फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL 3rd T20 Highlights: भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 में 91 रन से हराया, सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की

Sat, 07 Jan 2023 10:20 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

खास बातें

Live Cricket Score, India vs Sri Lanka (IND vs SL) 3rd T20: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों का तीसरा मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। टीम इंडिया ने इस मैच को 91 रन से जीतकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। भारत ने मुंबई में पहला टी20 जीता था। वहीं, श्रीलंका ने पुणे में दूसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में वापसी की थी। लंकाई टीम अपने प्रदर्शन को राजकोट में नहीं दोहरा सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
भारत बनाम श्रीलंका - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:14 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: भारत ने तीसरे टी20 में धमाकेदार जीत हासिल की

भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 में 91 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है। उसने मुंबई में खेले गए पहले मैच में भी जीत हासिल की थी। श्रीलंका को इकलौती जीत पुणे में मिली थी। भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में लंकाई टीम 16.4 ओवर में 137 रनों पर सिमट गई।

भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने 51 गेंद पर नाबाद 112 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने 46 और राहुल त्रिपाठी ने 35 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने दो विकेट लिए। लंकाई टीम के लिए बल्लेबाजी में कुशल मेंडिस और कप्तान दसुन शनाका ने 23-23 रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। हार्दिक पांड्या, उमरान मलिक और युजवेंद्र चहल को दो-दो सफलता मिली। अक्षर पटेल ने एक विकेट अपने नाम किया।

अब दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। 10 जनवरी को गुवाहाटी में पहला मैच होगा। 12 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 जनवरी को तिरुवनन्तपुरम में होगा।

10:09 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का नौवां विकेट गिरा

श्रीलंका की आखिरी उम्मीद कप्तान दसुन शनाका को अर्शदीप ने आउट कर टीम इंडिया को बड़ी सफलता दिलाई। शनाका छक्का मारने के प्रयास में अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 17 गेंद पर 23 रन बनाए।

10:04 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का आठवां विकेट गिरा

श्रीलंका की टीम हार के कगार पर है। उसके आठ बल्लेबाज पवेलियन लौट गए हैं। उमरान मलिक ने लंकाई टीम को आठवां झटका दिया। उन्होंने महीश तीक्षणा को क्लीन बोल्ड कर दिया।

विज्ञापन
09:58 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा

श्रीलंका को सातवां झटका भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिया। उ्होंने चमिका करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू कर दिया। चमिका दो गेंद पर खाता भी नहीं खोल पाए। 

09:52 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का छठा विकेट गिरा

उमरान मलिक ने श्रीलंका को छठा झटका दिया। उन्होंने वानिंदु हसरंगा को पवेलियन भेजा। हसरंगा आठ गेंद पर नौ रन बनाकर दीपक हुड्डा को कैच थमा बैठे। श्रीलंका ने 13 ओवर में छह विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
09:45 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का पांचवां विकेट गिरा

श्रीलंका की आधी टीम 11.2 ओवर में पवेलियन लौट गई। युजवेंद्र चहल ने लंकाई टीम को पांचवां झटका दिया। उन्होंने धनंजय डी सिल्वा को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। धनंजय ने 14 गेंद पर 22 रन बनाए। श्रीलंका ने 12 ओवर में पांच विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। दसुन शनाका पांच और वानिंदु हसरंगा चार रन बनाकर नाबाद हैं।

09:38 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा

श्रीलंका को चौथा झटका युजवेंद्र चहल ने दिया है। उन्होंने चरित असलंका को शिवम मावी के हाथों कैच कराया। असलंका ने 14 गेंद पर 19 रन बनाए। मावी ने कवर बाउंड्री पर दौड़ लगाते हुए शानदार कैच लिया। श्रीलंका ने 10 ओवर में चार विकेट पर 91 रन बना लिए हैं। धनंजय डी सिल्वा 11 गेंद पर 21 और दसुन शनाका एक गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

09:24 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live Score: श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा

हार्दिक पांड्या ने श्रीलंकाई टीम को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने अविश्का फर्नांडो के अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। फर्नांडो ने तीन गेंद में एक रन बनाए। 229 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने तीन विकेट जल्दी गंवा दिए हैं और अब मुश्किल में दिख रही है। फिलहाल धनंजय डीसिल्वा और चरिथ असालंका क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर तीन विकेट पर 73 रन है। 

09:16 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: अर्शदीप सिंह ने लिया विकेट

अर्शदीप सिंह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर पथुम निसांका को आउट किया। निसांका 17 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। अर्शदीप ने निसांका को शिवम मावी के हाथों कैच कराया। श्रीलंका ने छह ओवर में दो विकेट पर 51 रन बना लिए हैं।

09:13 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: भारत को मिली पहली सफलता

भारत को पहली सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने पांचवें ओवर में कुशल मेंडिस को आउट कर दिया। मेंडिस 15 गेंद पर 23 रन बनाकर उमरान मलिक को कैच थमा बैठे। श्रीलंका ने पांच ओवर में एक विकेट पर 44 रन बना लिए हैं। पथुम निसांका 14 गेंद पर 15 रन और अविष्का फर्नांडो एक गेंद पर खाता खोले बगैर नाबाद हैं।

08:48 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: श्रीलंका की पारी शुरू

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को पहली ही गेंद पर झटका लगता। हार्दिक पांड्या की गेंद श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका के पैड पर जाकर लगी। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया, लेकिन रिव्यू में गेंद विकेट से नहीं लग रही थी। निसांका बाल-बाल बच गए। श्रीलंका ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के छह रन बना लिए हैं। कुशल मेंडिंस चार और निसांका एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:36 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: भारत ने बनाए पांच विकेट पर 228 रन

भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 मैच में जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 228 रन बनाए। सूर्यकुमार 51 गेंद पर 112 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने सात चौके और नौ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 219.61 का रहा। सूर्या के अलावा शुभमन गिल ने 46 रनों की पारी खेली। राहुल त्रिपाठी 35, हार्दिक पांड्या चार, दीपक हुड्डा चार और ईशान किशन एक रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल ने नौ गेंद पर नाबाद 21 रन बनाए। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। 

08:27 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: सूर्यकुमार का शानदार शतक

सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना तीसरा शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 45 गेंद पर अपना शतक लगाया। सूर्या ने पिछले साल इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया था। वह टी20 में भारत के लिए तीन शतक लगाने दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे ज्यादा शतक रोहित शर्मा के नाम हैं। रोहित ने टी20 में चार शतक लगाए हैं।

08:21 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: दीपक हुड्डा भी हो गए फेल

हार्दिक पांड्या के बाद दीपक हुड्डा का बल्ला भी इस मैच में नहीं चला। वह दो गेंद पर चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मदुशंका की गेंद पर हसरंगा ने उनका कैच लिया। भारत ने 17 ओवर में पांच विकेट पर 194 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 40 गेंद पर 95 और अक्षर पटेल दो गेंद पर पांच रन बनाकर नाबाद हैं।

08:14 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: हार्दिक पांड्या आउट

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या का बल्ला नहीं चला। वह चार गेंद पर चार रन बनाकर आउट हो गए। कसुन रजिता की गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने उनका कैच लिया। भारत ने 16 ओवर में चार विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 37 गेंद पर 84 और दीपक हुड्डा एक गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद हैं।

08:09 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: शुभमन गिल आउट

भारत को तीसरा झटका 15वें ओवर में लगा। शुभमन गिल को वानिंदु हसरंगा ने आउट कर दिया। गिल 36 गेंद पर 46 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। आउट होने से पहले उन्होंने सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की। भारत ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 163 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव 77 और हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:02 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों पर लगाया अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 करियर का 14वां अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 26 गेंद पर अर्धशतक लगाया। भारत ने 13 ओवर में दो विकेट पर 131 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार 28 गेंद पर 58 और शुभमन गिल 32 गेंदों पर 34 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:52 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल ने की अर्धशतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। भारत ने 11 ओवर में दो विकेट पर 104 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार 20 गेंद पर 36 और शुभमन गिल 28 गेंद पर 29 रन बनाकर नाबाद हैं। गिल की तुलना में सूर्यकुमार ज्यादा तेजी से रन बना रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में अब तक तीन चौके और दो छक्के लगाए हैं।

07:44 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 92/2

भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल क्रीज पर टिके हुए हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी कर ली है। सूर्यकुमार 15 गेंद पर 25 और शुभमन गिल 27 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद हैं।

07:30 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 53/2

भारतीय टीम का पावरप्ले समाप्त हो गया है। उसने छह ओवर में दो विकेट पर 53 रन बनाए। आउट होने वाले बल्लेबाज ईशान किशन और राहुल त्रिपाठी रहे। राहुल त्रिपाठी अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 16 गेंद पर 35 रन बनाए। इस दौरान पांच चौके और दो छक्के लगाए। चमिका करुणारत्ने की गेंद पर दिलशान मदुशंका ने उनका कैच लिया। शुभमन गिल 17 गेंद पर 14 और सूर्यकुमार यादव एक गेंद पर खाता खोले बगैर नाबाद हैं।

07:23 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: त्रिपाठी की आक्रामक बल्लेबाजी

राहुल त्रिपाठी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 13 गेंद पर 23 रन बना लिए हैं। भारत का स्कोर पांच ओवर में एक विकेट पर 39 रन बनाए। शुभमन गिल 15 गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद हैं। त्रिपाठी ने अपनी पारी में पांच चौके लगाए हैं। वह 176.92 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:14 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: शुभमन गिल और त्रिपाठी ने दिखाए आक्रामक तेवर

ईशान किशन के आउट होने के बाद शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी ने आक्रामक तेवर जताए हैं। त्रिपाठी ने पांच गेंद पर दो चौकों की मदद से नौ रन बना लिए हैं। वहीं, शुभमन गिल ने एक चौका और एक छक्का लगाया है। वह 11 गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत ने तीन ओवर में एक विकेट पर 22 रन बना लिए हैं।

07:04 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: ईशान किशन का नहीं चला बल्ला

भारत को पहला झटका पहले ही ओवर में लगा। दिलशान मदुशंका ने पहले ओवर की चौथी गेंद पर ईशान किशन को आउट कर दिया। किशन का कैच स्लिप में धनंजय डी सिल्वा ने लिया। वह दो गेंद पर एक रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर शुभमन गिल हैं। भारत ने एक ओवर में एक विकेट पर सात रन बना लिए हैं।

07:00 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: भारत की पारी शुरू

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। ओपनर शुभमन गिल के साथ ईशान किशन क्रीज पर उतरे हैं। श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।

06:35 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, राहुल त्रिपाठी, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, शिवम मावी, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, धनंजय डी सिल्वा, चरित असलंका, दसुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षणा, कसुन राजिथा, दिलशान मदुशंका।

06:32 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: भारतीय टीम पहले करेगी बल्लेबाजी

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। हार्दिक ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने एक बदलाव करने का फैसला किया है। उन्होंने बाएं हाथ के बल्लेबाज भानुका राजपक्षे को टीम से बाहर कर दिया है। अविष्का फर्नांडो को प्लेइंग-11 में रखा गया है।

06:03 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Live: बीसीसीआई ने मैच से पहले किया ट्वीट

05:51 PM, 07-Jan-2023

IND vs SL 3rd T20 Highlights: भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 में 91 रन से हराया, सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों का तीसरा मुकाबला थोड़ी देर में राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी पर हैं। भारत ने मुंबई में पहला टी20 जीता था। वहीं, श्रीलंका ने पुणे में दूसरे मैच में जीत हासिल कर सीरीज में वापसी की थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें