आयरलैंड ने गेंदबाजों के दम पर रोमांचक मुकाबले में भारत को एक रन से हराया। आयरलैंड ने इस तरह टी20 की विश्व चैंपियन भारत को दो मैचों सीरीज में 2-0 से हराया। आयरलैंड ने पहली बार भारत से सीरीज अपने नाम की है। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की यह पहली सीरीज थी और भारत का प्रदर्शन इसमें निराशाजनक रहा।
भारत के लिए दूसरे टी20 में तिलक वर्मा ने सबसे ज्यादा 55 रन बनाए, जबकि शिवम दुबे ने 20 रनों की पारी खेली। हर्षित राणा ने अंतिम ओवर में दमदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन वह आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। हर्षित 10 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। आयरलैंड की ओर से जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि मैथ्यू हम्फ्रे और हेरी टेक्टर को एक-एक विकेट मिला।
भारत को सूर्यांश शेडगे के रूप में आठवां झटका लगा है। सूर्यांश का यह डेब्यू मैच था और वह पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए।
अर्धशतक लगाने के अगली ही गेंद पर तिलक वर्मा पवेलियन लौट गए। आयरलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी लड़खड़ा गई है और टीम को सीरीज गंवाने का खतरा मंडरा रहा है। तिलक 46 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को शिवम दुबे के रूप में छठा झटका लगा है। शिवम दुबे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन मैथ्यू हम्फ्रे की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। शिवम 16 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए।
आयरलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 100 रन पूरे कर लिए हैं। पांच झटके लगने के बाद शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की है। तिलक वर्मा अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अर्धशतक लगाने के करीब हैं।
आयरलैंड के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब रही है और टीम ने 74 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। अक्षर पटेल 18 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए।
बारिश रुकने के बाद मैच एक बार फिर शुरू हो गया है। भारत की पारी जारी है और तिलक वर्मा के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला बारिश के कारण रुक गया है। आयरलैंड ने भारत को 155 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और टीम ने चार विकेट गंवा दिए हैं। खेल रुकने तक भारत ने आठ ओवर में चार विकेट पर 54 रन बनाए हैं। भारत को अब 72 गेंदों पर 101 रन बनाने हैं। क्रीज पर फिलहाल तिलक वर्मा और अक्षर पटेल मौजूद हैं।
भारत को चौथा झटका ईशान किशन के रूप में लगा। वह 12 रन बनाकर रनआउट हो गए। अब तिलक वर्मा का साथ देने अक्षर पटेल आए हैं।
आयरलैंड के तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए भारत को तीन झटके दिए हैं। मूंदड़ा ने कप्तान श्रेयस अय्यर को बोल्ड किया जो सात गेंदों पर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए।
जय मूंदड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले ही ओवर में भारत को दो झटका दिया है। मूंदड़ा ने पहले संजू सैमसन को एलबीडब्ल्यू आउट किया और फिर अभिषेक शर्मा को मैथ्यू होलार्ड के हाथों कैच कराया।
भारत को पहली ही गेंद पर झटका लगा है। जय मूंदड़ा ने पहली ही गेंद पर सैमसन को एलबीडब्ल्यू आउट किया जो खाता खोले बिना पवेलियन लौटे।
हैरी टेक्टर के अर्धशतकीय की मदद से आयरलैंड ने भारत को 155 रनों की लक्ष्य दिया है। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से टेक्टर ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए, जबकि बेंजामिन कैलिट्ज ने 37 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई जिससे टीम चुनौतीपूर्ण लक्ष्य देने में सफल रही। भारत के लिए डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे को दो-दो सफलता मिली। हर्षित राणा ने एक विकेट लिया।
अर्शदीप सिंह ने जॉर्ज डॉकरेल को आउट कर आयरलैंड को छठा झटका दिया। डॉकरेल 14 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए।
बेलफास्ट में बारिश रुकने के बाद मुकाबला दोबारा शुरू हो गया है। आयरलैंड के लिए हैरी टेक्टर अर्धशतक के करीब और उनका साथ डॉकरेल निभा रहे हैं।
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला बारिश के कारण रुक गया है। बारिश के कारण मैच रुकने तक आयरलैंड ने 17.1 ओवर में पांच विकेट पर 132 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर हेरी टेक्टर 46 और जॉर्ज डॉकरेल 9 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
आयरलैंड की पारी का 15वां ओवर करने आए शिवम दुबे ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए। शिवम ने पहले बेंजामिन को पवेलियन भेजा और फिर अगली ही गेंद पर गारेथ डेलानी को बोल्ड किया। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी करने से चूक गए।
शिवम दुबे ने बेंजामिन क्लेटिज को आउट कर आयरलैंड को चौथा झटका दिया। बेंजामिन 23 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए।
बेंजामिन और टेक्टर के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे आयरलैंड का स्कोर 100 के करीब पहुंच गया है।
प्रिंस यादव ने लॉर्कन टकर को आउट कर आयरलैंड को तीसरा झटका दिया है। प्रिंस के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पहला विकेट है। टकर 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।
आयरलैंड ने पावरप्ले के दौरान दो विकेट गंवाए। पावरप्ले समाप्त होने के बाद आयरलैंड ने दो विकेट पर 44 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर लॉर्कन टकर और हैरी टेक्टर मौजूद हैं।
अर्शदीप सिंह ने रॉय एडायर को आउट कर आयरलैंड को दूसरा झटका दिया। एडायर एक गेंद पहले ही आउट होने से बचे थे, लेकिन अगली ही गेंद पर उन्होंने तिलक को कैच थमा दिया। एडायर सात गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को टिम टेक्टर के रूप में पहली सफलता मिली है। हर्षित ने टेक्टर को अपना शिकार बनाया जो छह गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर आउट हुए।
भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड की पारी शुरू हो गई है। आयरलैंड के लिए रॉस एडायर और टिम टेक्टर पारी का आगाज करने उतरे हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (कप्तान और विकेटकीपर), बेंजामिन क्लाटिज, गारेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रेस, जय मूंदड़ा, मैथ्यू होलार्ड।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत ने इस मैच में प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को प्लेइंग-11 में शामिल किया है जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने जा रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी का इंतजार हालांकि जारी है और वह इस मैच में भी एकादश का हिस्सा नहीं हैं।
आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में दो खिलाड़ी भारत के लिए डेब्यू करने जा रहे हैं। तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में शामिल किया जाएगा। टॉस से पहले इन दोनों खिलाड़ियों को कैप दी गई।
इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर का टीम चयन और गेंदबाजों के इस्तेमाल की रणनीति भी सवालों के घेरे में है। मैच के 16वें ओवर में, जब क्रीज पर दो दाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूद थे अय्यर ने पहली बार वाशिंगटन सुंदर को गेंद सौंपी। यही वह ओवर था जहां से मैच का रुख पूरी तरह आयरलैंड की तरफ मुड़ गया। अब देखना होगा कि अगले मैच में टीम इंडिया इन गलतियों से सीखकर कैसे वापसी करती है।
भारत ने पहले मैच में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका नहीं दिया था। सूर्यवंशी को नहीं खिलाने पर आलोचना भी हुई थी और अब जब भारतीय टीम को हार मिली है तो एक बार फिर वैभव को मौका देने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, इस बात की संभावना कम ही है कि रविवार को वैभव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिले। टीम प्रबंधन एक हार के बाद शीर्ष क्रम में बदलाव करेगी, इसकी संभावना कम नजर आती है। यानी वैभव को अभी डेब्यू के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
भारत के खिलाफ अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय जीत का जश्न मना रही आयरलैंड की टीम अब सीरीज अपने नाम करने का सपना देख रही है। अगर आयरिश टीम ऐसा करने में कामयाब होती है तो साल 2022 की शुरुआत में वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में 2-1 से हराने के बाद द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनकी सबसे बड़ी जीत होगी। दिलचस्प बात यह है कि वेस्टइंडीज को हराने वाली टीम के केवल चार खिलाड़ी ही शुक्रवार को भारत के खिलाफ खेलने उतरी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। घरेलू परिस्थितियों की बेहतर समझ आयरलैंड के लिए इस मैच में टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। वहीं, टी20 की विश्व चैंपियन भारतीय टीम की नजरें वापसी पर होंगी और वह यह साबित करने की कोशिश करेगी कि पहले टी20 मैच में हार महज एक खराब दिन था।
Live Cricket Score Today , India vs Ireland (IND vs IRE) 2nd T20: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और आयरलैंड के बीच आज दूसरा टी20 मैच खेला जा रहा है। आयरलैंड ने पहले टी20 में विश्व चैंपियन भारत को हरा दिया था। अब भारतीय टीम की नजरें सीरीज को ड्रॉ कराने पर होंगी।