फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ind vs Eng Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत को 52 रन की बढ़त; इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर सिमटी

Fri, 01 Aug 2025 11:55 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

खास बातें

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन बना लिए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 52 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले मेजबानों की पहली पारी 247 रन पर सिमटी थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। इस आधार पर इंग्लैंड को 23 रन की बढ़त हासिल हुई थी। शुक्रवार का खेल समाप्त होने तक यशस्वी जायसवाल 49 गेंदों में 51 और आकाश दीप दो गेंदों में चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। 
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:55 PM, 01-Aug-2025

दूसरे दिन का खेल समाप्त

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन बना लिए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 52 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले मेजबानों की पहली पारी 247 रन पर सिमटी थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। इस आधार पर इंग्लैंड को 23 रन की बढ़त हासिल हुई थी। शुक्रवार का खेल समाप्त होने तक यशस्वी जायसवाल 49 गेंदों में 51 और आकाश दीप दो गेंदों में चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। 

भारत की दूसरी पारी
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने भारतीय टीम को दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जोश टंग ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को रूट के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों में सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए साई सुदर्शन 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें गस एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 44 गेंदों में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा सीरीज में यह उनका तीसरा पचासा है। दिन का खेल समाप्त होने तक बाएं हाथ के बल्लेबाज 51 और आकाश दीप चार रन बनाकर डटे हैं।

11:43 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 70 पर भारत को दूसरा झटका

भारत को दूसरा झटका 70 रन के स्कोर पर लगा। गस एटकिंसन ने साई सुदर्शन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 29 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। अब यशस्वी जायसवाल का साथ देने आकाश दीप आए हैं।

11:38 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: जायसवाल का तीसरा अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 44 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। मौजूदा सीरीज में यह युवा बल्लेबाज का तीसरा अर्धशतक है।

विज्ञापन
11:06 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 46 पर भारत को पहला झटका

भारत को पहला झटका 46 रन के स्कोर पर लगा। उन्होंने केएल राहुल को अपना शिकार बनाया। वह सात रन बनाकर आउट हुए। अब जायसवाल का साथ देने साई सुदर्शन आए हैं।

10:43 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत को इंग्लैंड पर बढ़त

भारत ने इंग्लैंड पर पांच रन की बढ़त हासिल कर ली है। यशस्वी जायसवाल 24 और राहुल तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:22 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत की दूसरी पारी शुरू

भारत की दूसरी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।

10:13 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड की पहली पारी समाप्त

इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर समाप्त हो गई और मेजबानों को भारत पर 23 रन की बढ़त मिली है। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 10 विकेट पर 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार विकेट झटके। वहीं, आकाश दीप को एक सफलता मिली।

जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई जिसे आकाश दीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को अपना शिकार बनाया जो 38 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन बना पाए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान ओली पोप ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 37 रन जोड़े। क्राउली 57 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन की राह दिखाई। 

दूसरे सत्र में भारत ने गेंदबाजों के दम पर शानदार वापसी की। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सत्र में तीन-तीन विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया। क्राउली के बाद ओली पोप (22), जो रूट (29), जैकब बेथेल (6), जेमी स्मिथ (8), जेमी ओवरटन (0) ने अपने विकेट खोए। इंग्लैंड ने तीसरे सत्र में भारत पर बढ़त जरूर हासिल की, लेकिन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। गस एटकिंसन 11 और हैरी ब्रूक 53 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जोश टंग बिना खाता खोले नाबाद रहे। क्रिस वोक्स पहले ही चोट के कारण बाहर हो गए। यही वजह है कि इंग्लैंड नौ बल्लेबाजों के साथ उतरी है।

10:07 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: ब्रूक का अर्धशतक

हैरी ब्रूक का अर्धशतक पूरा हो गया है। वह 53 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं और उनका साथ देने के लिए जोश टंग मौजूद हैं। इंग्लैंड ने भारत पर 23 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

09:17 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

बारिश के कारण मैच रुक गया है। इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 242 रन बना लिए हैं। हैरी ब्रूक 49 गेंदों में 48 और जोश टंग बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने भारत पर 18 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

09:05 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को आठवां झटका

इंग्लैंड को आठवां झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने आकाश दीप के हाथों गस एटकिंसन को कैच आउट कराया। वह 16 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। अब हैरी ब्रूक का साथ देने जोश टंग आए हैं। इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 235 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को भारत पर 11 रन की बढ़त मिल गई है।

08:58 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: तीसरे सत्र का खेल जारी, इंग्लैंड को भारत पर बढ़त

तीसरे सत्र का खेल जारी है। इंग्लैंड ने भारत पर एक रन की बढ़त हासिल कर ली है। गस एटकिंसन तीन और हैरी ब्रूक 40 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ सात विकेट पर 225 रन बना लिए हैं।

08:27 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: दूसरे सत्र का खेल समाप्त

दूसरे सत्र में भारत ने गेंदबाजों के दम पर शानदार वापसी की है। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को तीन-तीन विकेट मिले हैं जबकि आकाश दीप ने एक सफलता अपने नाम की है। फिलहाल क्रीज पर हैरी ब्रूक 36 गेंदों में 33 रन बनाकर मौजूद हैं। इंग्लैंड ने चायकाल तक सात विकेट पर 215 रन बना लिए हैं। फिलहाल भारत से मेजबान नौ रन पीछे हैं, क्योंकि भारत की पहली पारी 224 रन पर सिमटी थी।

08:21 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड को छठा झटका

इंग्लैंड को छठा झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना पाए। अब क्रीज पर ब्रूक का साथ देने जेमी ओवरटन आए हैं। इंग्लैंड ने छह विकेट पर 215 रन बना लिए हैं और भारत से नौ रन पीछे है।

07:57 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: पांचवां विकेट गिरा

इंग्लैंड को पांचवां झटका भी मोहम्मद सिराज ने ही दिया। उन्होंने जैकब बेथेल को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना पाए।

07:37 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: जो रूट 29 रन बनाकर आउट

इंग्लैंड को चौथा झटका भी मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने जो रूट को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 45 गेंदों में 29 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल मौजूद हैं।

06:55 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 142 पर इंग्लैंड को तीसरा झटका

इंग्लैंड को तीसरा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने ओली पोप को अपना शिकार बनाया और एलबीडब्ल्यू आउट किया। पोप 22 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर जो रूट का साथ देने हैरी ब्रूक आए हैं।

06:34 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 129 पर इंग्लैंड को दूसरा झटका

इंग्लैंड को दूसरा झटका प्रसिद्ध कृष्णा ने दिया। उन्होंने जैक क्राउली को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराया। वह 64 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। अब ओली पोप का साथ देने जो रूट आए हैं। इंग्लैंड ने दो विकेट पर 130 रन बना लिए हैं और भारत से सिर्फ 94 रन पीछे है।

06:12 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। जैक क्राउली और ओली पोप क्रीज पर मौजूद हैं। भारत से इंग्लैंड अभी 114 रन पीछे है।

05:46 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: पहले सत्र का खेल समाप्त

पहले सत्र का खेल समाप्त हो गया। इंग्लैंड ने लंच तक एक विकेट पर 109 रन बना लिए हैं। जैक क्राउली 43 गेंदों में 52 और ओली पोप 16 गेंदों में 12 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। फिलहाल इंग्लैंड की टीम भारत से 115 रन पीछे है।

05:26 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: जैक क्राउली का अर्धशतक

जैक क्राउली ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

05:16 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: 92 पर इंग्लैंड को पहला झटका

इंग्लैंड को पहला झटका आकाश दीप ने दिया। उन्होंने बेन डकेट को जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 38 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए डकेट और क्राउली के बीच 92 रन की साझेदारी हुई। अब क्राउली का साथ देने कप्तान ओली पोप आए हैं।

05:01 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: क्राउली-डकेट के बीच 70+ रन की साझेदारी

क्राउली और डकेट के बीच 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। फिलहाल इंग्लैंड भारत से 150+ रन पीछे है।

04:10 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: इंग्लैंड की पहली पारी शुरू

