भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टी-20 मैच आठ रनों से जीत लिया है। भारत के 187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को आखिरी के 12 गेंदों में 29 रनों की जरुरत थी लेकिन भुवनेश्वर ने 19वें ओवर में भारत के पक्ष में मैच डाल दिया। उन्होंने महज चार रन देकर निकोलस पूरन का बड़ा विकेट हासिल किया।
वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी छह गेंदों में 25 रन की दरकार है। भारत की तरफ से हर्षल पटेल के हाथों में गेंद है।
भुवनेश्वर कुमार ने आखिरकार वेस्टइंडीज की महत्वपूर्ण साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने निकोलस पूरन को 62 के स्कोर पर रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। इस बार बिश्नोई ने कोई गलती नहीं की और पीछे भागते हुए एक शानदार कैच पकड़ा। भारत को सही समय पर यह विकेट मिला है। 19 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 162/3, रोवमन पॉवेल (54*), कीरोन पोलार्ड (1*)
दीपक चाहर अपने चौथे ओवर में काफी महंगे रहे और 16 रन लुटा दिए। निकोलस पूरन ने भी छक्के के साथ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 17 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 150/2, रोवमन पॉवेल (49*), निकोलस पूरन (56*)
भुवनेश्वर ने 10 रन देकर अपना तीसरा ओवर खत्म किया। वेस्टइंडीज को अब आखिरी 24 गेंदों में जीत के लिए 53 रन की जरुरत है। 16 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 134/2, रोवमन पॉवेल (41*), निकोलस पूरन (48*)
वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी की 30 गेंदों में 63 रन बनाने है जबकि भारत यहां तीसरे विकेट दरकार है। 15 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 124/2, रोवमन पॉवेल (33*), निकोलस पूरन (47*)
निकोलस पूरन और रोवमन पॉवेल की जोड़ी भारत के लिए चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर 33 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी कर ली है। 14 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 113/2, रोवमन पॉवेल (27*), निकोलस पूरन (42*)
वेस्टइंडीज ने पिछले दो ओवर में 24 रन बटोरे हैं। निकोलस पूरन किसी भी तरह का कोई मौका नहीं दे रहे हैं। 13 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 103/2, रोवमन पॉवेल (21*), निकोलस पूरन (40*)
भारतीय टीम को अगर ये मैच जीतना है तो उसे हर हाल में यहां विकेट निकालनी होगी। इसी बीच दीपक चाहर ने 12 रन के साथ अपना तीसरा ओवर किया। 12 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 60/2, रोवमन पॉवेल (13*), निकोलस पूरन (38*)
युजवेंद्र चहल ने अपने आखिरी ओवर में 13 रन लुटाने के साथ ही अपने चार ओवर के कोटे को भी पूरा कर लिया है। उन्होंने अपने चार ओवर में 31 रन दिए और एक विकेट लिया।
युजवेंद्र चहल ने ओवर की शुरुआत एक अच्छी गेंद के साथ की थी और उन्हें पूरन का विकेट भी मिल जाता लेकिन बिश्नोई ने वहां कैच छोड़ दिया। इसके बाद पूरन और पॉवेल ने मिलकर 13 रन बटोर लिए। 10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 73/2, रोवमन पॉवेल (5*), निकोलस पूरन (29*)
रवि बिश्नोई ने आते ही वेस्टइंडीज को जोरदार झटका दिया। अपना दूसरा मैच खेल रहे बिश्नोई ने ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रैंडन किंग को 22 रन के स्कोर पर सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपने इस ओवर में महज एक रन दिए। 9 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 60/2, रोवमन पॉवेल (0*), निकोलस पूरन (21*)
निकोलस पूरन ने हर्षल पटेल को निशाने पर लेते हुए उनके पहले ओवर में 13 रन बटोरे। पटेल की पहली दो गेंद पर पूरन ने एक छक्का और एक चौका लगाया। सात ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर: 54/1, निकोलस पूरन (18*), ब्रैंडन किंग (20*)
छठे ओवर में 34 रन के स्कोर पर वेस्टइंडीज को पहला झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने काइल मेयर्स को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। वे 10 गेंदों पर नौ रन बना सके। फिलहाल निकोलस पूरन और ब्रैंडन किंग क्रीज पर हैं।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने सधी हुई शुरुआत की है। ब्रैंडन किंग और काइल मेयर्स ने चार ओवर में 28 रन जोड़ लिए हैं। किंग 16 गेंदों में 13 रन और मायर्स आठ गेंदों पर आठ रन बनाए हैं।
वेस्टइंडीज को सधी हुई शुरुआत मिली है। टीम ने दो ओवर में बिना विकेट गंवाए 14 रन बना लिए हैं। फिलहाल ब्रैंडन किंग सात रन और काइल मेयर्स एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत ने दूसरे टी-20 में वेस्टंडीज के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। भारत के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 28 गेंदों पर 52 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक रहा।
अपनी पारी में पंत ने सात चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा वेंकटेश अय्यर ने 18 गेंदों पर 33 रन की आक्रामक पारी खेली। इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों पर 76 रन की साझेदारी हुई। वहीं, विराट कोहली 41 गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया। यह विराट के करियर का 30वां अर्धशतक रहा।
इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा 18 गेंदों पर 19 रन, ईशान किशन 10 गेंदों पर दो रन और सूर्यकुमार यादव छह गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। हर्षल पटेल एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, शेल्डन कॉट्रेल और रोमारियो शेफर्ड को एक-एक विकेट मिला।
18 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 21 गेंदों पर 37 रन और वेंकटेश अय्यर 14 गेंदों पर 30 रन बनाकर खेल रहे हैं।
भारतीय पारी के 14वें ओवर में विराट कोहली आउट हुए। उन्होंने 41 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। विराट ने 39 गेंदों पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 30वां अर्धशतक लगाया था। उन्होंने रोस्टन चेज के ओवर की दूसरी गेंद पर छक्के के साथ फिफ्टी पूरी की। इसके बाद चौथे गेंद पर रोस्टन चेज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। चेज को मिली ये तीसरी सफलता थी। इससे पहले उन्होंने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट किया था। चेज ने अपने चार ओवर के कोटे में सिर्फ 25 रन दिए। 14 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 110 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं।
पिछले टी-20 में भारत की जीत दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव दूसरे टी-20 में कुछ खास नहीं कर सके। रोस्टन चेज ने उन्हें अपना दूसरा शिकार बनाया। सूर्यकुमार छह गेंदों पर आठ रन बना सके। चेज लगातार दूसरे मैच में विंडीज के लिए बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। पिछले टी-20 में भी उन्होंने दो विकेट निकाले थे। 10 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 27 गेंदों पर 36 रन और ऋषभ पंत चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

रोस्टन चेज
स्पिनर रोस्टन चेज ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच बन रही साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने रोहित को ब्रैंडन किंग के हाथों कैच कराया। रोहित 18 गेंदों पर 19 रन बना सके। उन्होंने विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों पर 49 रन की साझेदारी निभाई। आठ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 22 गेंदों पर 32 रन और सूर्यकुमार यादव शून्य पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

रोमारियो शेफ़र्ड के पहले ओवर में रोहित और विराट ने मिलकर 15 रन बटोरे और इसी के साथ पहला पावरप्ले भी समाप्त हो गया। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 49/1, रोहित शर्मा (17*), विराट कोहली (23*)
वेस्टइंडीज ने अपनी गेंदबाजी में पहला बदलाव किया है। इस बार जेसन होल्डर को लगाया गया है लेकिन वह यहां महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने पहले ओवर में 11 रन खर्चे। 5 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 34/1, रोहित शर्मा (11*), विराट कोहली (14*)
ईशान किशन इस मैच में भी कुछ खास नहीं कर पाए और महज दो रन बनाकर दूसरे ही ओवर में पवेलियन लौट गए। उन्हें शेल्डन कॉट्रेल ने अपने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर मेयर्स के हाथों कैच कराया। कॉट्रेल ने बिना कोई रन दिए एक शानदार ओवर निकाला। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर: 10/1, रोहित शर्मा (2*), विराट कोहली (0*)
भारत के लिहाज से पहला ओवर में काफी अच्छा रहा। इस ओवर में उसे 10 रन मिले जिसमें अकील हुसैन ने रन एक्स्ट्रा में दिए। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 10/0, रोहित शर्मा (2*), ईशान किशन (2*)
वेस्टइंडीज की टीम में जेसन होल्डर की वापसी हुई है। उन्हें फेबियन एलेन की जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं टीम इंडिया बिना किसी बदलाव के उतरी है।
वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर और फॉर्म में चल रहे जेसन होल्डर पिछले मैच में चोट की वजह से बाहर रहे थे लेकिन इस मैच में उनके वापसी की उम्मीदें हैं। अगर होल्डर की वापसी होती है तो उससे कैरेबियाई टीम को मजबूती मिलेगी।