भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप जीतने का सपना एकबार फिट टूट गया है। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में भारत को पांच रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 172 रन बनाए थे। भारतीय टीम की खराब फील्डिंग चर्चा का विषय रही। टीम इंडिया ने मेग लैनिंग और बेथ मूनी के आसान कैच छोड़े। इसका नतीजा यह हुआ कि मूनी और लैनिंग ने बड़ी पारियां खेलीं। मूनी ने 37 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। इसके अलावा लैनिंग ने कप्तानी पारी खेलते हुए 34 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए। एश्ले गार्डनर ने 18 गेंदों में 31 रन की पारी खेली।
जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 167 रन बना सकी। एक वक्त भारत ने 14 ओवर में चार विकेट गंवाकर 124 रन बना लिए थे। तब टीम इंडिया को 36 गेंदों में 49 रन की जरूरत थी। ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मैच जीत लेगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर 30 गेंदों में 43 रन और ऋचा घोष 14 रन बनाकर क्रीज पर थीं। इसके बाद अगले ओवर में हरमनप्रीत ने अर्धशतक पूरा किया और इसी ओवर में अजीबोगरीब तरीके से रन आउट हो गईं। यही मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। एक रन लेने के बाद दूसरा रन लेने वक्त वह बैट को क्रीज के अंदर रखना भूल गईं। वह 34 गेंदों में 52 रन बना सकीं।
हरमनप्रीत के आउट होते ही अगले ओवर में ऋचा भी खराब शॉट खेलकर आउट हुईं। 19वें ओवर में स्नेह राणा के आउट होते ही भारत की उम्मीदें खत्म हो गई। आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। तब दीप्ति शर्मा और राधा यादव क्रीज पर थीं। हालांकि, टीम इंडिया 10 रन ही बना सकी और पांच रन से मैच हार गई। हरमनप्रीत के अलावा जेमिमा ने 24 गेंदों में 43 रन की पारी खेली। शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और यास्तिका भाटिया जैसी स्टार्स फेल रहीं। एश्ले गार्डनर ने दो विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
15वें ओवर में भारत को पांचवां झटका लगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपना विकेट गंवा दिया। दूसरे रन के चक्कर में वह अपने बैट को क्रीज के अंदर रखना भूल गईं और रन आउट हो गईं। आउट होने के बाद हरमनप्रीत कौर काफी निराश दिखीं। वह 34 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी पारी में हरमन ने छह चौके और एक छक्का लगाया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 134 रन है। फिलहाल दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष क्रीज पर हैं।
भारत को 11वें ओवर में चौथा झटका लगा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं जेमिमा रॉड्रिग्स 24 गेंदों में 43 रन बनाकर कैच आउट हो गईं। उन्हें डार्सी ब्राउन ने आउट किया। अपनी पारी में जेमिमा ने छह चौके लगाए। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर 41 गेंदों में 69 रन की साझेदारी निभाई। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 98 रन है।
10 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 93 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स 22 गेंदों में 39 रन और हरमनप्रीत कौर 21 गेंदों में 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस वक्त ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 69 रन था। भारत इससे काफी आगे है। भारत को 60 गेंदों में 80 रन की जरूरत है।
भारतीय टीम ने छह ओवर में तीन विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स 10 गेंदों में 20 रन और हरमनप्रीत कौर नौ गेंदों में 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 84 गेंदों में 114 रन की जरूरत है।
भारत को चौथे ओवर में तीसरा झटका लगा। यास्तिका भाटिया और जेमिमा रॉड्रिग्स के बीच रन लेने को लेकर हुए कन्फ्यूजन में यास्तिका रन आउट हो गईं। वह सात गेंदों पर चार रन बना सकीं। चार ओवर के बाद स्कोर तीन विकेट पर 33 रन है। फिलहाल कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्स क्रीज पर हैं।
तीन ओवर का खेल हो चुका है और टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही है। दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुकी हैं। शेफाली वर्मा दूसरे ओवर में मेगन शुट्ट की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू हुईं। वहीं, तीसरे ओवर में एश्ले गार्डनर ने स्मृति मंधाना को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। शेफाली छह गेंदों में नौ रन और मंधाना दो रन बना सकीं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 26 रन है। फिलहाल जेमिमा रॉड्रिग्स और यास्तिका भाटिया क्रीज पर हैं।
केप टाउन में खेले जा रहे महिला टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 173 रन का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी के अर्धशतक और मेग लैनिंग की कप्तानी पारी की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने बेथ मूनी के अर्धशतक और मेग लैनिंग की कप्तानी पारी की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 172 रन बनाए। मूनी ने 37 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। लैनिंग ने 34 गेंदों पर 49 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं एश्ले गार्डनर ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए। भारत की ओर से शिखा पांडे को दो विकेट मिले। वहीं, दीप्ति शर्मा और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।
19वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। शिखा पांडे ग्रेस हैरिस को क्लीन बोल्ड किया। वह चार गेंदों में सात रन बना सकीं। फिलहाल मेग लैनिंग और एलिस पैरी क्रीज पर हैं।
18वें ओवर में 141 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को तीसरा झटका लगा। दीप्ति शर्मा ने एश्ले गार्डनर को क्लीन बोल्ड किया। एश्ले 18 गेंदों में पांच चौके की मदद से 31 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुईं। उन्होंने मेग लैनिंग के साथ 36 गेंदों में 53 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल ग्रेस हैरिस और मेग लैनिंग क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 142 रन है।
12वें ओवर में 88 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। दो आसान कैच छोड़ने के बाद आखिरकार भारतीय टीम बेथ मूनी का कैच लेने में सफल रही। शिखा पांडे की गेंद पर मूनी का कैच शेफाली वर्मा ने पकड़ा। मूनी ने 37 गेंदों में सात चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 89 रन है। फिलहाल एश्ले गार्डनर और मेग लैनिंग क्रीज पर हैं।
10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम द्वारा खराब फील्डिंग देखने को मिल रही है। दो ओवरों में दो कैच छूट चुके हैं। नौवें ओवर में स्नेह राणा की गेंद पर मेग लैनिंग का कैच विकेटकीपर ऋचा घोष ने छोड़ा। इसके बाद 10वें ओवर में राधा यादव की गेंद पर शेफाली ने बाउंड्री लाइन पर बेथ मूनी का आसान कैच छोड़ दिया। गेंद उनके हाथ से छूट कर बाउंड्री लाइन के बाहर चार रन के लिए गई। फिलहाल मूनी 28 गेंदों में 37 रन और लैनिंग सात गेंदों में पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।
आठवें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका लगा। ओवर की तीसरी गेंद पर राधा यादव ने एलिसा हीली को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों स्टंप कराया। हीली 26 गेंदों में 25 रन बना सकीं। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके लगाए। हीली और बेथ मूनी के बीच ओपनिंग विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 54 रन है। फिलहाल कप्तान मेग लैनिंग एक रन और मूनी 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिसा हीली 22 गेंदों में 23 रन और बेथ मूनी 14 गेंदों में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं।
तीन ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलिसा हीली 12 गेंदों में 14 रन और बेथ मूनी छह गेंदों में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रही हैं। भारत को जल्द ही विकेट निकालना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिसा हीली और बेथ मूनी ओपनिंग के लिए आई हैं। हीली ने पारी की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। रेणुका ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए छह रन है।
पूजा वस्त्राकर को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उनके गले में संक्रमण हुआ है। फिलहाल मेडिकल टीम उनकी देखरेख कर रही है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर की जगह स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, ऑलराउंडर देविका वैद्य की जगह भारत ने एक अतिरिक्त बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को खिलाया है। स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ की जगह स्पिनर राधा यादव टीम में आई हैं।
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया, स्नेह राणा, शिखा पांडे, राधा यादव, रेणुका ठाकुर सिंह।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (विकेटकीपर), बेथ मूनी, मेग लैनिंग (कप्तान), एश्ले गार्डनर, एलिस पेरी, ताहलिा मैक्ग्रा, ग्रेस हैरिस, जॉर्जिया वेयरहम, जेस जोनासेन, मेगन शुट्ट, डार्सी ब्राउन।
ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। एलाना किंग की जगह जेस जोनासन की वापसी हुई है। वहीं, एनाबेल सदरलैंड की जगह एलिसा हीली को मौका दिया गया है। वहीं, भारतीय टीम के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान हरमनप्रीत कौर यह मैच खेल रही हैं। मैच से पहले मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा था कि वह बुखार से जूझ रही हैं। टॉस के दौरान उन्होंने कहा भी कि वह बीमार थीं, लेकिन अब वह ठीक हैं। वहीं, भारतीय टीम में तीन बदलाव हुए हैं। बीमार चल रहीं पूजा वस्त्राकर की जगह स्नेह राणा को मौका दिया गया है। वहीं, देविका वैद्य की जगह यास्तिका भाटिया और राजेश्वरी गायकवाड़ की जगह राधा यादव को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
टॉस के दौरान हरमनप्रीत और मेग लैनिंग
गेंदबाजी में रेणुका सिंह ही एकमात्र ऐसी गेंदबाज हैं जिन्होंने अब तक टूूर्नामेंट में प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने कुल सात विकेट लिए हैं, जिसमें 15 रन देकर पांच विकेट तो इंग्लैंड के खिलाफ थे। राधा यादव और राजेश्वरी गायकवाड़ को अलग हटकर प्रदर्शन करना होगा। वहीं दीप्ति शर्मा को एक बार फिर अहम भूमिका निभानी होगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर, 2022 में खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत को 4-1 से हराया है।
दूसरा सकारात्मक पक्ष स्मृति मंधाना का वापस फॉर्म में लौटना है। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 56 गेंद में 87 रन की अपने टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली, जिसमें उन्होंने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। मंधाना ने जब भी भारत को अच्छी शुरुआत दी भारत ने बड़ा स्कोर बनाया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेटियों को सेमीफाइनल में जीतना है तो स्मृति मंधाना को एक बार आगे आकर बड़ी पारी खेलनी होगी। साथ ही ऋचा घोष को एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई पारी को दोहराना होगा।
भारतीय टीम के पास सकारात्मक पक्ष यह है कि मार्च, 2021 के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में सिर्फ दो मैच हारे हैं। इन दोनों ही मुकाबलों में भारत ने उसे धूल चटाई है। 2020 के टी20 विश्व कप के ग्रुप दौर में भी भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। टी20 विश्व कप में भी दोनों टीमें पांच बार भिड़ी हैं, जिसमें दो बार भारत जीता है।
महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर बीमार हो गई हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पूजा वस्त्राकर बाहर हो गई हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर का भी इस मैच में खेलना मुश्किल है।
पूजा वस्त्राकर को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उनके गले में संक्रमण हुआ है। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत अब तक बुखार से उबर नहीं पाई हैं। हरमनप्रीत कौर, पूजा वस्त्राकर और राधा यादव अस्पताल पहुंची थीं और जांच कराई। अब तक यह साफ नहीं है कि हरमनप्रीत इस मैच में खेलेंगी या नहीं। फिलहाल मेडिकल टीम सभी खिलाड़ियों की देखरेख कर रही है।
हरमनप्रीत कौर की टीम ने ग्रुप बी में चार मैच खेले, जिसमें उसने तीन में जीत हासिल की और इंग्लैंड के खिलाफ उसे 11 रन से हार मिली। भारत ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर अंतिम चार में पहुंचा। भारतीय टीम का टूर्नामेंट में अब तक का प्रदर्शन विजेताओं सरीखा नहीं रहा है। खासतौर पर शेफाली वर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर अब तक टूर्नामेंट में अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन के आसपास भी नहीं पहुंची हैं। हरमनप्रीत ने ग्रुप मैचों में 13, 4, 33 और 16 रन की पारियां खेली हैं। वहीं शेफाली ने 24, 8, 28, 33 के स्कोर बनाए हैं। शेफाली की दिक्कत यह रही है कि छोर बदलने में भी सुस्त रही हैं।
ऑस्ट्रेलिया का टी20 विश्व कप में किस कदर दबदबा रहा है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है इस टीम ने अब तक हुए सात टी20 विश्व कप में से छह में फाइनल में प्रवेश किया है और पांच बार विजेता बना है। भारतीय टीम सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2020 टी20 विश्व कप के फाइनल में और कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।
टी20 विश्व कप का पिछला फाइनल 2020 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, लेकिन इस बार ये दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकराने जा रही हैं। भारत की बेटियों को लगातार दूसरे टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने के लिए गुरुवार को लगातार 22 मैचों से अपराजेय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करिश्माई प्रदर्शन करना होगा। मैच से कुछ घंटे पूर्व टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज पूजा वस्त्राकर मुकाबले से बाहर हो गई हैं। उनके गले में संक्रमण हो गया है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज महिला टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना डिफेंडिंग चैंपियंस ऑस्ट्रेलिया से है। भारतीय टीम यह मैच जीतकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने उतरेगी। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट में सात में से छह बार फाइनल में पहुंच चुकी है। भारतीय टीम के लिए यह मैच बेहद कठिन रहने वाला है। थोड़ी देर में टॉस होगा।