भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के अपने ओपनिंग मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 149 रन बनाए थे। यह टी20 में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर रहा। बिस्माह मारूफ ने 55 गेंदों में नाबाद 68 रन और आयशा नसीम ने 25 गेंदों में नाबाद 43 रन की पारी खेली।
जवाब में भारत ने 19वें ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आखिरी तीन ओवर में भारत को जीत के लिए 28 रन की जरूरत थी। हालांकि, ऋचा और जेमिमा के मन में कुछ और ही था। 18वें ओवर में ऋचा ने लगातार तीन चौके जड़कर पहले मैच का रुख बदला।
इसके बाद 19वें ओवर में जेमिमा ने तीन चौके जड़कर टीम इंडिया को जीत दिलाई। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जेमिमा को अर्धशतक के लिए एक रन की जरूरत थी। उन्होंने चौका लगाकर अपना अर्धशतक भी पूरा किया और टीम इंडिया को जीत भी दिलाई। यह जेमिमा के टी20 करियर का 10वां अर्धशतक रहा।
जेमिमा 38 गेंदों में 53 रन और ऋचा 20 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहीं। जेमिमा ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए, जबकि ऋचा ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए नाबाद 58 रन की साझेदारी हुई।
जेमिमा को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। भारतीय टीम अब अगला मैच 15 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। ग्रुप-बी में इस जीत के साथ टीम इंडिया दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इंग्लैंड की टीम दो अंक और बेहतर रन रेट के साथ शीर्ष पर है। वहीं, पाकिस्तान चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी को आयरलैंड से भिड़ेगी।
16 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स और ऋचा घोष क्रीज पर हैं। भारत को 24 गेंदों में 41 रन की जरूरत है।
14वें ओवर में 93 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। नाशरा संधू ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को बिस्माह मारूफ के हाथों कैच कराया। हरमनप्रीत 12 गेंदों में दो चौके की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुईं। 14 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब भी 36 गेंदों में 55 रन की जरूरत है। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स और ऋचा घोष क्रीज पर हैं।
12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट पर 85 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स 18 गेंदों में 19 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर 10 गेंदों में 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। यास्तिका भाटिया 17 रन और शेफाली वर्मा 33 रन बनाकर आउट हुईं। भारत को अब 48 गेंदों में 65 रन की जरूरत है।
भारत को 10वें ओवर में 65 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नाशरा संधू ने शेफाली वर्मा को सिदरा अमीन के हाथों कैच कराया। अमीन ने बाउंड्री लाइन पर बेहतरीन कैच लपका। शेफाली 25 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। भारत को अब 60 गेंदों में 83 रन की जरूरत है।
आठ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स आठ रन और शेफाली वर्मा 21 गेंदों में 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। यास्तिका भाटिया 17 रन बनाकर सादिया इकबाल की गेंद पर पवेलियन लौटीं।
पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में सादिया इकबाल ने यास्तिका भाटिया को फातिमा सना के हाथों कैच कराया। यास्तिका 20 गेंदो में 17 रन बना सकीं। छह ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेफाली वर्मा 15 गेंदों में 24 रन और जेमिमा रॉड्रिग्स एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
चार ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। सादिया इकबाल के ओवर की चौथी गेंद जाकर शेफाली के पैड पर लगी। इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अपील की और अंपायर ने भी एल्बीडब्ल्यू आउट करार दिया। इसके बाद शेफाली ने डीआरएस का इस्तेमाल किया। डीआरएस रिव्यू में दिखा कि गेंद लेग स्टंप को मिस कर रही थी। इस तरह शेफाली बच गईं। शेफाली फिलहाल नौ गेंदों में 10 रन और यास्तिका 15 गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं। फिलहाल यास्तिका भाटिया 13 गेंदों में 15 रन और शेफाली वर्मा पांच गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। पाकिस्तान ने भारत के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा है।
भारतीय टीम 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी है। यास्तिका भाटिया और शेफाली वर्मा ओपनिंग उतरी हैं। वहीं, पाकिस्तान के लिए फातिमा सना ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान ने भारत के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत खराब रही थी। दूसरे ही ओवर में दीप्ति शर्मा ने जावेरिया खान को हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराया। जावेरिया छह गेंदों में आठ रन बना सकीं। इसके बाद मुनीबा अली और कप्तान बिस्माह मारूफ ने दूसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को राधा यादव ने तोड़ा। उन्होंने मुनीबा को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंप आउट कराया। पूजा वस्त्राकर ने निदा डार को खाता भी नहीं खोलने दिया और ऋचा के हाथों कैच कराया। सिदरा अमीन 11 रन बना सकीं और राधा के गेंद पर कैच आउट हुईं।
इसके बाद बिस्माह ने आयशा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 81 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। बिस्माह ने 55 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके लगाए। वहीं, आयशा ने 25 गेंदों में 43 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। आखिरी पांच ओवर में पाकिस्तान ने 58 रन बनाए और कोई विकेट नहीं गंवाया। इस तरह 20 ओवर के बाद पाकिस्तान ने चार विकेट गंवाकर 149 रन बनाए। भारत की ओर से राधा यादव ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। वहीं, पूजा वस्त्राकर और दीप्ति शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
18 ओवर के बाद पाकिस्तान ने चार विकेट पर 126 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान बिस्माह मारूफ 48 गेंदों में 54 रन और आयशा नसीम 20 गेंदों में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। बिस्माह ने 45 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। पिछले तीन ओवर में पाकिस्तान ने 35 रन बनाए हैं। आयशा और बिस्माह के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
16 ओवर के बाद पाकिस्तान ने चार विकेट पर 109 रन बना लिए हैं। रेणुका ठाकुर ने 16वें ओवर में 18 रन लुटाए। आयशा नसीम और बिस्माह मारूफ के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। आयशा 15 गेंदों में 29 रन और बिस्माह मारूफ 41 गेंदों में 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
13वें ओवर में 68 के स्कोर पर पाकिस्तान को चौथा झटका लगा। राधा यादव ने सिदरा अमीन को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। सिदरा 18 गेंदों में 11 रन बना सकीं। यह राधा को मिली दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने मुनीबा अली को आउट किया था। उनके अलावा दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर को भी एक-एक विकेट मिला है। 13 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 74 रन है। फिलहाल बिस्माह मारूफ 35 गेंदों में 37 रन और आयशा नसीम तीन गेंदों में चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद पाकिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिदरा अमीन आठ रन और बिस्माह मारूफ 28 गेंदों में 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 15 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा, राधा यादव और पूजा वस्त्राकर को एक-एक विकेट मिला है। जावेरिया खान, मुनीबा अली और निदा डार आउट होकर पवेलियन लौट चुकी हैं।
आठवें ओवर में 43 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। पूजा वस्त्राकर ने अनुभवी निदा डार को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच कराया। निदा खाता भी नहीं खोल सकीं। आठ ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 46 रन है। फिलहाल कप्तान बिस्माह मारूफ 24 गेंदों में 24 रन और सिदरा अमीन एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
सातवें ओवर में 42 के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने मुनीबा अली को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंपिंग कराया। मुनीबा ने 14 गेंदों में 12 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान बिस्माह मारूफ के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 32 रन की साझेदारी निभाई। सात ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 42 रन है। फिलहाल बिस्माह का साथ निभाने अनुभवी निदा डार मैदान में आई हैं।
चार ओवर के बाद पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं। फिलाहल कप्तान बिस्माह मारूफ 12 गेंदों में 12 रन और मुनीबा अली छह गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। जावेरिया आठ रन बनाकर आउट हुई थीं। उन्हें दीप्ति ने आउट किया था।
पाकिस्तान की टीम को दूसरे ही ओवर में 10 के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। स्पिनर दीप्ति शर्मा ने अनुभवी जावेरिया खान को हरमनप्रीत कौर के हाथों शॉर्ट फाइन लेग पर कैच कराया। जावेरिया छह गेंदों में आठ रन बना सकीं। फिलहाल कप्तान बिस्माह मारूफ और मुनीबा अली क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है।
पाकिस्तान की ओपनर मुनीबा अली और जावेरिया खान मैदान में हैं। वहीं, भारत की ओर से पहला ओवर रेणुका ठाकुर ने डाली। एक ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए तीन रन बना लिए हैं।
भारत: शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरलीन देओल, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, राधा यादव, रेणुका ठाकुर, पूजा वस्त्राकार, राजेश्वर गायकवाड़।
पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), जावेरिया खान, बिस्माह मारूफ (कप्तान), निदा डार, सिदरा अमीन, आयशा नसीम, आलिया रियाज, सादिया इकबाल, फातिमा सना, ऐमान अनवर और नाशरा संधू।
पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम में स्मृति मंधाना नहीं खेल रही हैं। वह चोटिल हैं। हरलीन देओल को मौका दिया गया है। ओपनिंग यास्तिका भाटिया और शेफाली वर्मा करती दिखेंगी।
भारत की अगुआई हरमनप्रीत कौर और पाकिस्तान की अगुआई बिस्माह मारूफ कर रही हैं। भारत और पड़ोसी देश पाकिस्तान इस टूर्नामेंट को कभी जीत नहीं पाया। पाकिस्तान तो कभी उप विजेता भी नहीं रहा है। बल्लेबाज बिस्माह से टीम को अच्छे प्रदर्शन की आस रहेगी। इसके अलावा निदा दार पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। निदा स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं और टीम के लिए कई अहम मैचों मे रन भी बना चुकी हैं।
न्यूलैंड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है। इसके बाद भी यहां बड़े स्कोर वाला मैच हो सकता है। यहां बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम का जीत प्रतिशत ज्यादा अच्छा है।
भारतीय टीम प्रबंधन खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंतित है। हरमनप्रीत कंधे की चोट से परेशान थीं तो उप कप्तान सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की अंगुली में चोट है। हालांकि हमरमनप्रीत चोट से ठीक हो गई हैं। उन्होंने अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी भी की। लेकिन मंधाना इस मैच से बाहर हो सकती हैं।
भारतीय टीम अपने पहले खिताब की तलाश में है। पिछली बार उसे फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हरा दिया था। हरमनप्रीत की टीम इस बार खिताब जीतने को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। इस मैच के बाद अगले दिन सोमवार को पहली महिला प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी होगी और ऐसे में शानदार प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को नीलामी में फायदा हो सकता है। इस मैच पर महिला प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजियों की भी नजरें रहेंगी।
टी20 विश्व कप में दोनों टीमें छह बार आमने सामने आ चुकी हैं। इनमें से टीम इंडिया ने चार मुकाबले जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को दो मैचों में जीत मिली। 2012 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने भारत को गॉल में और 2016 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान ने भारत को दिल्ली में हराया था। वहीं, भारत ने पाकिस्तान को 2009 टी20 विश्व कप में टॉन्टन में, 2010 में बैसेटेरे में, 2014 में सिलहट में और 2018 में प्रोविडेंस में हराया था।
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच अब तक टी20 में कुल 13 मैच खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 10 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान की टीम को तीन मैचों में जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच पिछला मुकाबला पिछले साल सिलहट में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने अपने नाम किया था। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच टी20 मुकाबले में भारत ने चार, जबकि पाकिस्तान ने एक मैच जीता है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय टीम आज महिला टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत का पहला मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है। यह मैच केप टाउन के न्यूलैंड्स में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस मैच को जीतकर अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करना चाहेगी। दोनों के बीच जो पिछला मुकाबला खेला गया था, उसमें भारतीय टीम को हार मिली थी।