भारत ने श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है। उसने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए तीसरे मुकाबले में चार विकेट से जीत हासिल की। टीम इंडिया ने पहले मैच में 67 रन से जीती थी। अब तीसरा और आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
गुरुवार (12 जनवरी) को ईडन गार्डन्स में श्रीलंकाई कप्तान दसुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ। लंकाई टीम किसी तरह 200 रन के पार पहुंच पाई। वह 39.4 ओवर में 215 रनों पर सिमट गई। जवाब में भारतीय टीम ने शुरुआती विकेट खोने के बावजूद लक्ष्य को 43.2 ओवर में हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने छह विकेट पर 219 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
केएल राहुल ने संभलकर की बल्लेबाजी
टीम इंडिया की जीत के सूत्रधार गेंदबाजी में कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज रहे। वहीं, बल्लेबाजी में अनुभवी केएल राहुल ने मध्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 86 रन पर चार विकेट गिर जाने के बाद पारी को संभाला और हार्दिक पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। हार्दिक 53 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद राहुल को अक्षर पटेल का साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी की। केएल राहुल 103 गेंद पर 63 और कुलदीप यादव 10 गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
नहीं चला रोहित और विराट का बल्ला
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 86 रन तक उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। कप्तान रोहित शर्मा 17, शुभमन गिल 21, विराट कोहली चार और श्रेयस अय्यर 28 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले श्रीलंका के लिए डेब्यू करने वाले नुवानिदु फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। कुशल मेंडिस ने 34 और दिमुथ वेलालगे ने 32 रनों का योगदान दिया।
अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 93 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह वनडे में उनका 12वां अर्धशतक है। राहुल ने 41वें ओवर में रजिता की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
भारत को छठा झटका अक्षर पटेल के रूप में लगा। वह 40वें ओवर की पांचवीं गेंद पर पवेलियन लौट गए। धनंजय डी सिल्वा की गेंद पर चमिका करुणारत्ने ने कैच लिया। अक्षर ने छठे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने 21 गेंद पर 21 रन बनाए। अक्षर के बाद बल्लेबाजी के लिए कुलदीप यादव आए हैं। भारत ने 40 ओवर में छह विकेट पर 191 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए 60 गेंद पर 25 रन चाहिए।
भारत को पांचवां झटका चमिका करुणारत्ने ने दिया। उन्होंने केएल राहुल और हार्दिक पांड्या की खतरनाक होती जोड़ी को तोड़ा। हार्दिक और राहुल ने 119 गेंद पर 75 रनों की साझेदारी की। हार्दिक 53 गेंद पर 36 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। हार्दिक का कैच विकेटकीपर कुशल मेंडिस ने लिया।
केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। भारत ने 29 ओवर में चार विकेट पर 141 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए 126 गेंद पर 75 रन और बनाने हैं। राहुल 63 गेंद पर 37 और हार्दिक 36 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने 88 गेंद पर 55 रनों की साझेदारी कर ली है।
भारत ने 22 ओवर में चार विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 28 ओवर में 100 रन बनाने हैं। हार्दिक पांड्या और केएल राहुल क्रीज पर हैं। राहुल ने 34 गेंद पर 21 और हार्दिक ने 23 गेंद पर 16 रन बना लिए हैं। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी कर ली है।
श्रेयस अय्यर के रूप में भारत को चौथा झटका लगा। उन्हें कसुन रजिता ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। अय्यर ने रिव्यू भी लिया, लेकिन वह उनके काम नहीं आया। उन्होंने 33 गेंद पर 28 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके निकले। अय्यर ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। उनके आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर केएल राहुल टिके हुए हैं।
