फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: चौथे दिन का खेल समाप्त, इंग्लैंड का स्कोर 21/0; भारत ने दिया 371 रनों का लक्ष्य

Mon, 23 Jun 2025 11:02 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

खास बातें

India vs England 1st Test Day 4: भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड ने दिन के खेल की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 21 रन बनाए हैं और उसे अब 350 रन और बनाने हैं। 
विज्ञापन
बेन डकेट - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:02 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: चौथे दिन का खेल समाप्त

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया है। भारत की दूसरी पारी 364 रन पर ऑलआउट हुई थी और उसने कुल 370 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य दिया था। स्टंप्स तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं और उसे अब पांचवें और अंतिम दिन 350 रन और बनाने होंगे। दिन के खेल की समाप्ति तक जैक क्रावले 12 और बेन डकेट 9 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत को अगर इस मुकाबले में जीत हासिल करनी है तो उसे मंगलवार को इंग्लैंड के सभी 10 विकेट गिराने होंगे। 

भारत को जसप्रीत बुमराह से काफी आस रहेगी जिन्होंने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं, इंग्लैंड को भी जीत हासिल करने के लिए तेजी से रन बनाने होंगे। हालांकि, उसके पास कल का पूरा दिन होगा। 

10:34 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की दूसरी पारी शुरू

इंग्लैंड की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। भारत ने उन्हें 371 रनों का लक्ष्य दिया है। जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर मौजूद हैं।

10:22 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को 371 रनों का लक्ष्य

भारत की दूसरी पारी 364 रन पर ऑलआउट हो गई है। भारत ने केएल राहुल और ऋषभ पंत के शतकों से 370 रनों की बढ़त हासिल की और इंग्लैंड के सामने 371 रनों का लक्ष्य रखा। भारत के लिए दूसरी पारी में पंत और राहुल ने चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की जिससे टीम इंग्लैंड के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखने में सफल रही। हालांकि, पंत और राहुल के पवेलियन लौटने के बाद भारत की पारी लड़खड़ा गई और निचले क्रम के बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सके। 

भारत ने चौथे दिन दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलना शुरू किया था, लेकिन टीम ने शुरुआत में ही कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद पंत और राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की और इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर परेशान किया। टी ब्रेक से पहले भारत ने पंत का विकेट गंवाया जो 118 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल पारी को संभाल रहे, लेकिन वह भी 137 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल के पवेलियन लौटती ही भारतीय बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करने लगे। 

जोश टंग ने अपने एक ही ओवर में भारत को तीन झटके दिए। भारत ने अपने शेष छह विकेट 31 रन पर गंवा दिए। ऐसा ही पहली पारी में भी देखने मिला था जब भारत ने 41 रन पर अपने अंतिम सात विकेट गंवाए थे। पंत और राहुल के अलावा करुण नायर ने 20 और शार्दुल ठाकुर ने 4 रन बनाए, जबकि रवींद्र जडेजा 25 रन बनाकर नाबाद लौटे। मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा खाता भी नहीं खोल सके। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स और टंग ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि शोएब बशीर को दो विकेट मिले। वहीं, क्रिस वोक्स और बेन स्टोक्स को एक-एक विकेट मिले। 

विज्ञापन
09:52 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: टंग की शानदार गेंदबाजी

तेज गेंदबाज जोश टंग ने चार गेंदों पर भारत को तीन झटके दिए और भारत की पारी लड़खड़ा दी। अपना 16वां ओवर डालने आए टंग ने पहली दो गेंदों पर शार्दुल और सिराज को आउट किया। फिर बुमराह ने उन्हें हैट्रिक हासिल नहीं करने दी, लेकिन अगली ही गेंद पर टंग ने बुमराह को बोल्ड कर भारत को नौवां झटका दिया। बुमराह खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। 

09:50 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: सिराज खाता खोले बिना आउट

जोश टंग ने मोहम्मद सिराज को आउट कर भारत को आठवां झटका दिया। सिराज खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। केएल राहुल और ऋषभ पंत के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई है। टंग ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लिए, लेकिन वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके। सिराज से पहले उन्होंने शार्दुल को आउट किया था। 

विज्ञापन
09:45 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: शार्दुल आउट हुए

भारत को शार्दुल ठाकुर के रूप में सातवां झटका है। शार्दुल 12 गेंदें खेलकर चार रन बनाकर आउट हो गए हैं। भारत को अब तक 355 रनों की बढ़त हासिल हो चुकी है। 

09:25 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को छठी सफलता

क्रिस वोक्स ने करुण नायर को आउट कर इंग्लैंड को छठी सफलता दिलाई है। करुण 54 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हो गए हैं। भारत की बढ़त 340 रन के पार पहुंच गई है और अब क्रीज पर रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर मौजूद हैं। 

09:16 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: केेएल राहुल पवेलियन लौटे

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पवेलियन लौट गए हैं। राहुल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने शतक भी लगाया था। राहुल ब्रायडन कार्स की गेंद पर बोल्ड हो गए। राहुल 247 गेंदों पर 18 चौकों की मदद से 137 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 338 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। 

09:07 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 330 के पार

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत की बढ़त 330 रन के पार पहुंच गई है। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल के साथ करुण नायर मौजूद हैं। 

08:36 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: तीसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत ने केएल राहुल और पंत के बीच हुई साझेदारी की मदद से मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। फिलहाल क्रीज पर राहुल के साथ करुण नायर मौजूद हैं। 

08:14 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: टी तक भारत का स्कोर 298/4

भारतीय टीम ने दूसरे सत्र में शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को सिर्फ एक ही सफलता हासिल करने दी। भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन टी तक भारतीय टीम ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 298 रन बनाए हैं और उसकी कुल बढ़त 304 रन की हो गई है। क्रीज पर फिलहाल केएल राहुल 120 रन और करुण नायर चार रन बनाकर मौजूद हैं। दूसरे सत्र में भारत ने ऋषभ पंत के रूप में एक विकेट गंवाया। पंत भले ही आउट हो गए, लेकिन उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की। पंत ने पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी शतक लगाया जिससे भारत बड़ी भारत हासिल करने में सफल रहा। 

07:57 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: पंत पवेलियन लौटे

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शतक लगाकर पवेलियन लौट गए हैं। पंत शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने लगातार दूसरी पारी में शतक लगाया था। शतक लगाने के बाद उन्होंने कुछ शॉट्स लगाए। पंत शोएब बशीर की गेंद पर ऊंचा शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। पंत के आउट होने के साथ ही केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए हुई 195 रनों की साझेदारी का अंत हो गया। पंत 140 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 118 रन बनाकर आउट हुए। 

07:49 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: पंत का लगातार दूसरा शतक

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भी शतक जड़ दिया है। पंत ने इससे पहले पहली पारी में भी सैकड़ा लगाया था। पंत ने 130 गेंदों पर शतक पूरा किया। पंत ने जब पहली पारी में शतक लगाया था तो उन्होंने इसके बाद समरसॉल्ट (गुलाटी) जश्न मनाया था, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा नहीं किया। दर्शकदीर्घा पर मौजूद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने उनसे इशारों में समरसॉल्ट जश्न मनाने के लिए कहा जिस पर पंत ने बाद में ऐसा करने का इशारा किया। पंत और केएल राहुल के बीच चौथे विकेट के लिए 180+ रनों की साझेदारी हो गई है जिससे भारत की बढ़त 280 रनों की हो गई है। 

07:13 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: केएल राहुल का शतक

भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच की दूसरी पारी में शतक जड़ दिया है। राहुल ने 202 गेंदों पर शतक पूरा किया। उनके साथ पंत भी क्रीज पर मौजूद हैं जो 82 रन बनाकर खेल रहे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 142 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 240 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। 

06:57 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 200 के पार

भारतीय टीम की बढ़त 200 रन के पार पहुंच गई है। पंत और केएल राहुल के बीच चौथे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो रही है जिससे भारत का स्कोर दूसरी पारी में 211 रन हो गया है और उसकी बढ़त फिलहाल 217 रन की हो गई है। अर्धशतक लगाने के बाद पंत तेजी से खेल रहे हैं। 

06:49 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: पंत का अर्धशतक

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 83 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। पंत ने पहली पारी में शतक लगाया था और अब दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ने में सफल रहे। उन्होंने केएल राहुल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। भारत ने अब तक 198 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। 

06:15 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारतीय टीम ने अब तक 159 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। क्रीज पर केएल राहुल के साथ ऋषभ पंत भी मौजूद हैं। 

05:32 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: लंच तक भारत का स्कोर 153/3

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत का स्कोर लंच ब्रेक तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 153 रन हो गया है। भारतीय टीम ने इस तरह अब तक 159 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। भारत की ओर से फिलहाल केएल राहुल 72 रन और ऋषभ पंत 31 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। पंत और राहुल के बीच चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने चौथे दिन के पहले सत्र में कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवाया जो आठ रन बनाकर ब्रायडन कार्स का शिकार बने। इसके बाद राहुल और पंत ने मोर्चा संभाला और लंच ब्रेक तक इंग्लैंड को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। 

04:50 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत की बढ़त 130 के पार

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम की बढ़त 130 रन के पार पहुंच गई है। भारत के लिए दूसरी पारी में केएल राहुल और ऋषभ पंत क्रीज पर टिके हुए हैं और दोनों के बीच साझेदारी 35 रन के पार पहुंच गई है। 

04:19 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 100 के पार

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भारतीय टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर केएल राहुल के साथ ऋषभ पंत मौजूद हैं। चौथे दिन भारत ने शुभमन गिल का विकेट जल्द गंवा दिया था। 

03:54 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: केएल राहुल का अर्धशतक

केएल राहुल ने 87 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। भारतीय टीम की बढ़त 100 रन के पार पहुंच गई है। राहुल के साथ ऋषभ पंत भी क्रीज पर मौजूद हैं। 

03:35 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा तीसरा झटका

भारतीय टीम को चौथे दिन की शुरुआत में ही झटका लगा है और कप्तान शुभमन गिल पवेलियन लौट गए हैं। ब्रायडन कार्स की गेंद पर गिल बोल्ड हो गए। गिल 16 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। 

03:30 PM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Live: चौथे दिन का खेल शुरू

भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू हो गया है। भारत के लिए केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने अब तक 96 रनों की बढ़त हासिल कर ली है और उसकी नजरें इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने पर टिकी होंगी। 

11:58 AM, 23-Jun-2025

IND vs ENG Highlights: चौथे दिन का खेल समाप्त, इंग्लैंड का स्कोर 21/0; भारत ने दिया 371 रनों का लक्ष्य

Live Cricket Score, India vs England 1st Test Day 4: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच आज पहले टेस्ट मैच का चौथा दिन है। भारत की दूसरी पारी तीसरे दिन ही शुरू हो गई थी और उसने यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के विकेट गंवा दिए थे। अब भारत की नजरें बड़ी बढ़त हासिल करके इंग्लैंड के सामने मजबूत लक्ष्य रखने पर टिकी होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें