रन है।

07:17 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : स्टेफनी और कैंपबेल क्रीज पर

10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने एक विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्टेफनी टेलर 27 गेंदों में 28 रन और शेमेन कैंपबेल 27 गेंदों में 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 

06:59 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में बनाए 29 रन

वेस्टइंडीज की टीम ने मैच में धीमी शुरुआत की है। उसके पावरप्ले यानि शुरुआती छह ओवर में सिर्फ 29 रन बनाए। इस दौरान एक झटका लगा। स्टेफनी टेलर और शेमेन कैंपबेल फिलहाल क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाजों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और वेस्टइंडीज को रन बनाने के ज्यादा मौके नहीं दिए।

06:36 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : वेस्टइंडीज को पहला झटका

वेस्टइंडीज की टीम को दूसरे ही ओवर में चार के स्कोर पर पहला झटका लगा। पूजा वस्त्राकर ने कप्तान हेली मैथ्यूज को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। वह छह गेंदों में दो रन बना सकीं। फिलहाल स्टेफनी टेलर और शेमेन कैंपबेल क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर चार रन है। पूजा वस्त्राकर ने विकेट मेडन डाला।

06:17 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : मंधाना-देविका की वापसी से मजबूत भारतीय टीम

दूसरी ओर वेस्टइंडीज की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम दस ओवरों में 91 रन लुटा दिए थे। भारतीय गेंदबाजों को अपनी दिशा और गेंद के टप्पे का ध्यान रखना होगा क्योंकि आगे टूर्नामेंट में उनके सामने अपेक्षाकृत ज्यादा मजबूत टीमें होंगी। लेग स्पिनर देविका वैद्य की वापसी से टीम जरूर मजबूत हुई है। 

06:16 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : मंधाना को अंगुली में लगी थी चोट

पिछले मैच में भारतीय टीम उपकप्तान स्मृति मंधाना के बिना उतरी थी। उनकी अंगुली में चोट थी, लेकिन इस मैच में सलामी बल्लेबाज पूरी तरह फिट हैं। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्वकप में अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया था। विमेंस प्रीमियर लीग में लगी ऊंची बोली से कई भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होगा।

06:08 PM, 15-Feb-2023

IND W vs WI W T20 Live : दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारतः स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), देविका वैद्य, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, राजेश्वरी गायकवाड़, राधा यादव, रेणुका सिंह ठाकुर।

वेस्टइंडीजः हेली मैथ्यूज (कप्तान), स्टेफनी टेलर, शेमेन कैंपबेल, शबिका गजनबी, चिनले हेनरी, चेडियन नेशन, अफी फ्लेचर, शामिलिया कोनेल, रशदा विलियम्स (विकेटकीपर), शेकेरा सेलमैन, करिश्मा रामहैरेक।

06:05 PM, 15-Feb-2023
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : अमर उजाला

IND W vs WI W T20 Live : वेस्टइंडीज ने टॉस जीता, पहले बल्लेबाजी का फैसला

वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि वह भी टॉस जीतने पर पहले बल्लेबाजी करना चाहती थीं। भारतीय टीम में दो बदलाव हुए हैं। यास्तिका भाटिया और हरलीन देओल को टीम से बाहर किया गया है। स्मृति मंधाना और देविका वैद्य की टीम में वापसी हुई है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का हालिया प्रदर्शन अच्छा रहा है। त्रिकोणीय सीरीज में भारत ने वेस्टइंडीज को दो बार पराजित किया था। यदि भारत को विश्व कप जीतना है तो उसके बल्लेबाजों को और बेहतर प्रदर्शन करना होगा। पाकिस्तान के खिलाफ अगर ऋचा ने 18वें ओवर में लगातार तीन चौके नहीं लगाए होते तो जीत संभव नहीं होती।

06:00 PM, 15-Feb-2023

IND W Vs WI W: भारत ने PAK के बाद वेस्टइंडीज को भी हराया, छह विकेट से जीता मैच, ऋचा ने लगाया विनिंग शॉट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। पाकिस्तान के खिलाफ पहला मुकाबला जीतने के बाद आज भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ उतरी है। यह मैच न्यूलैंड्स के केपटाउन में खेला जा रहा है। स्मृति मंधाना इस मैच में वापसी कर सकती हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें