बारिश नहीं रुकने की वजह से अंपायरों ने मैच को खत्म करने का फैसला लिया है। डकवर्थ लुईस नियम के तहत मैच टाई पर खत्म हुआ। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 161 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में बारिश की वजह से मैच रुकने तक भारत ने नौ ओवर में चार विकेट पर 75 रन बना लिए थे।
डीएलएस के तहत पार स्कोर नौ ओवर में 75 रन का था, जो भारत ने बना लिए थे। ऐसे में अंपायरों ने मैच को टाई घोषित किया। बारिश की वजह से दोबारा मैच नहीं होने और डीएलएस पर टाई होने पर सुपरओवर का इस्तेमाल नहीं होता है। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-0 से अपने नाम की।
पहला मैच बारिश से पूरी तरह धुल गया था। तब टॉस भी नहीं हो सका था। वहीं, दूसरे मैच को टीम इंडिया ने 65 रन से अपने नाम किया था। तीसरा टी20 टाई रहा। टीम इंडिया की यह न्यूजीलैंड पर उसके घर में लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले 2020 में भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में कीवी टीम को उसके घर में टी20 सीरीज मे 5-0 से हराया था।
बारिश की वजह से खेल रुक चुका है। नौ ओवर में भारत ने चार विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। भारत को फिलहाल इस स्थिति में 66 गेंदों में 86 रन की जरूरत है। फिलहाल दीपक हुड्डा नौ रन और हार्दिक पांड्या 30 रन बनाकर क्रीज पर है। डकवर्थ लुईस नियम के तहत नौ ओवर के बाद पार स्कोर 75 रन ही है, जो कि भारत ने बना लिए हैं। अगर बारिश नहीं रुकी तो मैच टाई घोषित हो जाएगा। फिलहाल नेपियर में भारी बारिश हो रही है। भारत अगर 76 बनाता तो मैच जीत लेता। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 160 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह मैच अगर टाई हुआ तो भारतीय टीम सीरीज अपने नाम करेगी। भारतीय टीम सीरीज में फिलहार 1-0 से आगे है।
सातवें ओवर में 60 रन के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। ईश सोढ़ी ने सूर्यकुमार यादव को ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। वह 10 गेंदों में 13 रन बना सके। सूर्या अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगा सके। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 64 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं।
छह ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 11 गेंदों में 23 रन और सूर्यकुमार यादव आठ गेंदों में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 35+ रन की साझेदारी हो चुकी है। ईशान किशन 10 रन और ऋषभ पंत 11 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, श्रेयस अय्यर खाता भी नहीं खोल सके।
भारतीय टीम की शुरुआत खराब हुई है। दूसरे ओवर में ईशान किशन को एडम मिल्ने ने आउट किया था। इसके बाद तीसरे ओवर में टिम साउदी ने लगातार दो गेंदों पर ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेजा। पंत का टी20 में खराब फॉर्म जारी है। वह पांच गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। खराब शॉट खेलकर पंत ने विकेट गंवाया। पंत पिछली आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय पारी में 104 रन बनाए पाए हैं। इसकी अगली गेंद पर साउदी ने शॉर्ट बॉल फेंकी और श्रेयस ने स्लिप में नीशम को कैच थमा दिया। श्रेयस गोल्डन डक का शिकार हुए। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन है। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या चार गेंदों में 11 रन और सूर्यकुमार यादव तीन गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत के लिए ईशान किशन और ऋषभ पंत ओपनिंग के लिए उतरे। दूसरे ओवर में 13 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। ईशान 11 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एडम मिल्ने ने मार्क चैपमैन के हाथों कैच कराया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 13 रन है। फिलहाल ऋषभ पंत और दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
