एशिया कप 2025 में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को नौ विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम 13.1 ओवर में सिर्फ 57 रन बना पाई। जवाब में भारतीय टीम ने 4.3 ओवर यानी महज 27 गेंदों में एक विकेट पर 60 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन बनाए। वहीं, शुभमन गिल (20) और सूर्यकुमार यादव (7) नाबाद रहे। यूएई के लिए जुनैद सिद्दीकी ने एक विकेट झटका। इससे पहले भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव ने चार और शिवम दुबे ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।
अभिषेक शर्मा 30 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जुनैद ने अपना शिकार बनाया।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत की घातक गेंदबाजी यूनिट के खिलाफ यूएई के बल्लेबाजों का जोर नहीं चला और टीम महज 57 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। उनके आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। यूएई की पारी की शुरुआत कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू ने की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। पहला झटका टीम को 26 रन पर लगा, जब जसप्रीत बुमराह ने अलीशान शराफू (22 रन) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद मोहम्मद जोहेब (2 रन) भी 29 के स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर आउट हो गए। नौवें ओवर में कुलदीप यादव ने कमाल दिखाया और एक ही ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने राहुल चोपड़ा (3), कप्तान मोहम्मद वसीम (19) और हर्षित कौशिक (2) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद यूएई का स्कोर 50 पर ही पांच विकेट खो बैठा। 51 रन पर शिवम दुबे ने आसिफ खान (2) को आउट कर छठा झटका दिया। फिर 52 रन पर अक्षर पटेल ने सिमरनजीत सिंह (1) को एलबीडब्ल्यू कर सातवां विकेट गिराया। जल्द ही दुबे ने ध्रुव पराशर (1) और जुनैद सिद्दीकी (2) को भी आउट कर दिया। अंतिम झटका कुलदीप यादव ने दिया, जब हैदर अली (1) को संजू सैमसन ने कैच पकड़ा। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने 3 विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली। यूएई की पूरी टीम बेहद सस्ते स्कोर पर सिमट गई और भारतीय गेंदबाजों का दबदबा पूरी पारी में देखने को मिला।
52 पर यूएई को सातवां झटका लगा। अक्षर पटेल ने पारी के 12वें ओवर में सिमरनजीत सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना पाए। अब क्रीज पर ध्रुव का साथ देने हैदर अली आए।
यूएई को छठा झटका 51 रन के स्कोर पर शिवम दुबे ने दिया। उन्हें आसिफ खान को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब ध्रुव पराशर का साथ देने सिमरनजीत सिंह आए हैं।
पारी का नौवां ओवर फेंकने आए कुलदीप यादव ने यूएई को तीन झटके दिए। पहले उन्होंने राहुल चोपड़ा (03) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद कप्ताम मोहम्मद वसीम को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जो 22 गेंदों में 19 रन बनाकर लौटे। इस ओवर की आखिरी गेंद पर मिस्ट्री स्पिनर ने हर्षित कौशिक को बोल्ड किया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। 50 के स्कोर पर यूएई ने पांच विकेट गंवा दिए।
29 पर यूएई को दूसरा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने मोहम्मद जोहेब को कुलदीप यादव के हाथों कैच कराया। वह पांच गेंदों में सिर्फ दो रन बना पाए। अब क्रीज पर राहुल चोपड़ा आए हैं।
यूएई को पहला झटका 26 रन के स्कोर पर लगा। जसप्रीत बुमराह ने अलीशान शफारू को बोल्ड किया। वह 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। अब मोहम्मद वसीम का साथ देने मोहम्मद जोहेब आए हैं।
यूएई की पारी शुरू हो चुकी है। कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू क्रीज पर मौजूद हैं। भारत की तरफ से पहला ओवर हार्दिक पांड्या डाल रहे हैं।
भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल (उपकप्तान), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
संयुक्त अरब अमीरात: मोहम्मद वसीम (कप्तान), अलीशान शराफू, मोहम्मद जोहैब, राहुल चोपड़ा (विकेटकीपर), आसिफ खान, हर्षित कौशिक, हैदर अली, ध्रुव पाराशर, मोहम्मद रोहिद खान, जुनैद सिद्दीकी, सिमरनजीत सिंह।
भारत ने यूएई के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट अच्छा और ताजा लग रहा है। आज भी नमी है, बाद में ओस पड़ सकती है। अगर हमें मौका मिले, तो हम कुछ भी करने को तैयार हैं, लेकिन आज हम गेंदबाजी करना चाहते हैं। हम यहां जल्दी आ गए, 3-4 अच्छे अभ्यास सत्र किए और एक दिन की छुट्टी भी ली। वहीं, यूएई के कप्तान मोहम्मद वसीम ने कहा कि वे भी गेंदबाजी करने का फैसला कर रहे थे। उन्होंने कहा, हम गेंदबाजी पर भी ध्यान दे रहे थे। पिच ताजा है और शायद गेंद शुरुआत में कुछ हरकत करेगी। हमने अच्छी सीरीज खेली, कई सकारात्मक बातें सीखीं और हम उस सीरीज से आत्मविश्वास से भरे हैं। हम स्पिनरों और तेज गेंदबाजों, जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों के साथ एक अच्छे संयोजन के साथ उतर रहे हैं।
मेजबान यूएई के लिए यह टूर्नामेंट अपनी क्षमता साबित करने का सुनहरा अवसर है। उनके खिलाड़ी जैसे मुहम्मद वसीम, राहुल चोपड़ा और सिमरनजीत सिंह, अनुभवी कोच लालचंद राजपूत के मार्गदर्शन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने को तैयार हैं। यह प्रतियोगिता उनके लिए एशिया की शीर्ष टीमों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच होगी।
मार्च में यहां चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत ने रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे चार स्पिनरों को खिलाया था। हालांकि, इस बार परिस्थितियां बदली हुई हैं। अगर टीम प्रबंधन अक्षर के साथ किसी और स्पिनर को शामिल करने का फैसला करता है, तो उसके पास कुलदीप और चक्रवर्ती जैसे दो अच्छे विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा अभिषेक भी बाएं हाथ से स्पिन करा सकते हैं।
तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की जगह लगभग तय मानी जा रही है। दोनों के चयन से गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलती है और केवल एक स्थान चयन के लिए बचता है। सितंबर में एशिया कप खेले जाने का मतलब है कि दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच मार्च की तुलना में अधिक हरी-भरी और ताजी होगी, जिसमें उछाल भी ज्यादा होगा।
नंबर सात पर विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा फिट बैठते हैं, खासकर उनके आरसीबी के लिए आईपीएल में किए गए दमदार प्रदर्शन को देखते हुए। इसके बाद अक्षर पटेल आते हैं, जो टीम को एक उपयोगी स्पिनर के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी योगदान देने का भरोसा देते हैं।
शीर्ष और मध्यक्रम के बाद बारी ऑलराउंडरों की आती है। यहां हार्दिक पांड्या की भूमिका अहम हो जाती है। वह टीम को एक कुशल बल्लेबाज और एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज दोनों विकल्प देते हैं। इसके अलावा शिवम दुबे भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और धीमी पिचों पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में रिंकू सिंह को मौका मिलने की बात भी चल रही ही।
शीर्ष क्रम में शुभमन गिल की वापसी के कारण भी सैमसन के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। अब गिल और अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर की स्थिति पर तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करके अपनी जगह मजबूत की है। यही वजह है कि वह टी20 विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
भारतीय टीम में लंबे समय से चली आ रही विकेटकीपर की दुविधा भी फिलहाल अनसुलझी दिख रही है। हालांकि, संजू सैमसन और जितेश शर्मा में से जितेश को प्राथमिकता दी जा सकती है। सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद जितेश की फिनिशर की भूमिका टीम प्रबंधन को ज्यादा उपयुक्त लग सकती है।
मेजबान यूएई के क्रिकेटरों के लिए यह मुकाबला उनके जीवन का सबसे अहम मैच साबित हो सकता है। भारतीय टीम के खिलाफ खेलते हुए जसप्रीत बुमराह का सामना करना या फिर शुभमन गिल जैसे बल्लेबाज को गेंदबाजी करना किसी एसोसिएट देश के खिलाड़ी के लिए सामान्य बात नहीं है। एशिया कप उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के माहौल से परिचित कराएगा और उनके खेल को निखारने का मौका देगा।
भारतीय टीम का यह पहला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले अभ्यास जैसा साबित हो सकता है। अमीरात की टीम को ऑन पेपर कमजोर माना जाता है, ऐसे में यह मैच भारतीय टीम प्रबंधन को यह परखने का मौका देगा कि आगे के मैचों के लिए कौन-सा संयोजन सबसे बेहतर रहेगा।
भारतीय टीम अभी तक इस बात पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है कि यूएई के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में वह तीसरे स्पिनर को टीम में शामिल करेगी या फिर किसी विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को उतारेगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर के पद संभालने के बाद से ही भारत ने लगभग हर फॉर्मेट में ऑलराउंडरों को अहमियत दी है। इस रणनीति का उद्देश्य बल्लेबाजी को गहराई देना है ताकि टीम के पास आठवें नंबर तक भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हों।
एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत 10 सितंबर यानी बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ करेगा। इस मैच को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम मैनेजमेंट अंतिम एकादश में किन खिलाड़ियों को मौका देगा और किन्हें बाहर बैठना पड़ेगा। हालांकि, टीम प्रबंधन का मुख्य ध्यान ऑलराउंडरों के सहारे संतुलन साधने पर होगा। भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। मैच भारतीय समयानुसार बुधवार रात आठ बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े सात बजे होगा।
Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup IND vs UAE 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज एशिया कप 2025 का दूसरा मुकाबला भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमों के बीच दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के जरिए दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत करेंगी और जीत का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।