भारत ने टी-20 सीरीज में शानदार वापसी की है। तीसरे टी-20 में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 48 रन से हरा दिया है। विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पांच मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पारी 19.1 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से हर्षल पटेल ने चार विकेट झटके, जबकि युजवेंद्र चहल को तीन विकेट मिले। फिलहाल दक्षिण अफ्रीकी टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। सीरीज का चौथा मैच 17 जून को राजकोट में खेला जाएगा।
19वें ओवर में दक्षिण अफ्रीका को दो झटके लगे। भुवनेश्वर कुमार ने केशव महाराज को कार्तिक के हाथों कैच कराया। महाराज 11 रन बना सके। इसके बाद इस ओवर की पांचवीं गेंद पर एनरिक नॉर्त्जे (0) रन आउट हो गए।
17वें ओवर में 113 रन के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका लगा। हर्षल पटेल ने कगिसो रबाडा को चहल के हाथों कैच कराया। रबाडा नौ रन बना सके। फिलहाल केशव महाराज और वेन पार्नेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर सात विकेट पर 115 रन है।
15वें ओवर में 100 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने पिछले मैच के हीरो रहे हेनरिक क्लासेन को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। क्लासेन 24 गेंदों पर 29 रन बना सके। चहल ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके हैं। उन्होंने क्लासेन से पहले प्रिटोरियस और डुसेन को पवेलियन भेजा। फिलहाल वेन पार्नेल और कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।
13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं फिलहाल हेनरिक क्लासेन 19 गेंदों पर 22 रन और वेन पार्नेल पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। क्लासेन पिछले मैच के हीरो रहे थे। भारत की ओर से हर्षल और चहल ने दो-दो विकेट झटके हैं। दक्षिण अफ्रीका को अब 42 गेंदों पर 94 रन की जरूरत है।
11 ओवर खत्म होने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल ने डेविड मिलर को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। मिलर पांच गेंदों पर तीन रन बना सके। हर्षल का यह इस मैच में दूसरा विकेट था। इसके अलावा चहल ने भी दो विकेट झटके हैं।
नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 57 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर क्रीज पर हैं। युजवेंद्र चहल ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को दोहरा झटका दिया। उन्होंने रसी वान डर डुसेन के बाद ड्वेन प्रिटोरियस को पवेलियन भेजा। प्रिटोरियस 16 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है।
सात ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर युजवेंद्र चहल ने रसी वान डर डुसेन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। डुसेन एक रन बना सके। फिलहाल पिछले मैच के हीरो हेनरिक क्लासेन और ड्वेन प्रिटोरियस क्रीज पर हैं। बावुमा और हेंड्रिक्स भी पवेलियन लौट चुके हैं।
छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट गंवाकर 38 रन बना लिए हैं। फिलहाल ड्वेन प्रिटोरियस और रसी वान डर डुसेन क्रीज पर हैं। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल ने रीजा हेंड्रिक्स को युजवेंद्र चहल के हाथों कैच कराया। हेंड्रिक्स 20 गेंदों पर 23 रन बना सके। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल है।
चार ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 23 रन बना लिए हैं। अक्षर पटेल ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा को आवेश खान के हाथों कैच कराया। बावुमा 10 गेंदों पर आठ रन बना सके। फिलहाल रीजा हेंड्रिक्स और ड्वेन प्रिटोरियस क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के ओपनर्स तेम्बा बावुमा और रीजा हेंड्रिक्स क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी की और गेंद को इनस्विंग कराया। पहले ओवर में अफ्रीकी टीम दो रन बना सकी थी। दूसरे ओवर में आवेश की गेंदों पर दो चौके लगे। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना किसी विकेट के 10 रन हैं। फिलहाल रीजा हेंड्रिक्स नौ रन और कप्तान बावुमा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
19 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 167 रन बना लिए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल एक गेंद पर चार रन और हार्दिक पांड्या 16 गेंदों पर 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिनेश कार्तिक आठ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कगिसो रबाडा ने वेन पार्नेल के हाथों कैच कराया।
18 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 156 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक छह गेंदों पर पांच रन और हार्दिक पांड्या 13 गेंदों में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऋषभ पंत फेल रहे और सिर्फ छह रन बनाकर पवेलियन लौटे।
16 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक एक रन और उपकप्तान हार्दिक पांड्या छह रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के फील्डर्स ने दोनों को जीवनदान दिया। 15वें ओवर में तबरेज शम्सी की गेंद पर डेविड मिलर ने हार्दिक पांड्या का कैच छोड़ा। तब पांड्या एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद 16वें ओवर की पहली गेंद पर प्रिटोरियस की गेंद पर डुसेन ने पंत का कैच छोड़ा। तब पंत चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे।
हालांकि, पंत इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और इस ओवर की आखिरी गेंद पर खराब शॉट खेलकर विकेट गंवा बैठे। 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत को प्रिटोरियस ने तेम्बा बावुमा के हाथों कैच कराया। वे आठ गेंदों पर छह रन बना सके। पंत का फॉर्म इस सीरीज में खराब रहा है। पहले टी-20 में पंत 16 गेंदों में 29 रन, दूसरे टी-20 में सात गेंदों में पांच रन बना सके थे।
भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 133 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। ईशान किशन ने 35 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। अपनी पारी में ईशान ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। ईशान को ड्वेन प्रिटोरियस ने रीजा हेंड्रिक्स के हाथों कैच कराया। भारत ने छह गेंदों के अंदर दो विकेट गंवा दिए हैं। ईशान 14वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। वहीं, श्रेयस अय्यर 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए थे।
13 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 32 गेंदों पर 53 रन और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। श्रेयस अय्यर 11 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के लगाए। ईशान ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक लगाया।
12 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ के बाद ईशान किशन ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 31 गेंदों पर फिफ्टी लगाई। यह ईशान के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा। वहीं, इस सीरीज का यह उनका दूसरा अर्धशतक रहा। फिलहाल ईशान 31 गेंदों 52 रन और श्रेयस अय्यर छह गेंदों पर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 97 रन बना लिए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ शानदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्होंने 35 गेंदों पर 57 रन की पारी खेली। अपनी पारी में ऋतुराज ने सात चौके और दो छक्के लगाए। ऋतुराज को केशव महाराज ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। फिलहाल ईशान किशन 25 गेंदों पर 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। उनका साथ निभाने श्रेयस अय्यर मैदान पर पहुंचे हैं।
नौ ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 30 गेंदों पर 50 रन और ईशान किशन 24 गेंदों पर 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऋतुराज का यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय का पहला अर्धशतक रहा। दोनों गेंदबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं।
सात ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 67 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 17 गेंदों पर 21 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 25 गेंदों पर 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शम्सी की गेंद पर ईशान ने स्विच हिट से शानदार चौका जड़ा।
पांच ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ 19 गेंदों पर 37 रन और ईशान किशन 11 गेंदों पर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऋतुराज ने एनरिक नॉर्त्जे के पांचवें ओवर में लगातार पांच चौके जड़े। हालांकि, वह आखिरी गेंद मिस कर गए और एक ओवर में लगातार छह चौके लगाने का रिकॉर्ड नहीं बना सके।
ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 22 रन हैं। ईशान आठ रन और ऋतुराज 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय ओपनर्स ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन क्रीज पर हैं। पहले ओवर में कगिसो रबाडा ने गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए चार रन बना लिए हैं।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, ड्वेन प्रिटोरियस, रसी वान डुसन, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, वेन पार्नेल, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, एनरिक नॉर्त्जे।
भारत: ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान ऋषभ पंत लगातार तीसरे मैच में टॉस हारे हैं। पहले दो टी-20 में भी पंत टॉस हार गए थे। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा और भारतीय कप्तान पंत ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
विशाखापट्टनम की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार होती है। टी-20 मैच बल्लेबाजों का खेल माना जाता है, लेकिन वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में गेंदबाजों का बोलबाला रह सकता है। आज की पिच धीमी रहेगी। बल्लेबाजों को बहुत संभलकर खेलने की जरुरत है। स्पिन गेंदबाजों के लिए पिच अच्छी है। मंगलवार को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश होने के आसार ना के बराबर हैं। मौसम अच्छा बना रहेगा, हवा चली तो गेंदबाजों के लिए मदद मिलेगी।
दूसरी तरफ दक्षिण अफ्रीका हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उसके गेंदबाज विकेट निकाल रहे हैं और बल्लेबाज अच्छी साझेदारियां निभा रहे हैं। पहले मैच में मिलर और वान डर डुसेन ने कमाल दिखाया तो दूसरे मैच में क्लासेन ने 81 रन की विस्फोटक पारी खेली। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे और वेन पार्नेल अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
भुवनेश्वर कुमार को छोड़कर भारतीय गेंदबाज विकेट लेने में असफल रहे हैं। भारतीय गेंदबाज एक या दो ओवरों में रन लुटाकर पहले की गई मेहनत पर पानी फेर दे रहे हैं। अब जबकि सीरीज दांव पर लगी है तब उन्हें हर हाल में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारतीय टीम मैनेजमेंट ऐसे में अब तक एक भी विकेट नहीं लेने वाले आवेश खान की जगह तेज गेंदबाज उमरान मलिक या अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका दे सकता है।
डेविड मिलर, रसी वान डर डुसेन और हेनरिक क्लासेन जैसे बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ आसानी से रन बनाए हैं। तीसरे मैच में इनमें से किसी एक को बाहर किया जा सकता है। टीम मैनेजमेंट युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई या ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को प्लेइंग-11 में जगह दे सकता है। वेंकटेश आईपीएल में पारी का आगाज भी करते रहे हैं।
केएल राहुल के चोटिल होने के कारण कप्तानी का जिम्मा संभालने वाले पंत अब तक दो मैचों में 29 और पांच रन बना पाए हैं। उन्होंने 45 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 23.9 की औसत और 126.6 के स्ट्राइक रेट से केवल तीन अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में अब तक अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है।
कप्तान के रूप में पंत के फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं। दूसरे मैच में अक्षर पटेल को दिनेश कार्तिक से पहले भेजने का निर्णय गलत साबित हुआ था। उनसे एक कप्तान और एक खिलाड़ी के रूप में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और अक्षर की स्पिन जोड़ी ने अब तक निराश किया है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभी तक पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे हैं। ईशान किशन ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन ऋतुराज दो मैचों में केवल 23 और एक रन बना पाए हैं। तेज गेंदबाजों के सामने उनकी तकनीक पर सवाल भी उठने लगे हैं।
श्रेयस अय्यर ने अच्छी शुरुआत की है, लेकिन वह अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए हैं जिससे आगे के बल्लेबाजों पर दबाव बन रहा है। हार्दिक पंड्या ने पहले मैच में कुछ आक्रामक शॉट लगाए थे, लेकिन कटक के विकेट पर वह भी नहीं चल पाए थे। वह दोनों मैचों में गेंदबाजी में भी नाकाम रहे हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल 17 टी-20 मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने नौ मैच और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आठ मैच जीते हैं। भारतीय मैदान पर दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड और भी बेहतरीन है। यहां दोनों टीमों के बीच छह मुकाबले हुए हैं और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच मैच अपने नाम किए हैं। टीम इंडिया को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है।
भारत लगातार 12 मैच जीतकर इस सीरीज में उतरा था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम के सामने पहले दो मैचों में उसकी एक नहीं चली। पंत की अगुआई वाली टीम कई विभागों में संघर्ष कर रही है और उसे एक दिन के अंदर इन कमजोरियों को दूर करना था। यदि पहले मैच में भारत खराब गेंदबाजी के कारण हारा तो दूसरे मैच में बल्लेबाजों ने निराश किया।
सीरीज के पहले दोनों मैच गंवाने के बाद अब ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंची भारतीय टीम जब तीसरे टी-20 में मैदान पर उतरेगी तो खराब फॉर्म में चल रहे स्पिनरों, सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और रन बनाने के लिए जूझ रहे कप्तान ऋषभ पंत पर काफी दबाव होगा। भारतीय टीम के लिए पिछले दोनों मैचों में स्पिनरों ने निराश किया है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 से पीछे चल रही है और यह मैच हारते ही सीरीज गंवा देगी। ऐसे में भारत के लिए यह करो या मरो वाला मुकाबला है।