इंग्लैंड की पहली पारी शुरू हो चुकी है। जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर मौजूद हैं।

04:02 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत की पहली पारी समाप्त

दूसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं हुई। आधे घंटे के भीतर पहली पारी 224 रन के स्कोर पर सिमट गई। शुक्रवार का खेल छह विकेट पर 204 के स्कोर से शुरू हुआ था। उस वक्त करुण नायर 98 गेंदों में 52 और वाशिंगटन सुंदर 45 गेंदों में 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। जोश टंग पहले करुण नायर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 109 गेंदों में आठ चौके की मदद से 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद गस एटकिंसन ने वाशिंगटन सुंदर को अपना शिकार बनाया। वह 55 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा बिना खाता खोले आउट हो गए। आकाश दीप खाता खोले बिना नाबाद रहे। इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने पांच विकेट लिए जबकि जोश टंग को तीन विकेट मिले वहीं, क्रिस वोक्स ने एक सफलता हासिल की।

03:49 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: करुण के बाद सुंदर आउट

भारत को आठवां झटका लगा है। गस एटकिंसन ने वाशिंगटन सुंदर को अपना शिकार बनाया। वह 55 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। अब आकाश दीप का साथ देने मोहम्मद सिराज आए हैं।

03:45 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत को सातवां झटका

भारत को सातवां झटका जोश टंग ने दिया। उन्होंने करुण नायर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब वाशिंगटन सुंदर का साथ देने आकाश दीप आए हैं।

03:30 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: दूसरे दिन का खेल शुरू

दूसरे दिन का खेल शुरू हो गया है। करुण नायर 98 गेंदों में 52 और वाशिंगटन सुंदर 45 गेंदों में 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। शुक्रवार का खेल छह विकेट पर 204 रन से शुरू हो रहा है।

03:20 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: बुमराह को रिलीज किया गया

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रिलीज कर दिया गया है। इसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को दी। वह अब भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले के लिए चुने गए स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं।

03:02 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: भारत की प्लेइंग 11 में चार बदलाव

भारत ने अपनी एकादश में चार बदलाव करते हुए जसप्रीत बुमराह, अंशुल कंबोज, शारदुल ठाकुर और चोटिल ऋषभ पंत की जगह फिट हो चुके आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, करुण नायर और ध्रुव जुरेल को शामिल किया। इंग्लैंड ने भी चार बदलाव किए। टीम ने बुधवार को ही इसकी घोषणा कर दी थी क्योंकि चोटिल कप्तान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे।

03:01 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: एटकिंसन ने अपने दूसरे ओवर में जायसवाल को आउट किया

सीरीज का अपना पहला मैच खेल रहे एटकिंसन ने अपने दूसरे ओवर में जायसवाल (02) को आउट किया। मैदानी अंपायर ने आउट नहीं दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर उन्हें फैसला बदलना पड़ा क्योंकि अंदर आती गेंद स्टंप्स पर लगती। अन्य तेज गेंदबाजों जोश टंग और जेमी ओवरटन को नियंत्रण बनाए रखने में दिक्कत हुई। टंग ने अपने पहले ओवर में 12 रन दिए जिसमें स्टंप के दोनों ओर दो वाइड के जरिए 10 रन शामिल थे। खेल के पहले घंटे में भारत का स्कोर एक विकेट पर 36 रन हो गया। अच्छी फॉर्म में चल रहे राहुल (14 रन) आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। क्रिस वोक्स की शॉर्ट गेंद को कट करने की कोशिश में वह विकेटों पर खेल गए। सुदर्शन ने टंग और वोक्स की गेंदों पर चौके जड़े जबकि मौजूदा सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाज गिल ने ओवरटन की गेंद को कवर के ऊपर से चार रन के लिए भेजा और फिर पुल करके दोनों ओर बाउंड्री लगाई।

03:00 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: लंच तक दो विकेट पर 72 रन

इसके कुछ देकर बाद फिर बारिश होने लगी और खिलाड़ियों को वापस लौटना पड़ा जिसके कुछ देकर बाद चाय का ब्रेक लिया गया। गिल मौजूदा सीरीज में अब तक 743 रन बना चुके हैं और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पछाड़कर एक सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। गावस्कर ने 1978-79 की टेस्ट श्रृंखला में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे। भारत ने घास की मौजूदगी वाली पिच पर सुबह के सत्र में अपने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और लोकेश राहुल के विकेट गंवाए लेकिन लंच तक दो विकेट पर 72 रन बनाकर अच्छा प्रदर्शन किया। सीरीज की अब तक की सबसे अधिक घास की मौजूदगी वाली पिच पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गिल ने मौजूदा सीरीज में पांचों बार टॉस गंवाया। गेंद उम्मीद के मुताबिक सीम तो कर रही थी लेकिन बहुत ज्यादा स्विंग नहीं कर रही थी।

02:59 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: बारिश के कारण रुका मैच

नायर ने जेमी ओवरटन पर लगातार दो चौकों के साथ दबाव कम करने का प्रयास किया। नायर और वाशिंगटन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। नायर ने 62वें ओवर में जैकब बेथेल की गेंद पर दो रन के साथ 89 गेंद में अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया और साथ टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। इससे पहले बारिश के कारण लंच और चाय के बीच सिर्फ छह ओवर का खेल हो गया जिसमें भारत ने कप्तान शुभमन गिल (21) का विकेट गंवाकर 13 रन बनाए। लंच से पहले अचानक आई बारिश के कारण दूसरे सत्र का खेल स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे शुरू हुआ। क्रीज पर नजर जमाने के बाद गिल ने एटकिंसन की गेंद पर गैर जरूरी रन लेने का प्रयास किया और इस तेज गेंदबाज ने उन्हें रन आउट कर दिया।

02:59 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: सुंदर के साथ छठे विकेट के लिए नाबाद 51 रन की साझेदारी

भारत ने 153 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद नायर (नाबाद 52 रन, 98 गेंद, सात चौके) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 19 रन) ने सातवें विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को वापसी दिलाने का प्रयास किया। भारत के लिए पहले दो सत्र की तरह तीसरे सत्र में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक छोर पर टिककर खेल रहे साई सुदर्शन (38) टंग की शानदार आउटस्विंगर पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों लपके गए जिससे भारत का स्कोर चार विकेट पर 101 रन हो गया। नायर ने टंग के अगले ओवर में दो चौके मारे लेकिन इस तेज गेंदबाज ने रविंद्र जडेजा (09) को स्मिथ के हाथों कैच कराके भारत को पांचवां झटका दिया। जडेजा ने चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद शतक जड़कर वाशिंगटन के साथ मिलकर भारत को हार से बचाया था। ध्रुव जुरेल 19 रन की पारी के दौरान अच्छी लय में नजर आए। वह गस एटकिंसन की अंदर आती गेंद पर पगबाधा होने से बचे लेकिन अगली गेंद पर दूसरी स्लिप में हैरी ब्रूक को कैच दे बैठे।

02:58 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Live Score: करुण ने आठ साल बाद खेली 50+ रन की पारी

भारतीय टीम में वापसी कर रहे करुण नायर ने अर्धशतक जड़ा, लेकिन गस एटकिंसन और जोश टंग की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित पहले दिन मेहमान टीम का पहली पारी में स्कोर छह विकेट पर 204 रन करके अपना पलड़ा भारी रखा। एटकिंसन (31 रन पर दो विकेट) और टंग (47 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और गेंदबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में नायर के अलावा उसका कोई अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। बारिश के कारण पहले दिन 64 ओवर का ही खेल संभव हो पाया। यह करुण के टेस्ट करियर का दूसरा 50+ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ ही नाबाद 303 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उनकी यह पहली 50+ रन की पारी है। 

02:56 PM, 01-Aug-2025

Ind vs Eng Highlights: दूसरे दिन का खेल समाप्त, भारत को 52 रन की बढ़त; इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर सिमटी

Live Cricket Score, India vs England (Ind vs Eng) 5th Test 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। आज इस मैच का दूसरा दिन है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। फिलहाल भारत की पहली पारी जारी है और शुक्रवार का खेल छह विकेट पर 204 रन से शुरू होगा। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें