गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को कटक में खेले गए पहले टी20 मैच में 101 रनों के बड़े अंतर से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 12.3 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। भारत ने इस तरह बड़ी जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद नियमित रूप से विकेट गंवाए और उसका कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसके सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा छू सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने 14, ट्रिस्टन स्टब्स ने 14 और मार्को यानसेन ने 12 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। वहीं, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। दिलचस्प बात यह रही कि भारत के सभी गेंदबाजों को सफलताएं मिली। इस दौरान बुमराह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और वह ऐसा करने वाले अर्शदीप के बाद भारत के दूसरे गेंदबाज बने।
अक्षर पटेल ने एनरिच नॉर्त्जे को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को नौवां झटका दिया। दक्षिण अफ्रीका ने 72 रन के स्कोर पर नौ विकेट गंवा दिए हैं।
बुमराह ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया। बुमराह ने केशव महाराज को आउट किया जो खाता खोले बिना आउट हुए।
भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा है और जसप्रीत बुमराह को भी सफलता मिली। बुमराह ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउट किया जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका 100वां शिकार बने। ब्रेविस 14 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए।
वरुण चक्रवर्ती ने मार्को यानसेन को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका दिया है। यानसेन भारत के लिए खतरा साबित हो सकते थे, लेकिन इससे पहले ही वरुण ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। यानसेन 12 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।
वरुण चक्रवर्ती ने डोनोवान फरेरा को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका दिया। फरेरा सात गेंदों पर एक चौका की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुए।
हार्दिक पांड्या ने डेविड मिलर को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका दिया है। मिलर तीन गेंदें खेलकर एक रन बनाकर आउट हुए।
अक्षर पटेल ने एडेन मार्करम को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया। दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह 40 रन के स्कोर पर तीसरा विकेट गंवा दिया है। मार्करम 14 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए भारत को दूसरी सफलता दिलाई। अर्शदीप ने स्टब्स को आउट किया जो नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए।
अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डिकॉक को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। डिकॉक खाता खोले बिना आउट हुए।
हार्दिक पांड्या की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने पहले टी20 मैच में 176 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, भारत ने हार्दिक के 28 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए जिससे भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारत के लिए हार्दिक के अलावा तिलक वर्मा ने 26, अक्षर पटेल ने 23, अभिषेक शर्मा ने 17, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 और शिवम दुबे ने 10 रन बनाए। वहीं, जितेश शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीन विकेट लिए, जबकि लुथो सिपाम्ला को दो और डोनोवान फरेरा को एक विकेट मिला।
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। हार्दिक के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह छठा पचासा है। उनकी बल्लेबाजी के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 170 रन का आंकड़ा पार कर लिया है।
फरेरा ने शिवम दुबे की पारी का अंत कर भारत को छठा झटका दिया। शिवम नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर हालांकि, हार्दिक पांड्या मौजूद हैं।
हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे भारत का स्कोर 130 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में 16 ओवर की समाप्ति के बाद पांच विकेट पर 131 रन बनाए हैं।
भारत को अक्षर पटेल के रूप में पांचवां झटका लगा है जो 21 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर को सिपाम्ला ने अपना शिकार बनाया।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को तिलक वर्मा के रूप में चौथा झटका लगा है। तिलक अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन एनगिडी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। तिलक 32 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत का स्कोर 70 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने 10 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 71 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर तिलक वर्मा और अक्षर पटेल मौजूद हैं।
अभिषेक शर्मा के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा है। सिपाम्ला ने मार्को यानसेन के हाथों कैच कराकर अभिषेक को आउट किया जो 12 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने पावरले की समाप्ति तक दो विकेट पर 40 रन बनाए हैं। भारत ने शुरुआती छह ओवर में दो विकेट गंवाए, लेकिन अभिषेक ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला है।
लुंगी एनगिडी ने भारत को शुरुआती झटके दिए हैं। एनगिडी ने पहले शुभमन गिल को आउट किया और अब कप्तान सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा। सूर्यकुमार 11 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए।
लुंगी एनगिडी ने शुभमन गिल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया है। गिल चोट के बाद इस मैच से वापसी कर रहे थे, लेकिन प्रभावित नहीं कर सके और चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवान फरेरा, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुथो सिपाम्ला, लुंगी एनगिडी, एनरिच नॉर्त्जे।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस दौरान बताया कि संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और कुलदीप यादव इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। अभिषेक ने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 163 रन बनाए थे और वह भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। इसके बाद उन्होंने घरेलू स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है। सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में पंजाब के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 50.66 की औसत और 249 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए, जिसमें बंगाल के खिलाफ 52 गेंदों में 148 रन की तूफानी पारी भी शामिल है।
गिल और हार्दिक की वापसी भारतीय टीम और भी मजबूत होगी। गिल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में गर्दन में अकड़न के कारण बाहर हो जाने के बाद वापसी कर रहे हैं। यह तय है कि गिल अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे और तीसरे स्थान पर कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरेंगे। भारत के लिए हार्दिक की वापसी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। एशिया कप के दौरान क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण दो महीने से अधिक समय तक बाहर रहने वाले इस ऑलराउंडर ने शानदार वापसी करते हुए मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की तरफ से एक मैच में 42 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए और फिर चार ओवर में 52 रन देकर एक विकेट लिया।
मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम इस सीरीज के साथ अगले साल स्वदेश में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियों की शुरुआत करेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली यह सीरीज फरवरी में होने वाले विश्व कप के लिए भारत की औपचारिक तैयारी का आगाज है। विश्व कप से पहले भारतीय टीम 10 टी20 मैच खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी पांच मैच की सीरीज खेलेगी। विश्व कप में भारत अपना पहला मैच सात फरवरी को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज से वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी होगी। ये दोनों खिलाड़ी चोट के कारण पिछले कुछ समय से मैदान से बाहर हैं।
Live Cricket Score Today, India vs South Africa 1st T20 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज कटक में पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी।