संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी के बाद भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने सैमसन की तूफानी अर्धशतकीय पारी (89 रन) की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी। उनके लिए जैकब बेथेल ने 105 रन बनाए। वहीं, भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने दो विकेट लिए जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
अब टीम इंडिया का सामना रविवार को इस विश्व कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड से होगा। रविवार यानी 8 मार्च को खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर उतरेगा।
सैम करन 18 रन बनाकर आउट हो गए। हार्दिक को यह सफलता मिली। अब ओवरटन आए हैं।
जैकब बेथेल ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया है।
जैकब बेथेल ने 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और विल जैक्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 11 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 131 रन बना लिए हैं।
अक्षर पटेल ने टॉम बेंटन को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। बेंटन पांच गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड को दूसरा झटका बुमराह ने दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह सात रन बनाकर आउट हुए। अब बटलर का साथ देने जैकब बेथल आए हैं।
हार्दिक पांड्या ने भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने फिल सॉल्ट को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। अब बटलर का साथ देने हैरी ब्रूक आए हैं।
इंग्लैंड की पारी शुरू हो चुकी है। फिल सॉल्ट और जोस बटलर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत ने इंग्लैंड के सामने 254 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 253 रन बनाए। उनके लिए संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, शिवम दुबे ने 43 रन बनाए। इस मैच में इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर ने एक सफलता अपने नाम की।
भारत को पांचवां झटका शिवम दुबे के रूप में लगा। वह रन आउट हो गए। दुबे ने इस मैच में 25 गेंदों का सामना किया और 43 रन बनाकर आउट हुए। अब हार्दिक पांड्या का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।
भारत को चौथा झटका आदिल रशीद ने दिया। उन्होंने बटलर के हाथों सूर्यकुमार यादव को आउट कराया। वह छह गेंदों में सिर्फ 11 रन बना सके। अब शिवम दुबे का साथ देने हार्दिक पांड्या आए हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर चार विकेट पर 190 रन है।
14 ओवर का खेल पूरा हो चुका है। भारत ने तीन विकेट पर 167 रन बना लिए हैं। शिवम दुबे 20 और सूर्यकुमार यादव चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
इंग्लैंड को तीसरी सफलता विल जैक्स ने दिलाई। उन्होंने संजू सैमसन को फिल सॉल्ट के हाथों कैच कराया। वह 42 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के की मदद से 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब शिवम का साथ देने सूर्यकुमार यादव आए हैं।
भारक के 150 रन पूरे हो चुके हैं। सैसमन शतक के करीब पहुंच गए हैं। वह 82 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। शिवम भी 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत को दूसरा झटका आदिल रशीद ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को विल जैक्स के हाथों कैच कराया। वह 18 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। अब सैमसन का साथ देने शिवम दुबे आए हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 119 रन है।
संजू सैमसन ने 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और भारत के लिए सही समय पर फॉर्म में लौटे हैं। इससे पहले उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।
पावरप्ले समाप्त हो चुका है और भारत ने 11 के नेट रन रेट से बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। अभिषेक शर्मा नौ रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल संजू सैमसन 41 और ईशान किशन 16 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
भारत को पहला झटका विल जैक्स ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को कैच आउट कराया। वह सिर्फ नौ रन बना सके। अब सैमसन का साथ देने ईशान किशन आए हैं।
भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन क्रीज पर मौजूद हैं।
टी20 विश्व कप 2026 के ब्रांड एम्बेसडर और भारत को 2024 में टी20 विश्व कप का खिताब जिताने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी इस अहम मुकाबले के लिए स्टेडियम में मौजूद हैं।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया कि उनकी टीम में जेमी ओवरटन की वापसी हुई है। उन्हें रेहान अहमद की जगह मौका मिला है। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं होने की जानकारी दी।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बेंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉवसन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।
छोटी बाउंड्री वाले मैदान पर अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन जोड़ी के पास गलती की गुंजाइश नहीं होगी। वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कुछ महंगे साबित होने के बाद वरुण को लगातार सही लेंथ पर गेंदबाजी करनी होगी। जसप्रीत बुमराह हमेशा की तरह शानदार रहे हैं, लेकिन आखिरी पांच ओवरों में गेंदबाजों को थोड़ा और बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। यह देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यकुमार किस तरह अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि शिवम दुबे छठे गेंदबाजी विकल्प के रूप में बहुत सफल नहीं रहे हैं। कुलदीप यादव को टीम में रखना आकर्षक विकल्प रहा है, लेकिन भारत का अपनी अंतिम एकादश में फेरबदल करने की संभावना कम ही है।
आमतौर पर भारत विजयी संयोजन में बदलाव नहीं करता है, लेकिन इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कुछ बदलाव किए हैं। पिछले मैच में टीम ने कोई बदलाव नहीं किया था और उसे सफलता मिली थी। इस बार भी बदलाव की संभावना नजर नहीं आती है। अगर खिलाड़ी फिट रहे तो भारत उसी एकादश के साथ उतर सकता है जो वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने उतरी थी। ऐसे में रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को फिर बाहर बैठना पड़ सकता है।
संजू सैमसन को पावरप्ले में बाएं हाथ के शीर्ष तीन बल्लेबाजों की मौजूदगी को खत्म करने के लिए फिर से प्लेइंग-11 में जगह दी गई और उसका यह फैसला कारगर साबित हुआ। भारत के लिए डेब्यू करने के 10 साल से अधिक समय बाद सैमसन ने आखिरकार भारत की तरफ से अपनी सर्वश्रेष्ठ पारी खेली। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रन की नाबाद पारी खेलकर बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ी। खेल में कब किसकी किस्मत चमकने लग जाए कहा नहीं जा सकता। विश्व कप से पहले अभिषेक अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में थे, जबकि सैमसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण अंतिम एकादश में अपनी जगह गंवानी पड़ी थी। अब हालात बदल गए हैं और अभिषेक को आत्मविश्वास बढ़ाने वाली शानदार पारी की सख्त जरूरत है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सुपर आठ में जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक तो बनाया, लेकिन अभी भी वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म से काफी दूर हैं।
टूर्नामेंट की शुरुआत में प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम प्रतियोगिता में मजबूत टीमों के खिलाफ एक भी मैच में शानदार प्रदर्शन नहीं कर पाई। भले ही उसने ग्रुप चरण के अपने सभी मैच जीते, लेकिन सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका से मिली करारी हार से उसकी कमजोरियां भी सामने आ गई। इसके बाद हालांकि भारतीय टीम ने लचीला दृष्टिकोण अपनाया जिससे वह सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। भारत के लिए अब तक एक या दो खिलाड़ी ही मैच जिता रहे हैं, लेकिन सेमीफाइनल की बाधा पार करनी है तो टीम के एक यूनिट के रूप में प्रदर्शन करना होगा। भारत के लिए पिछले दो मैचों से रिंकू सिंह को प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला है। पिता के निधन के बाद भी रिंकू टीम से जुड़ गए थे, ऐसे में यह देखना होगा कि किस तरह रिंकू के लिए प्लेइंग-11 में जगह बना सकती है।
गत चैंपियन भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर है। भारत के सामने एक बार फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड की चुनौती होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2022 और 2024 में सेमीफाइनल की टक्कर हो चुकी है। भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता फिलहाल अभिषेक शर्मा का रन नहीं बना पाना है। फॉर्म में नहीं होने के बावजूद अभिषेक को लगातार मौके मिले हैं, लेकिन क्या उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ मौका मिलेगा ये देखना दिलचस्प होगा।
Live Cricket Score (IND vs ENG) India vs England T20 World Cup Semi Final: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम पहले सेमीफाइनल की विजेता न्यूजीलैंड से रविवार यानी 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में भिड़ेगी।