भारत ने सुपर-12 राउंड के अपने दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड को 56 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 53 रन की पारी खेली। वहीं, विराट कोहली 44 गेंदों में 62 रन और सूर्यकुमार यादव 25 गेंदों में 51 रन की नाबाद पारी खेली। जवाब में नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 123 रन ही बना सकी। नीदरलैंड की ओर से टिम प्रिंगल ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी को एक विकेट मिला।
इस जीत के साथ टीम इंडिया सुपर-12 राउंड के ग्रुप-2 में पहले स्थान पर पहुंच गई है। भारत के दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम तीन अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। बांग्लादेश की टीम दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। भारत का अगला मुकाबला अब 30 अक्तूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पर्थ में होगा।
16वें ओवर में नीदरलैंड को छठा झटका लगा। शमी ने टिम प्रिंगल को कोहली के हाथों कैच कराया। प्रिंगल 15 गेंदों में 20 रन बना सके। इसके बाद 17वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को हुड्डा के हाथों कैच कराया और नीदरलैंड को सातवां झटका दिया। एडवर्ड्स पांच रन बना सके। 17 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर सात विकेट पर 96 रन है।
13वें ओवर में नीदरलैंड को दो-दो झटके लगे। रविचंद्रन अश्विन ने इस ओवर में नीदरलैंड के बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाया। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर कॉलिन एकरमैन को अक्षर के हाथों कैच कराया। फिर ओवर की चौथी गेंद पर टॉम कूपर को सब्सटिट्यूट फील्डर दीपक हुड्डा के हाथों कैच कराया। एकरमैन 21 गेंदों में 17 रन और कूपर नौ रन बना सके। फिलहाल 13 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 64 रन है। स्कॉट एडवर्ड्स और टिम प्रिंगल क्रीज पर हैं।
10वें ओवर में 47 के स्कोर पर नीदरलैंड को तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने बास डीलीड को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वह 23 गेंदों में 16 रन बना सके। अक्षर को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने मैक्स ओडॉड को आउट किया था। 10 ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 51 रन है। फिलहाल टॉम कूपर और कॉलिन एकरमैन क्रीज पर हैं।
सात ओवर के बाद नीदरलैंड ने दो विकेट गंवाकर 36 रन बना लिए हैं। फिलहाल बास डी लीड 16 गेंदों में 12 रन और कॉलिन एकरमैन सात गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। नीदरलैंड को पहला झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया था, जबकि दूसरा झटका अक्षर पटेल ने दिया।
पांचवें ओवर में 20 के स्कोर पर नीदरलैंड को दूसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने मैक्स ओडॉड को क्लीन बोल्ड किया। डॉड 10 गेंदों में 16 रन बना सके। फिलहाल पांच ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर दो विकेट पर 22 रन है। बास डी लीड और कॉलिन एकरमैन क्रीज पर हैं। इससे पहले भुवनेश्वर कुमार ने विक्रमजीत सिंह को क्लीन बोल्ड किया था।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम को तीसरे ओवर में 11 के स्कोर पर पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने विक्रमजीत सिंह को क्लीन बोल्ड किया। विक्रम एक रन बना सके। फिलहाल बास डी लीड और मैक्स ओ डॉड क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद नीदरलैंड का स्कोर एक विकेट पर 11 रन है।
भारत ने नीदरलैंड के सामने 180 रन का लक्ष्य रखा है। जवाब में भुवनेश्वर ने पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी की और मेडन ओवर फेंका। उन्होंने इस ओवर में कोई रन नहीं दिए। नीदरलैंड के लिए मैक्स ओ डॉड और विक्रमजीत सिंह बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
भारत ने नीदरलैंड के सामने 180 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। विराट कोहली 44 गेंदों में 62 रन और सूर्यकुमार यादव 25 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, सूर्यकुमार ने सात चौके और एक छक्का लगाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 95 रन की साझेदारी हुई। आखिरी पांच ओवर में भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन बनाए। कोहली-सूर्या के अलावा रोहित शर्मा ने 39 गेंदों में 53 रन की पारी खेली। रोहित ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, केएल राहुल लगातार दूसरे मैच में फेल रहे। वह 12 गेंदों में नौ रन बना सके। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में राहुल चार रन ही बना सके थे।
कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 35वां और इस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरा अर्धशतक लगाया। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 82 रन की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, रोहित ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 29वां अर्धशतक लगाया था। 11 रन पर राहुल के आउट होने के बाद कोहली और रोहित ने 56 गेंदों पर 73 रन की साझेदारी निभाई। राहुल को वान मीकेरन और रोहित को फ्रेड क्लासेन ने आउट किया। इसके बाद तो कोहली और सूर्यकुमार ने तूफानी बल्लेबाजी की और भारत को 179 रन तक पहुंचाया। कोहली और सूर्यकुमार के बीच टी20 में यह चौथी 50+ रन की साझेदारी रही।
17 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 38 गेंदों में 51 रन और सूर्यकुमार यादव 13 गेंदों में 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 35वां और इस टूर्नामेंट लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में कोहली ने नाबाद 82 रन की पारी खेली थी। कोहली और सूर्यकुमार के बीच तीसरे विकेट के लिए 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
14 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 27 गेंदों में 29 रन और सूर्यकुमार यादव छह गेंदों में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित शर्मा 53 रन बनाकर आउट हुए।
12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली 21 गेंदों में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित शर्मा 39 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फ्रेड क्लासेन ने एकरमैन के हाथों कैच कराया। रोहित ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। रोहित और कोहली के बीच 56 गेंदों में 73 रन की साझेदारी हुई।
कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 29वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने विराट कोहली के साथ अब तक दूसरे विकेट के लिए 60+ रन की साझेदारी कर ली है। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 78 रन है। फिलहाल कोहली 15 रन और रोहित 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 16 गेंदों में 14 रन और रोहित शर्मा 32 गेंदों में 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 55+ रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित 29वें अर्धशतक के करीब हैं।
सात ओवर के बाद भारत ने एक विकेट पर 38 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 10 गेंदों में आठ रन और रोहित शर्मा 20 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। रोहित को पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर जीवनदान मिला था। प्रिंगल ने मिड ऑन पर उनका कैच छोड़ा था।
पांचवें ओवर में प्रिंगल ने मिड ऑन पर कप्तान रोहित शर्मा का आसान कैच ड्रॉप कर दिया। तब रोहित 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है। फिलहाल रोहित 15 रन और कोहली तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीसरे ओवर में 11 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। वान मीकेरन ने राहुल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 12 गेंदों में नौ रन बना सके। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 23 रन है। कोहली दो रन और रोहित 11 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। राहुल लगातार दूसरे मैच में फेल रहे। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में वह चार रन बना सके थे।
भारत ने एक ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल छह रन और रोहित शर्मा खाता भी नहीं खोल सके हैं। दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। राहुल ने मैच का पहला चौका लगाया। उन्होंने फ्रेड क्लासेन के ओवर की तीसरी गेंद पर चौका जड़ा।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।
नीदरलैंडः विक्रमजीत सिंह, मैक्स ओडॉड, बास डी लीड, कॉलिन एकरमैन, टॉम कूपर, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), टिम प्रिंगल, लोगान वैन बीक, शारिज अहमद, फ्रेड क्लासेन, पॉल वैन मीकेरेन।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान रोहित ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
टी20 वर्ल्ड कप का 22वां मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच खेला गया। सिडनी में ग्रुप-2 के इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने 104 रनों से बड़ी जीत हासिल की। उसने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 16.3 ओवर में 101 रनों पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका की जीत के हीरो रीले रॉसो, एनरिच नोर्त्जे और तबरेज शम्सी रहे। रॉसो ने शानदार शतक लगाया। वहीं, नोर्त्जे ने चार और शम्सी ने तीन विकेट झटके। इस जीत के साथ ग्रुप-2 में मुकाबला दिलचस्प हो चला है। दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप-2 में टॉप पर पहुंच चुकी है। उसके तीन अंक हैं। वहीं, टीम इंडिया दो अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। नीदरलैंड पर जीत से टीम इंडिया फिर से पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच वर्चुअल नॉकआउट देखने को मिल सकता है।
भारत और नीदरलैंड के प्रशंसक ऑस्ट्रेलिया के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के बाहर जमा हो चुके हैं। भारी संख्या में फैन्स स्टेडियम पहुंचे हैं।
भारतीय टीम अपने दूसरे मुकाबले के लिए तैयार है। नीदरलैंड के खिलाफ थोड़ी देर में टॉस होगा। इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच मैच खेला जा रहा है। उस मुकाबले में अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।
सिडनी में भारत और नीदरलैंड के बीच मैच खेला जाएगा। इसी मैदान पर अभी दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला हो रहा है। भारतीय फैंस इसी बीच मैच देखने के लिए स्टेडियम में पहुंचने लगे हैं। कई फैंस भारतीय टीम की जर्सी में नजर आ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच मैच के तुरंत बाद टीम इंडिया का मुकाबला होगा।
नीदरलैंड की टीम सुपर-12 में पहली जीत हासिल करने उतरेगी। उसे पिछले मुकाबले में बांग्लादेश ने हराया था। उसने पहले राउंड में यूएई और नामीबिया के खिलाफ जीत हासिल की थी। उसे श्रीलंका के खिलाफ हार मिली थी। तीन मैच में दो जीत हासिल कर उसने सुपर-12 के लिए क्वालीफाई किया था।
भारतीय टीम टी20 फॉर्मेट में पहली बार नीदरलैंड का सामना करेगी। इससे पहले वह दो वनडे उसके खिलाफ खेल चुकी है। 2003 और 2011 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने नीदरलैंड को हराया था। भारतीय टीम अगर उसके खिलाफ सिडनी में जीत लेती है तो उसकी सेमीफाइनल की राह आसान हो जाएगी। भारत के दो मैच में चार अंक हो जाएंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में आज अपना दूसरा मैच खेलेगी। सिडनी में गुरुवार को उसका सामना नीदरलैंड से होगा। दोनों टीमें पहली बार टी20 में आमने-सामने होंगी। भारत अगर यह मैच जीत लेता है तो उसके चार अंक हो जाएंगे। सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीद और ज्यादा बढ़ जाएगी। वहीं, नीदरलैंड लगातार दूसरी हार से बचना चाहेगा। पिछले मैच में उसे बांग्लादेश ने हराया था।