न्यूजीलैंड की टीम मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के आगे ढह गई है। भारत ने कीवी टीम की पारी को 19.4 ओवर में 160 रन पर समेट दिया। एक वक्त कीवी टीम ने 17वें ओवर में तीन विकेट गंवाकर 146 रन बनाए थे। इसके बाद सिराज और अर्शदीप ने कहर बरपाया। आखिरी 14 रन बनाने यानी 146 से 160 रन तक पहुंचने में न्यूजीलैंड ने सात विकेट गंवा दिए। भारत को अब सीरीज जीतने के लिए 20 ओवर में 161 रन बनाने होंगे। अर्शदीप और सिराज दोनों ने चार-चार विकेट लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत खराब रही थी। अर्शदीप सिंह ने पारी के दूसरे ओवर में न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने फिन एलेन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। एलेन तीन रन बना सके। इसके बाद मार्क चैपमैन को सिराज ने अर्शदीप के हाथों कैच कराया। चैपमैन 12 रन बना सके। डेवोन कॉन्वे और ग्लेन फिलिप्स ने इसके बाद न्यूजीलैंड की पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 86 रन की साझेदारी निभाई। कीवी टीम ने 16वें ओवर में दो विकेट गंवाकर 130 रन बना लिए थे। कॉन्वे और फिलिप्स दोनों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक लगाया।
कीवी टीम 200 रन की ओर बढ़ रही थी। तभी सिराज ने 16वें ओवर में फिलिप्स को आउट कर पहले तो साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कीवी टीम उबर नहीं सकी। फिलिप्स 33 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। इसके बाद अगले 30 रन बनाने में कीवी टीम ने आठ विकेट गंवा दिए। 17वें ओवर में अर्शदीप ने कॉन्वे को पवेलियन भेजा। वह 49 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 59 रन बना सके। 18वें ओवर में सिराज ने न्यूजीलैंड को दो झटके दिए। उन्होंने पहले जेम्स नीशम (0) को पंत के हाथों कैच कराया। फिर मिचेल सैंटनर (1) को चहल के हाथों कैच कराया।
19वें ओवर में अर्शदीप ने दो विकेट झटके। उन्होंने इस ओवर की पहली गेंद पर डेरिल मिचेल को पंत के हाथों कैच कराया। मिचेल 10 रन बना सके। इसके बाद दूसरी गेंद पर ईश सोढ़ी को बोल्ड किया। सोढ़ी खाता नहीं खोल सके। ओवर की तीसरी गेंद पर एडम मिल्ने रन आउट हो गए। सिराज के डायरेक्ट हिट ने मिल्ने को पवेलियन भेजा। 20वें ओवर की चौथी गेंद पर हर्षल पटेल ने कप्तान टिम साउदी को बोल्ड कर न्यूजीलैंड की पारी को 160 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से सिराज और अर्शदीप ने चार-चार विकेट लिए। वहीं, हर्षल को एक विकेट मिला। सिराज ने चार ओवर में 17 रन देकर चार विकेट झटके। यह टी20 में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।
न्यूजीलैंड ने लगातार तीन ओवरों में चार विकेट गंवा दिए हैं। उन्होंने पहले दो सेट बल्लेबाजों का विकेट गंवाया। 16वें ओवर में सिराज ने ग्लेन फिलिप्स को पवेलियन भेजा था। इसके बाद 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने डेवोन कॉन्वे को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। कॉन्वे 49 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में कॉन्वे ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, 18वें ओवर में सिराज ने नीशम को पंत के हाथों कैच कराया। नीशम लगातार दो मैचों में खाता भी नहीं खोल सके। इसी ओवर में सिराज ने मिचेल सैंटनर को चहल के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके।
न्यूजीलैंड को 16वें ओवर में तीसरा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने ग्लेन फिलिप्स को भुवनेश्वर के हाथों कैच कराया। फिलिप्स ने 33 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। उन्होंने कॉन्वे के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 86 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 46 गेंदों में 54 रन और डेरिल मिचेल चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।
15 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉन्वे के बाद ग्लेन फिलिप्स ने भी अर्धशतक जड़ा। फिलहाल कॉन्वे 42 गेंदों में 53 रन और फिलिप्स 32 गेंदों में 54 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 80+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए हैं।
डेवोन कॉन्वे और ग्लेन फिलिप्स ने मिलकर न्यूजीलैंड की पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 60+ रन की साझेदारी कर ली है। कॉन्वे ने 39 गेंदों पर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आठवां अर्धशतक लगाया। दोनों तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार के 14वें ओवर में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 15 रन बटोरे। 14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। ग्लेन फिलिप्स 29 गेंदों में 47 रन और कॉन्वे 39 गेंदों में 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स 20 गेंदों में 22 रन और डेवोन कॉन्वे 36 गेंदों में 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। कॉन्वे अपने आठवें अर्धशतक के करीब हैं।
10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स 13 गेंदों में 14 रन और डेवोन कॉन्वे 31 गेंदों में 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। युजवेंद्र चहल ने अपने दूसरे ओवर में 13 रन लुटाए। फिन एलेन और मार्क चैपमैन पवेलियन लौट चुके हैं। अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।
आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट गंवाकर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉन्वे 24 गेंदों में 30 रन और ग्लेन फिलिप्स आठ गेंदों में तीन रन बनाकर बैटिंग कर रहे हैं। भारतीय स्पिनर्स ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर लगाम लगाया। सातवें ओवर में दीपक हुड्डा ने तीन रन और आठवें ओवर में युजवेंद्र चहल ने छह रन दिए।
न्यूजीलैंड को पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी मैच के छठे ओवर में दूसरा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने मार्क चैपमैन को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। वह 12 गेंदों में 12 रन बना सके। छह ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 46 रन है। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। कॉन्वे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं।
चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्क चैपमैन छह गेंदों में पांच रन और डेवोन कॉन्वे 14 गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अर्शदीप सिंह ने अपने दूसरे और पारी के चौथे ओवर में 19 रन खर्च किए। कॉन्वे ने उनके ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया।
अर्शदीप सिंह ने मैच के दूसरे ही ओवर में न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलेन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। तब न्यूजीलैंड का कुल स्कोर नौ रन था। एलेन चार गेंदों में तीन रन बना सके। फिलहाल डेवोन कॉन्वे और मार्क चैपमैन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी20 की शुरुआत हो चुकी है। न्यूजीलैंड के लिए फिन एलेन और डेवोन कॉन्वे बल्लेबाजी के लिए आए हैं। वहीं, भारत के लिए पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी करने आए। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए चार रन है।
बारिश रुक गई और मैच शुरू होने वाला है। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। फिन एलेन और डेवोन कॉन्वे की ओपनिंग जोड़ी पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी। सुपरसोपर्स आउटफील्ड को सुखाने का काम कर रहे हैं।
टॉस के बाद फिर से बारिश शुरू हो चुकी है। इस वजह से मैच शुरू होने में देरी हो सकती है। पिच को ढक दिया गया है। वहीं, अंपायर्स छाता लेकर खड़े हैं। सुपरसोपर्स अपने काम में लगे हुए हैं। हालांकि, आउटफील्ड गीला है और उसे सुखाने की कोशिश की जा रही है।
भारत: ईशान किशन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।
न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी, टिम साउथी (कप्तान), लोकी फर्ग्यूसन।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। नियमित कप्तान केन विलियम्सन यह मैच नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह टिम साउदी न्यूजीलैंट टीम की कप्तानी कर रहे हैं। साउदी ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। विलियम्सन की जगह मार्क चैपमैन को टीम में शामिल किया गया। वहीं, भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की जगह हर्षल पटेल को मौका दिया गया है। संजू सैमसन, शुभमन गिल और उमरान मलिक को फिर से मौका नहीं मिला। सैमसन के न खेलने से पिछले मैच में फैन्स नाराज थे।
नेपियर में बारिश रुक चुकी है। मैदान सुखाने का काम जारी है और जल्द ही दोनों कप्तान टॉस के मैदान पर होंगे।
वेट आउटफील्ड या यूं कहें मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी हो रही है। हालांकि, फिर से हल्की-हल्की बारिश शुरू हो गई है। ऐसे में टॉस में और देरी हो सकती है। पिच पर अभी भी कवर्स हैं।
कमेंटेटर साइमन डूल ने बताया कि नेपियर में बारिश रुक चुकी है। हालांकि, पिच को अभी कवर्स में रखा गया है। हालांकि, दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने वॉर्म अप करना शुरू कर दिया है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि टॉस तय समय पर हो पाता है या नहीं।
नेपियर में मैच वाले दिन बारिश की संभावना 70 फीसदी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, मैच से पहले बारिश की संभावना जताई गई थी और वैसा ही हो भी रहा है और इसकी वजह से मैच शुरू होने में देरी हो रही है। वहीं, रात में भी बारिश की संभावना 70 फीसदी ही है। ऐसे में बारिश दूसरी पारी में खलल डाल सकती है। हालांकि, मैच नतीजा निकलाने के लिए दोनों पारी में कम से कम पांच ओवर का खेल होना जरूरी है। ऐसे में मैच का नतीजा निकलने की संभावना काफी ज्यादा है।
मैच से पहले एक बुरी खबर सामने आ रही है। नेपियर में भारी बारिश हो रही है। ऐसे में मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बारिश से तीसरा टी20 रद्द भी किया जा सकता है। सीरीज का पहला मैच भी बारिश से धुल गया था।
कप्तान हार्दिक पांड्या की मैच के बाद की गई टिप्पणी पर गौर करें तो उन्होंने कहा था कि प्रबंधन के तीसरे टी20 के लिए काफी बदलाव करने की संभावना नहीं है। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में शुभमन गिल भी पारी की शुरुआत करने के दावेदार हैं। हालांकि, यह माना जा रहा है कि उन्हें वनडे फॉर्मेट में मौका मिलेगा।
अब सवाल उठता है कि क्या टीम इंडिया तीसरे टी20 में बदलाव के साथ उतरेगी? तेज गेंदबाज उमरान मलिक और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में लाने की मांग हो रही है। अब देखना है कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। संजू सैमसन ओपनिंग में एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। वह आईपीएल में कई मैचों में इस क्रम पर खेल चुके हैं। वहीं, उमरान मलिक को आयरलैंड के दौरे पर खेलने का मौका था। उसके बाद से वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
भारत की बात करें तो टी20 विश्व कप में ओपनर्स के खराब प्रदर्शन करने के बाद टीम के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच के दौरान भी वही स्थिति देखने को मिली। अगर सूर्यकुमार यादव ने शतक नहीं लगाया होता तो टीम 160 रन को भी मुश्किल से छू पाती। ईशान किशन ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उनका स्ट्राइक रेट भी कुछ खास नहीं रहा। ऋषभ पंत 13 गेंद पर छह रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या ने मध्यक्रम में निराश किया।
न्यूजीलैंड की बात करें तो वह नेपियर में वापसी कर सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहेगी। वह इस मैदान पर भारत के खिलाफ पहली बार टी20 मैच खेलेगा। टीम इंडिया को क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में यहां खेलने का अनुभव नहीं है। इसका फायदा कीवी टीम उठा सकती है। न्यूजीलैंड को यहां चार टी20 मैच खेलने का अनुभव है। उसने 2017 में यहां बांग्लादेश को हराया था। उसके बाद 2019 में इंग्लैंड और 2020 में पाकिस्तान के खिलाफ उसे हार मिली थी। 2021 में कीवी टीम फिर से नेपियर में बांग्लादेश को हराया था।
सीरीज का पहला टी20 वेलिंग्टन में बारिश के कारण रद्द हो गया था। वहीं, भारत ने माउंट माउनगनुई में खेले गए दूसरे मैच में 65 रनों से जीत हासिल की थी। इस तरह उसने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे है और इस मैच को जीतकर टी20 सीरीज पर कब्जा जमाने उतरेगी। ऐसा हुआ तो न्यूजीलैंड की जमीन पर यह टीम इंडिया की लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीत होगी। इससे पहले 2020 में पिछले दौरे पर टीम इंडिया ने 5-0 से टी20 सीरीज अपने नाम की थी।