महिला विश्व कप में भारत ने जीत के साथ आगाज किया है। अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 107 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 244 रन बनाए थे। स्मृति मंधाना ने 52 रन, दीप्ति शर्मा ने 40 रन, पूजा वस्त्रकर ने 67 रन और स्नेह राणा ने नाबाद 53 रन की पारी खेली थी।
जवाब में पाकिस्तान की टीम 43 ओवर में 137 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से सिदरा अमीन ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 31 रन देकर चार विकेट झटके। इसके अलावा झूलन गोस्वामी और स्नेह राणा को दो-दो विकेट मिले। मेघना और दीप्ति ने एक-एक खिलाड़ी को पवेलियन भेजा।
आंकड़ों की बात करें तो भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में लगातार 11वीं जीत हासिल की। टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ सभी 11 मुकाबले जीते हैं। वहीं, महिला वनडे विश्व कप में दोनों टीमों के बीच चार मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने चारों मैच में पाकिस्तान को हराया है। फैन्स एक हाईवोल्टेज मुकाबले की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भारतीय टीम ने इसे एकतरफा बना दिया।
पाकिस्तान की महिला टीम का विश्व कप में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। टीम 16 मार्च 2009 से लेकर अब तक विश्व कप में 15 मैच खेल चुकी है और सभी में हार का सामना करना पड़ा है।

यह रिकॉर्ड इस मैच से पहले का है। भारतीय टीम 2009, 2013 और 2017 विश्व कप
में भी पाकिस्तान को हरा चुकी है।
37वें ओवर में 114 के स्कोर पर पाकिस्तान को नौवां झटका लगा। स्नेह राणा ने नशरा संधू को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। नशरा शून्य पर आउट हुईं। भारत जीत से बस एक कदम दूर है।
36वें ओवर में 113 के स्कोर पर पाकिस्तान को आठवां झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने घातक गेंदबाजी करते हुए चौथी सफलता हासिल की। उन्होंने सिदरा नवाज को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। सिदरा 19 गेंदों पर 12 रन बना सकीं। 36 ओवर के बाद पाकिस्तान ने आठ विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान को अब जीत के लिए 132 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को सिर्फ दो विकेट चाहिए।
34वें ओवर में 98 के स्कोर पर पाकिस्तान को सातवां झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने फातिमा सना को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फातिमा 35 गेंदों पर 17 रन बना सकीं। फिलहाल सिदरा नवाज और डायना बेग मैदान पर हैं। राजेश्वरी को मिली यह तीसरी सफलता थी।
इससे पहले उन्होंने जावेरिया खान और आलिया रियाज को भी पवेलियन भेजा था। 34 ओवर के बाद पाकिस्तान ने सात विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान को अभी भी जीत के लिए 95 गेंदों पर 140 रन की जरूरत है। वहीं, भारत जीत से तीन विकेट दूर है।
पाकिस्तान को 87 रन के कुल स्कोर पर छठा झटका लगा। 30वें ओवर की आखिरी गेंद पर राजेश्वरी गायकवाड़ ने आलिया रियाज को ऋचा घोष के हाथों स्टंप आउट कराया। आलिया 23 गेंदों पर 11 रन बना सकीं। पाकिस्तान को अब 20 ओवर में 158 रन की जरूरत है। वहीं, भारत पाकिस्तान के खिलाफ लगातार 11वीं जीत से चार विकेट दूर है। फिलहाल फातिमा सना 27 गेंदों पर 13 रन और सिदरा नवाज शून्य पर क्रीज पर हैं।
28 ओवर के बाद पाकिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल फातिमा सना 17 गेंदों पर सात रन और आलिया रियाज 20 गेंदों पर 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान को अब 22 ओवर में 160 रन की जरूरत है।

24वें ओवर में झूलन गोस्वामी ने पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। उन्होंने अनुभवी निदा डार को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। निदा 10 गेंदों पर चार रन बना सकीं। 24 ओवर के बाद पाकिस्तान ने पांच विकेट गंवाकर 72 रन बना लिए हैं। फिलहाल फातिमा सना एक रन और आलिया रियाज 10 गेंदों पर चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
22वें ओवर में 67 रन के कुल स्कोर पर पाकिस्तान को चौथा झटका लगा। भारत की दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने सिदरा अमीन को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। सिदरा 64 गेंदों पर 30 रन बना सकीं। 22 ओवर के बाद पाकिस्तान ने चार विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल आलिया रियाज एक रन और निदा डार चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पाकिस्तान के लिए इन दोनों का विकेट महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि निदा और आलिया ने इससे पहले चेज करते हुए पाकिस्तान को कई मैच जिताए हैं। वहीं, भारतीय गेंदबाज इन दोनों को पवेलियन भेजना चाहेगी।
पाकिस्तान की पारी के 19वें ओवर में गेंदबाजी करने आईं स्नेह राणा ने पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। उन्होंने ओमैमा सोहेल को स्लिप में दीप्ति शर्मा के हाथों कैच कराया। ओमैमा चार गेंदों पर पांच रन बना सकीं। 19 ओवर के बाद पाकिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिदरा अमीन 56 गेंदों पर 27 रन और निदा डार एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की स्नेह राणा ने बल्ले से भी कमाल किया था औ 53 रन की नाबाद पारी खेली थी।
18वें ओवर में 53 रन के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तानी कप्तान बिस्माह मारूफ को ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। बिस्माह 25 गेंदों पर 15 रन बना सकीं। फिलहाल ओमैमा सोहेल दो गेंदों पर तीन रन और सिदरा अमीन 53 गेंदों पर 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 18 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए हैं।
15 ओवर के बाद पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिदरा अमीन 47 गेंदों पर 23 रन और कप्तान बिस्माह मारूफ 15 गेंदों पर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। जावेरिया खान 11 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
28 रन के कुल स्कोर पर पाकिस्तान को पहला झटका लगा। राजेश्वरी गायकवाड़ ने ओपनर जावेरिया खान को झूलन गोस्वामी के हाथों कैच कराया। उन्होंने 28 गेंदों पर 11 रन की पारी खेली। 11 ओवर के बाद पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान बिस्माह मारूफ शून्य और सिदरा अमीन 38 गेंदों पर 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

पाकिस्तान की शुरुआत धीमी रही है। आठ ओवर के बाद टीम ने बिना विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं। फिलहाल जावेरिया खान 19 गेंदों पर दो रन और सिदरा अमीन 32 गेंदों पर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
छह ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए छह रन बना लिए हैं। फिलहाल सिदरा अमीन 24 गेंदों पर पांच रन और जावेरिया खान 12 गेंदों पर शून्य बनाकर खेल रही हैं। भारतीय तेज गेंदबाज मेघना सिंह ने लगातार दो मेडन ओवर डाले हैं। पाकिस्तान की टीम दबाव में दिख रही है।
पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज जावेरिया खान और सिदरा अमीन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए पांच रन बना लिए हैं। जावेरिया शून्य और सिदरा चार रन बनाकर मैदान पर हैं। भारत ने 245 रन का लक्ष्य रखा है।
महिला वनडे विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान के सामने 245 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया के लिए पूजा वस्त्रकर और स्नेह राणा ने शानदार पारी खेली। इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 97 गेंदों पर 122 रन की साझेदारी की। पूजा ने भारत की ओर से 59 गेंदों पर सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। वहीं, स्नेह राणा 48 गेंदों पर 53 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसके अलावा स्मृति मंधाना ने 75 गेंदों 52 रन की पारी खेली। भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 244 रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा शून्य पर आउट हुईं। इसके बाद दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना ने मिलकर भारत को अच्छी स्थिति तक पहुंचाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी हुई। 96 रन के कुल स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। दीप्ति 40 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्मृति ने वनडे करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। हालांकि, इसके बाद वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सकीं।
मंधाना के आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। 114 तक भारत ने छह विकेट गंवा दिए थे। 18 रन बनाने में भारत ने पांच विकेट गंवाए। कप्तान मिताली राज नौ रन, उप-कप्तान हरमनप्रीत कौर पांच रन और ऋचा घोष एक रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद स्नेह और पूजा ने मिलकर भारत को 200 के पार पहुंचाया। दोनों के बीच हुई 122 रन की साझेदारी सातवें विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है।
वहीं, पूजा के 67 रन आठवें विकेट पर भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ा स्कोर है। स्नेह 53 रन और झूलन गोस्वामी छह रन बनाकर नाबाद रहीं। पाकिस्तान की ओर से निदा डार और नशरा संधू ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, डायना बेग, अनम अमीन और फातिमा सना को एक-एक विकेट मिला।

