फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Day 4: एजबेस्टन टेस्ट पर इंग्लैंड की पकड़ मजबूत, 378 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाए 259/3

Tue, 05 Jul 2022 12:42 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम

खास बातें

IND vs ENG (India vs England) 5th Test Day 4 Highlights: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर सिमट गई और भारत को 132 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 245 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड को 378 रन का लक्ष्य मिला। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 259 रन बना लिए हैं।
विज्ञापन
बेयरस्टो और रूट ने शानदार बल्लेबाजी की है - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:06 PM, 04-Jul-2022

चौथे दिन का खेल खत्म

एजबेस्टन टेस्ट के चौथे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। इंग्लैंड की टीम ने इस टेस्ट में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 378 रन के लक्ष्य के जवाब में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 259 रन बना लिए हैं। इंग्लिश टीम को पांचवें दिन 119 रन बनाने हैं।

वहीं, जो रूट और जॉनी बेयरस्टो नाबाद हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक 150 रन की साझेदारी हो चुकी है। बेयरस्टो 72 रन और रूट 76 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। भारत की ओर से कप्तान जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी में दो विकेट झटके। उन्होंने जैक क्रॉली (46) और ओली पोप (0) को पवेलियन भेजा। वहीं, एलेक्स लीस रन आउट हुए। 

इंग्लैंड के खिलाफ इस पांचवें टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर सिमट गई और भारत को 132 रन की बढ़त मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 245 रन बनाए। इस तरह इंग्लैंड को 378 रन का लक्ष्य मिला।

10:51 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: रूट के बाद बेयरस्टो का अर्धशतक

जो रूट के बाद जॉनी बेयरस्टो ने भी टेस्ट करियर का 24वां अर्धशतक लगाया। यह उनका लगातार पांचवां 50 प्लस स्कोर है। इससे पहले बेयरस्टो ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नॉटिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में 136 रन बनाए थे। इसके बाद लीड्स में बेयरस्टो ने पहली पारी में 162 रन और दूसरी पारी में नाबाद 71 रन बनाए थे। भारत के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने शतक जड़ा।

10:33 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का स्कोर 222/3

इंग्लैंड ने एजबेस्टन टेस्ट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 51 ओवर में टीम ने तीन विकेट गंवाकर 222 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो 47 रन और जो रूट 65 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

विज्ञापन
10:14 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड तीन विकेट पर 200 रन के पार

इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 200 से ज्यादा रन बना लिए हैं। जो रूट ने टेस्ट करियर का 55वां अर्धशतक लगाया। वह फिलहाल 52 रन बनाकर और बेयरस्टो 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 90 से ज्यादा रन की भी साझेदारी हो चुकी है।

09:43 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: रूट और बेयरस्टो के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

378 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 40 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 174 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो 22 रन और जो रूट 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 65 रन की साझेदारी हो चुकी है। हनुमा विहारी ने स्लिप में बेयरस्टो का कैच भी छोड़ा था। 

विज्ञापन
08:50 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड 137/3

33 ओवर में इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। फिलहाल जो रूट 20 रन और जॉनी बेयरस्टो आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय टीम इन दोनों को जल्द से जल्द आउट करना चाहेगी। इंग्लैंड को यहां से 241 रन की जरूरत है। वहीं, भारत को सात विकेट चाहिए।

08:45 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: पिछले पांच ओवर में तीन झटके

25वें ओवर में इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। शानदार बल्लेबाजी कर रहे एलेक्स लीस रन आउट हो गए। रवींद्र जडेजा की गेंद पर लीस ने लेग साइड में खेला और रूट के कॉल पर रन लेने के लिए दौड़ गए। शमी के थ्रो पर जडेजा ने नॉन स्ट्राइकर एंड पर लीस को रन आउट किया। लीस 65 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए।

अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके लगाए। फिलहाल जो रूट और जॉनी बेयरस्टो बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड ने लगातार दो ओवर में दो विकेट गंवाए हैं। 24वें ओवर में ओली पोप आउट हुए थे। वहीं, पिछले पांच ओवर में तीन विकेट गिरे हैं। 22वें ओवर में जैक क्रॉली आउट हुए थे। दोनों को कप्तान बुमराह ने पवेलियन भेजा।

लीस कुछ इस प्रकार रन आउट हुए

08:39 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को दूसरा झटका

टी ब्रेक के बाद ओवर की पहली ही गेंद पर भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने विकेट हासिल किया। उन्होंने पहली ही गेंद पर ओली पोप को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। पोप खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल 24 ओवर के बाद इंग्लैंड ने दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलेक्स लीस 56 रन और जो रूट एक रन बनाकर आउट हुए।

पोप का विकेट लेने के बाद बुमराह

08:04 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: टी ब्रेक तक इंग्लैंड 107/1

इंग्लैंड को 22वें ओवर में 107 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान जसप्रीत बुमराह ने जैक क्रॉली को क्लीन बोल्ड कर पवेलियन भेजा। क्रॉली अर्धशतक से चूक गए। वे 76 गेंदों पर 46 रन बनाकर आउट हुए। इंग्लैंड की दूसरी पारी के 23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 107 रन है। अंपायर ने टी ब्रेक लेने का फैसला किया। फिलहाल ओली पोप और एलेक्स लीस 56 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इंग्लैंड को अब भी 271 रन की जरूरत है।

बुमराह ने क्रॉली को क्लीन बोल्ड किया

07:53 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: लीस-क्रॉली की शतकीय साझेदारी

इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 19.5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए हैं। उसने अब तक एक भी विकेट नहीं खोया है। इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में बिना किसी नुकसान के 104 रन हो गए हैं। एलेक्स लीस और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ली है। 1990 के बाद पहली बार इंग्लैंड के ओपनर्स ने भारत के खिलाफ किसी सीरीज में तीन शतकीय साझेदारी की है। भारत के खिलाफ यह तीसरा अवसर है जब किसी टीम ने एक सीरीज में तीन शतकीय साझेदारी की हो। 1990 में इंग्लैंड से पहले 1967/68 में ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा किया था।

07:27 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: क्रॉली आउट होते-होते बचे

भारत को पहली सफलता 15वें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर मिल जाती, लेकिन भाग्य ने साथ नहीं दिया। जडेजा की गेंद पर जैक क्रॉली रिवर्स स्वीप से चौका हासिल करना चाह रहे थे। गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद पैड में लगी और पास में खड़े फील्डर हनुमा विहारी के हाथों में चली गई। भारतीय खिलाड़ियों ने अपील की। अंपायर अलीम डार ने तीसरे अंपायर से सलाह लेने का फैसला किया। उन्होंने सॉफ्ट सिग्नल में आउट दिया, लेकिन रिव्यू में यह पता चला कि गेंद बल्ले से लगने के बाद जमीन से लगी और फिर पैड से टकराकर फील्डर के पास गई। क्रॉली आउट होते-होते बच गए। इसके बाद एलेक्स लीस ने अगले ओवर में सिराज की गेंद पर चौका लगाकर 44 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक है।

07:04 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का स्कोर 53/0

इंग्लैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है। नौ ओवर के बाद टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 53 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलेक्स लीस 27 गेंदों पर 31 रन और जैक क्रॉली 28 गेंदों पर 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड की टीम करीब छह के रन रेट से स्कोर कर रही है। 

06:41 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: इंग्लैंड के ओपनर्स मैदान पर

इंग्लैंड की टीम ने चार ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 19 रन बना लिए हैं। फिलहाल एलेक्स लीस और जैक क्रॉली क्रीज पर हैं। इंग्लैंड के खिलाड़ी तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लीस 15 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, क्रॉली धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं।

06:14 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारतीय पारी 245 रन पर सिमटी

भारत ने इंग्लैंड के सामने 378 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 284 रन बनाए। इस तरह भारतीय टीम को 132 रन की लीड मिली। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 245 रन बनाए और 132 रन मिलाकर 377 रन की बढ़त हासिल की। इस तरह इंग्लैंड को 378 रन का लक्ष्य मिला।

भारत के लिए दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। वहीं, ऋषभ पंत ने 57 रन की पारी खेली। पुजारा और पंत ने अपनी-अपनी पारी में आठ-आठ चौके लगाए। इसके अलावा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका।

शुभमन गिल चार रन, हनुमा विहारी 11 रन, विराट कोहली 20 रन, श्रेयस अय्यर 19 रन, रवींद्र जडेजा 23 रन, शार्दुल ठाकुर चार रन, मोहम्मद शमी 13 रन और कप्तान जसप्रीत बुमराह सात रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद सिराज दो रन बनाकर नाबाद रहे।

इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके। वहीं, स्टुअर्ट ब्रॉड और मैटी पॉट्स ने दो-दो विकेट झटके। जेम्स एंडरसन और जैक लीच को एक-एक विकेट मिला। फिलहाल इंग्लैंड की दूसरी पारी जारी है। उसके ओपनर एलेक्स लीस और जैक क्रॉली क्रीज पर हैं।

06:05 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत को नौवां झटका

भारत की दूसरी पारी के 80वें ओवर में 236 के स्कोर पर बेन स्टोक्स ने रवींद्र जडेजा को क्लीन बोल्ड किया। जडेजा 23 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं। भारतीय टीम की बढ़त अब तक 369 रन की हो चुकी है। 

05:43 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: लंच के बाद पहला झटका

लंच के बाद पहले ही ओवर में भारतीय टीम को आठवां झटका लगा। मोहम्मद शमी 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बेन स्टोक्स ने एलेक्स लीस के हाथों कैच कराया। फिलहाल रवींद्र जडेजा और कप्तान जसप्रीत बुमराह क्रीज पर हैं। भारत ने आठ विकेट पर 230 रन बना लिए हैं।

05:04 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: चौथे दिन लंच तक भारत का स्कोर 229-7

चौथे दिन लंच तक भारतीय टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं। भारत की बढ़त 361 रन की हो चुकी है और तीन विकेट बचे हुए हैं। मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा क्रीज पर बने हुए हैं। दोनों के बीच 23 गेंद में 22 रन की साझेदारी हो चुकी है। जडेजा 17 और शमी 13 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड ने कभी भी टेस्ट में 360 रन से ज्यादा के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा नहीं किया है। वहीं, भारतीय टीम टेस्ट में 340 रन से ज्यादा का लक्ष्य देने के बाद कभी नहीं हारी है। 

चौथे दिन पहले सत्र में इंग्लैंड की टीम ने चार अहम विकेट चटकाए, लेकिन भारतीय टीम 104 रन बनाने में कामयाब रही। पुजारा ने सबसे ज्यादा 66 और पंत ने 57 रन बनाए। अब दूसरे सत्र में भारतीय बल्लेबाज अपनी बढ़त 400 के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे। रवींद्र जडेजा अभी भी क्रीज पर हैं, उनके अलावा शमी और बुमराह भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। इन्हीं खिलाड़ियों के दम पर भारत इंग्लैंड के सामने 400 रन से ज्यादा का लक्ष्य रखने की कोशिश करेगा।

04:56 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 350 रन के पार

मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा भारत की बढ़त 350 रन के पार ले जा चुके हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और दूसरी पारी में भारत का स्कोर 250 के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर टीम इंडिया इंग्लैंड के सामने 400 से ज्यादा रन का लक्ष्य रखती है तो भारत के जीतने की संभावना काफी ज्यादा होगी। इंग्लैंड में अब तक के इतिहास में सिर्फ दो बार ही टेस्ट में 350 रन से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा किया गया है। 

04:45 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत का सातवां विकेट गिरा

भारत के सात बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। मैटी पॉट्स ने भारत को सातवां झटका दिया है। उन्होंने शार्दुल ठाकुर को चार रन के स्कोर पर जैक क्राउली के हाथों कैच आउट कराया। पॉट्स लगातार छोटी गेंदें कर रहे हैं। उन्होंने पहले एक गेंद शार्दुल के शरीर पर भी मारी थी। इसी वजह से शार्दुल ने पुल शॉट खेला और आउट हो गए। मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा क्रीज पर मौजूद हैं। 

04:34 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: जडेजा का साथ दे रहे शार्दुल

भारत का स्कोर दूसरी पारी में 200 रन के पार पहुंच चुका है। टीम इंडिया ने छह विकेट पर 203 रन बना लिए हैं। उसने इंग्लैंड पर 335 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। जडेजा ने पहली पारी में शतक लगाया था। वहीं, शार्दुल भी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं। ऐसे में दोनों बल्लेबाजों के ऊपर टीम इंडिया की बढ़त को 400 रन के पार पहुंचाने की जिम्मेदारी है।

04:12 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत का छठा विकेट गिरा

भारतीय टीम का छठा विकेट गिर चुका है। जैक लीच ने ऋषभ पंत को आउट करके भारत को छठा झटका दिया है। पंत ने 57 रन बनाए और जो रूट ने उनका कैच पकड़ा। पंत ने जैक लीच की साधारण गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले के किनारे में लगकर स्लिप में खड़े जो रूट के पास चली गई। अब भारतीय टीम मुश्किल में फंसती दिख रही है। भारत ने अपने आखिरी चार विकेट 45 रन के अंदर गंवा दिए हैं। अब रवींद्र जडेजा के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। 

04:01 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत की आधी टीम पवेलियन लौटी

श्रेयस अय्यर के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा है। अय्यर को मैटी पॉट्स ने 19 रन के स्कोर पर जेम्स एंडरसन के हाथों कैच कराया। इंग्लैंड की टीम लगातार श्रेयस को छोटी गेंद कर रही थी। इसके लिए उनके खिलाफ लेग साइड पर तीन फील्डर बाउंड्री लाइन में तैनात किए गए थे। इसके बावजूद अय्यर ने छोटी गेंद पर पुल शॉट खेला और गेंद सीधे मिडविकेट मे ंखड़े एंडरसन के हाथ में मार बैठे। 

03:57 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: ऋषभ पंत का अर्धशतक पूरा

ऋषभ पंत ने 75 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनके टेस्ट करियर का दसवां अर्धशतक है। लगातार दूसरी पारी में पंत ने भारत को मुश्किल से बाहर निकाला है। 

03:41 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 300 के पार

ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर भारत की बढ़त 300 के पार ले जा चुके हैं। पंत अपने अर्धशतक के करीब हैं, जबकि श्रेयस भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। ये दोनों भारत की बढ़त 400 के पार ले जाने की कोशिश करेंगे।  

03:30 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत का चौथा विकेट गिरा

चेतेश्वर पुजारा के रूप में भारतीय टीम को दिन का पहला झटका लगा है। वो 66 रन बनाकर स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर लीस को कैच थमा बैठे। दूसरी पारी में यह इंग्लैंड की टीम की चौथी सफलता है। अब ऋषभ पंत के साथ श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

03:23 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 150 के पार

दूसरी पारी में भारतीय टीम का स्कोर तीन विकेट पर 150 के पार जा चुका है। पुजारा अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और पंत भी तेजी से अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं। 

03:03 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: चौथे दिन का खेल शुरू

चौथे दिन तय समय पर खेल शुरू हुआ है। भारत के लिए ऋषभ पंत और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन ने गेंदबाजी की शुरुआत की है, लेकिन दूसरे छोर पर जो रूट ही गेंदबाजी कर रहे हैं। भारत की बढ़त 260 रन के पार जा चुकी है। दूसरी पारी में 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 131 रन है। 

चेतेश्वर पुजारा ने आज तेज शुरुआत की है और एंडरसन की दो गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए हैं। वहीं, इंग्लैंड के जो रूट लगातार पंत को ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी कर रहे हैं। रूट की कोशिश पंत को वाइड गेंद पर आउट करने की है, जैसे अफ्रीकी टीम ने टी20 सीरीज में किया था। हालांकि, टेस्ट में पंत आसानी से बाहर की गेंदों को छोड़ रहे हैं। 

02:55 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Live: चौथे दिन साफ रहेगा मौसम

इस मैच में शुरुआती तीन दिन बारिश की वजह से खेल प्रभावित हुआ है, लेकिन चौथे दिन बारिश की संभावना कम है। एजबेस्टन में इस मैच के शुरुआती तीनों दिन बारिश की वजह से अंपायरों ने तय समय से पहले लंच का एलान किया है। हालांकि, चौथे मैच में इसकी संभावना बेहद कम है। 

02:37 PM, 04-Jul-2022

IND vs ENG Day 4: एजबेस्टन टेस्ट पर इंग्लैंड की पकड़ मजबूत, 378 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बनाए 259/3

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लाग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला जा रहा है। आज मुकाबले का चौथा दिन है और आज का दिन ही मैच में निर्णायक भूमिका निभाएगा। फिलहाल इस मैच में टीम इंडिया की पकड़ मजबूत बनी हुई है। भारत ने पहली पारी में 416 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 284 रन पर सिमट गई और भारत को 132 रन की बढ़त मिली। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। भारत के पास 257 रन की बढ़त है और भारतीय बल्लेबाज आज इसे 400 के पार ले जाना चाहेंगे। 

पहली पारी में भारत के लिए ऋषभ पंत ने 146 और रवींद्र जडेजा ने 104 रन की अहम पारियां खेल कर टीम बेहतर स्थिति में पहुंचाया था। एक समय पर भारत की आधी टीम 98 रन के स्कोर पर आउट हो गई थी। इसके बाद पंत और जडेजा ने 222 रन की साझेदारी की थी। जसप्रीत बुमराह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 35 रन बटोर कर भारत का स्कोर 416 रन तक पहुंचाया था। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन ने पांच विकेट लिए थे। 

इंग्लैंड के लिए बेयरस्टो ने शानदार शतक लगाया, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और पहली पारी में टीम 284 रन ही बना पाई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने चार और कप्तान बुमराह ने तीन विकेट लिए। 

दूसरी पारी में भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और चेतेश्वर पुजारा भी अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। अब ये दोनों भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे। पहली पारी के आधार पर भारत के पास 257 रन की बढ़त है और टीम इंडिया मैच की चौथी पारी में इंग्लैंड के सामने कम से कम 400 रन का लक्ष्य रखना चाहेगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें