भारत ने पांच मैचों की सीरीज के चौथे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को 82 रन से करारी शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 16.5 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 87 रन ही बना सकी। कप्तान तेम्बा बावुमा चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हुए। बाद में वह बल्लेबाजी करने भी नहीं आए। इस तरह दक्षिण अफ्रीका की पारी 87 रन पर खत्म हुई।
यह टी-20 में दक्षिण अफ्रीका का लोएस्ट टोटल है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जोहानिसबर्ग में 21 फरवरी 2020 को 89 रन बनाए थे। वहीं, 82 रन की जीत टी-20 में रन के मामले में भारत की दक्षिण अफ्रीका पर सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले विशाखापट्टनम में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 48 रन से हराया था।
भारत की ओर से दिनेश कार्तिक ने सबसे ज्यादा 55 रन की पारी खेली, जबकि हार्दिक ने 46 रन बनाए। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ओर से रसी वान डर डुसेन ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। भारत की ओर से आवेश खान ने घातक गेंदबाजी की चार विकेट झटके। पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 2-2 की बराबरी पर है। इस सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 जून को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
15वें ओवर में 80 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को आठवां झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने ओवर की आखिरी गेंद पर एनरिक नॉर्त्जे को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। नॉर्त्जे एक रन बना सके। फिलहाल लुंगी एनगिडी और तबरेज शम्सी क्रीज पर हैं।
14वें ओवर में आवेश खान ने गजब की गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। 74 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को पांचवां झटका लगा। आवेश खान ने ओवर की दूसरी गेंद पर रसी वान डर डुसेन को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। डुसेन 20 गेंदों पर 20 रन बना सके। इसके बाद तीसरे गेंद पर आवेश ने यानसेन को बाउंसर मारा, जो उनके गले पर लगी। इसके बाद फीजियो मैदान पर आए और उन्होंने यानसेन का चेकअप किया। अगली ही गेंद पर यानसेन कैच आउट हो गए। उन्हें आवेश ने ऋतुराज के हाथों कैच कराया। यानसेन 17 गेंदों पर 12 रन बना सके। ओवर की आखिरी गेंद पर केशव महाराज कैच आउट हुए। महाराज खाता भी नहीं खोल सके। 14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 78 रन है। फिलहाल एनरिक नॉर्त्जे और लुंगी एनगिडी क्रीज पर हैं।
11वें ओवर में 59 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को चौथा झटका लगा। तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने इन फॉर्म बैटर डेविड मिलर को क्लीन बोल्ड किया। मिलर सात गेंदों में नौ रन बना सके। 11 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 59 रन बना लिए हैं। फिलहाल रसी वान डर डुसेन 18 रन और मार्को यानसेन शून्य पर क्रीज पर हैं। क्विंटन डिकॉक 14 रन, ड्वेन प्रिटोरियस शून्य, हेनरिक क्लासेन आठ रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बावुमा आठ रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए।
नौवें ओवर में 45 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को तीसरा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने क्लासेन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। क्लासेन आठ रन बना सके। इससे पहले क्विंटन डिकॉक, ड्वेन प्रिटोरियस भी पवेलियन लौट चुके हैं। नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन है। फिलहाल डेविड मिलर और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।
पांचवें ओवर में दक्षिण अफ्रीका को पहला झटका लगा। हर्षल पटेल की गेंद पर डिकॉक ने रन लेने की कोशिश की, लेकिन हाफ क्रीज में जब वह पहुंचे तो दूसरे छोर पर खड़े प्रिटोरियस ने उन्हें वापस लौटने को कहा। तब तक हर्षल बॉल लेकर स्टंप पर मार चुके थे। इस तरह डिकॉक रन आउट हुए। वह 13 गेंदों पर 14 रन बना सके। इसके बाद छठे ओवर में आवेश खान ने प्रिटोरियस को विकेटकीपर पंत के हाथों में कैच कराया। प्रिटोरियस शून्य पर आउट हुए। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 35 रन है। फिलहाल रसी वान डर डुसेन और हेनरिक क्लासेन क्रीज पर हैं। इससे पहले कप्तान बावुमा (8 रन) कोहली में चोट लगने की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे।
चौथे ओवर में दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका लगा। कप्तान तेम्बा बावुमा चोटिल हो गए। बावुमा की बाईं कोहनी में चोट लगी है और वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए हैं। रिटायर्ट हर्ट होने से पहले बावुमा ने 11 गेंदों पर आठ रन बनाए थे। बाद में सही महसूस करने पर वह वापस बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं।
दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्विंटन डिकॉक और कप्तान तेम्बा बावुमा क्रीज पर हैं। पहले ओवर में भुवनेश्वर ने गेंदबाजी की और सिर्फ एक रन दिया। दूसरे ओवर में हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी की और 12 रन लुटाए।
दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 169 रन बनाए। कार्तिक ने अपने 16 साल के टी20 करियर में पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक दिसंबर 2006 को डेब्यू किया था। वह भारत का भी पहला टी20 मैच था। कार्तिक ने 27 गेंद पर 55 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 203.70 का रहा। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 46 रन बनाए। ईशान किशन 27 और ऋषभ पंत 17 रन का योगदान दिया।
हार्दिक पांड्या 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। लुंगी एंगिडी की गेंद पर तबरेज शम्सी को कैच थमा बैठे। हार्दिक ने 31 गेंद की पारी में 46 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 148.39 का रहा। हार्दिक ने कार्तिक के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 गेंद पर 65 रन की साझेदारी की।
दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या ने ऋषभ पंत के आउट होने के बाद मोर्चा संभाल लिया है। दोनों ने 19 गेंदों पर 30 रनों की साझेदारी कर ली है। कार्तिक 12 गेंद पर 15 और हार्दिक 27 गेंद पर 39 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों ने 16वें ओवर में एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर 15 रन बनाए। अंतिम चार ओवरों में कार्तिक और हार्दिक ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहेंगे।
भारतीय टीम को बड़ा झटका 13वें ओवर में लगा। केशव महाराज ने पांचवीं गेंद पर भारतीय कप्तान ऋषभ पंत को आउट कर दिया। पंत 23 गेंद पर 17 रन ही बना सके। उन्होंने दो चौके लगाए। पंत का स्ट्राइक रेट 73.91 का रहा। पहले मैच में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले पंत लगातार तीसरे मैच में फेल हो गए। उनके ऊपर कप्तानी का दबाव दिखाई दे रहा है।
हार्दिक पांड्या ने 12वें ओवर में तबरेज शम्सी को जमकर धोया। उन्होंने दो गेंदों पर दो छक्के लगाते हुए टीम के स्कोर को 75 रन के पार पहुंचा दिया। हार्दिक 18 गेंद पर 23 और ऋषभ पंत 20 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम इंडिया ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 78 रन बना लिए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच साझेदारी अब 35 रनों से ज्यादा की हो गई है।
नौ ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। दोनों धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को अगर 170-180 रन के करीब पहुंचना है तो इनदोनों में से किसी एक बल्लेबाज को तेजी से रन बनाने होंगे।
भारत को सातवें ओवर में 40 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। अच्छे फॉर्म में चल रहे ईशान किशन 26 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एनरिक नॉर्त्जे ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। इससे पहले ऋतुराज पांच रन और श्रेयस चार रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद टीम इंडिया ने दो विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 21 गेंदों पर 26 रन और ऋषभ पंत एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऋतुराज गायकवाड़ और श्रेयस अय्यर कुछ खास नहीं कर सके। ऋतुराज पांच रन और श्रेयस चार रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवा दिए हैं। दूसरे ओवर में लुंगी एनगिडी ने ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा था। तीसरे ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन ने श्रेयस अय्यर को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ऋतुराज पांच रन और श्रेयस चार रन बना सके। तीन ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 24 रन है। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और ईशान किशन क्रीज पर हैं।
भारतीय पारी के दूसरे ओवर में ही टीम इंडिया को पहला झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ सात गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए। उन्हें लुंगी एनगिडी ने विकेटकीपर डिकॉक के हाथों कैच कराया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 13 रन है। फिलहाल ईशान किशन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन है। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानेसन ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।
भारत: ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रसी वान डर डुसन, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, ड्वेन प्रिटोरियस, केशव महाराज, मार्को यानसेन, लुंगी एनगिडी, तबरेज शम्सी, एनरिक नॉर्त्जे।
दक्षिण अफ्रीका ने चौथे टी-20 में भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान ऋषभ पंत लगातार चौथे मैच में टॉस हारे हैं। इससे पहले वह पिछले तीन मैचों में टॉस हार चुके हैं। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए हैं। रीजा हेंड्रिक्स, कगिसो रबाडा और वेन पार्नेल यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह क्विंटन डिकॉक, मार्को यानसेन और लुंगी एनगिडी को जगह मिली है। वहीं, भारतीय कप्तान पंत ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी उमरान मलिक को बेंच पर ही बैठना होगा।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका पिछली हार को भुलाकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी। सीरीज में 2-1 से आगे चल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम चाहेगी कि सीरीज का फैसला इसी मैच में हो जाए। स्टार बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक के कलाई की चोट से पूरी तरह उबरने की दुआ दक्षिण अफ्रीकी खेमा कर रहा होगा।
तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी और केशव महाराज काफी महंगे साबित हुए। तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिल सका और क्षेत्ररक्षण भी लचर रहा।
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर को टी-20 में जसप्रीत बुमराह (67) को पछाड़ने के लिए चार विकेटों की और जरूरत है। अभी उनके खाते में 63 विकेट हैं। भुवनेश्वर कुमार लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। आवेश खान किफायती तो रहे, लेकिन विकेट नहीं ले सके। हर्षल पटेल ने अपनी विविधता के दम पर चार विकेट चटकाए।
पिछले मैच में ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने भारत को शानदार शुरुआत दी थी। ईशान ने परिपक्व बल्लेबाजी करके रिजर्व सलामी बल्लेबाज के रूप में अपना दावा पुख्ता कर दिया है और इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए चयनकर्ताओं का ध्यान इस पर जरूर गया होगा। गायकवाड़ और ईशान बाकी दोनों मैचों में भी इस लय को कायम रखना चाहेंगे। इसके बाद दोनों नियमित सलामी बल्लेबाजों की वापसी से पहले आयरलैंड के खिलाफ भी दो मैच खेलेंगे।
खराब फॉर्म से जूझ रहे कप्तान ऋषभ पंत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ‘करो या मरो’ वाले चौथे टी-20 मैच में अच्छी पारी खेलनी होगी ताकि बीच के ओवरों में दबाव से बचा जा सके। पंत के खराब फॉर्म के अलावा विशाखापट्टनम में दूसरे मैच में भारत ने अपनी गलतियों से पार पाकर बड़ी जीत दर्ज की थी।
पंत के साथ एक खास बात यही रही है कि जब किसी भी प्रारूप में उनकी आलोचना होती है, वह जबर्दस्त पारी खेलकर सभी का मुंह बंद कर देते हैं और चौथे मैच में उनके लिए यही मौका है। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने अब तक उनके बल्ले पर अंकुश लगाकर रखा है और उन्हें मनचाहे शॉट खेलने नहीं दिए हैं। पंत इस सीरीज में ज्यादातर डीप में कैच देकर आउट हुए हैं। उन्हें इस कमी से पार पाना होगा।
टी-20 मुकाबलों में भारत का राजकोट के मैदान पर पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने अब तक यहां तीन टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसने दो में जीत हासिल की है। तीनों ही बार भारत ने यहां दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी की है।
रिकॉर्ड की बात करें तो भारत ने अपनी धरती पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सात मैच खेले हैं। इसमें दक्षिण अफ्रीका ने पांच और भारत ने दो मैच जीते हैं। वहीं, दोनों देशों के बीच कुल 18 मुकाबले खेले गए हैं। भारत का पलड़ा 10 जीत के साथ भारी है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने आठ मैच जीते हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से पीछे चल रही है। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया सीरीज को बराबर करना चाहेगी। थोड़ी देर में टॉस होगा।