भारत ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से हरा दिया है। रोहित शर्मा ने चौका लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 114 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के लिए सबसे ज्यादा 43 रन कप्तान शाई होप ने बनाए थे। वहीं, भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने तीन और कुलदीप यादव ने चार विकेट लिए थे। इसके जवाब में भारत ने ईशान किशन के 52 रन के दम पर पांच विकेट पर 118 रन बनाए और मैच जीत लिया। वेस्टइंडीज के लिए गुदाकेश मोती ने दो, जायडेन सेल्स और यानिक ने एक-एक विकेट लिया।
भारतीय टीम ने इस मैच में गेंद के साथ कमाल का प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को छोटे स्कोर पर रोका। हालांकि, इसके बाद टीम इंडिया ने बल्लेबाजी क्रम में काफी प्रयोग किए। रोहित शर्मा और विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आने के मूड में नहीं थे। ईशान और गिल ने पारी की शुरुआत की। सूर्यकुमार तीसरे नंबर पर आए। हार्दिक चौथे और जडेजा पांचवें नंबर पर आए। शार्दुल ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी की। हालांकि, भारत के पांच विकेट गिरने के बाद कप्तान रोहित को बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा और उन्होंने मैच समाप्त किया।
97 रन के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर चार गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। करिआह ने उन्हें अथानाज के हाथों कैच कराया। अब रोहित शर्मा को बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आना पड़ा है। दूसरे छोर पर रवींद्र जडेजा क्रीज में हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 107 रन है।
94 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। ईशान किशन 46 गेंद में 52 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गुदाकेश मोती ने उन्हें रोवमैन पॉवेल के हाथों कैच कराया। अब रवींद्र जडेजा के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। रोहित और विराट अभी भी बल्लेबाजी के लिए नहीं आए हैं।
ईशान किशन ने 44 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक सात चौके और एक छक्का लगाया है। किशन की इस पारी के दम पर भारतीय टीम जीत की दहलीज पर पहुंच चुकी है। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 93 रन है।
70 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। हार्दिक पांड्या रन आउट हो चुके हैं। उन्होंने सात गेंद में पांच रन बनाए। ईशान किशन ने करिआह की गेंद पर सीधे बल्ले से शॉट खेला था। गेंदबाज के पास कैच पकड़ने का मुश्किल मौका था, लेकिन उसने गेंद को नॉन सट्राइक एंड पर स्टंप्स में ढकेल दिया और हार्दिक का बैट हवा में था। इसी वजह से वह रन आउट हो गए। अब रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आए हैं। इससे साफ है कि रोहित और कोहली इस मैच में बल्लेबाजी नहीं करना चाहते हैं।
54 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 25 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। गुदाकेश मोती ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब ईशान किशन के साथ हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। वह इस मैच में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मैच में बल्लेबाजी के लिए नहीं आए हैं। दोनों दिग्गज अच्छी लय में हैं। ऐसे में उन खिलाड़ियों को मौका देने की कोशिश हो रही है, जो पिछले कुछ समय से नहीं खेले हैं।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने पावरप्ले में 50 रन बनाए हैं। शुभमन गिल के छोटे स्कोर पर आउट होने के बाद ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने संभलकर बल्लेबाजी की है और टीम इंडिया को जीत की तरफ ले जा रहे हैं।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत भी खराब रही है। 18 रन के स्कोर पर टीम का पहला विकेट गिरा है। शुभमन गिल 16 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जायडेन सेल्स ने उन्हें ब्रेंडन किंग के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार यादव इस मैच में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 23 रन है।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ईशान किशन और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की है। कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में ओपनिंग नहीं आए हैं। वेस्टइंडीज के लिए डोमिनिक ड्रेक्स ने पहला ओवर किया। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 15 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 114 रन पर सिमट गई है। कुलदीप यादव ने जायडेन सेल्स को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी समाप्त की। सेल्स ने तीन गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए। कुलदीप की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने उनका कैच पकड़ा।
टेस्ट के बाद वनडे सीरीज में भी वेस्टइंडीज की टीम भारत को टक्कर देने में नाकाम रही है। इस पारी में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप के अलावा कोई भी बल्लेबाज लय में नहीं दिखा और किसी ने भी क्रीज में जमने की कोशिश नहीं की। कप्तान होप ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। उनके अलावा अथानजे 22, किंग 17 और हेटमायर 11 रन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके और वेस्टइंडीज के पुछल्ले बल्लेबाजों को आसानी से आउट किया। वहीं, रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट झटके। हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर और मुकेश कुमार को एक-एक विकेट मिला।
अब टीम इंडिया 115 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर तीन मैच की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करना चाहेगी। हालांकि, पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को भी संभलकर खेलना होगा।
114 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का नौवां विकेट गिरा है। शाई होप 45 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुलदीप यादव ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब वेस्टइंडीज की सारी उम्मीदें खत्म हो चुकी हैं और यह टीम जल्द ही छोटे स्कोर पर सिमट सकती है।
107 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज के आठ विकेट गिर चुके हैं। कुलदीप यादव ने यानिक को आउट पर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। यानिका ने नौ गेंद में तीन रन बनाए और कुलदीप ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। 22 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर आठ विकेट पर 114 रन है।
सात विकेट के नुकसान पर वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। शाई होप के साथ यानिक क्रीज पर हैं। वेस्टइंडीज की टीम मुश्किल में फंस चुकी है और अब कप्तान होप किसी पुछल्ले बल्लेबाज के साथ मिलकर साझेदारी बनाना चाहेंगे और अपनी टीम को मैच में वापस लाना चाहेंगे।
99 रन पर वेस्टइंडीज का सातवां विकेट गिरा है। कुलदीप यादव ने डोमिनिक ड्रेक्स को विकेटों के सामने फंसाया। ड्रेक्स ने पांच गेंद में तीन रन बनाए। अब शाई होप के साथ यानिक क्रीज पर हैं।
96 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज के छह विकेट गिर चुके हैं। रोमारियो शेफर्ड दो गेंद खेलकर खाता खोले बिना आउट हुए। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विराट कोहली के हाथों कैच कराया। अब शाई होप के साथ डोमिनिक ड्रेक्स क्रीज पर हैं।
96 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रवींद्र जडेजा ने पांच गेंद में दो विकेट हासिल कर लिए हैं। उन्होंने रोवमैन पॉवेल को अपना दूसरा शिकार बनाया। पॉवेल ने चार गेंद में चार रन बनाए। शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा।
रवींद्र जडेजा ने भारतीय टीम को चौथी सफलता दिलाई है। उन्होंने शिमरन हेटमायर को क्लीन बोल्ड किया। हेटमायर ने 19 गेंद में 11 रन बनाए। अब शाई होप के साथ रोवमैन पॉवेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 96 रन है।
45 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिरा है। ब्रेंडन किंग को शार्दुल ठाकुर ने क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 23 गेंद में 17 रन बनाए। पिच से तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही है और भारतीय तेज गेंदबाज इसका भरपूर फायदा उठा रहे हैं। अब शाई होप के साथ शिमरन हेटमायर क्रीज पर हैं।
45 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का दूसरा विकेट गिरा है। एलिक अथानजे 18 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुकेश कुमार ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। यह वनडे में मुकेश का पहला विकेट है। अब ब्रेंडन किंग के साथ कप्तान शाई होप क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज का पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद एलिक अथानजे और ब्रेंडन किंग ने पारी संभाली है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और अच्छी गति से रन बना रहे हैं। इन दोनों की कोशिश बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की होगी। सात ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर 39 रन है।
सात रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज का पहला विकेट गिरा है। हार्दिक पांड्या ने काइल मेयर्स को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने नौ गेंद में दो रन बनाए। अब ब्रेंडन किंग के साथ एलिक अथानजे क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है।
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ब्रेंडन किंग और काइल मेयर्स ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल होने के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।
वेस्टइंडीज: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), काइल मेयर्स, ब्रैंडन किंग, एलिक अथानाजे, शिमरन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, यानिक कारिया, डोमिनिक ड्रेक्स, जेडन सील्स, गुडाकेश मोटी।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, उमरान मलिक, मुकेश कुमार।
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए वह कई चीजों को आजमाना चाहते हैं। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले के पीछे उन्होंने कोई खास वजह नहीं बताई। भारतीय टीम चार तेज गेंदबाज और दो स्पिन गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरी है।
भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार इस मैच में भारत के अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं। इसी दौरे पर टेस्ट सीरीज में उन्होंने भारत के लिए पहला मैच खेला था। अब टेस्ट के बाद उन्हें वनडे में भी डेब्यू का मौका मिला है। मैच से पहले उन्हें भारत की वनडे कैप दी गई।
टेस्ट की तरह वनडे भी टीम इंडिया का वेस्टइंडीज पर वर्चस्व लंबे समय से चलता आ रहा है। विंडीज अंतिम बार भारत से वनडे सीरीज 2006 में जीता था। तब से भारत ने विंडीज से लगातार 12 वनडे सीरीज जीत ली हैं। अब उसके निशाने पर लगातार 13वीं वनडे सीरीज होगी।
Live Cricket Score, India vs West Indies (IND vs WI) 1st ODI : नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल, ब्रिजटाउन में है। टीम इंडिया टेस्ट सीरीज अपने नाम करने के बाद वनडे में भी विजयी आगाज करना चाहेगी। वहीं, वेस्टइंडीज की कोशिश वनडे विश्व कप से बाहर होने के बाद नई शुरुआत करने की होगी।