महिला एशिया कप 2024 में भारत ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को उनके पहले ही मैच में सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए की अंक तालिका में दो अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया।
दांबुला के रणगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को महिला एशिया कप का दूसरा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 108 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने 14.1 ओवर में तीन विकेट पर 103 रन बनाए और सात विकेट से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मंधाना-शेफाली ने दिलाई दमदार शुरुआत
भारत की इस जीत में टीम की सलामी जोड़ी का अहम योगदान रहा। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी हुई। भारतीय टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना 31 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान उन्होंने नौ चौके लगाए। वहीं, शेफाली वर्मा 29 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इस दौरान उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, दयालन हेमलथा 14 रन बनाकर आउट हुईं। इस मैच में हरमनप्रीत कौर पांच और जेमिमा रोड्रिग्स तीन रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत को पहला झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। उन्हें साईदा ने 85 रन के स्कोर पर आउट किया। वह 45 रन बनाकर आउट हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए दयालन हेमलथा उतरी हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है। भारतीय टीम की सलामी जोड़ी दमदार प्रदर्शन करती दिख रही है। शेफाली वर्मा 35 और मंधाना 22 रन बनाकर नाबाद खेल रही हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 57/0 है।
भारत की पारी शुरू हो गई है। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रही हैं। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर 6/0 है।
महिला एशिया के तहत भारत और पाकिस्तान की टीमें अपना पहला मुकाबला खेल रही हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 108 रन बनाए। इस मैच में पाकिस्तान का बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह से फ्लॉप रहा। टीम को पहला झटका गुल फिरोजा के रूप में लगा जो सिर्फ पांच रन बना सकीं। इसके बाद मुनीबा अली भी 11 रन बनाकर आउट हो गईं। पाकिस्तान के लिए सिदरा अमीन ने सर्वाधिक 25 रनों की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके लगाए। हालांकि, रेणुका सिंह ने उन्हें राधा यादव के हाथों कैच कराया। इस मुकाबले में आलिया रियाज ने छह, निदा दार ने आठ, इरम जावेद ने शून्य, तुबा हसन ने 22, साईदा अरूब शाह ने दो, नाशरा संधू ने शून्य, सादिया इकबाल ने शून्य और फातिमा सना (नाबाद) ने 22 रन बनाए। इस मैच में भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए जबकि रेणुका, पूजा और श्रेयंका को दो-दो विकेट मिले।
पाकिस्तान को सातवां झटका दीप्ति शर्मा ने दिया। उन्होंने तुबा हसन को राधा यादव के हाथों कैच कराया। वह तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाने में कामयाब हुई। वहीं, राधा ने नौवें नंबर की बल्लेबाज साईदा अरूब शाह को रन आउट किया। वब सिर्फ दो रन बना सकीं। शाह के रूप में पाकिस्तान को आठवां झटका लगा।
61 रन के स्कोर पर पाकिस्तान ने अपना पांचवां और छठा विकेट भी खो दिया। रेणुका सिंह ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। पहले उन्होंने सिदरा को आउट किया। वहीं, अगली गेंद पर गेंदबाज ने इरम जावेद को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए फातिमा सना उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए तुबा हसन क्रीज पर मौजूद हैं।
पाकिस्तान को चौथा झटका 59 रन के स्कोर पर लगा। दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान की कप्तान निदा दार को दयालन हेमलथा के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ आठ रन बना सकीं। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तुबा हसन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए सिदरा अमीन क्रीज पर मौजूद हैं।
तीन विकेट खो चुकी पाकिस्तान को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर सिदरा अमीन और निदा दार मौजूद हैं। 11 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 57/3 है।
पाकिस्तान को तीसरा झटका श्रेयंका पाटिल ने दिया। उन्होंने आलिया रियाज को 41 रन के स्कोर पर आउट किया। वह सिर्फ छह रन बना सकीं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान निदा दार उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए सिदरा अमीन क्रीज पर मौजूद हैं।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है। शुरुआती छह ओवर में पाकिस्तान ने दो विकेट खोए। फिलहाल क्रीज पर सिदरा अमीन और आलिया रियाज मौजूद हैं। पाकिस्तान का स्कोर 37/2 है।
पाकिस्तान को दूसरा झटका भी पूजा वस्त्राकर ने ही दिया। उन्होंने मुनीबा अली को जेमिमा रोड्रिग्स के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 11 रन बना सकीं। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आलिया रियाज उतरी हैं।
पाकिस्तान को पहला झटका नौ रन के स्कोर पर लगा। पूजा वस्त्राकर ने गुल फिरोजा को भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना सकीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सिदरा अमीन उतरी हैं। उनका साथ देने के लिए मुनीबा अली मौजूद हैं।
पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए गुल फिरोजा और मुनीबा अली क्रीज पर मौजूद हैं। पहला ओवर रेणुका सिंह फेंक रही हैं।
भारत : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दयालन हेमलता, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, रेणुका ठाकुर सिंह।
पाकिस्तान : सिदरा अमीन, गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), निदा डार (कप्तान), आलिया रियाज, इरम जावेद, फातिमा सना, तुबा हसन, सादिया इकबाल, नाशरा संधू, सैयदा अरूब शाह।
महिला एशिया कप के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। यह दोनों टीमों का मौजूदा टूर्नामेंट में पहला मैच है।
Live Cricket Score, India-W vs Pakistan-W (IND-W vs PAK-W) T20 Asia Cup 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और पाकिस्तान के बीच महिला एशिया कप 2024 का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मैच के जरिए मौजूदा टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।