दक्षिण अफ्रीका ने कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 में भी भारत को चार विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने टी-20 में लगातार 12 मैच जीतने के बाद अब लगातार दो मुकाबले गंवा दिए हैं। टीम इंडिया की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। वहीं, गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाज फिसड्डी साबित हुए। भुवनेश्वर ने चार विकेट झटके।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 40 रन की पारी खेली। वहीं, दिनेश कार्तिक ने 21 गेंदों पर नाबाद 30 रन की पारी खेली। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 18.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हेनरिक क्लासेन ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 46 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 81 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल की।
17वें ओवर में 144 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लगा। हेनरिक क्लासेन एक बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 46 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली। क्लासेन ने पहले बावुमा और फिर मिलर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इसके बाद 18वें ओवर में भुवनेश्वर ने अपना चौथा विकेट झटका। उन्होंने वेन पार्नेक को क्लीन बोल्ड किया।
15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 115 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्लासेन 38 गेंदों पर 63 रन और मिलर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अफ्रीका को 30 गेंदों पर 34 रन की जरूरत है।
14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन 34 गेंदों पर 57 रन और डेविड मिलर सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। क्लासेन ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। वहीं, भारत के खिलाफ उनका टी-20 में दूसरा अर्धशतक रहा। दक्षिण अफ्रीका को अब 36 गेंदों पर 41 रन की जरूरत है।
13वें ओवर में 93 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका की टीम को चौथा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने कप्तान तेम्बा बावुमा को क्लीन बोल्ड किया। बावुमा 30 गेंदों पर 35 रन बना सके। उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों पर 64 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल क्लासेन 49 रन और मिलर पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर 98 रन है।
11 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरिक क्लासेन 24 गेंदों पर 31 रन और तेम्बा बावुमा 27 गेंदों पर 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। हार्दिक पांड्या के 11वें ओवर में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने तीन चौके लगाए।
नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान तेम्बा बावुमा 23 रन औौर हेनरिक क्लासेन 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के तीनों विकेट भुवनेश्वर कुमार ने झटके हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच ओडिशा के कटक में खेले जा रहा दूसरे टी-20 में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहर बरपाया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती तीनों विकेट झटके हैं। भुवनेश्वर ने ये तीनों विकेट अपने लगातार तीन ओवर में झटके। अपने पहले ओवर में भुवनेश्वर ने रीजा हेंड्रिक्स को क्लीन बोल्ड किया था। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में ड्वेन प्रिटोरियस को आवेश खान के हाथों कैच कराया। फिर अपने तीसरे ओवर में पिछले मैच के हीरो रहे रसी वान डर डुसेन को क्लीन बोल्ड किया। डुसेन सात गेंदों पर एक रन बना सके। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 29 रन है।
पांच ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल रसी वान डर डुसेन एक रन और तेम्बा बावुमा 17 गेंदों पर 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने दोनों विकेट झटके हैं। पहले भुवी ने रीजा हेंड्रिक्स और फिर प्रिटोरियस को पवेलियन भेजा।
तीसरे ओवर में 13 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। तेज गेंदबाज ने अपने लगातार दूसरे ओवर में दूसरा विकेट झटका। उन्होंने पहले ओवर में रीजा हेंड्रिक्स को क्लीन बोल्ड किया था। पारी के तीसरे ओवर में भुवनेश्वर ने ड्वेन प्रिटोरियस को आवेश खान के हाथों कैच कराया। तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 13 रन है। फिलहाल कप्तान तेम्बा बावुमा और वान डर डुसेन क्रीज पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने सीरीज में पहला मैच खेल रहे रीजा हेंड्रिक्स को इनस्विंग गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। हेंड्रिक्स तीन गेंदों पर चार रन बना सके। एक ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर पांच रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान तेम्बा बावुमा और ड्वेन प्रिटोरियस क्रीज पर हैं।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 149 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। वहीं, दिनेश कार्तिक ने आखिर में 21 गेंदों पर नाबाद 30 रनों की आक्रामक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, हर्षल पटेल नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। ऋतुराज गायकवाड़ एक बार फिर फेल रहे और एक रन बनाकर आउट हुए। पिछले मैच में ऋतुराज 23 रन बना सके थे। इसके बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान ईशान ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए।
ईशान के रूप में टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। वे 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या मैच में फेल रहे। पंत सात गेंदों में पांच रन और हार्दिक 12 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुए। पंत को केशव महाराज ने और हार्दिक को पार्नेल ने पवेलियन भेजा।
श्रेयस अय्यर ने अच्छी पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक से चूक गए। श्रेयस 35 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल ने सातवें विकेट के लिए 18 गेंदों पर 36 रन की नाबाद साझेदारी की। कार्तिक 21 गेंदों पर 30 रन और हर्षल नौ गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एनरिक नॉर्त्जे को दो विकेट मिले। वहीं, कगिसो रबाडा, वेन पार्नेल, ड्वेन प्रिटोरियस और केशव महाराज को एक-एक विकेट मिला। रबाडा ने चार ओवर में सिर्फ 15 रन और पार्नेल ने सिर्फ 23 रन दिए।
17 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल क्रीज पर हैं। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्त्जे ने अक्षर पटेल को क्लीन बोल्ड किया। अक्षर 11 गेंदों पर 10 रन बना सके।
16 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल दिनेश कार्तिक पांच रन और अक्षर पटेल नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या फेल रहे। पंत पांच रन और पांड्या नौ रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवाए। 14वें ओवर में 98 के स्कोर पर टीम इंडिया को पांचवां झटका लगा। ड्वेन प्रिटोरियस ने अच्छी बल्लेबाजी कर रहे श्रेयस अय्यर को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच कराया। श्रेयस 35 गेंदों पर 40 रन बना सके। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 99 रन है। फिलहाल दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। इससे पहले 13वें ओवर में टीम इंडिया ने हार्दिक पांड्या का विकेट गंवाया था।
90 के स्कोर पर टीम इंडिया को चौथा झटका लगा। तेज गेंदबाज वेन पार्नेल ने उपकप्तान हार्दिक पांड्या को क्लीन बोल्ड किया। हार्दिक 12 गेंदों पर नौ रन बना सके। वहीं, कप्तान ऋषभ पंत भी फेल रहे। वह पांच रन बना सके। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 92 रन है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 39 रन और अक्षर पटेल एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
12 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 30 गेंदों पर 36 रन और हार्दिक पांड्या 10 गेंदों पर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कप्तान ऋषभ पंत खराब शॉट खेलकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने पवेलियन भेजा।
10वें ओवर में 68 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। ऋषभ पंत खराब शॉट खेलकर कैच आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने मैच की अपनी ही गेंद पर पवेलियन भेजा। पंत सात गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। पंत का कैच रसी वान डर डुसेन ने लपका। 10 ओवर के बाद फिलहाल भारत का स्कोर तीन विकेट पर 71 रन है। हार्दिक पांड्या दो रन और श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
नौ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 23 गेंदों पर 26 रन और कप्तान ऋषभ पंत छह गेंदों पर पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रेयस ने तबरेज शम्सी के नौवें ओवर में आखिरी दो गेंदों पर दो बाउंड्री लगाईं। पांचवीं गेंद पर श्रेयस ने चौका और आखिरी गेंद पर छक्का लगाया।
सातवें ओवर में 48 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। ईशान किशन 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एनरिक नॉर्त्जे ने वान डर डुसेन के हाथों कैच कराया। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 50 रन है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 13 रन और ऋषभ पंत एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
IND vs SA: मैच देखने पहुंचे ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक, घंटी बजाकर किया मैच का शुभारंभ, सौरभ गांगुली से की मुलाकात
ईशान किशन ने चौथे ओवर में एनरिक नॉर्त्जे की गेंद पर दो छक्के लगाए। उन्होंने चौथे ओवर की दूसरी और चौथी गेंद पर छक्के लगाए। चार ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 25 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 14 रन और श्रेयस नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 12 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन दो रन और श्रेयस अय्यर आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कगिसो रबाडा ने ऋतुराज गायकवाड़ को पवेलियन भेजा। गायकवाड़ एक रन बना सके।
भारतीय टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा। ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कगिसो रबाडा ने केशव महाराज के हाथों कैच कराया। ऋतुराज लगातार दूसरे मैच में फेल रहे। पहले टी-20 में वह 23 रन बना सके थे। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर तीन रन है। फिलहाल ईशान किशन और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी मैच देखने पहुंचे हैं। उन्होंने कटक के बाराबती स्टेडियम में बेल बजाकर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली भी मौजूद रहे। दूसरे टी-20 मैच का पहला टिकट ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ही खरीदा था। ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज लोचन और सचिव संजय बहेरा ने नवीन पटनायक के घर पहुंचकर उन्हें मैच का पहला टिकट दिया था।
भारत: ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, रसी वान डर डुसन, डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ड्वेन प्रिटोरियस, वेन पार्नेल, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कप्तान तेम्बा में दो बदलाव किए हैं। क्विंटन डिकॉक चोटिल होने की वजह से ये मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह रीजा हेंड्रिक्स को मौका मिला है। वह तेम्बा बावुमा के साथ ओपनिंग करेंगे। वहीं, ट्रिस्टन स्टब्स को भी बाहर किया है। उनकी जगह विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन को मौका मिला है। वहीं, टीम इंडिया के कप्तान ऋषभ पंत ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
कटक की पिच हमेशा से ही गेंदबाजों की मददगार रही है। तीनों फॉर्मेट में यहां स्पिन गेंदबाजों का जलवा रहा है। दूसरे टी20 मैच में भी स्पिन गेंदबाज निर्णायक साबित हो सकते हैं। इस पिच पर 150-170 के बीच का स्कोर चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस पिच पर हमेशा से स्पिन गेंदबाजों को मदद मिली है और इस मैच में भी ऐसा होने के आसार हैं। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी।
भारत ने कटक में दो टी-20 मैच खेले हैं। भारत का यहां 1-1 का रिकॉर्ड है। भारत को 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट से हराया था। इसके बाद टीम इंडिया ने 2017 में श्रीलंका को 93 रनों से हरा दिया था।
एक और हार का मतलब होगा कि पंत की अगुवाई वाली टीम को सीरीज जीतने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे जो काफी मुश्किल हो जाएगा। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज मिलर अपनी करियर की शानदार फॉर्म में हैं जिन्होंने आईपीएल में 484 रन जुटाकर गुजरात टाइटंस की जीत में अहम भूमिका अदा की थी। उन्होंने इसी तर्ज पर सीरीज की शुरुआत की और कोटला पर वह स्पिन और तेज गेंदबाजों के खिलाफ खतरनाक दिखाई दिए।
पंत के लिए सबसे बड़ी सिरदर्दी गेंदबाजी विभाग होगी जिसमें उन्हें अर्शदीप और तेज गेंदबाज उमरान मलिक के बीच में से किसी एक को चुनने का फैसला करना होगा। जहां तक बल्लेबाजी का सवाल है तो यह बिल्कुल ‘परफेक्ट’ दिखती है, लेकिन नए लुक वाला तेज गेंदबाजी विभाग सीरीज के पहले मैच में सपाट दिखा। सीनियर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार में पुरानी तेजी नहीं दिखी और उन्होंने अंतिम ओवरों में रन लुटाए।
वहीं, हर्षल पटेल पर भी दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने रन बनाए। युवा आवेश खान भी प्रभावित करने में असफल रहे। हालांकि वह इस तिकड़ी में सबसे ‘इकोनोमिकल’ रहे। अर्शदीप और मलिक की जोड़ी नेट पर अपनी तेजी और सटीकता से प्रभावित करने का अथक प्रयास कर रही है जिससे ऐसी संभावना दिख रही है कि इनमें से एक को रविवार को डेब्यू का मौका दिया जा सकता है।
पूरी तरह फिट होकर टीम इंडिया में लौटे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर पांड्या ने अपनी कप्तानी के साथ अपनी फॉर्म से भी प्रभावित किया। इसे देखते हुए भारत के अगले व्हाइट बॉल कैप्टन के लिए पांड्या का नाम ऊपर बढ़ता जा रहा है, जबकि पंत की दावेदारी कमजोर होती जा रही है।
कटक के बाराबाती स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सिर्फ एक मैच खेला गया है। यह मैच अक्तूबर 2015 में खेला गया था। तब दक्षिण अफ्रीका ने भारत को छह विकेट से हराया था। टीम इंडिया के पास इसका बदला लेना का मौका होगा। मेहमान टीम के दो सदस्य डेविड मिलर और तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा उस टीम के सदस्य थे। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार और अक्षर पटेल शामिल थे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल 16 टी-20 मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने नौ मैच और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने सात मैच जीते हैं। भारतीय मैदान पर दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड और भी बेहतरीन है। यहां दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले हुए हैं और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने चार मैच अपने नाम किए हैं। टीम इंडिया को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है।
युवा कप्तान ऋषभ पंत दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाफ वापसी की कोशिश करेंगे। साथ ही वे भारतीय गेंदबाजों से भी सुधरे हुए प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 1-0 से पीछे चल रही है। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से हराया था।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कटक में खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज का पहला मैच हार चुकी है। इस मैच को जीतकर भारतीय टीम सीरीज में वापसी करना चाहेगी। साथ ही टीम के पास दक्षिण अफ्रीका से बदला लेने का मौका भी है।