पूजा और स्नेह
236 पर भारत को सातवां झटका लगा। पूजा वस्त्रकर 59 गेंदों पर 67 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें फातिमा सना ने क्लीन बोल्ड किया। पूजा और स्नेह के बीच सातवें विकेट के लिए 97 गेंदों पर 122 रन की साझेदारी हुई।
पूजा वस्त्रकर के बाद स्नेह राणा ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 45 गेंदों पर पचास रन पूरे किए। यह स्नेह के वनडे करियर का पहला अर्धशतक है। पूजा और स्नेह के बीच सातवें विकेट के लिए अब तक 110 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 49 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 236 रन बना लिए हैं।
114 रन पर भारत ने छठा विकेट गंवाया था। इसके बाद पूजा वस्त्रकर और स्नेह राणा ने मिलकर भारतीय पारी को संभाला और सातवें विकेट के लिए अब तक 100 प्लस की साझेदारी कर चुकी हैं। यह भारत के लिए सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
पूजा ने इस दौरान वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 48 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। भारत के लिए आठवें नंबर के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया यह सर्वोच्च स्कोर भी है। वहीं, स्नहे राणा 41 गेंदों पर 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 47 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 215 रन बना लिए हैं।
45 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 199 रन बना लिए हैं। फिलहाल पूजा वस्त्रकर 44 गेंदों पर 44 रन और स्नेह राणा 36 गेंदों पर 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक सातवें विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी हो चुकी है।
42 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 182 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्नेह राणा 28 गेंदों पर 27 रन और पूजा वस्त्रकर 34 गेंदों पर 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए फिलहाल 54 गेंदों पर 68 रन की साझेदारी हो चुकी है। यह भारत के लिए सातवें विकेट के लिए तीसरी सर्वश्रेष्ठ साझेदारी है।
भारत ने 40 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 160 रन बना लिए हैं। पूजा वस्त्रकर और स्नेह राणा ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों के बीच अब तक सातवें विकेट के लिए 43 गेंदों पर 50 रन की साझेदारी हो चुकी है। स्नेह 21 गेंदों पर 10 रन और पूजा 29 गेंदों पर 33 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
37 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल स्नेह राणा 17 गेंदों पर सात रन और पूजा वस्त्रकर 14 गेंदों पर 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए अब तक 20 रन की साझेदारी हो चुकी है।
114 रन पर भारत को छठा झटका लगा। कप्तान मिताली राज भी कुछ खास नहीं कर सकीं और 36 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें नशरा संधू ने डायना बेग के हाथों कैच कराया। टीम इंडिया मुश्किल में दिखाई पड़ रही है। भारत ने 18 रन बनाने में पांच विकेट गंवा दिए हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 115 रन है। फिलहाल स्नेह राणा 11 गेंदों पर एक रन और पूजा वस्त्रकर दो गेंदों पर एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
अच्छी शुरुआत के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई है। चार रन के कुल स्कोर पर शेफाली के रूप में भारत को पहला झटका लगा था। इसके बाद दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना ने 92 रन की साझेदारी निभाई थी। 96 पर दीप्ति और 98 रन के कुल स्कोर पर मंधाना पवेलियन लौटीं। 108 रन के कुल स्कोर पर हरमनप्रीत के रूप में चौथा झटका लगा।
अब 112 रन के कुल स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। ऋचा घोष भी पवेलियन लौट चुकी हैं। वह पांच गेंदों पर एक रन बना सकीं। उन्हें निदा डार ने क्लीन बोल्ड किया। 16 रन बनाने में भारत ने चार विकेट गंवा दिए हैं। 31 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मिताली राज 30 गेंदों पर आठ रन और स्नेह राणा शून्य पर बल्लेबाजी कर रही हैं।

ऋचा घोष क्लीन बोल्ड हुईं
108 रन के कुल स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। उप-कप्तान हरमनप्रीत कौर 14 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें निदा डार ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। भारत ने 12 रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए हैं। 96 पर भारत को दूसरा झटका लगा था, जब दीप्ति शर्मा आउट हुई थीं।
इसके बाद 98 रन के कुल स्कोर पर स्मृति मंधाना भी पवेलियन लौट गई थीं। अब हरमनप्रीत भी कुछ खास नहीं कर सकीं। 29 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मिताली राज 22 गेंदों पर पांच रन और ऋचा घोष शून्य पर बल्लेबाजी कर रही हैं।
25वें ओवर में 98 रन के कुल स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। स्मृति मंधाना 75 गेंदों पर 52 रन की एक बेहतरीन पारी खेलकर पवेलियन लौटीं। उन्हें अनम अमीन ने कॉट एंड बोल्ड किया। अपनी पारी में मंधाना ने तीन चौके और एक छक्का लगाया। तीन ओवर के अंदर भारत ने दो विकेट गंवा दिए हैं।
22वें ओवर में दीप्ति शर्मा 40 रन बनाकर आउट हुई थीं। मंधाना और दीप्ति के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी हुई थी। 25 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान मिताली राज एक रन और उप-कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। इन दोनों को बड़ी पारी खेलनी होगी।
22वें ओवर में 96 रन के कुल स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। नशरा संधू ने दीप्ति शर्मा को क्लीन बोल्ड किया। दीप्ति 57 गेंदों पर 40 रन बना सकीं। इसमें दो चौके शामिल हैं। शेफाली वर्मा शून्य पर आउट हुई थीं। इसके बाद दीप्ति ने स्मृति मंधाना के साथ मिलकर पारी संभाली और भारत को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 116 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी हुई। इससे पहले स्मृति मंधाना ने महिला वनडे में अपना 21वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 71 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। 23 ओवर के बाद फिलहाल स्मृति मंधाना 73 गेंदों पर 51 रन और कप्तान मिताली राज शून्य पर बल्लेबाजी कर रही हैं।
भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में 2500 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने इसके लिए सिर्फ 65 पारी खेली है। वह वनडे में भारत के लिए चौथी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ मिताली राज (7623 रन), अंजुम चोपड़ा (2856 रन) और हरमनप्रीत कौर (2664 रन) हैं।

स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को 70 रन के पार पहुंचा दिया है। 18 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 78 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीप्ति शर्मा 44 गेंदों पर 31 रन और स्मृति मंधाना 60 गेंदों पर 41 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों पर 74 रन की साझेदारी हो चुकी है।
स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए पचास से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। स्मृति 48 गेंदों पर 31 रन और दीप्ति 32 गेंदों पर 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। 14 ओवर के भारत ने एक विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं। शेफाली वर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौटी थीं।
13 ओवर के बाद भारत के पचास रन पूरे हो चुके हैं। टीम इंडिया ने एक विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीप्ति शर्मा 28 गेंदों पर 16 रन और स्मृति मंधाना 46 गेंदों पर 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। मंधाना और दीप्ति के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 48 रन की साझेदारी हो चुकी है।
10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। इस ओवर में पाकिस्तान की निदा डार गेंदबाजी कर रही थीं। ओवर की आखिरी गेंद पर भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने मिड ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का लगाया। टीम इंडिया ने 10वें ओवर में नौ रन बटोरे। फिलहाल स्मृति 39 गेंदों पर 23 रन और दीप्ति शर्मा 16 गेंदों पर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
भारत ने नौ ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीप्ति शर्मा 13 गेंदों पर सात रन और स्मृति मंधाना 36 गेंदों पर 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 15 रन बना लिए हैं। फिलहाल दीप्ति शर्मा तीन गेंद पर दो रन और स्मृति मंधाना 22 गेंदों पर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। शेफाली वर्मा (0) के रूप में भारत को पहला झटका लगा था।
टीम इंडिया को पारी के तीसरे ओवर में चार रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। ओपनर शेफाली वर्मा छह गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। उन्हें डायना बेग ने क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना क्रीज पर हैं।

भारत के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ओपनिंग के लिए मैदान पर उतरी हैं। दोनों ने टीम इंडिया को धीमी शुरुआत दिलाई है। दो ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं।
माउंट माउंगानुई के बे ओवल स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में भारतीय महिला टीम की कप्तान मिताली राज ने टॉ जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। भारत अपने अनुभवी टीम के साथ मैदान पर उतरी है।
प्लेइंग इलेवन-
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, हरमनप्रीत कौर, मिताली राज (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), स्नेह राणा, झूलन गोस्वामी, मेघना सिंह, पूजा वस्त्रकर, राजेश्वरी गायकवाड़।
पाकिस्तान: जावेरिया खान, सिदरा अमीन, बिस्माह मारूफ (कप्तान), ओमैमा सोहेल, निदा डार, आलिया रियाज, फातिमा सना, सिदरा नवाज (विकेटकीपर), डायना बेग, नशरा संधू, अनम अमीन।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कुल 10 वनडे मैच खेले हैं। इसमें से टीम इंडिया ने सभी 10 मुकाबले जीते हैं। महिला वनडे विश्व कप में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने तीनों मैच जीते हैं। भारतीय टीम रविवार को इस बढ़त को कायम रखने उतरेगी।

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला विश्व कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला है। दोनों ही टीमें इस मैच से अपने-अपने अभियान की शुरुआत कर रही हैं। ऐसे में यह मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है।