भारत ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट कर दी थी। भारत ने फिर 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 120 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए। अभिषेक ने 18 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और शुभमन गिल ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। इस साझेदारी को कॉर्बिन बॉश ने आउट किया। भारत ने एक बार फिर प्रयोग किया और तीसरे स्थान पर सूर्यकुमार की जगह तिलक वर्मा को उतारा। तिलक और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी की, लेकिन मार्को यानसेन ने गिल को बोल्ड कर दिया। गिल 28 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर असफल रहे और 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तिलक और शिवम दुबे ने भारत की जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 34 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 25 रन और शिवम चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी, मार्को यानसेन और कॉर्बिन बॉश को एक-एक विकेट मिला।
भारत को कप्तान सूर्यकुमार यादव के रूप में तीसरा झटका लगा है। सूर्यकुमार 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर फिलहाल कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 80 के पार पहुंच गया है। भारत ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 85 रन बनाए हैं। भारत को अब जीत के लिए 66 गेंदों पर 33 रन बनाने हैं।
कॉर्बिन बॉश ने अभिषेक शर्मा को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। अभिषेक शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 18 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने दमदार शुरुआत की है। अभिषेक ने विस्फोटक बल्लेबाजी की जिससे भारत ने पावरप्ले में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। अभिषेक के साथ गिल भी क्रीज पर मौजूद हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तेज शुरुआत की है। अभिषेक और गिल ने पारी का आगाज किया है। अभिषेक ने लुंगी एनगिडी की पहली गेंद पर छक्के जड़कर शुरुआत की।
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने दक्षिण अफ्रीका की पारी 20 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट कर दी। भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी पहले ही ओवर से खराब रही और भारत ने शुरुआती झटका देकर उस पर दबाव बनाया। दक्षिण अफ्रीका की टीम अंत तक इससे नहीं उबर सकी और उसके नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम के लिए कप्तान एडेन मार्करम ने अर्धशतक लगाया जिससे टीम 100 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्करम ने 46 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाए, जबकि डोनोवान फेरेरा ने 20 रनों का योगदान दिया। एनरिच नॉर्त्जे 12 रन बनाकर आउट हुए। इन तीन बल्लेबाजों के अलावा दक्षिण अफ्रीका के लिए कोई बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा पार नहीं कर सका। दिलचस्प बात यह रही कि इस मैच में भारत के सभी गेंदबाजों को सफलता मिली। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव को दो-दो विकेट मिले। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली।
अर्शदीप सिंह ने एडेन मार्करम को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया। मार्करम 46 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। मार्करम की शानदार बल्लेबाजी की मदद से ही दक्षिण अफ्रीका ने 18वें ओवर में जाकर 100 रनों का आंकड़ा पार किया।
वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए मार्को यानसेन को बोल्ड किया। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह 77 रन के स्कोर पर सातवां विकेट गंवा दिया है। यानसेन सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।
वरुण चक्रवर्ती ने डोनोवान फेरेरा को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका दिया है। फेरेरा और मार्करम के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही थी, लेकिन वरुण ने फेरेरा को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। फेरेरा 15 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। वरुण का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह 50वां विकेट था। वह भारत के लिए तेजी से 50 विकेट पूरे करने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। वरुण ने 32 मैचों में 50 विकेट पूरे किए हैं। कुलदीप यादव के नाम टी20 में भारत के लिए सबसे तेजी से 50 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड है। कुलदीप ने 30 मैचों में ऐसा किया था।
पांच विकेट गिरने के बाद मार्करम और फेरेरा ने दक्षिण अफ्रीका की पारी को संभालने की कोशिश की है। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60 रन के पार पहुंच गया है।
दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम 44 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई है। शिवम दुबे ने कॉर्बिन बॉश को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। बॉश चार रन बनाकर आउट हुए।
हार्दिक पांड्या ने ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया। स्टब्स 13 गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक का टी20 अंतरराष्ट्रीय में यह 100वां विकेट है। हार्दिक भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह टी20 में भारत के लिए 100 विकेट पूरे कर चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाए। फिलहाल क्रीज पर कप्तान एडेन मार्करम के साथ ट्रिस्टन स्टब्स मौजूद हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक और डेवाल्ड ब्रेविस के विकेट गंवाए।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया है। हर्षित ने डेवाल्ड ब्रेविस को बोल्ड किया जो दो रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका ने महज सात रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं।
हर्षित राणा ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। डिकॉक ने पिछले मैच में 90 रन की पारी खेली थी, लेकिन इस मैच में वह एक रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका दिया है। अर्शदीप ने रीजा हेंड्रिक्स को एलबीडब्ल्यू आउट किया। अंपायर ने हालांकि, नॉटआउट दिया था, लेकिन भारत ने सफल रिव्यू लिया। हेंड्रिक्स खाता खोले बिना आउट हुए।
भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के लिए रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की है।
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
दक्षिण अफ्रीका: रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपकर), एडेन मार्करम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवान फेरेरा, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, एनरिच नॉर्त्जे, लुंगी एनडिगी, ओटेनिल बार्टमैन।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है। इस मैच में अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे हैं। कप्तान सूर्यकुमार ने टॉस के दौरान बताया कि अक्षर की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए वह इस मैच का हिस्सा नही हैं, जबकि बुमराह को निजी कारणों के चलते घर जाना पड़ा है। अक्षर और बुमराह की जगह इस मैच में कुलदीप यादव और हर्षित राणा खेल रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने बताया कि उन्होंने एकदाश में तीन बदलाव किए हैं।
मुख्य कोच गौतम गंभीर ने दूसरे टी20 में बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग करते हुए अक्षर पटेल को तीसरे स्थान पर उतारा था। इस फैसले की काफी आलोचना हुआ थी, लेकिन अब सूर्यकुमार फिर तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। सूर्यकुमार तीसरे स्थान पर खेलते हुए काफी सफल रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। सूर्यकुमार का लय में आना टीम के लिए जरूरी है। इसी तरह बल्लेबाजी क्रम में अत्यधिक फेरबदल के चलते शिवम दुबे को नंबर आठ पर भेजना भी एक कमजोर फैसला रहा, जिसे अगले मैच में सुधारने की जरूरत होगी।
गिल को सीरीज के बाकी बचे तीनों मैचों में एकादश में जगह मिलना लगभग तय है, लेकिन उनके लिए चीजें आसान नहीं है। टी20 विश्व कप अब सिर्फ छह सप्ताह दूर है और यह सलामी बल्लेबाज इन मैचों में अगर लय हासिल करने में विफल रहा तो टीम दूसरी योजना पर काम करने का मन बना सकती है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की लंबे समय से चली आ रही खराब लय पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि उपकप्तान गिल अब तक भरोसा जगाने में नाकाम रहे हैं। संजू सैमसन जैसे स्थापित सलामी बल्लेबाज की कीमत पर टीम में शामिल किए गए गिल प्रभाव छोड़ने में संघर्ष करते नजर आए हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और भारत अब सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगा। भारत पहले दो मुकाबलों में एक ही एकादश के साथ खेलने उतरा है, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन इस मैच के लिए कोई बदलाव करता है या नहीं।
Live Cricket Score Today, India vs South Africa 3rd T20 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच धर्मशाला में खेला जा रहा है। दोनों टीमों के बीच सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त लेना चाहेगी।