भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 10 विकेट से हरा दिया है। 111 रन का लक्ष्य भारतीय टीम ने 18.4 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। यह पहला मौका है। जभ भारत ने इंग्लैंड को वनडे में 10 विकेट से हराया है। कप्तान रोहित शर्मा ने 76 और शिखर धवन ने 31 रन बनाए। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरा वनडे मैच 14 जुलाई को खेला जाएगा।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 110 रन पर समेटकर उन्हें सही साबित किया। जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा छह और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। डेविड विली ने 21 और कार्स ने 15 रन की पारी खेली।
रोहित शर्मा ने इस मैच में अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 49 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। धवन के साथ रोहित ने बेहतरीन साझेदारी की है और भारत का स्कोर 17 ओवर के बाद बिना किसी नुकसान के 97 रन हो चुका है।
रोहित शर्मा और शिखर धवन के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है और भारतीय टीम मैच जीतने के करीब पहुंच रही है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और इंग्लैंड के गेंदबाजों को आसानी से खेल रहे हैं। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 74 रन हो चुका है।
रोहित शर्मा और शिखर धवन ने मिलकर पहले विकेट के लिए पावरप्ले में 58 रन जोड़े हैं। रोहित आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब तक चार चौके और तीन छक्के की मदद से 29 गेंद में 40 रन बना चुके हैं। वहीं, शिखर धवन 34 गेंद में 15 रन बनाकर खेल रहे हैं।
वनडे क्रिकेट में रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी ने अपने 5000 हजार रन पूरे कर लिए हैं। सचिन और गांगुली के बाद यह दूसरी भारतीय सलामी जोड़ी है, जिसने वनडे में यह उपलब्धि हासिल की है। भारत का स्कोर सात ओवर के बाद बिना नुकसान 37 रन हो चुका है।
इंग्लैंड के 110 रन के जवाब में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शिखर धवन और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। पहले ओवर में भारत ने एक रन बनाया है। शिखर धवन पहली ही गेंद पर रन आउट होने से बचे। अगर जॉनी बेयरस्टो का थ्रो सटीक होता तो धवन का आउट होना तय था। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है।
इंग्लैंड की टीम पहले वनडे में 110 रन बनाकर आउट हो चुकी है। जसप्रीत बुमराह ने डेविड विली को 21 रन के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी समाप्त की। वह वनडे में इंग्लैंड की धरती पर किसी मैच में छह विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज हैं। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ अपना लोएस्ट (न्यूनतम) स्कोर भी बनाया। इससे पहले वनडे में भारत के खिलाफ इंग्लैंड का सबसे छोटा स्कोर 125 रन था। वह मैच 15 अक्टूबर 2006 को जयपुर में खेला गया था। अब भारतीय टीम के सामने पहले वनडे मैच को जीतने के लिए 111 रन का लक्ष्य है।
जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अपने वनडे करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने 19 रन देकर छह विकेट लिए। यह वनडे क्रिकेट में भारत के लिए तीसरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। इससे पहले स्टुअर्ट बिन्नी चार रन देकर छह विकेट और अनिल कुंबले 12 रन देकर छह विकेट ले चुके हैं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ यह किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2003 में आशीष नेहरा ने 23 रन देकर छह विकेट लिए थे।
इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर रोहित के फैसले को सही साबित किया। मोहम्मद शमी ने अगले ही ओवर में बेन स्टोक्स को आउट करके इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। ये तीनों बल्लेबाज अपना खाता खोले बिना पवेलियन लौटे और इंग्लैंड की टीम मुश्किल में आ गई। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो सात और लिविंगस्टोन शून्य के स्कोर पर आउट हुए। पावरप्ले में इंग्लैंड की आधी टीम 30 रन बनाकर आउट हो चुकी थी।
कप्तान जोस बटलर ने 30, डेविड विली ने 21 और कार्स ने 15 रन बनाकर इंग्लैंड का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। अंत में इंग्लैंड की टीम 25.2 ओवर में 110 रन बनाकर आउट हो गई। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। मोहम्मद शमी को तीन और प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
जसप्रीत बुमराह ने शानदार यॉर्कर पर कार्स को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड को नौवां झटका दिया है। इसी के साथ उन्होंने इस मैच में पांच विकेट पूरे कर लिए हैं। बुमराह ने दूसरी बार वनडे मैच में पांच विकेट लिए हैं। इससे पहले बुमराह ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले में पांच विकेट लिए थे। कार्स 15 रन बनाकर आउट हुए। 24 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर नौ विकेट पर 103 रन है। डेविड विली के साथ रीसी टॉप्ली क्रीज पर हैं।
आठ विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। कार्स और विली अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 32 रन की साझेदारी हो चुकी है। 23 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 103 रन है।
20 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 84 रन हो चुका है। कार्स और विली के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। भारतीय गेंदबाज छोटी गेंद पर विकेट लेने की कोशिश कर रहे हैं और इंग्लैंड के बल्लेबाज इसका फायदा उठाकर रन बना रहे हैं। दोनों के बीच 22 रन की साझेदारी हो चुकी है और 21 ओवर के बाद इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 90 रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड के आठ विकेट गिर चुके हैं। उन्होंने आठ रन के स्कोर पर क्रैग ओवरटन को आउट किया। वनडे क्रिकेट में उनके 151 विकेट पूरे हो चुके हैं। शमी ने ओवरटन को क्लीन बोल्ड किया। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 68 रन है। डेविड विली और कार्स क्रीज पर हैं।
59 के स्कोर पर इंग्लैंड के सात बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर को 30 रन के स्कोर पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अब इंग्लैंड की टीम मुश्किल में आ चुकी है। डेविड विली के साथ क्रैग ओवरटन क्रीज पर हैं। वनडे में शमी के 150 विकेट पूरे हो चुके हैं। वो वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्होंने 80 वनडे मैच में अपने 150 विकेट पूरे किए हैं।
प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड की टीम को छठा झटका दिया है। उन्होंने मोईन अली को 14 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। कृष्णा ने अपनी ही गेंद पर अली का कैच पकड़ा। अब इंग्लैंड की टीम मुश्किल में दिख रही है। कप्तान जोस बटलर के साथ डेविड विली क्रीज पर हैं।
पांच विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 50 के पार जा चुका है। खराब शुरुआत के बाद मोईन अली और जोस बटलर ने इंग्लैंड की पारी को संभाला है। दोनों के बीच 27 रन की साझेदारी हो चुकी है। अली 14 और बटलर 24 रन बनाकर खेल रहे हैं।
शुरुआती 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 30 रन है। कप्तान जोस बटलर और मोईन अली क्रीज पर हैं। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार और मोहम्मद शमी ने एक विकेट लिया है। ऋषभ पंत ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर मोईन अली को जीवनदान दिया। अगर पंत कैच पकड़ते तो अली इंग्लैंड के पांचवें बल्लेबाज होते, जो खाता खोले बिना आउट हो जाते।
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने लियम लिविंगस्टोन को शून्य के स्कोर पर पवेलियन भेजा। लिविंगस्टोन बुमराह की अंदर आती यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड हुए। वो इंग्लैंड के चौथे बल्लेबाज हैं, जो इस पारी में खाता नहीं खोल पाए हैं। वहीं, बुमराह का यह इस मैच में चौथा विकेट है। आठ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 26 रन है।
इंग्लैंड के शुरुआती चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए हैं। जॉनी बेयरस्टो भी सात रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का तीसरा शिकार बने। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका कैच पकड़ा। इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज खाता खोले बिना आउट हुए और चौथे बल्लेबाज ने सात रन बनाए। जसप्रीत बुमराह अब तक तीन विकेट ले चुके हैं। अब कप्तान जोस बटलर के साथ लियम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर चार विकेट पर 22 रन है। जसप्रीत बुमराह अपने तीन ओवर में छह रन देकर तीन विकेट ले चुके हैं।
इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज खाता खोले बिना पवेलियन लौट चुके हैं। जेसन रॉय और जो रूट के बाद बेन स्टोक्स भी शून्य के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। अब कप्तान जोस बटलर और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 16 रन हो चुका है।
जसप्रीत बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है। उन्होंने जेसन रॉय को क्लीन बोल्ड करने के बाद जो रूट को भी शून्य के स्कोर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को हाथों कैच कराया। तीन गेंद के अंदर दो विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड की टीम मुश्किल में आ चुकी है। अब जॉनी बेयरस्टो के साथ बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड को छह रन के स्कोर पर पहला झटका लगा है। जसप्रीत बुमराह ने जेसर रॉय को शून्य के स्कोर पर बोल्ड करके भारत को पहली सफलता दिलाई है। रॉय टी20 सीरीज में भी खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और वनडे में भी उनका खराब फॉर्म जारी है।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो ने पारी की शुरुआत की है। भारत के लिए पहला ओवर मोहम्मद शमी कर रहे हैं। पहले ओवर में इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के छह रन बना लिए हैं।
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। विराट कोहली चोट के चलते मैच नहीं खेल रहे हैं। उन्हें ग्रोइन की समस्या हुई है। उनकी जगह श्रेयस अय्यर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। भारतीय टीम पांच बल्लेबाज, दो ऑलराउंडर और चार गेंदबाजों के साथ खेल रही है। टॉस के समय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि पिच में थोड़ी घास है और आसमान में बादल हैं। बुमराह और शमी गेंद को स्विंग करा सकते हैं। इसलिए वो शुरुआती ओवरों में कुछ विकेट लेकर इंग्लैंड पर दबाव बनाना चाहते हैं। इस मैच में वो लक्ष्य का पीछा करना चाहते हैं।
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड की टीमः जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रेग ओवरटन, डेविड विली, ब्रायडन कार्स, रीस टॉपली।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला लंदन के केनिंगटन ओवल में है। टी20 सीरीज में जीत हासिल करने के बाद भारत वनडे सीरीज में भी जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगा। वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार है। दोनों टीमों के बीच कुल 103 मैच हुए हैं। इनमें से 55 भारत और 43 इंग्लैंड के नाम रहे हैं। तीन मैच बेनतीजा और दो मैच बराबरी पर खत्म हुए।
टीम इंडिया अब तक इंग्लैंड में कुल तीन बार ही वनडे सीरीज जीत पाई है। भारत ने आखिरी बार साल आठ साल पहले इंग्लैंड में कोई वनडे सीरीज जीती थी। 2014 में हुई यह सीरीज 3-1 से टीम इंडिया ने अपने नाम की थी।