वेस्टइंडीज ने दूसरे वनडे में भारत को छह विकेट से हरा दिया है। इसके साथ ही कैरिबियाई टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। केसी कार्टी ने हार्दिक के ओवर में लगातार दो चौके लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.5 ओवर में 181 रन बनाए थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 55 रन ईशान किशन के बल्ले से निकले थे। वहीं, वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड और गुदाकेश मोती ने तीन-तीन विकेट लिए थे। वेस्टइंडीज ने 182 रन का लक्ष्य 36.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। शाई होप ने कप्तानी पारी खेली और नाबाद 63 रन बनाए। वहीं, केसी कार्टी 48 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए शार्दुल ने तीन विकेट लिए। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच मंगलवार को त्रिनिदाद में खेला जाएगा।
चार विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है और टीम को जीत के करीब ले आए हैं। अब वेस्टइंडीज का जीत के लिए सिर्फ 27 रन की जरूरत है।
शाई होप और केसी कार्टी के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बहुत ही संभलकर खेले हैं और अपनी टीम को जीत के करीब ले आए हैं। अब वेस्टइंडीज को जीतने के लिए सिर्फ 41 रन की जरूरत है। शाई होप भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं और वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 150 रन के करीब है।
चार विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान शाई होप और कार्टी क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 25 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 117 रन है।
91 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का चौथा विकेट गिरा है। शिमरन हेटमायर 15 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब शाई होप के साथ केसी कार्टी क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 92 रन है।
72 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा है। एलिक अथानजे नौ गेंद में छह रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें ईशान किशन के हाथों कैच कराया। इस मैच में यह उनकी तीसरी सफलता है। अब शाई होप के साथ शिमरन हेटमायर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर तीन विकेट पर 84 रन है।
शार्दुल ठाकुर ने एक ही ओवर में वेस्टइंडीज के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर मैच में भारत की वापसी कराई है। मेयर्स के बाद उन्होंने ब्रेंडन किंग को अपना शिकार बनाया। किंग 23 गेंद में 15 रन बनाने के बाद विकेटों के सामने पकड़े गए। अब अथानजे और शाई होप क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 54/2 है।
काइल मेयर्स 28 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शार्दुल ठाकुर ने उन्हें उमरान मलिक के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने अपनी पारी में दो छक्के और चार चौके लगाए। अब भारत ने राहत की सांस ली होगी। ब्रेंडन किंग के साथ एलिक अथानजे क्रीज पर हैं।
182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने शानदार शुरुआत की है। टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। मेयर्स और किंग आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम का स्कोर पावरप्ले के अंदर 50 रन के पार ले जा चुके हैं।
182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। काइल मेयर्स और ब्रेंडन किंग क्रीज पर हैं। मेयर्स तेज गति से रन बना रहे हैं और वेस्टइंडीज की टीम को अच्छी शुरुआत मिली है। चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 181 रन पर सिमट गई है। टीम इंडिया सिर्फ 40.5 ओवर ही खेल पाई और वेस्टइंडीज के सामने बड़ा स्कोर नहीं रख पाई है। भारत के लिए सबसे ज्यादा 55 रन ईशान किशन ने बनाए। शुभमन गिल 34 और सूर्यकुमार यादव 24 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने 10 और शार्दुल ने 16 रन बनाए। इनके अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। छह बल्लेबाज 0 से 9 रन के स्कोर के बीच आउट हुए। वेस्टइंडीज के लिए गुदाकेश मोती और रोमारियो शेफर्ड ने तीन-तीन विकेट लिए। अल्जारी जोशेप को दो, कारिया और सेल्स को एक-एक विकेट मिला।
वेस्टइंडीज के लिए 182 रन का लक्ष्य बड़ा नहीं है, लेकिन इस पिच पर यह लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा। अपने पिछले मैच में वेस्टइंडीज की टीम 114 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में वेस्टइंडीज के लिए इस लक्ष्य को हासिल करना भी काफी मुश्किल होगा।
167 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। उमरान मलिक खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया। अल्जारी जोशेप ने उन्हें कार्टी के हाथों कैच कराया। अब मुकेश कुमार और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 180 रन है।
बारबाडोस में बारिश रुक चुकी है और खेल जल्द शुरू होगा। कुलदीप यादव और उमरान मलिक क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी साझेदारी कर भारत को 200 रन के पार ले जाने की कोशिश करेंगे।
बारिश के कारण दूसरी बार खेल रुका है। भारत का स्कोर 37.3 ओवर में 167/8 है। कुलदीप यादव और उमरान मलिक क्रीज पर हैं। अब भारत के लिए पूरे 50 ओवर खेलना और 200 रन का आंकड़ा पार करना भी बेहद मुश्किल होगा। अब सिर्फ मुकेश कुमार का बल्लेबाजी के लिए आना बाकी है।
167 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर 22 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अल्जारी जोशेप ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब भारत के लिए 200 रन का आंकड़ा पार करना भी बहुत मुश्किल होगा। कुलदीप यादव के साथ उमरान मलिक क्रीज पर हैं।
सात विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया को अच्छे स्कोर की तरफ ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 36 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 164 रन है।
148 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 25 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गुदाकेश मोती ने उन्हें अथानजे के हाथों कैच कराया। अब टीम इंडिया बड़ी मुश्किल में फंस गई है। भारत के लिए पूरे 50 ओवर खेलना भी मुश्किल होगा। हालांकि, बारिश के चलते भारत की पारी में 50 ओवर का खेल होने की संभावना कम है। अब शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं।
146 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा 21 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। रोमारियो शेफर्ड ने उन्हें कारिया के हाथों कैच कराया। अब सूर्यकुमार यादव और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं।
बारबाडोस में घने बादल छाए हुए हैं, लेकिन फिलहाल बारिश रुक गई है और खेल शुरू हो चुका है। रवींद्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। दोनों सूझबूझ के साथ संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। 27 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 127 रन है।
सैमसन के आउट होने के साथ ही बारबाडोस में बारिश आ चुकी है और खेल रुक गया है। फिलहाल भारत का स्कोर 24.1 ओवर में 113/5 है। सूर्यकुमार क्रीज पर हैं और दूसरे छोर पर जडेजा का बल्लेबाजी के लिए आना तय है। अब टीम इंडिया मुश्किल में पड़ चुकी है। जडेजा और सूर्यकुमार को संभलकर बल्लेबाजी करते हुए बड़ी साझेदारी करनी होगी और भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाना होगा। इन दोनों के बाद शार्दुल एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिनसे कुछ रन की उम्मीद की जा सकती है।
113 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। संजू सैमसन 19 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कारिया ने उन्हें ब्रेंडन किंग के हाथों कैच कराया। सैमसन के आउट होने के साथ ही टीम इंडिया मुश्किल में आ चुकी है। अब सूर्यकुमार यादव और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं।
113 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। कप्तान हार्दिक पांड्या 14 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जायडेन सेल्स ने उन्हें ब्रेंडन किंग के हाथों कैच कराया। अब टीम इंडिया मुश्किल में आ चुकी है। संजू सैमसन को बड़ी पारी खेलकर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाना होगा।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत ने सात रन के अंतराल में अपने शुरुआती तीन विकेट गंवाए हैं। ऐसे में ये दोनों साझेदारी कर टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं। 22 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 105 रन है।
95 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। भारत ने पांच रन के अंतराल में अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को गंवा दिया है। किशन ने 55 गेंद में 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। अब संजू सैमसन के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
भारत को 90 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। शुभमन गिल 49 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। अच्छी शुरुआत मिलने के बाद उन्होंने बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा दिया। अब ईशान किशन के साथ संजू सैमसन क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 90 रन है।
ईशान किशन ने 51 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया है। किशन ने लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में पहुंचा दिया है। अब भारत का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच रहा है।
भारतीय टीम ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 50 रन बना लिए हैं। ईशान किशन और शुभमन गिल अच्छी लय में दिख रहे हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 60 रन है।
शुभमन गिल और ईशान किशन ने भारत को धीमी, लेकिन ठोस शुरुआत दी है। दोनों मिलकर छह ओवर में 24 रन बना चुके हैं और अब तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया है। ये दोनों लंबी साझेदारी कर टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।
भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ईशान किशन और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। वेस्टइंडीज के लिए काइल मेयर्स ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रन है।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, एलिक अथानाजे, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरन हेटमायर, कीसी कार्टी, रोमारियो शेफर्ड, यानिक कारिया, गुडाकेश मोती, अल्जारी जोसेफ, जायडेन सेल्स।
भारत: शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, उमरान मलिक, मुकेश कुमार।
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में भारतीय टीम दो बदलाव के साथ उतरी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली को इस मैच में आराम दिया गया है। उनकी जगह संजू सैमसन और अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया गया है। वेस्टइंडीज की टीम भी दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है।
इस मैच में हार्दिक पांड्या भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं। रोहित शर्मा को इस मैच में आराम दिया गया है। पिछला मैच भारत ने आसानी से जीता था। ऐसे में इस मैच में टीम इंडिया अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाना चाहती है और विश्व कप की तैयारी के लिहाज से युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहती है।
रोहित शर्मा की टीम दूसरे वनडे में कैरेबियाई टीम पर बीते 17 वर्षों से चली आ रही श्रेष्ठता बरकरार रखने की कोशिश करेगी। भारत अगर दूसरा वनडे जीतता है तो न सिर्फ विंडीज से लगातार 13वीं वनडे सीरीज जीतेगा बल्कि 2006-07 से इस टीम पर चला आ रहा अपना वर्चस्व भी कायम रख पाएगा।
भारत ने सीरीज का पहला मैच पांच विकेट से अपने नाम किया था। वेस्टइंडीज की टीम रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की फिरकी में फंसकर 114 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने बल्लेबाजी के लिए युवा खिलाड़ियों को मौका दिया था या उन खिलाड़ियों को मौका दिया था, जो लंबे समय से नहीं खेले हैं। हालांकि, ईशान किशन के अर्धशतक के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया था और रोहित शर्मा ने सातवें नंबर पर आकर मैच खत्म किया था।
Live Cricket Score, India vs West Indies (IND vs WI) 2nd ODI: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बारबाडोज के केंसिंग्टन ओवल में है। इस सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया ने आसानी से जीता था और दूसरा मैच भी अपने नाम कर सीरीज भी जीतना चाहेगी। वहीं, वेस्टइंडीज की कोशिश यह मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करने की होगी।