भारत को तीसरा झटका लाहिरू कुमारा ने दिया। उन्होंने पिछले दो वनडे मैचों में शतक लगाने वाले दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को आउट कर दिया। कोहली नौ गेंदों पर चार रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। कुमारा ने 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर विराट को आउट किया। उनके आउट होने के बाद केएल राहुल क्रीज पर आए हैं। भारत ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर 13 और राहुल पांच रन बनाकर नाबाद हैं।
रोहित शर्मा के बाद दूसरे ओपनर शुभमन गिल भी आउट हो गए। गिल 12 गेंद पर 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। गिल को लहिरू कुमारा ने अविष्का फर्नांडो के हाथों कैच कराया। उनके आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए हैं।
भारत को पहला झटका चमिका करुणारत्ने ने दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की अंतिम गेंद पर रोहित शर्मा को आउट कर दिया। रोहित 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। करुणारत्ने की गेंद पर विकेटकीपर कुशल मेंडिस ने उनका कैच लिया। रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर शुभमन गिल टिके हुए हैं। भारत ने पांच ओवर में एक विकेट पर 33 रन बना लिए हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई है। टीम इंडिया को जीत के लिए 216 रन बनाने हैं। कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल क्रीज पर आए हैं। श्रीलंका के लिए गेंदबाजी की शुरुआत कसुन रजिता ने किया।
श्रीलंका ने भारत को दूसरे वनडे में 216 रन का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने उसे 39.4 ओवर में 215 रनों पर ऑल आउट कर दिया। मोहम्मद सिराज ने 40वें ओवर में दो विकेट लेकर लंकाई टीम को समेट दिया। उन्होंने लाहिरू कुमारा को क्लीन बोल्ड कर दिया। कुमारा दो गेंद पर खाता भी नहीं खोल पाए। सिराज ने मैच में तीन विकेट लिए। उन्होंने 5.4 ओवर में 30 रन दिए। सिराज के अलावा कुलदीप यादव भी काफी सफल रहे। कुलदीप ने 10 ओवर में 51 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें चोटिल युजवेंद्र चहल की जगह इस मैच में खेलने का मौका मिला था।
श्रीलंका के लिए डेब्यू करने वाले नुवानिदु फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उनके अलावा कुशल मेंडिस ने 34 और दुनिथ वेलालगे ने 32 रन बनाए। वानिंदु हसरंगा ने 21 और अविष्का फर्नांडो ने 20 रनों का योगदान दिया। कसुन रजिता 17 रन बनाकर नाबाद रहे। चमिका करुणारत्ने ने 17 और चरित असलंका ने 15 रन बनाए। पिछले मैच में शतक लगाने वाले कप्तान दसुन शनाका इस मुकाबले में फेल रहे। वह सिर्फ दो रन ही बना सके। धनंजय डी सिल्वा खाता भी नहीं खोल पाए।
भारत के लिए कुलदीप और सिराज के तीन-तीन विकेट के अलावा उमरान मलिक ने दो विकेट झटके। अक्षर पटेल को एक सफलता हासिल हुई। टीम इंडिया अगर इस मैच को जीत लेती है तो वह सीरीजी में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर लेगी।
मोहम्मद सिराज ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई। उन्होंने दुनिथ वेलालगे को 40वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट किया। वेलालगे 34 गेंद पर 32 रन बनाकर अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे। वेलालगे ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। इसके अलावा एक छक्का भी उनके बल्ले से निकला। श्रीलंका ने नौ विकेट पर 215 रन बना लिए हैं।
उमरान मलिक ने श्रीलंका को आठवां झटका दिया। उन्होंने चमिका करुणारत्ने को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। करुणारत्ने ने 25 गेंद पर 17 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कसुन रजिता क्रीज पर आए हैं। दिमुथ वेलालगे 23 गेंद पर 12 रन बनाकर नाबाद हैं। श्रीलंका ने 34 ओवर में आठ विकेट पर 177 रन बना लिए हैं।
श्रीलंका को सातवां झटका उमरान मलिक ने दिया है। उन्होंने 28वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वानिंदु हसरंगा को आउट कर दिया। हसरंगा 17 गेंद पर 21 रन बनाकर अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे। उनके आउट होने के बाद चमिका करुणारत्ने क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर दुनिथ वेलालगे खड़े हैं। श्रीलंका ने 28 ओवर में सात विकेट पर 152 रन बना लिए हैं।
श्रीलंका को छठा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने चरित असलंका को आउट कर दिया। असलंका ने सामने की ओर शॉट खेला। कुलदीप ने खुद ही आसान कैच ले लिया। उन्होंने 21 गेंद पर 15 रन बनाए। श्रीलंका के 25 ओवर में छह विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। वानिंदु हसरंगा और दुनिथ वेलालगे क्रीज पर हैं।
श्रीलंका को चौथा झटका नुवानिदु फर्नांडो के रूप में लगा। वह डेब्यू मैच में अर्धशतक लगाने के बाद पवेलियन लौट गए। उन्होंने 63 गेंद पर 50 रन बनाए। इस दौरान फर्नांडो ने छह चौके लगाए। नुवानिदु के बाद कप्तान दसुन शनाका भी पवेलियन लौट गए। शनाका को कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड कर दिया। शनाका ने चार गेंद पर दो रन बनाए। श्रीलंका के 24 ओवर में पांच विकेट पर 126 रन बना लिए हैं।
भारत को लगातार दो ओवर में दो सफलता मिली। कुलदीप के बाद अक्षर पटेल ने भी विकेट हासिल कर लिया। 17वें ओवर में कुलदीप ने कुशल मेंडिस तो 18वें ओवर में अक्षर ने धनंजय डी सिल्वा को आउट कर दिया। धनंजय पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। वह खाता नहीं खोल सके। 18 ओवर में श्रीलंका के तीन विकेट पर 105 रन हो गए। नुवानिदु फर्नांडो 54 गेंद पर 45 और चरित असलंका दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका को दूसरा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने पारी के 17वें और अपने पहले ही ओवर में कुशल मेंडिस को एलबीडब्ल्यू कर दिया। मेंडिस ने नुवानिदु फर्नांडो के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी की। 17वें ओवर की आखिरी गेंद कुलदीप ने विकेट के सामने पटकी और वह मेंडिस के पैर से जाकर लगी। अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। मेंडिस ने रिव्यू लिया, लेकिन वह काम नहीं आया। मेंडिस 34 गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुए।
कुशल मेंडिस और नुवानिदु फर्नांडो ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। श्रीलंका ने 14 ओवर में एक विकेट पर 83 रन बना लिए हैं। नुवानिदु 39 गेंद पर 34 और कुशल मेंडिस 28 गेंद पर 24 रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम को दूसरे विकेट की तलाश है।
श्रीलंका की पारी के 10 ओवर पूरे हो चुके हैं। उसने एक विकेट के नुकसान पर 51 रन बना लिए हैं। नुवानिदु फर्नाडो 16 और कुशल मेंडिस 11 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी कर ली है। भारत को 10 ओवर में एकमात्र सफलता अविष्का फर्नांडो को रूप में मिली है। उन्हें सिराज ने आउट किया था।
श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत को पहली सफलता छठे ओवर में मिली। मोहम्मद सिराज ने ओवर की आखिरी गेंद पर अविष्का फर्नांडो को क्लीन बोल्ड कर दिया। अविष्का ने 17 गेंद पर चार चौकों की मदद से 20 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कुशल मेंडिस क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर नुवानिदु फर्नांडो 20 गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद हैं। श्रीलंका ने छह ओवर में एक विकेट पर 29 रन बना लिए हैं।
श्रीलका की पारी के चार ओवर समाप्त हो गए हैं। टीम ने इस दौरान एक भी विकेट नहीं गंवाया है। उसने बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। अविष्का फर्नांडो 15 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद हैं। पहला वनडे खेल रहे नुवानिदु फर्नांडो अब तक अपना खाता नहीं खोल सके हैं। उन्होंने आठ गेंदों का सामना कर लिया है।
श्रीलंका के ओपनर अविष्का फर्नांडो और नुवानिदु फर्नांडो क्रीज पर उतर गए हैं। भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत अनुभवी मोहम्मद शमी ने की है। नुवानिदु का यह पहला मैच है। वह डेब्यू मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरित असलंका, धनंजया डी सिल्वा, दसुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, दुनिथ वेलालेज, लाहिरू कुमारा, कसुन राजिता।
श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। श्रीलंका ने तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका और बल्लेबाज पथुम निसांका को बाहर कर दिया है। नुवानिदु फर्नांडो और लाहिरू कुमारा को टीम में जगह मिली है। नुवानिदु फर्नांडो वनडे में डेब्यू कर रहे हैं। वहीं, भारत ने पिछले मैच में चोटिल हुए युजवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव को शामिल किया है।
अगर टीम इंडिया यह मैच जीत लेती है तो वह लगातार तीन वनडे सीरीज में हार से बच जाएगी। उसे पिछले साल के अंत में न्यूजीलैंड ने 1-0 और बांग्लादेश ने 2-1 से हराया था।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला थोड़ी देर में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। भारतीय टीम गुवाहाटी में पहला वनडे मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है। इस मुकाबले में जीतकर उसकी नजर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी।