फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हराया, गिल-विराट के बाद गेंदबाजों ने बरपाया कहर

Wed, 12 Feb 2025 08:50 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

Live Cricket Score Today, India vs England 3rd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। तीसरे वनडे में भारतीय टीम ने शुभमन गिल की शतकीय और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में 10 विकेट पर 356 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.2 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 214 रन बना सकी। इस तरह भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हरा दिया और तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से इंग्लैंड का सूपड़ा साफ कर दिया।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:23 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हराया

भारत ने इंग्लैंड को तीसरे वनडे में 142 रन से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुभमन गिल की शतकीय और विराट कोहली की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 50 ओवर में 10 विकेट पर 356 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 34.2 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 214 रन बना सकी। 

भारत की इंग्लैंड पर दूसरी सबसे बड़ी जीत
भारत की यह इंग्लैंड पर दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2008 में इंग्लैंड को राजकोट में 158 रन से हराया था। रोहित शर्मा की टीम ने इंग्लैंड का सूपड़ा साफ कर चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपना दम दिखा दिया है। 19 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज होगा जिसमें भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 फरवरी से करेगी।

भारत की इंग्लैंड पर सबसे बड़ी जीत

अंतर  स्थान वर्ष
158 रन राजकोट 2008
142 रन अहमदाबाद 2025*
133 रन कार्डिफ 2014
127 रन कोच्चि 2013
126 रन हैदराबाद 2011

ताश के पत्तों की तरह बिखरी इंग्लैंड की टीम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी हुई। फिल सॉल्ट और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई जिसे अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को सातवें ओवर में अपना शिकार बनाया। वह 22 गेंदों में 34 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद तेज गेंदबाज ने नौवें ओवर में सॉल्ट को आउट किया। वह 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा टॉम बैंटन और जो रूट ने संभाला। दोनों के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, यह साझेदारी ज्यादा बड़ी नहीं हो सकी और कुलदीप यादव ने बैंटन को अपना शिकार बनाकर इसे तोड़ दिया। दाएं हाथ के बल्लेबाज इस मैच में 38 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए रूट 24, ब्रूक 19, बटलर छह, लिविंगस्टोन नौ, आदिल रशीद शून्य, वुड नौ, एटकिंसन 38 और साकिब ने दो रन* बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए। इसके अलावा वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाया।

08:03 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: आदिल रशीद खाता खोले बिना आउट हुए

इंग्लैंड को आठवां झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने आदिल रशीद को बोल्ड किया। वह खाता खोले बिना आउट हो गए। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्क वुड उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए गस एटकिंसन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:58 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: लिविंगस्टोन नौ रन बनाकर आउट हुए

इंग्लैंड को सातवां झटका लियाम लिविंगस्टोन के रूप में लगा। उन्हें केएल राहुल ने स्टंपिंग के जरिए आउट किया। वह सिर्फ नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आदिल रशीद उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए गस एटकिंसन क्रीज पर मौजूद हैं। 30 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 174/7 है।

विज्ञापन
07:47 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को लगा छठा झटका

इंग्लैंड को छठा झटका हैरी ब्रूक के रूप में लगा। उन्हें हर्षित राणा ने ही बोल्ड किया। वह 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए गस एटकिंसन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर मौजूद हैं।

07:33 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को लगा पांचवां झटका

इंग्लैंड को पांचवां झटका जोस बटलर के रूप में लगा। उन्हें हर्षित राणा ने अपना शिकार बनाया। वह छह रन बनाकर आउट हुए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए लियाम लिविंगस्टोन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए हैरी ब्रूक क्रीज पर मौजूद हैं। 

विज्ञापन
07:17 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: रूट 24 रन बनाकर लौटे पवेलियन

इंग्लैंड को चौथा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने जो रूट को बोल्ड किया। वह 24 रन बनाकर आउट हुए। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर आए हैं। उनका साथ देने के लिए हैरी ब्रूक क्रीज पर मौजूद हैं। 20.2 ओवर के बाद स्कोर 134/4 है।

07:09 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: बैंटन 38 रन बनाकर आउट

इंग्लैंड को तीसरा झटका 126 रन के स्कोर पर लगा। कुलदीप यादव ने टॉम बैंटन को अपना शिकार बनाया। वह 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हैरी ब्रूक उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए जो रूट क्रीज पर मौजूद हैं।

06:45 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live Score: बैंटन और रूट ने संभाला मोर्चा

80 के स्कोर पर दो विकेट खो चुकी इंग्लैंड के लिए टॉम बैंटन और जो रूट ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों के बीच 35* रन की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 115/2 है।

06:32 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 84/2

शुरुआती 10 ओवर में इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। अर्शदीप सिंह ने बेन डकेट (34) और फिल सॉल्ट (23) को अपना शिकार बनाया। फिलहाल क्रीज पर टॉम बैंटन और जो रूट मौजूद हैं।

06:26 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को दूसरा झटका लगा

इंग्लैंड को दूसरा झटका फिल सॉल्ट के रूप में लगा। उन्हें अर्शदीप सिंह ने अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। वह 23 रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जो रूट उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए टॉम बैंटन क्रीज पर मौजूद हैं।

06:20 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड को लगा पहला झटका

इंग्लैंड को पहला झटका बेन डकेट के रूप में लगा। उन्हें अर्शदीप सिंह अपना शिकार बनाया। वह 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टॉम बैन्टन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं। 

05:46 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड की पारी शुरू

इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करने के लिए तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए बेन डकेट और फिल सॉल्ट क्रीज पर उतरे हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।

05:13 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत की पारी समाप्त

शुभमन गिल के शतक और विराट कोहली तथा श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों से भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 357 रनों का लक्ष्य रखा है। भारतीय टीम की पारी 50 ओवर में 356 रन पर ऑलआउट हो गई। यह अहमदाबाद में वनडे में बनाया गया दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट स्पिनर आदिल राशिद ने लिए। भारत की ओर से गिल ने 102 गेंदों पर 14 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाए, जबकि श्रेयस ने 78 रन और कोहली ने 52 रनों की पारी खेली। पांचवें नंबर पर उतरे केएल राहुल 40 रन बनाकर आउट हुए। 

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पिछले मैच में शतक लगाने वाले कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में सस्ते में आउट हुए, लेकिन गिल और कोहली ने पहले भारत को संभाला, फिर शुभमन ने श्रेयस के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। शुभमन और श्रेयस जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो लग रहा था कि टीम 400 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रहेगी, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद इंग्लैंड कुछ हद तक वापसी करने में सफल रहा। 

पांचवें नंबर पर उतरे राहुल ने भी इस मैच में दम दिखाया, लेकिन वह अर्धशतक लगाने से चूक गए। निचले क्रम के बल्लेबाज उपयोगी योगदान नहीं दे सके, पर भारतीय टीम 350 का आंकड़ा पार करने में सफल रही। इंग्लैंड के लिए राशिद के अलावा मार्क वुड ने दो विकेट लिए, जबकि साकिब महमूद, गस एटकिंसन और जो रूट को एक-एक विकेट मिला। 

04:56 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा सातवां झटका

भारतीय टीम के बल्लेबाज केएल राहुल अर्धशतक लगाने से चूक गए हैं। राहुल 29 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाकर 40 रन बनाकर आउट हुए। साकिब महमूद ने केएल राहुल को अपना शिकार बनाया। 

04:43 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा छठा झटका

भारतीय टीम को अक्षर पटेल के रूप में छठा झटका लगा है। अक्षर पटेल 12 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें जो रूट ने टॉम बेंटन के हाथों कैच कराकर आउट किया। भारत ने 44 ओवर की समाप्ति के बाद छह विकेट पर 308 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर केएल राहुल के साथ वॉशिंगटन सुंदर मौजूद हैं। 

04:41 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 300 के पार

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में 300 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत के लिए शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली, जबकि विराट कोहली और श्रेयस अय्यर शतक लगाकर आउट हुए।

04:32 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को लगा पांचवां झटका

भारत को पांचवां झटका भी आदिल रशीद ने ही दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या को अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बनाकर आउट हो गए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अक्षर पटेल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। 

04:20 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: श्रेयस अय्यर आउट

भारत को चौथा झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। उन्हें आदिल रशीद ने फिल सॉल्ट के हाथों कैच कराया। वह 64 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। फिलहाल हार्दिक पांड्या छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। 39 ओवर के बाद टीम का स्कोर 266/4 है।

04:00 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: शुभमन गिल आउट

स्पिनर आदिल राशिद ने शुभमन गिल को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया है। गिल के आउट होने के साथ ही उनके और श्रेयस अय्यर के बीच 104 रनों की साझेदारी का अंत हो गया है। गिल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने अपने वनडे करियर का सातवां शतक जड़ा था। गिल 102 गेंदों पर 14 चौके और तीन छक्के की मदद से 112 रन बनाकर आउट हुए। 

03:54 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: श्रेयस का अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। श्रेयस का वनडे में यह 20वां पचासा है। श्रेयस और गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 100 से अधिक रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। गिल और श्रेयस शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे भारत का स्कोर 34वें ओवर में 220 के पार पहुंच गया है। 

03:43 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: शुभमन गिल का शतक

भारतीय टीम के उपकप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाड़ी अहमदाबाद में खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में शतक लगाया। शुभमन ने 95 गेंदों पर शतक पूरा किया जो उनका इस प्रारूप में सातवां सैकड़ा है। शुभमन इस सीरीज में शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने तीनों ही मैच में प्रभावित किया है। भारत का स्कोर भी 200 रन के पार पहुंच गया है, जबकि श्रेयस अय्यर भी अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं। 

03:18 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 160 के पार

शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं और 25 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 161 रन हो गया है। पहले दो मैचों की तरह गिल का बल्ला इस मैच में भी चल रहा है और वह 85 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनका साथ देने के लिए दूसरे छोर पर श्रेयस अय्यर खेल रहे हैं। 

02:58 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत को दूसरा झटका

भारत को 122 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। विराट कोहली 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आदिल रशीद ने पांचवीं बार वनडे में आउट किया। कोहली ने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल गिल का साथ देने श्रेयस अय्यर मैदान पर आए हैं।

02:52 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: विराट और गिल का अर्धशतक

भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल और विराट कोहली अहमदाबाद में चौके छक्कों की बरसात कर रहे हैं। दोनों ने अर्धशतक पूरा किया। शुभमन गिल ने इस सीरीज में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक और वनडे करियर का 16वां अर्धशतक बनाया। उन्होंने 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। विराट कोहली ने भी 51 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। यह इस सीरीज में उनका पहला और वनडे करियर का 73वां अर्धशतक रहा। दोनों के बीच अब तक 114 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को एकमात्र झटका रोहित शर्मा (1) के रूप में लगा। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 120 रन है।

02:50 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 100 के पार, गिल का अर्धशतक

भारत ने 17 ओवर में एक विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल ने इस सीरीज में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक और वनडे करियर का 16वां अर्धशतक बनाया। उन्होंने 51 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। विराट कोहली भी अर्धशतक के करीब हैं।

02:26 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत का स्कोर 60 के पार

विराट कोहली और शुभमन गिल ने भारतीय पारी को संभाला जिससे भारत का स्कोर 12 ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 65 रन हो गया है। कप्तान रोहित इस मैच में जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन कोहली और गिल ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर पावरप्ले तक भारत को और झटका नहीं लगने दिया। 

02:00 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: कोहली-गिल क्रीज पर

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने भारतीय पारी को संभाला। भारत ने अब तक छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड का मार्क वुड ने पहली सफलता दिलाई और रोहित को सस्ते में आउट किया, लेकिन कोहली और गिल ने सधी हुई पारियां खेल भारत को संभाला। 

01:37 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: रोहित शर्मा आउट

भारत को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा है और कप्तान रोहित शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे हैं। मार्क वुड ने विकेट के पीछे फिल सॉल्ट के हाथों कैच कराकर रोहित को आउट किया। पिछले मैच में शतक लगाने वाले रोहित दो गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। 

01:32 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है और कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी की शुरुआत करने आए हैं। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने लगातार तीसरे मैच में टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। इंग्लैंड के लिए साकिब महमूद पहला ओवर डालने आए हैं। 

01:07 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंडः फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेत, जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), टॉम बेंटन, लियाम लिविंगस्टोन, गस एटकिंसन, आदिल राशिद, मार्क वुड, साकिब महमूद।

01:03 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने तीसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। भारत ने टीम में तीन बदलाव किए हैं। मोहम्मद शमी, रवींद्र जडेजा और वरुण चक्रवर्ती इस मैच में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव को मौका दिया गया है। ऋषभ पंत लगातार तीसरे मैच में नहीं खेलेंगे और उनकी जगह केएल राहुल ही विकेटकीपिंग का जिम्मा संभालेंगे। 

12:43 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: पांचवें नंबर पर अक्षर दे रहे योगदान

ऑलराउंडर अक्षर पटेल को पांचवें नंबर बल्लेबाजी करने के लिए उतारना अभी तक सही साबित हुआ है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पहले दो मैच में 52 और नाबाद 42 रन बनाए हैं। पटेल के बल्लेबाजी में अच्छे प्रदर्शन से रवींद्र जडेजा पर से कुछ दबाव कम हुआ होगा जिन्होंने अभी तक सीरीज में छह विकेट लिए हैं।

12:24 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: पंत को मिलेगा मौका?

केएल राहुल बल्लेबाजी में अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में अगर भारत ऋषभ पंत को मौका देता है तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो भारतीय टीम को संतुलन प्रदान कर सकते हैं। पंत चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल हैं और टीम प्रबंधन इस आईसीसी टूर्नामेंट से पहले पंत को मैच अभ्यास का मौका दे सकता है।

12:20 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: 14000 वनडे रन पूरे करने के करीब कोहली

कोहली पूरी तरह से लय में नहीं दिख रहे हैं लेकिन वह इतनी देर तक क्रीज पर नहीं टिके हैं कि खुद को बड़ी पारी खेलने का मौका दे सकें। कोहली का बल्ला अगर चल जाता है तो यह स्टार बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में 14000 रन बनाने वाला तीसरा खिलाड़ी बन सकता है। कोहली को इस मुकाम पर पहुंचने के लिए केवल 89 रन की जरूरत है। 

12:18 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Live: कोहली का फॉर्म चिंता का विषय

भारत ने सीरीज के दोनों मुकाबले में तीनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी से पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की फॉर्म उसके लिए चिंता का विषय है। 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत का यह आखिरी मैच है। इसके बाद भारतीय टीम 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ इस आईसीसी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। कोहली के पास चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से फॉर्म में वापसी करने का मौका होगा। कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले मैच में शतक लगाने के बाद से बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं।

12:14 PM, 12-Feb-2025

IND vs ENG Highlights: भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हराया, गिल-विराट के बाद गेंदबाजों ने बरपाया कहर

Live Cricket Score Today, India vs England 3rd ODI 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में क्लीन स्वीप के इरादे से उतरी है। यह चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम का आखिरी मैच है, लिहाजा भारतीय टीम इस मैच से आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें