फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: भारत ने विश्व कप में लगातार छठी जीत हासिल की, लखनऊ में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

Sun, 29 Oct 2023 09:55 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

IND Vs ENG ODI World Cup 2023 Today Cricket Score: वनडे विश्व कप के 29वें मैच में भारत ने गत विजेता इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की 34.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत हासिल की। वहीं, इंग्लैंड की छह मैचों में यह पांचवीं हार है। भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में में जगह बनाने के करीब पहुंच गई है। वहीं, इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने के कगार पर आ गई है।
विज्ञापन
जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:23 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: बुमराह ने इंग्लैंड की पारी को समेटा

जसप्रीत बुमराह ने 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्क वुड को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी को समेट दिया। वुड ने एक ही गेंद का सामना किया और वह खाता नहीं खोल पाए। डेविड विली दूसरे छोर पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे। वुड के आउट होते ही टीम इंडिया ने मैच को अपने नाम कर लिया। उसने इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत के अब छह मैच में 12 अंक हो गए हैं और वह सेमीफाइनल में पहुंचने के करीब है। दूसरी ओर, इंग्लैंड को छह मैचों में पांचवीं हार मिली है और उसके सिर्फ दो अंक हैं।

भारत की इंग्लैंड पर विश्व कप में 20 साल में यह पहली जीत है। उसे पिछली जीत 2003 में मिली थी। उसके बाद 2011 में दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई रहा था। वहीं, 2019 में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 229 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की 34.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई। भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी ने इस मुकाबले में भी घातक गेंदबाजी की और चार विकेट अपने नाम किए। अनुभवी जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट चटकाए। कुलदीप यादव को दो और रवींद्र जडेजा को एक सफलता मिली।

इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए
भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए और इंग्लैंड को दबाव में बनाए रखा। जो रूट और बेन स्टोक्स जैसे दिग्गजों के अलावा मार्क वुड भी खाता नहीं खोल पाए। इंग्लैंड के लिए लियाम लिविंगस्टोन ही इकलौते ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने 20 रन का आंकड़ा पार किया। उन्होंने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। डेविड मलान ने 16, डेविड विली ने नाबाद 16, मोईन अली ने 15, जॉनी बेयरस्टो ने 14, आदिल रशीद ने 13, जोस बटलर और क्रिस वोक्स ने 10-10 रन बनाए।

09:16 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: शमी ने रशीद को किया बोल्ड

मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। उन्होंने आदिल रशीद को क्लीन बोल्ड कर दिया। रशीद 34वें ओवर की छठी गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 20 गेंद पर 13 रन बनाए। मोहम्मद शमी को मैच में चौथी सफलता मिली।

08:55 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा आठवां झटका

इंग्लैंड को आठवां झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने 30वें ओवर की दूसरी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन को एलबीडब्ल्यू कर दिया। लिविंगस्टोन ने 46 गेंद पर 27 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद इंग्लैंड की टीम अब हार के कगार पर खड़ी हो गई। वह आखिरी विशुद्ध बल्लेबाज थे। अब डेविड विली के साथ मार्क वुड क्रीज पर हैं। कुलदीप को मैच में दूसरी सफलता मिली है। इससे पहले उन्होंने जोस बटलर को आउट किया था।

विज्ञापन
08:48 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: जडेजा ने वोक्स का विकेट लिया

बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 29वें ओवर की पहली गेंद पर क्रिस वोक्स को पवेलियन भेज दिया। वोक्स 20 गेंद पर 10 रन बनाने के बाद स्टंप आउट हो गए। वह आगे बढ़कर बड़ा शॉट लगाना चाहते थे, लेकिन गेंद की लाइन में नहीं आए हैं। गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के पास गई और उन्होंने बिना कोई गलती किए वोक्स को स्टंप कर दिया।

08:26 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत को मिली छठी सफलता

भारत को छठी सफलता मोहम्मद शमी ने दिलाई। उन्होंने 24वें ओवर की पहली गेंद पर मोईन अली को आउट कर दिया। मोईन ने विकेटकीपर केएल राहुल को कैच थमा दिया। उन्होंने 31 गेंद पर 15 रन बनाए। मोईन के आउट होने के बाद क्रिस वोक्स क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
08:12 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी के 20 ओवर समाप्त

इंग्लैडं के पारी के 20 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने पांच विकेट पर 68 रन बना लिए हैं। लियाम लिविंगस्टोन और मोईन अली क्रीज पर हैं। दोनों ने छठे विकेट के लिए 16 रन की साझेदारी कर ली है।

07:55 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा पांचवां झटका

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कुलदीप यादव ने टीम इंडिया को पांचवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 16वें ओवर की पहली गेंद पर इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को क्लीन बोल्ड कर दिया। बटलर 23 गेंद पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके आउट होने के बाद लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर मोईन अली हैं।

07:41 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड का स्कोर 13 ओवर में 45/4

इंग्लैंड की टीम चार विकेट गिरने के बाद संभलकर बल्लेबाजी कर रही है। कप्तान जोस बटलर और मोईन अली कोई जोखिम उठाना नहीं चाह रहे हैं। दोनों का ध्यान अभी रन से ज्यादा विकेट को बचाने पर है। इंग्लैंड ने 13 ओवर में चार विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। बटलर ने 17 गेंद पर पांच और मोईन ने 10 गेंद पर चार रन बना लिए हैं। भारतीय टीम को पांचवीं सफलता का इंतजार है। इस जोड़ी के टूटने के बाद इंग्लैंड की टीम काफी दबाव में आ जाएगी। अभी लियाम लिविंगस्टोन के विशुद्ध बल्लेबाज ड्रेसिंग रूम में हैं। वह आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस विश्व कप में फॉर्म में नहीं हैं।

07:25 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: शमी ने बेयरस्टो को भी किया आउट

मोहम्मद शमी ने जॉनी बेयरस्टो को आउट कर टीम को चौथी सफलता दिलाई। यह मैच में उनका दूसरा विकेट है। शमी ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर बेयरस्टो को क्लीन बोल्ड कर दिया। इंग्लैंड के ओपनर ने 23 गेंद पर 14 रन बनाए थे। उनके आउट होने के बाद मोईन अली क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर कप्तान जोस बटलर खड़े हैं।

07:15 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: स्टोक्स का नहीं चला बल्ला

बेन स्टोक्स का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह 10 गेंद पर खाता भी नहीं खोल पाए और मोहम्मद शमी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इंग्लैंड के अब तीन विकेट गिर गए हैं। आठ ओवर में उसने 33 रन बनाए हैं। जॉनी बेयरस्टो का साथ देने के लिए जोस बटलर आए हैं।

06:59 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: बुमराह ने दो गेंद पर लिए दो विकेट

जसप्रीत बुमराह ने भारत को दोहरी सफलता दिलाई। उन्होंने पांचवें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर डेविड मलान और जो रूट को आउट किया। मलान 17 गेंद पर 16 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए जो रूट पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। रूट ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला भारत के पक्ष में ही आया। इंग्लैंड का स्कोर पांच ओवर में दो विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरस्टो के साथ बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

06:40 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की पारी शुरू हो गई है। डेविड मलान और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। इंग्लैंड ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 17 रन बना लिए हैं। मलान 10 और बेयरस्टो चार रन बनाकर नाबाद हैं।

06:04 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत की पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी। 40 रन तक टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल नौ रन बनाकर, विराट कोहली खाता खोले बिना और श्रेयस अय्यर चार रन बनाकर आउट हुए। विश्व कप के इतिहास में पहली बार कोहली खाता नहीं खोल सके। वहीं, श्रेयस एक बार फिर शॉर्ट बॉल पर आउट हुए। इसके बाद रोहित ने केएल राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी निभाई। राहुल 58 गेंद में तीन चौके की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच रोहित ने वनडे करियर का 54वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 66 गेंद में पचास रन बनाए। इसके बाद रोहित ने सूर्यकुमार के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी निभाई। शतक से 13 रन दूर रोहित आदिल रशीद की गेंद पर लिविंगस्टोन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 101 गेंद पर 87 रन की अपनी पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाए।

रवींद्र जडेजा आठ रन बनाकर आउट हुए। आखिर में सूर्या ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। वह 47 गेंद पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। शमी एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने नौवें विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी निभाई। बुमराह आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। वह 25 गेंद में 16 रन बना सके। कुलदीप नौ रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से विली ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, क्रिस वोक्स और आदिल रशीद को दो-दो विकेट मिले। मार्क वुड को एक विकेट मिला।

05:57 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत ने इंग्लैंड को 230 रन का लक्ष्य दिया

भारत ने इंग्लैंड को 230 रन का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 229 रन बनाए। भारतीय टीम एकमात्र ऐसी टीम है जो इस विश्व कप में अब तक ऑलआउट नहीं हुई है।भारत के लिए रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 87 रन बनाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 49 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से डेविड विली ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।

05:39 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत को आठवां झटका

47वें ओवर में 208 के स्कोर पर भारत को आठवां झटका लगा। सूर्यकुमार यादव अर्धशतक से चूक गए। वह 47 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेविड विली ने क्रिस वोक्स के हाथों कैच कराया। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 214 रन है।

05:12 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत को सातवां झटका

भारत को 183 के स्कोर पर सातवां झटका। मार्क वुड ने मोहम्मद शमी को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। वह एक रन बना सके। फिलहाल जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 42 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 183 रन है।

05:07 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत को छठा झटका

41वें ओवर में 182 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। आदिल रशीद ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 13 गेंद में आठ रन बना सके। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट गंवाकर 183 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव का साथ निभाने मोहम्मद शमी आए हैं।

04:50 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: रोहित शर्मा आउट

37वें ओवर में 164 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 101 गेंद में 10 चौके और तीन छक्के की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आदिल रशीद ने लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। रोहित ने पांचवें विकेट के लिए सूर्यकुमार के साथ 33 रन की साझेदारी निभाई। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 165 रन है। फिलहाल रवींद्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

04:46 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: रोहित और सूर्यकुमार क्रीज पर

36 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 163 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 99 गेंद में 87 रन और सूर्यकुमार यादव 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी हो चुकी है।

04:19 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत का चौथा विकेट गिरा

131 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 58 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। डेविड विली ने उन्हें जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। अब रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 31 ओवर के बाद भारत का स्कोर 137/4 है।

04:09 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: रोहित-राहुल ने संभाली पारी

रोहित शर्मा और केएल राहुल के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित 76 गेंद में 67 रन और केएल राहुल 54 गेंद में 38 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 118 रन है।

04:00 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: भारत का स्कोर 100 रन के पार

25 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 43 गेंद में 30 रन और रोहित शर्मा 69 गेंद में 57 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 60 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

03:52 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: रोहित शर्मा का अर्धशतक

रोहित शर्मा ने 66 गेंद पर वनडे करियर का 54वां अर्धशतक जड़ा। यह उनका इस टूर्नामेंट में तीसरा 50+ स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वह खाता नहीं खोल सके थे। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ 86, अफगानिस्तान के खिलाफ 131, बांग्लादेश के खिलाफ 48 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 रन की पारी खेली थी। 24 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 89 रन है। रोहित फिलहाल 69 गेंद पर 57 रन और केएल राहुल 37 गेंद पर 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है।

03:34 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: भारत की पारी के 20 ओवर समाप्त

भारत की पारी के 20 ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने तीन विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। कप्तान रोहित शर्मा 44 और केएल राहुल 16 रन बनाकर नाबाद हैं। रोहित अपने 54वें अर्धशतक के करीब हैं। उन्होंने राहुल के साथ चौथे विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी कर ली है।

03:15 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: रोहित शर्मा को जीवनदान

16वें ओवर में रोहित शर्मा को जीवनदान मिला। इस ओवर में मार्क वुड गेंदबाजी कर रहे थे। पांचवीं गेंद सीधे जाकर रोहित के पैड पर लगी। फील्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने आउट करार दिया। इस पर रोहित ने डिसीजन रिव्यू सिस्टम का इस्तेमाल किया। डीआरएस में रीप्ले में दिखा कि गेंद लेग स्टंप को मिस कर रही थी। ऐसे में रोहित को जीवनदान मिला। इसकी अगली ही गेंद यानी 16वें ओवर छठी गेंद पर रोहित ने चौका जड़कर बदला लिया। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 55 रन है। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 50 गेंद में 37 रन और केएल राहुल पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।

02:57 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: भारत को तीसरा झटका

12वें ओवर में 40 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 16 गेंद चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने क्रिस वोक्स ने मार्क वुड के हाथों कैच कराया। श्रेयस एक बार फिर छोटी गेंद यानी शॉर्ट बॉल पर आउट हुए। यह उनकी कमजोरी है और इस टूर्नामेंट में लगातार कई बार वह इसी गेंद पर आउट हुए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी वह शॉर्ट बॉल पर ही आउट हुए थे। छोटी गेंद को पुल करने के चक्कर में श्रेयस अपना विकेट गंवा बैठे। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 40 रन है। रोहित का साथ निभाने के लिए केएल राहुल आए हैं।

02:50 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: पावरप्ले में इंग्लैंड की शानदार बॉलिंग

इंग्लैंड ने पावरप्ले यानी शुरुआती 10 ओवर में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सिर्फ 35 रन दिए और दो विकेट झटके। क्रिस वोक्स ने शुभमन गिल (9) को क्लीन बोल्ड किया, जबकि डेविड विली ने विराट कोहली (0) को स्टोक्स के हाथों कैच कराया। फिलहाल रोहित शर्मा 30 गेंद में 24 रन और श्रेयस अय्यर दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

02:34 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: शुभमन के बाद विराट कोहली भी आउट

भारत को 26 पर पहला झटका लगा था। अब 27 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा है। विराट कोहली खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। कोहली आठ गेंद से खाता नहीं खोल पाए थे और वह दबाव में दिख रहे थे। नौवीं गेंद पर शॉट लगाने के चक्कर में विराट ने स्टोक्स को कैच थमा दिया। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर और कप्तान रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।

02:20 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को चौथे ओवर में 26 के स्कोर पर पहला झटका लगा। क्रिस वोक्स ने इनस्विंग बॉल पर शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। शुभमन 13 गेंद में नौ रन बना सके। इसमें एक चौका शामिल है। रोहित का साथ निभाने विराट कोहली आए हैं।

02:16 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: रोहित की तूफानी बल्लेबाजी

विली का पहला ओवर मेडन रहा था और इसकी भरपाई उन्होंने विली के दूसरे ओवर में की। इस ओवर में रोहित के दो छक्के और एक चौका समेत भारत ने 18 रन बटोरे। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 22 रन है।

02:11 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: शुभमन ने चौके के साथ खोला खाता

शुभमन गिल ने दूसरे ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया का खाता खोला। पहला ओवर मेडन रहा था। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए चार रन है।

02:05 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live Score: पहला ओवर रहा मेडन

डेविड विली ने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया। स्ट्राइक पर रोहित शर्मा थे। विली ने सारी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर रखी। तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही है। रोहित के साथ शुभमन ओपनिंग के लिए आए हैं। विली का पहला ओवर मेडन रहा।

01:34 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव।

इंग्लैंड: जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कप्तान/विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोईन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल रशीद, मार्क वुड।

01:33 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

भारत के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। बटलर ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी ही चुनते, क्योंकि चेज करते हुए टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में टीम खुद को चुनौती देना चाहती है। रोहित ने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी सूर्यकुमार यादव और शमी ही खेलते दिखेंगे।

01:26 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इंग्लैंड हारा तो टूर्नामेंट से होगा बाहर

केवल दो बार डिफेंडिंग चैंपियन नॉकआउट में पहुंचने में असफल रहा है। 1992 में ऑस्ट्रेलिया और 1999 में श्रीलंका नॉकआउट स्टेज में पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाया था। इंग्लैंड आज का मैच हारता है तो टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो जाएगा।

01:16 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इकाना में भारत-इंग्लैंड मैच को लेकर बड़ी खबर

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी भारत-इंग्लैंड का मैच देखने इकाना स्टेडियम पहुंचेंगे। आज शाम चार बजे अखिलेश यादव मैच देखने जाएंगे।

12:17 PM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: लखनऊ का रिकॉर्ड

लखनऊ में इस विश्व कप का यह चौथा मैच होगा। अब तक यहां तीन मैच खेले गए हैं। लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम तीन में से दो मैचों में जीती है। अब तक 47 विकेट गिरे हैं। इनमें से 26 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं। वहीं, 15 विकेट स्पिन गेंदबाजों के हिस्से आए हैं। ऐसा माना रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद पहुंचाएगा।

11:57 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: इस विश्व कप में दोनों टीमों का सफर

भारत ने इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराया है। वह जीत के क्रम को बरकरार रखने के लिए लखनऊ में उतरेगा। इंग्लैंड की बात करें तो गत विजेता टीम की हालत खराब है। उसका कोई भी बल्लेबाज फॉर्म में नहीं है। गेंदबाज भी लय में नहीं हैं। इंग्लैंड की टीम पिछले कुछ मैचों से दो-तीन बदलावों के साथ उतर रही है। इंग्लैंड को पहले मैच में न्यूजीलैंड ने हराया था। उसके बाद उसने बांग्लादेश को हराकर वापसी की, लेकिन फिर हार का क्रम शुरू हुआ। उसे अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका ने भी हरा दिया।

11:41 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: 20 साल बाद इंग्लैंड को हराने उतरेगी टीम इंडिया

विश्व कप में भारत 1983, 1999 और 2003 में जीता है। वहीं, इंग्लैंड ने 1975, 1987, 1992 और 2019 में जीता है। 2011 में दोनों टीमों के बीच मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ था। ऐसे में टीम इंडिया 20 साल बाद इंग्लैंड को फिर से वनडे विश्व कप में हराना चाहेगी।

10:56 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारत में विश्व कप में दोनों का रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच विश्व कप के आठ मुकाबलों में दो भारत में हुए हैं। इनमें एक मैच इंग्लैंड ने जीता और एक बराबरी पर खत्म हुआ। हालांकि, वनडे विश्व कप में भारत 2003 के बाद से इंग्लैंड को नहीं हरा पाया है।
 

विश्व कप में भारत vs इंग्लैंड
नतीजा टॉस किसने जीता बैटिंग मैदान साल
इंग्लैंड 202 रन से जीता इंग्लैंड पहले लार्ड्स 1975
भारत 6 विकेट से जीता इंग्लैंड बाद में मैनचेस्टर 1983
इंग्लैंड 35 रन से जीता भारत बाद में वानखेड़े 1987
इंग्लैंड 9 रन से जीता इंग्लैंड बाद में पर्थ 1992
भारत 63 रन से जीता इंग्लैंड पहले बर्मिंघम 1999
भारत 82 रन से जीता भारत पहले डरबन 2003
टाई भारत पहले बंगलूरू 2011
इंग्लैंड 31 रन से जीता इंग्लैंड बाद में बर्मिंघम 2019

10:23 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: वनडे विश्व कप में दोनों टीमों का रिकॉर्ड

वनडे विश्व कप में दोनों टीमें आठ बार आमने-सामने आई हैं। भारत को तीन और इंग्लैंड को चार बार जीत मिली है। एक मैच बराबरी पर छूटा है।

10:21 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: भारतीय जमीन पर वनडे में दोनों का रिकॉर्ड

भारतीय जमीन पर दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो 51 में से 33 मैच भारत के नाम रहे हैं। वहीं, इंग्लैंड ने 17 मैच जीते हैं। एक मैच बराबरी पर छूटा है।

09:59 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Live: दोनों टीमों का वनडे रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच कुल 106 वनडे मैच हुए हैं। इनमें से 57 भारत ने जीते हैं, जबकि 44 में इंग्लैंड को जीत मिली है। दो मैच बराबरी पर छूटे हैं और तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।

09:08 AM, 29-Oct-2023

IND vs ENG Highlights: भारत ने विश्व कप में लगातार छठी जीत हासिल की, लखनऊ में इंग्लैंड को 100 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज वनडे विश्व कप 2023 के 29वें मैच में भारत का मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियंस इंग्लैंड से है। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है। हालांकि, इंग्लैंड ने इस विश्व कप में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन दिन होने पर यह टीम किसी भी टीम को शिकस्त दे सकती है। यह मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें