फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL 2nd Test: पहले दिन का खेल खत्म, भारत के पास 166 रन की मजबूत बढ़त, श्रीलंका का स्कोर 86/6

Sat, 12 Mar 2022 09:23 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलूरु

खास बातें

India vs Sri Lanka (IND vs SL) 2nd Pink Ball Test Day Night Match: भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में आज दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत के पास पहली पारी के आधार पर 166 रनों की मजबूत बढ़त है। भारत के 252 रन के जवाब में श्रीलंका ने 86/6 का स्कोर बनाया है।
विज्ञापन
जसप्रीत बुमराह - फोटो : twitter@ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:13 PM, 12-Mar-2022

पहले दिन का खेल खत्म, भारत के पास बढ़त

बेगलूरू में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत के पास पहली पारी के आधार पर 166 रनों की मजबूत बढ़त है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद टीम ने श्रेयस अय्यर के 92 रन की शानदार पारी के दम पर 252 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से सात विकेट स्पिनरों के खाते में गए और एम्बुलदेनिया-जयाविक्रमा ने तीन-तीन विकेट लिए।

श्रीलंका ने इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की और 14 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। हालांकि ऐंजेलो मैथ्यूज़ ने कुछ संघर्ष किया और 43 रन बनाए लेकिन भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और शमी के आगे मेजबान टीम ज्यादा कुछ नहीं कर पाई। दिन का खेल खत्म होने पर श्रीलंका टीम छह विकेट खोकर 86 रन बना पाई है। भारत की तरफ से बुमराह ने तीन और शमी ने दो विकेट झटके।

09:07 PM, 12-Mar-2022

श्रीलंका का छठा विकेट गिरा, अर्धशतक से चूके मैथ्यूज

ऐंजेलो मैथ्यूज़ के रूप में श्रीलंका ने अपना छठा विकेट गंवा दिया है। इस बार बुमराह ने एक बार फिर से टीम को सफलता दिलाई है। उन्होंने मैथ्यूज़ को 43 के स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। 29 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 85/6, निरोशन दिकवेला (12*), लसिथ एम्बुलदेनिया (0*)

08:55 PM, 12-Mar-2022

बुमराह की वापसी 

स्पिन के बाद रोहित शर्मा ने एक बार फिर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लगाया है। बुमराह ने अपने पहले स्पेल में पांच ओवर में 12 रन देकर दो विकेट लिए थे।

विज्ञापन
08:25 PM, 12-Mar-2022

श्रीलंका का पांचवां विकेट गिरा

श्रीलंका का पांचवां विकेट गिर चुका है। अक्षर पटेल ने असालंका को रविचंद्रन अश्विन के हाथों कैच आउट कराया है। उन्होंने आठ गेंद खेलकर पांच रन बनाए और अक्षर के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। मैथ्यूज के अलावा श्रीलंका का कोई भी बल्लेबाज इस पारी में 10 रन से ज्यादा का स्कोर नहीं बना पाया है। 50 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। 

08:10 PM, 12-Mar-2022

शमी ने किया दूसरा शिकार

मोहम्मद शमी ने एक और सफलता अपने नाम करते हुए श्रीलंका को चौथा झटका दिया है। इस बार धनंजय डीसिल्वा को पवेलियन की राह दिखाई। शमी के चौथे ओवर की पांचवीं गेंद तेजी से अंदर आई और डीसिल्वा के पैड पर लगी। हालांकि अंपायर ने इसे नॉटआउट दिया लेकिन भारत ने यहां रिव्यू लिया और वह सफल रहा।

विज्ञापन
07:35 PM, 12-Mar-2022

शमी को पहली सफलता, श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा

रोहित शर्मा ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए मोहम्मद शमी को गेंद थमाई और उन्होंने भी पहली ही गेंद पर विकेट ले लिया। शमी ने ओवर की पहली ही गेंद पर दिमुथ करुणारत्ना को चार के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। 6 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 16/3, धनंजय डीसिल्वा (2*), ऐंजेलो मैथ्यूज़ (0*)

07:31 PM, 12-Mar-2022

बुमराह को दूसरी सफलता

जसप्रीत बुमराह ने अपने तीसरे ही ओवर में दूसरा विकेट ले लिया है। इस बार उन्होंने ओवर की पहली गेद पर लहिरू थिरिमाने को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। थिरिमाने छह गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर: 14/2, ऐंजेलो मैथ्यूज़ (0*), दिमुथ करुणारत्ना (4*)

07:16 PM, 12-Mar-2022

श्रीलंका को लगा पहला झटका, मेंडिस आउट

जसप्रीत बुमराह ने अपने दूसरे ही ओवर में श्रीलंका को पहला झटका दिया है। बुमराह ने ओवर की पहली ही गेंद पर कुसल मेंडिस को श्रेयस के हाथों कैच कराया। मेंडिस ने आउट होने से पहले महज दो रन बनाए। 

07:09 PM, 12-Mar-2022

श्रीलंका की पहली पारी शुरू

भारत के 252 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी शुरू हो चुकी है। कुशल मेंडिस और दिमुथ करुणारत्ने क्रीज पर आ चुके हैं। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। हालांकि, भारत की पारी के दौरान श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाजों को बहुत मदद मिली थी। ऐसे में जल्द ही रोहित शर्मा भी स्पिन गेंदबाजों का रुख कर सकते हैं। 

06:31 PM, 12-Mar-2022

भारत की पहली पारी 252 रन पर सिमटी

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 252 रन बनाए। बेंगलूरू में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में भारतीय बल्लेबाज श्रीलंकाई स्पिनरों के सामने संघर्ष करते नजर आए। एक समय टीम इंडिया के लिए 200 रन तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था लेकिन श्रेयस अय्यर की शानदार अर्धशतकीय पारी और ऋषभ पंत की तेज बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 252 रन बनाए। भारत की तरफ से श्रेयस ने सर्वाधिक 92 रन बनाए। वहीं श्रीलंका की तरफ से एम्बुलदेनिया और जयाविक्रमा ने तीन-तीन विकेट लिए।
 

06:29 PM, 12-Mar-2022

श्रेयस अय्यर अर्धशतक से चूक गए

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर शानदार पारी खेलकर आउट हुए। वह आठ रन से अपने दूसरे टेस्ट शतक से चूक गए। उन्हें प्रवीण जयाविक्रमा ने दिकवेला के हाथों कैच कराया। 

06:02 PM, 12-Mar-2022

अक्षर पटेल हुए लकमल का शिकार

सुरंगा लकमल ने अक्षर पटेल को ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकने नहीं दिया और 9 रन के निजी स्कोर पर गिल्लियां बिखेर दी। 

05:43 PM, 12-Mar-2022

भारत के 200 रन पूरे

भारत के लिए पिछले दो ओवर शानदार रहे हैं। भारतीय टीम ने इसमें 12 गेंदों में 27 रन बटोरे हैं, जिसमें तीन छक्के भी शामिल हैं। भारत का स्कोर भी 200 के पार हो गया है। 49 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 210/7, श्रेयस अय्यर (55*), अक्षर पटेल (9*)

05:38 PM, 12-Mar-2022

श्रेयस अय्यर का अर्धशतक पूरा

श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने छक्के के साथ 54 गेंदों में टेस्ट करिअर की दूसरी फिफ्टी लगाई। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 198/7, 
श्रेयस अय्यर (50*), अक्षर पटेल (2*)

05:08 PM, 12-Mar-2022

भारत के 150 रन पूरे

भारत ने 150 रन का आंकड़ा छू लिया है हालांकि उसने अपने छह विकेट भी गंवा दिए हैं। भारत की तरफ से श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं और स्कोर को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। 38 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 150/6, श्रेयस अय्यर (21*), रवि अश्विन (2*)

04:51 PM, 12-Mar-2022

रविंद्र जडेजा चार रन बनाकर आउट

भारत ने अपना छठा विकेट गंवा दिया है। इस बार पिछले मैच के हीरो रहे रवींद्र जडेजा एम्बुलदेनिया का शिकार हुए। एम्बुलदेनिया की गेंद पिच पर पड़ने के बाद तेजी से अंदर की तरफ घूमी और उछाल के साथ जडेजा के दस्तानों पर लगी और स्लिप के फील्डर थिरिमाने के हाथों में गई। जडेजा ने 14 गेंद नें चार रन बनाए। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 149/6, श्रेयस अय्यर (21*), 
रवि अश्विन (1*) 

04:36 PM, 12-Mar-2022

ऋषभ पंत आउट

भारत ने अपना पांचवां विकेट गंवा दिया है। ऋषभ पंत एक तेज पारी खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें लसीथ एम्बुलदेनिया ने पूरी तरह से चकमा दिया और गिल्लियां बिखेर दी। पंत ने आउट होने से पहले 26 गेंदों में 39 रन बनाए। 

04:27 PM, 12-Mar-2022

भारत के 100 रन पूरे 

चायकाल के बाद खेल दोबारा शुरू हो चुका है। ऋषभ पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए धनंजय को ओवर में लगातार दो चौके लगाए। भारत ने इसी के साथ अपने 100 रन भी पूरे कर लिए। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 104/4, ऋषभ पंत (26*), श्रेयस अय्यर (2*)

04:04 PM, 12-Mar-2022

चायकाल तक भारत का स्कोर 93/4

मैच के पहले दिन चायकाल तक भारतीय टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए हैं। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। श्रीलंका के लिए तीनों स्पिन गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिए, जबकि मयंक अग्रवाल रन आउट हुए। बेंगलुरु में पहले दिन से ही स्पिन गेंदबाजों को खासी मदद मिल रही है। इसी वजह से कोई भी भारतीय बल्लेबाज ज्यादा लंबी पारी नहीं खेल पाया। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों ने रन बनाने का कोई मौका नहीं गंवाया। इसी वजह से पहले सत्र में चार विकेट गंवाने के बावजूद भारत का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच चुका है। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत का पहला विकेट 10 रन के स्कोर पर गिरा था। मयंक अग्रवाल चार रन बनाकर रन आउट हो गए थे। इसके बाद 29 रन पर भारत का तीसरा विकेट गिरा। कप्तान रोहित 15 रन बनाकर आउट हुए। विराट और विहारी के बीच अच्छी साझेदारी हुए, लेकिन विहारी 31 रन बनाकर जयविक्रमा का शिकार बने। वहीं विराट 23 रन बनाने के बाद धनंजय डे सिल्वा की गेंद पर पवेलियन लौटे। 

03:55 PM, 12-Mar-2022

भारत का चौथा विकेट गिरा

विराट कोहली 23 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इसके साथ ही भारत का चौथा विकेट गिर गया है। श्रीलंकाई ऑफ स्पिनर धनंजय डे सिल्वा की छोटी गेंद पर विराट ने बैकफुट पर जाकर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बहुत ही नीचे रह गई। विराट के बल्ले से गेंद का कोई संपर्क नहीं हुआ और ठीक स्टंप के सामने गेंद उनके पैर पर लगी। विराट ने निराशा भरे अंदाज में पिच की तरफ देखा और पवेलियन की तरफ लौट गए। उन्हें पता था कि वे आउट हैं। इस वजह से उन्होंने अंपायर के फैसले को चुनौती नहीं दी। 

विराट से इस पारी में शतक की उम्मीद थी, लेकिन वो इस पारी में भी ऐसा नहीं कर पाए। 

03:48 PM, 12-Mar-2022

भारत का तीसरा विकेट गिरा

भारतीय टीम का तीसरा विकेट गिर चुका है। हनुमा विहारी 31 रन के स्कोर पर आउट हुए। प्रवीन जयविक्रमा की गेंद पर विकेटकीपर डिकवेला ने उनका कैच पकड़ा। विहारी ने 81 गेंद खेलकर 31 रन बनाए और अपनी पारी में चार चौके लगाए। जयविक्रमा की गेंद ऑप स्टंप पिच होने के बाद उछाल लेकर बाहर की तरफ निकली थी और विहारी के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर के पास गई। डिकवेला ने दूसरे प्रयास में कैच पकड़ा और हनुमा को पवेलियन भेज दिया। 

अब विराट कोहली के साथ ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। पंत इस पारी में आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं और विराट संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

03:30 PM, 12-Mar-2022

भारत के 50 रन पूरे

भारतीय टीम ने शुरुआती झटके से उबरते हुए अपने 50 रन पूरे कर लिए है। विराट कोहली और हनुमी विहारी की जोड़ी क्रीज पर बनी हुई है। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 52/2, विराट कोहली (5*), हनुमा विहारी (26*)

02:53 PM, 12-Mar-2022

रोहित भी पवेलियन लौटे

रोहित शर्मा एक बार फिर से फेल रहे। उन्हें 15 के स्कोर पर एम्बुलदेनिया ने धनंजय डीसिल्वा के हाथों कैच कराया। भारत ने 29 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवा दिया है। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 29/2, विराट कोहली (0*), हनुमा विहारी (8*)

02:34 PM, 12-Mar-2022

मैच का पहला छक्का

रोहित शर्मा ने छठे ओवर में अपना और मैच का पहला छक्का लगा दिया है। उन्होंने विश्वा फर्नांडो के ओवर का आखिरी गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर से गेंद को बाउंड्री पार कराया। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 23/1, हनुमा विहारी (2*), रोहित शर्मा (15*)

02:32 PM, 12-Mar-2022

रोहित का 400वां अंतरराष्ट्रीय मैच

रोहित शर्मा आज अपना 400वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे हैं। यह उनका 45वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। वह पहली बार डे-नाइट टेस्ट में भारतीय टीम की कमान संभाल रहे हैं। 

02:12 PM, 12-Mar-2022

मयंक रन आउट हुए

भारत को मयंक अग्रवाल के रुप में दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा है। विश्वा फर्नांडो के ओवर की चौथी गेंद पर मयंक अग्रवाल के पैड पर लगी जिसपर श्रीलंका ने रिव्यू लिया जबकि मयंक रन के लिए भागे। रोहित के मना करने के बाद वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। फर्नांडो की यह नो बॉल थी जिसका भारत को एक रन भी मिला लेकिन यहां मयंक को आउट भी होना पड़ा। मयंक सात गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर: 10/1, हनुमा विहारी (0*), रोहित शर्मा (5*)

02:06 PM, 12-Mar-2022

मैच शुरू

भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की है जबकि श्रीलंका ने सुरंगा लकमल को नई गेंद थमाई है। 

01:52 PM, 12-Mar-2022

श्रीलंका में दो बड़े बदलाव

श्रीलंका में दो बदलाव किए गए हैं। पथुम निंसका और लहिरु कुमारा को बाहर कर उनकी जगह पर कुसल मेंडिस और प्रवीण जयाविक्रमा को लाया गया है।

श्रीलंकाई टीम:
दिमुथ करुणारत्ना, लहिरू थिरिमाने, कुसल मेंडिस, ऐंजेलो मैथ्यूज़, धनंजय डीसिल्वा, चरिथ असलंका, निरोशन दिकवेला , सुरंगा लकमल, लसिथ एम्बुलदेनिया, विश्वा फर्नांडो, प्रवीण जयाविक्रमा

01:50 PM, 12-Mar-2022

भारतीय टीम में एक बदलाव

भारतीय टीम में पिछले मैच की तुलना में एक बदलाव हुआ है। जयंत यादव की जगह अक्षर पटेल को लाया गया है।

प्लेइंग XI:
रोहित शर्मा (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह
 

01:48 PM, 12-Mar-2022

टॉस रिपोर्ट

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

01:40 PM, 12-Mar-2022

भारत ने जीता था पहला टेस्ट

भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका एकतरफा तरीके से हराया था। मोहाली में खेले गए मुकाबले में रविंद्र जडेजा की ऑलराउंड पारी के दम पर टीम इंडिया ने श्रीलंका को एक पारी और 222 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी।

01:35 PM, 12-Mar-2022

IND vs SL 2nd Test: पहले दिन का खेल खत्म, भारत के पास 166 रन की मजबूत बढ़त, श्रीलंका का स्कोर 86/6

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच बेंगलुरु में आज दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच पहली बार डे-नाइट टेस्ट खेला जा रहा है। भारत पहला टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है और अब उसकी नजर क्लीन स्वीप पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें