भारत ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत आयरलैंड को दो रन से हरा दिया है। इस मैच में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 139/7 का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 6.5 ओवर में 47/2 का स्कोर बनाया। इसके बाद बारिश आ गई और आगे का खेल नहीं हो सका। डकवर्थ लुईस नियम के तहत टीम इंडिया ने यह मैच दो रन से अपने नाम किया और तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
आयरलैंड के लिए बल्ले के साथ बैरी मैकार्थी ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने नाबाद 51 रन बनाए। कर्टिस कैम्फर ने 39 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा सिर्फ पॉल स्टर्लिंग और मार्क अडायर ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, अर्शदीप को एक विकेट मिला। हालांकि, अर्शदीप अपने आखिरी ओवर में बहुत महंगे साबित हुए। बल्ले के साथ भारत के लिए यशस्वी ने 24 और ऋतुराज ने 19 रन बनाए। तिलक खाता नहीं खोल पाए और संजू एक रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज का अगला मैच रविवार को होगा।
बारिश के कारण खेल रुक गया है। 140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 6.5 ओवर में दो विकेट खोकर 47 रन बना लिए हैं। डकवर्थ लुईस नियम के तहत भारत निर्धारित स्कोर से दो रन आगे हैं और अब बारिश के चलते खेल नहीं होने पर टीम इंडिया जीत हासिल करेगी। भारत के यशस्वी जायसवाल 24 रन बनाकर और तिलक वर्मा खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। ऋतुराज गायकवाड़ 16 गेंद में 19 और सैमसन एक गेंद में एक रन बनाकर खेल रहे हैं। आयरलैंड के लिए दोनों विकेट क्रैग यंग ने लिए हैं।
क्रैग यंग ने लगातार दो गेंदों पर विकेट लेकर मैच में आयरलैंड की वापसी कराई है। पहले यशस्वी जायसवाल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में विकेट गंवाया फिर तिलक भी आउट हुए। जायसवाल ने 23 गेंद में 24 रन बनाए। उन्होंने एक छक्का और तीन चौके लगाए। कप्तान स्टर्लिंग ने उनका कैच पकड़ा। वहीं, तिलक वर्मा अपना खाता भी नहीं खोल सके और अगली ही गेंद पर आउट हो गए। विकेटकीपर टकर ने उनका कैच पकड़ा।
140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की है। पावरप्ले में टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट खोए 45 रन बना लिए हैं। यशस्वी और ऋतुराज गायकवाड़ शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और भारत को जीत की तरफ ले जा रहे हैं।
140 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 16 रन है।
आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 139 रन बनाए हैं। आयरलैंड के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 51 रन बैरी मैकार्थी ने बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए। अब भारत के सामने यह मैच जीतने के लिए 140 रन का लक्ष्य है।
आयरलैंड की पारी में क्या हुआ?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरे आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। 327 दिन बाद वापसी कर रहे भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में एंड्रयू बालबर्नी और लोरन टकर को आउट कर आयरलैंड को बैकफुट में ढकेल दिया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने हैरी टेक्टर और जॉर्ज डॉकरेल को पवेलियन भेजा। आयरलैंड की टीम पावरप्ले में चार विकेट खोकर महज 30 रन ही बना पाई। भारत के लिए वापसी कर रहे बुमराह और कृष्णा ने आयरलैंड को बैकफुट में ढकेल दिया था। बीच के ओवरों में रवि बिश्नोई ने कप्तान पॉल स्टलिंग और मार्क अडायर को आउट कर दिया।
31 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद आयरलैंड के टीम बहुत मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन मार्क अडायर और कर्टिस कैंफर ने 28 रन जोड़ टीम को थोड़ी बेहतर स्थिति में पहुंचाया। अडायर 16 रन बनाकर बिश्नोई का शिकार बने।
59 रन पर आयरलैंड के छह विकेट गिर चुके थे। इसके बाद मैकार्थी ने कैंफर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने तेज गति से रन बनाए। अंत में अर्शदीप ने कैंफर को 39 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, मैकार्थी दूसरे छोर पर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते रहे और अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 33 गेंद में नाबाद 51 रन बनाए और टीम का स्कोर 139/7 तक पहुंचाया।
आखिरी ओवर में अर्शदीप ने 22 रन दिए
अर्शदीप सिंह ने इस मैच में आखिरी ओवर किया और 22 रन लुटा दिए। मैकार्थी ने उनके खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया। अर्शदीप ने इस ओवर में एक नो गेंद और एक वाइड बॉल भी की इसी वजह से आयरलैंड की टीम 139 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही, जबकि 17वें ओवर में ही आयरलैंड ने 100 रन का आंकड़ा पार किया था। 19वें ओवर के बाद आरयलैंड का स्कोर 117/7 था।
इस मैच में भारत के लिए कप्तान जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह को एक विकेट मिला।
116 रन के स्कोर पर आयरलैंड के सात विकेट गिर चुके हैं। कर्टिस कैम्फर 33 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। अर्शदीप ने उन्हें सटीक यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। अब मैकार्थी और यंग क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर सात विकेट पर 117 रन है।
मकार्थी और कर्टिस कैम्फर के बीच सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 17 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 114 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर आयरलैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कर्टिस कैम्फर और मकार्थी क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अच्छी साझेदारी कर टीम को बेहतर स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। ये दोनों अंत तक क्रीज में रहकर अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक ले जाना चाहेंगे।
59 रन के स्कोर पर आयरलैंड का छठा विकेट गिरा है। मार्क अडायर 16 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। रवि बिश्नोई ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। हालांकि, अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था, लेकिन भारत के रिव्यू लेने पर विकेट मिल गया। अब आयरलैंड की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कैम्फर के साथ मैकार्थी क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 72 रन है।
पांच विकेट के नुकसान पर आयरलैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। मार्क अडायर और कर्टिस कैम्फर ने मिलकर आयरलैंड की पारी को संभाला है और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 10 ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 57 रन है।
31 रन के स्कोर पर आयरलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। प्रसिद्ध कृष्णा ने जॉर्ज डॉकरेल को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। डॉकरेल ने तीन गेंद में एक रन बनाया। ऋतुराज गायकवाड़ ने उनका कैच पकड़ा। अब कर्टिस कैम्फर और मार्क अडायर क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद आयरलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 44 रन है।
27 रन के स्कोर पर आयरलैंड की टीम चार विकेट गंवा चुकी है। रवि बिश्नोई ने आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। स्टर्लिंग ने 11 गेंद में 11 रन बनाए और बिश्नोई की गुगली पर क्लीन बोल्ड हुए। अब कर्टिस कैम्फर और जॉर्ज डॉक्रेल क्रीज पर हैं।
27 रन के स्कोर पर आयरलैंड के तीन विकेट गिर चुके हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत को तीसरा सफलता दिलाई। कृष्णा ने टेक्टर को तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। टेक्टर ने 16 गेंद में एक चौके की मदद से नौ रन बनाए। अब आयरलैंड की टीम मुश्किल में फंस गई है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत बेंहद खराब रही है। पहले ही ओवर में भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लेकर आयरलैंड को बैकफुट में ढकेल दिया है। 327 दिन बाद वापसी कर रहे बुमराह ने पहले एंड्रयू बालबर्नी को क्लीन बोल्ड किया। बालबर्नी ने दो गेंद में चार रन बनाए। उन्होंने पारी की पहली गेंद पर चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर बुमराह ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने लोरन टकर को आउट किया। संजू सैमसन ने उनका कैच पकड़ा। चकर अपना खाता तक नहीं खोल पाए। दो ओवर का खेल खत्म होने के बाद आयरलैंड का स्कोर दो विकेट पर सात रन है।
भारतः ऋतुराज गायकवाड़, यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रवि बिश्नोई।
आयरलैंडः पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), एंड्रयू बालबर्नी, लोर्कन टकर (विकेटकीपर), हैरी टेक्टर, कर्टिस कैम्फर, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, क्रेग यंग, जोशुआ लिटिल, बेंजामिन व्हाइट।
भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम के लिए रिंकू सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा पहला टी20 मैच खेल रहे हैं। इस मैच में भारत की युवा टीम एक्शन में दिखेगी। बुमराह और सैमसन को छोड़कर अधिकतर युवा खिलाड़ी ही इस मैच में खेलते दिखेंगे।
मैच से पहले भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने प्रसिद्ध कृष्णा और रिंकू सिंह को भारतीय टीम की कैप दी। ये दोनों खिलाड़ी इस मैच में भारत के लिए अपना टी20 डेब्यू कर रहे हैं। कृष्णा पहले टीम इंडिया के लिए वनडे खेल चुके हैं, जबकि रिंकू पहली बार भारत के लिए कोई मैच खेलेंगे।
इस मैच के दौरान बारिश होने के आसार हैं। डबलिन के मैदान में सुबह से काफी बारिश हो चुकी है। हालांकि, मैच के समय मौसम साफ रहने पर खेल होने की पूरी संभावना है। खेल की शुरुआत में बारिश की संभावना 67 फीसदी है। 18 अगस्त के लिए डबलिन में पहले ही बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है, जिसके कारण मैच में देरी हो सकती है। अगर बारिश तेज हुई मैच धुल भी सकता है।
Live Cricket Score Today , India vs Ireland (IND vs IRE) 1st T20: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और आयरलैंड के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला डबलिन में है। दोनों टीमें यह मैच जीतकर सीरीज में विजयी आगाज करना चाहेंगी। भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों की भरमार है और कप्तान बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा जैसे कुछ खिलाड़ी वापसी भी कर रहे हैं। ऐसे में सभी खिलाड़ी यादगार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे। वहीं, आयरलैंड की कोशिश अनुभवहीन भारतीय टीम को हराने की होगी।