फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG 2nd ODI: इंग्लैंड ने भारत को 100 रन से हराकर सीरीज में बराबरी की, रीसी टॉप्ली ने झटके छह विकेट

Fri, 15 Jul 2022 12:49 AM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लॉर्ड्स

खास बातें

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला इंंग्लैंड ने 100 रन से जीत लिया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 247 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 146 रन बना पाई और मुकाबला हार गई। 
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:40 AM, 15-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड ने भारत को 100 रन से हराया

इंग्लैंड ने भारत को 100 रन से हरा दिया है। रीसी टॉप्ली ने प्रसिद्ध कृष्णा को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराकर भारत की पारी 146 रन पर समेट दी। इसके साथ ही इंग्लैंड ने यह मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी पर आ गई है। सीरीज का आखिरी मैच 17 जुलाई को खेला जाएगा। 

इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 246 रन बनाए थे। पहली पारी के बाद भारत की जीत लगभग तय लग रही थी, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पहले ओवर से ही शानदार गेंदबाजी की। शुरुआत में रन रोके फिर लगातार अंतराल पर विकेट भी चटकाए। अंत में भारतीय 146 रन पर सिमट गई और मैच 100 रन के अंतर से गंवा दिया। इंग्लैंड के लिए रीसी टॉप्ली ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। 

12:37 AM, 15-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का नौवां विकेट गिरा

145 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। युजवेन्द्र चहल तीन रन बनाकर रीसी टॉप्ली की गेंद पर बोल्ड हुए। इस मैच में यह टॉप्ली का पांचवां विकेट है। अब इंग्लैंड की टीम जीत से एक विकेट दूर है। 

12:26 AM, 15-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का आठवां विकेट गिरा

140 के स्कोर पर भारत को दो झटके लगे हैं और अब टीम इंडिया के जीतने की उम्मीदें पूरी तरह से खत्म हो चुकी हैं। लियम लिविंगस्टोन ने जडेजा को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड को आठवीं सफलता दिलाई। जडेजा ने 44 गेंद पर 29 रन बनाए। 36 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 140 रन हो चुका है। 

विज्ञापन
12:24 AM, 15-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का सातवां विकेट गिरा

140 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिर चुका है। मोहम्मद शमी 28 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। रीसी टॉप्ली ने उन्हें बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराया। 

12:02 AM, 15-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: शमी की आक्रामक बल्लेबाजी

मोहम्मद शमी ने क्रीज पर आकर तेजी से रन बनाए हैं और भारत का स्कोर 135 रन के पार जा चुका है। हालांकि, अब टीम इंडिया के जीतने की संभावना बेहद कम है, लेकिन शमी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। 

विज्ञापन
11:49 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का छठा विकेट गिरा

101 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। मोईन अली ने हार्दक पांड्या को लियम लिविंगस्टोन के हाथों कैच आउट कराया। हार्दिक 44 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हुए। अब रवींद्र जडेजा के साथ मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। हार्दिक के आउट होने के साथ ही भारत के मैच जीतने की उम्मीद भी लगभग खत्म हो चुकी है। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 123 रन है। 

11:47 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा को बीच शानदार साझेदारी बन रही है। 

11:35 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का स्कोर 80 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 80 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और रवींद्र जडेजा की जोड़ी क्रीज पर है। भारत के लिए यह आखिरी जोड़ी है, जो टीम इंडिया को जीत दिला सकती है। इसके बाद सिर्फ गेंदबाजों का आना बाकी है। ऐसे में इन दोनों के बीच अच्छी साझेदारी होना बेहद जरूरी है। 25 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट पर 91 रन बना लिए हैं। 

11:22 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: सूर्यकुमार यादव 27 रन बनाकर आउट

73 रन के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा है। सूर्यकुमार यादव 27 रन के स्कोर पर आउट हो चुके हैं। रीसी टॉप्ली की गेंद उनके बल्ले पर लगकर स्टंप पर चली गई। भारत को अभी भी जीत के लिए 174 रन की जरूरत है और आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अब भारत की जीत की सारी उम्मीदें रवींद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या की जोड़ी पर हैं। इसके बाद भारत के पास कोई अच्छा बल्लेबाज नहीं है। 

11:15 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का स्कोर 70 रन के पार

हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर नजरें जमा चुके हैं और भारत को लक्ष्य की तरफ ले जा रहे हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 73 रन हो चुका है। 

10:56 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 54 रन है। 

10:40 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: विराट कोहली 16 रन बनाकर आउट

31 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। विराट कोहली 25 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। डेविड विली की गेंद पर जोस बटलर ने उनका कैच पकड़ा। विराट वनडे में 29वीं बार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का शिकार बने हैं। अब सूर्यकुमार यादव के साथ हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 38 रन हो चुका है। 

10:36 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

29 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिर चुका है। ऋषभ पंत खाता खोले बिना आउट हो गए। कार्स की फुल टॉस गेंद को वो सीधे मिडविकेट पर साल्ट को कैच थमा बैठे। अब विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। टीम इंडिया मुश्किल में आ चुकी है और इन दोनों बल्लेबाजों पर बड़ी साझेदारी कर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी है। 

10:33 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत ने पावरप्ले में 28 रन बनाए

भारतीय टीम ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 28 रन बनाए हैं। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। अब रन बनाने की जिम्मेदारी विराट कोहली और ऋषभ पंत पर है। 

10:26 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का दूसरा विकेट गिरा

27 रन के स्कोर पर भारत की सलामी जोड़ी पवेलियन लौट चुकी है। शिखर धवन नौ रन बनाकर रीसी टॉप्ली की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच थमा बैठे। अब विराट कोहली के साथ ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 27 रन है। 

10:20 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत का स्कोर 20 के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 20 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और शिखर धवन अच्छी लय में दिख रहे हैं और भारत की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 23 रन हो चुका है। 

10:11 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 10 रन

247 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआती पांच ओवर में एक विकेट खोकर 10 रन बनाए हैं। विराट कोहली और शिखर धवन क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड के गेंदबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। फिलहाल विराट और धवन साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 

09:58 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: रोहित खाता खोले बिना पवेलियन लौटे

चार रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। कप्तान रोहित 10 गेंदों में अपना खाता भी नहीं खोल पाए। रीसी टॉप्ली ने उन्हें एलबीडब्लू आउट किया। आउट दिए जाने के बाद रोहित ने अंपायर के फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन गेंद विकेटों में लग रही थी और वो आउट करार दिए गए। अब शिखर धवन के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं। उनके पास आज शतक लगाने का बेहतरीन मौका है। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर पांच रन है। 

09:51 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू

इंग्लैंड के 246 रन के जवाब में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। इंग्लैंड के लिए रीसी टॉप्ली ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। इंग्लैंड ने शुरुआती दो ओवर में कोई रन नहीं दिया है। 

09:20 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड की टीम 246 रन पर सिमटी

इंग्लैंड की टीम 246 रन के स्कोर पर सिमट गई है। लगातार दूसरे मैच में इंग्लैंड पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाया। जसप्रीत बुमराह ने शानदार यॉर्कर पर रीसी टॉप्ली को आउट कर इंग्लैंड की पारी खत्म की। दूसरे मैच में जीत हासिल करने के लिए भारत के सामने 247 रन का लक्ष्य है। यह लक्ष्य भारत के लिए बहुत मुश्किल नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के निचले क्रम ने गेंदबाजों को लड़ने लायक स्कोर दे दिया है। 

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम एक बार फिर फ्लॉप रही। सलामी जोड़ी ने 41 रन की साझेदारी की, लेकिन पहला विकेट गिरते ही इंग्लैंड की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। 102 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद मोईन अली ने 47 और डेविड विली ने 41 रन बनाकर इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। अंत में ओवरटन ने 10 रन की पारी खेल इंग्लैंड का स्कोर 146 तक पहुंचाया। 

भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट युजवेन्द्र चहल ने लिए। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को दो-दो विकेट मिले। मोहम्मद शमी और प्रसिद्ध कृष्णा ने एक-एक विकेट लिया। 

09:11 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का नौवां विकेट गिरा

240 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का नौवां विकेट गिरा है। प्रसिद्ध कृष्णा ने कार्स को दो रन के स्कोर पर एलबीडब्लू किया। अब इंग्लैंड की टीम के ऑल आउट होने की संभावना बढ़ गई है। 

09:09 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का आठवां विकेट गिरा

237 के स्कोर पर जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को आठवां झटका दिया है। उन्होंने डेविड विली को 41 के स्कोर पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। अब इंग्लैंड के दोनों सेट बल्लेबाज आउट हो चुके हैं और अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की उम्मीदें भी खत्म हो गई हैं। 

08:57 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 220 के पार

सात विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 220 के पार जा चुका है। डेविड विली 32 और क्रैग ओवरटन सात रन बनाकर खेल रहे हैं। 46 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 227 रन हो चुका है।

08:54 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का सातवां विकेट गिरा

युजवेन्द्र चहल ने इंग्लैंड की टीम को सातवां झटका दिया है। उन्होंने मोईन अली को 47 के स्कोर पर रवींद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराया। 42 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर सात विकेट पर 210 रन है। युजवेन्द्र चहल इस मैच में चार विकेट ले चुके हैं। अब डेविड विली और क्रैग ओवरटन क्रीज पर हैं। 

08:34 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: अली और विली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी, इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार

मोईन अली और डेविड विली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों इंग्लैंड का स्कोर 200 के पार ले जा चुके हैं। अब ये दोनों आखिरी के ओवरों में तेजी से रन बनाने की कोशिश करेंगे। 41 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 208 रन हो चुका है। 

08:22 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: मोईन अली और डेविड विली के बीच बेहतरीन साझेदारी

इंग्लैंड के लिए मोईन अली और डेविड विली के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। 37 ओवर के बाद इंग्लैंड ने छह विकेट के नुकसान पर 184 रन बना लिए हैं। अब इंग्लैंड की टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच चुकी है। अगर ये दोनों बड़ी साझेदारी करते हैं तो इंग्लैंड की टीम लड़ने लायक स्कोर बना सकती है।

08:00 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 150 के पार

छह विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। डेविड विली और मोईन अली क्रीज पर हैं। भारत के पास सातवां विकेट लेने का मौका था, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने हार्दिक की गेंद पर डेविड विली का आसान कैच छोड़ दिया। 31 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 153 रन है। 

07:54 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का छठा विकेट गिरा

हार्दिक पांड्या ने लियम लिविंगस्टोन को आउट कर इंग्लैंड को छठा झटका दिया है। हार्दिक लगातार छोटी गेंद कर रहे थे और लिविंगस्टोन बड़े शॉट खेल रहे थे। इस बार वो गेंद को सीधे फील्डर के हाथ में मार बैठ। श्रेयस अय्यर ने उनका कैच पकड़ा। लिविंगस्टोन ने 33 गेंद पर 33 रन बनाए। हार्दिक ने इस मैच में दूसरी सफलता हासिल की है। 

07:29 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 115 के पार

पांच विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 115 रन के पार जा चुका है। लियम लिविंगस्टोन और मोईन अली क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और इंग्लैंड को मुश्किल से निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, भारत की कोशिश एक बार फिर इंग्लैंड की टीम को छोटे स्कोर पर समेटने की है। 25 ओवर के बाद इंग्लैंड ने 121 रन बना लिए हैं। 

07:19 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: चहल को तीसरी सफलता मिली

102 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की आधी टीम आउट हो चुकी है। युजवेन्द्र चहल ने बेन स्टोक्स को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। स्टोक्स रिवर्स स्वीप खेलने के चक्कर में एलबीडब्लूआउट हुए। उन्होंने 23 गेंद में तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाए। एक बार फिर इंग्लैंड की टीम मुश्किल में दिख रही है। अब लियम लिविंगस्टोन के साथ मोईन अली क्रीज पर हैं। 

07:15 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 100 के पार

चार विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। लियम लिविंगस्टोन दो और बेन स्टोक्स 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। 21 ओवर के बाद इंग्लैंड ने 102 रन बना लिए हैं। 

07:03 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: जोस बटलर चार रन बनाकर आउट

मोहम्मद शमी ने कप्तान जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया है। उन्होंने बटलर को क्लीन बोल्ड किया। जोस बटलर ने पांच गेंद में चार रन बनाए। 

07:01 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा

युजवेन्द्र चहल ने जो रूट को आउट कर इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया है। रूट 21 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया। वो एलबीडब्लू आउट हुए। इस मैच में यह चहल की तीसरी सफलता है। 

06:54 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 80 के पार

इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 80 के पार जा चुका है। जो रूट और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज दो विकेट लेने के बाद अच्छी लय में दिख रहे हैं। 

06:41 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का दूसरा विकेट गिरा

72 रन के स्कोर पर इंग्लैंड की टीम को दूसरा झटका लगा है। जॉनी बेयरस्टो 38 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। युजवेन्द्र चहल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। जो रूट के साथ बेन स्टोक्स क्रीज पर मौजूद हैं। 

06:25 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का स्कोर 50 के पार

इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। जॉनी बेयरस्टो और जो रूट क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट विकेट के नुकसान पर 59 रन बना लिए हैं। 

06:16 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा

हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में भारत को पहली सफलता दिलाई है। उन्होंने जेसन रॉय को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। रॉय ने 33 गेंदों में 23 रन बनाए। उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकला। अब जॉनी बेयरस्टो के साथ जो रूट क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 41 रन है। 

05:57 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत

पहले वनडे में पावरप्ले में खराब प्रदर्शन करने वाली इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में शानदार शुरुआत की है। जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय की जोड़ी ने क्रीज पर नजरें जमाने के बाद तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया है। छह ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 35 रन हो चुका है। 

05:34 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू

इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर चुकी है। जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की है। इस मैच में भी भारतीय गेंदबाज शानदार लय मे नजर आ रहे हैं और लगातार इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। इंग्लैंड की टीम ने धीमी शुरुआत की है और बिना विकेट गंवाए तीन ओवर में नौ रन बना लिए हैं। 

05:03 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI Live: रोहित ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया में विराट कोहली की वापसी हुई है और श्रेयस अय्यर को टीम से बाहर किया गया है। विराट चोट की वजह से वनडे सीरीज का पहला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। इंग्लैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले मैच में भारतीय गेंदबाजों ने पहले गेंदबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था और इंग्लैंड की टीम को 110 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया था। इस मैच में भी भारत की कोशिश पिछला प्रदर्शन दोहराने की होगी। 

भारतीय टीमः रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड की टीमः जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), लियम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रेग ओवरटन, डेविड विली, ब्रायडन कार्स, रीस टॉपली।

04:39 PM, 14-Jul-2022

IND vs ENG 2nd ODI: इंग्लैंड ने भारत को 100 रन से हराकर सीरीज में बराबरी की, रीसी टॉप्ली ने झटके छह विकेट

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स के मैदान पर है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया ने 10 विकेट से अपने नाम किया था। अब दूसरा मुकाबला जीतकर भारत सीरीज पर भी कब्जा करना चाहेगा। इससे पहले टी20 सीरीज में भी टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी और अब वनडे सीरीज भी जीतने की कोशिश करेगा। 

पहले वनडे में भारतीय तेज गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया था और इंग्लैंड की टीम को सिर्फ 110 रन के स्कोर पर समेट दिया था। इस मैच में इंग्लैंड की टीम वापसी के इरादे से उतरेगी। वहीं, भारत की कोशिश पिछला प्रदर्शन दोहराने की होगी। 

लॉर्ड्स में जीतने पर भारत इंग्लैंड में चौथी बार वनडे सीरीज अपने नाम करेगा। हालांकि, टीम इंडिया को इस ऐतिहासिक मैदान पर वनडे में पिछले 15 साल से जीत नहीं मिली है। इस अंतराल में भारत यहां इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे मैच खेला है, जिसमें उसे दो में हार मिली है, जबकि एक मैच टाई रहा है। भारत ने यहां इंग्लैंड के खिलाफ कुल सात मैच खेले हैं, जिसमें उसे तीन में जीत मिली है, जबकि इतने ही मुकाबले उसने हारे हैं। इंग्लैंड के सामने जबरदस्त फॉर्म में चल रहे जसप्रीत बुमराह से बचने की चुनौती होगी। ओवल जैसी परिस्थितियां अगर लॉर्ड्स में भारतीय गेंदबाजों को मिलीं तो इंग्लैंड एक बार फिर मुश्किल में होगा।

विराट के दूसरे वनडे में खेलने पर भी संशय
अपने करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के दूसरे वनडे में खेलने की उम्मीद नहीं है। कमर की चोट से जूझ रहे विराट इसको लेकर कोई जोखिम भी नहीं ले सकते हैं। पूरी तरह ठीक नहीं होने पर भी खेले तो विराट की यह चोट गहरा सकती है, जिससे उन्हें लंबे समय के लिए बाहर बैठना पड़ सकता है। चोट और खराब फॉर्म दोनों को विराट एक साथ लेकर चलने का जोखिम नहीं उठा सकते हैं। हालांकि जसप्रीत बुमराह ने उनके फिट होने पर जानकारी नहीं होने की बात कही। 

बुमराह ने कहा कि वह अंतिम टी-20 नहीं खेले थे, जिसमें विराट खेले थे और कल के वनडे में वह खेले, जिसमें विराट नहीं खेले। ऐसे में उन्हें उनकी चोट की जानकारी नहीं है। हालांकि विराट नहीं खेलते हैं तो इसका सबसे बड़ा फायदा दीपक हुड्डा और श्रेयस अय्यर जैसे बल्लेबाजों को मिल सकता है। सूर्यकुमार यादव टी-20 में शतक लगाकर ऐसा कर चुके हैं।

पहला मैच भूलना चाहेगी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड के पास जॉनी बेयरस्टो, जेसन रॉय, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, लियाम लिविंगस्टोन जैसे बल्लेबाजों का क्रम है। अपने दिन में ये किसी भी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं, लेकिन ओवल में इसके बिल्कुल उलट था। रॉय, रूट, स्टोक्स, लिविंगस्टोन खाता भी नहीं खोल सके। वैसे लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों को रास आती है, लेकिन यहां शुरुआत में गेंदबाजों को भी मदद मिलती है। एक छोर पर ढलान होने के कारण प्रसिद्ध कृष्णा जैसे नए गेंदबाजों के लिए यहां सामंजस्य बिठाना कठिन हो सकता है, लेकिन शमी, बुमराह को यहां गेंदबाजी का अनुभव है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें