फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN T20: टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तीसरी जीत, बारिश से प्रभावित मैच में बांग्लादेश को पांच रन से हराया

Wed, 02 Nov 2022 08:00 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

खास बातें

India vs Bangladesh (IND vs BAN) T20 Match: टी20 वर्ल्ड कप का 35वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच एडिलेड में खेला गया। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाए। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 185 रन बनाने थे, लेकिन बारिश के कारण उसे 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला। वह 16 ओवर में छह विकेट पर 145 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
अर्शदीप सिंह - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:49 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: रोमांचक मैच में जीती टीम इंडिया

भारतीय टीम ने रोमांचक मैच में बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर पांच रन से हरा दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाए। बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 185 रन बनाने थे, लेकिन बारिश के कारण उसे 16 ओवर में 151 रन का लक्ष्य मिला। वह 16 ओवर में छह विकेट पर 145 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश को जीत के लिए आखिरी ओवर में 20 रनों की आवश्यकता थी। अर्शदीप सिंह ने 14 रन ही दिए। नुरूल हसन सोहान ने एक चौका और एक छक्का लगाकर मैच को अंतिम गेंद तक पहुंचाया, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस जीत के साथ भारत के लिए सेमीफाइनल की राह आसान हो गई है। उसके चार मैच में छह अंक हो गए हैं। टीम इंडिया अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, बांग्लादेश चार मैच में चार अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है।

भारत के लिए मैच में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा नाबाद 64 रन बनाए। कोहली के अलावा भारत के लिए केएल राहुल ने 32 गेंद पर 50 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन छह गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल सात-सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने पांच और रोहित शर्मा ने दो रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने तीन और शाकिब अल हसन ने दो विकेट लिए।

बांग्लादेश की पारी की बात करें तो लिटन दास ने सबसे ज्यादा 27 गेंद पर 60 रन बनाए। नूरूल हसन 14 गेंद पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे। नजमुल हुसैन शान्तो ने 21, शाकिब अल हसन ने 13 और तस्कीन अहमद ने नाबाद 12 रन बनाए। मोसादेक हुसैन ने छह और आफिफ हुसैन ने तीन रन बनाए। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी को एक सफलता मिली। विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

05:33 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश को 12 गेंद पर 31 रन चाहिए

बांग्लादेश ने 14 ओवर में छह विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 12 गेंद पर 31 रन चाहिए। नूरूल हसन और तस्कीन अहमद क्रीज पर हैं।

05:24 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: हार्दिक को मिली दोहरी सफलता

हार्दिक ने एक ही ओवर में यासिर अली के बाद मोसादेक हुसैन को आउट कर दिया। यासिर अली तीन गेंद पर एक रन बनाकर अर्शदीप सिंह को कैच थमा बैठे। उनके बाद मोसादेक हुसैन तीन गेंद पर छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हार्दिक ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।

विज्ञापन
05:18 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: शाकिब को अर्शदीप ने भेजा पवेलियन

अर्शदीप ने 12वें ओवर में टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने पांचवीं गेंद पर बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन को आउट कर दिया। शाकिब छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर दीपक हुड्डा के हाथों लपके गए। उन्होंने 12 गेंद पर 13 रन बनाए। बांग्लादेश ने 12 ओवर में चार विकेट पर 101 रन बनाए। उसे अब जीत के लिए चार ओवर में 50 रन चाहिए।

05:14 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश को लगा तीसरा झटका

बांग्लादेश को तीसरा झटका अर्शदीप सिंह ने दिया। उन्होंने 12वें ओर की पहली गेंद पर आफिफ हुसैन को आउट कर दिया। आफिफ पांच गेंद पर तीन रन बनाकर सूर्यकुमार यादव को कैच थमा बैठे। उनके आउट होने के बाद यासिर अली क्रीज पर आए हैं।

विज्ञापन
05:13 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश को 30 गेंद पर 52 रन चाहिए

बांग्लादेश ने 11 ओवर में दो विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए पांच ओवर में 52 रन और बनाने हैं। कप्तान शाकिब अल हसन और आफिफ हुसैन क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए विकेट चाहिए।

05:02 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश को लगा दूसरा झटका

बांग्लादेश को दूसरा झटका मोहम्मद शमी ने दिया। उन्होंने नजमुल हुसैन शान्तो को 10वें ओवर की पहली गेंद पर आउट कर दिया। शान्तो 25 गेंद पर 21 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव को कैच थमा दिया। उनके आउट होने के बाद आफिफ हुसैन क्रीज पर आए हैं।

04:55 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: लिटन दास पवेलियन लौटे

बारिश के बाद खेल शुरू होने के तुरंत बाद भारत को बड़ी सफलता मिली। आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर केएल राहुल ने डायरेक्ट थ्रो पर लिटन दास को रनआउट कर दिया। लिटन ने 27 गेंद पर 60 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद शाकिब अल हसन क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर नजमुल हसन शान्तो हैं। बांग्लादेश ने आठ ओवर में एक विकेट पर 74 रन बना लिए हैं।

04:51 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश की बल्लेबाजी फिर से शुरू

बांग्लादेश की पारी फिर से शुरू हो गई है। लिटन दास और नजमुल हसन शान्तो क्रीज पर आ गए हैं। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन आठवां ओवर लेकर आए हैं। टीम इंडिया को विकेट की आवश्यकता है।

04:45 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश को मिला नया लक्ष्य

बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक, बांग्लादेश को 16 ओवर में जीत के लिए 151 रन का लक्ष्य मिला है। उसने सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 66 रन बना लिए हैं। ऐसे में उसे अब नौ ओवर में 85 रनों की और जरुरत है। लिटन दास 59 और नजमुल हसन शान्तो सात रन बनाकर नाबाद हैं।

04:30 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: एडिलेड में बारिश रुकी

एडिलेड से भारतीय फैंस के लिए खुशखबरी आ रही है। बारिश रुक गई है। मैदान के ऊपर से कवर्स हटाए गए हैं। अब देखना है कि अंपायर ओवर काटते हैं या नहीं।

अगर ओवर कटे तो बांग्लादेश को कितने रन का लक्ष्य मिलेगा?

ओवर रन
19 177
17 160
15 142
12 112
10 89

04:23 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: शाम 4:30 बजे से कटेंगे ओवर

भारत की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम इंडिया के लिए एडिलेड में फिलहाल कुछ नहीं हो रहा है। बारिश के कारण मैच रुका हुआ है। बांग्लादेश डकवर्थ लुईस नियम से 17 रन आगे है और अब शाम 4:30 बजे से ओवर कटने शुरू हो जाएंगे। भारत अगर यह मैच बारिश के कारण हार जाता है तो सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो जाएगी।

04:01 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बारिश ने खेल रोका

बारिश के कारण फिलहाल मैच रोक दिया गया है। बांग्लादेश ने सात ओवर में 66 रन बना लिए हैं। वह इस समय डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर भारत से 17 रन आगे है। अगर मैच यहां से नहीं खेला गया तो बांग्लादेश की टीम मैच जीत जाएगी।

03:55 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: लिटन दास का तूफानी अर्धशतक

लिटन दास तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 21 गेंद पर अर्धशतक लगा दिया है। बांग्लादेश ने पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) में बिना किसी नुकसान के 60 रन बना लिए हैं। लिटन 24 गेंद पर 56 और नजमुल हसन शान्तो 12 गेंद पर चार रन बनाकर नाबाद हैं।

03:49 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश की बेहतरीन शुरुआत

बांग्लादेश की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की है। लिटन दास बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और 41 रन बना चुके हैं। हालांकि, शान्तो दूसरे छोर पर खामोश हैं। पांच ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 44 रन हो चुका है।

03:35 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: अर्शदीप का महंगा ओवर

भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में सिर्फ दो रन दिए थे और बांग्लादेश के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया था, लेकिन अर्शदीप सिंह ने अगले ओवर में ही 12 रन लुटा दिए और भुवनेश्वर की मेहनत पर पानी फेर दिया। दो ओवर में 14 रन बनाने के बाद बांग्लादेश के बल्लेबाज लय में आ गए और भुवनेश्वर के अगले ओवर में भी जमकर रन बनाए। तीन ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के 30 रन है।

03:27 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू

185 रन का पीछा करते हुए बांग्लादेश की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। भारत के लिए पहला ओवर भुवनेश्वर कुमार कर रहे हैं। वहीं, बांग्लादेश के लिए शान्तो और लिटन दास ने पारी की शुरुआत की है। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद बांग्लादेश ने बिना कोई विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं।

03:14 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: भारत ने बनाए 184 रन

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 184 रन बनाए। उसने बांग्लादेश को जीत के लिए 185 रन का लक्ष्य दिया है। विराट कोहली ने टीम के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 64 रन बनाए। उन्होंने 44 गेंद की पारी में आठ चौके लगाए। कोहली के बल्ले से एक छक्का भी निकला। उनके साथ रविचंद्रन अश्विन छह गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

कोहली के अलावा भारत के लिए केएल राहुल ने 32 गेंद पर 50 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 16 गेंद पर 30 रन बनाए। दिनेश कार्तिक और अक्षर पटेल सात-सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। हार्दिक पांड्या ने पांच और रोहित शर्मा ने दो रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने तीन और शाकिब अल हसन ने दो विकेट लिए।

03:04 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: अक्षर पटेल का नहीं चला बल्ला

अक्षर पटेल का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह छह गेंद पर सात रन बनाकर आउट हो गए। हसन महमूद की गेंद पर शाकिब अल हसन ने उनका कैच लिया। अक्षर के आउट होने के बाद रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए हैं।

02:58 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: कोहली ने लगाया अर्धशतक, कार्तिक आउट

17वें ओवर में विराट कोहली ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इस टी20 वर्ल्ड कप में उनका तीसरा अर्धशतक है। उनके अर्धशतक लगाने के बाद दिनेश कार्तिक रन आउट हो गए। कोहली के गलत कॉल के कारण कार्तिक रन आउट हो गए। कार्तिक ने पांच गेंद पर सात रन बनाए। उनके आउट होने के बाद अक्षर पटेल क्रीज पर आए हैं। भारत ने 17 ओवर में पांच विकेट पर 150 रन बना लिए हैं। कोहली 50 और अक्षर खाता खोले बगैर नाबाद हैं।

02:48 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: हार्दिक आउट, कार्तिक उतरे

भारत को चौथा झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। वह 16वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हो गए। हसन महमूद की गेंद पर यासिर अली ने उनका कैच लिया। हार्दिक ने छह गेंद पर पांच रन बनाए। उनके आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक क्रीज पर उतरे हैं। विराट कोहली दूसरे छोर पर नाबाद हैं।

02:42 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: सूर्यकुमार यादव पवेलियन लौटे

भारत को तीसरा झटका 14वें ओवर में लगा। सूर्यकुमार यादव को शाकिब अल हसन ने क्लीन बोल्ड कर दिया। सूर्या ने 30 रन बनाए। उन्होंने 16 गेंद की पारी में चार चौके लगाए। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या क्रीज पर उतरे हैं। विराट कोहली दूसरे छोर पर नाबाद हैं। भारत ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 40 और हार्दिक पांड्या पांच रन बनाकर नाबाद हैं।

02:19 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: राहुल आउट होकर पवेलियन लौटे

भारत को 10वें ओवर में दूसरा झटका लगा। केएल राहुल अर्धशतक लगाने के तुरंत बाद आउट हो गए। उन्होंने 32 गेंद पर 50 रन बनाए। राहुल ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए। विराट कोहली दूसरे छोर पर 18 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद हैं। राहुल के बाद सूर्यकुमार यादव चौथे नंबर पर उतरे हैं। भारत ने 9.2 ओवर में दो विकेट पर 78 रन बना लिए हैं।

02:11 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: भारत के 50 रन पूरे

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 50 रन पूरे कर लिए हैं। उसने आठ ओवर में एक विकेट पर 52 रन बनाए। विराट कोहली और केएल राहुल क्रीज पर टिके हुए हैं। राहुल ने 26 गेंद पर 31 और कोहली ने 15 गेंद पर 18 रन बना लिए हैं।

02:02 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: भारत ने पावरप्ले में बनाए 37 रन

भारत ने पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) में 37 रन बना लिए हैं। इस दौरान टीम को एकमात्र झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ ओपनर केएल राहुल क्रीज पर हैं। राहुल ने 20 गेंद पर 21 रन बनाए हैं। वहीं, विराट कोहली नौ गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद हैं।

01:49 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: रोहित शर्मा पवेलियन लौटे

भारत को पहला झटका चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। रोहित शर्मा को हसन महमूद ने आउट कर दिया। पॉइंट पर यासिर अली ने उनका कैच लिया। पिछले ओवर में हसन ने ही रोहित का कैच छोड़ा था। उन्होंने अपनी गलती सुधारते हुए टीम को बड़ी सफलता दिलाई। रोहित के बाद विराट कोहली क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर केएल राहुल जमे हैं।

01:46 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: रोहित को मिला जीवनदान

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को तीसरे ओवर में जीवनदान मिला। तस्कीन अहमद की गेंद पर पुल शॉट के जरिए छक्का लगाने के प्रयास में वह आउट होने से बाल-बाल बचे। रोहित का कैच हसन महमूद ने छोड़ा। भारत ने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए हैं।

01:41 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: राहुल ने लगाया पहला छक्का

बांग्लादेश के खिलाफ भारत की शुरुआत काफी धीमी हुई है। टीम इंडिया ने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 10 रन बनाए हैं। केएल राहुल ने मैच का पहला छक्का लगाया। राहुल 11 गेंद पर आठ और रोहित दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं। 

01:29 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN Live: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो गई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल ओपनिंग के लिए उतर गए हैं। दोनों बल्लेबाज टीम को मजबूत शुरुआत देना चाहेंगे। बांग्लादेश की ओर से पहला ओवर करने के लिए तस्कीन अहमद आए हैं।

01:11 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।

बांग्लादेश: नजमूल हुसैन शान्तो, लिटन दास, शाकिब अल हसन (कप्तान), आफिफ हुसैन, यासिर अली, मोसादेक हुसैन, शोरिफिलु इस्लाम, नूरूल हसन (विकेटकीपर), मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, तस्कीन अहमद।

01:04 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी

भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करेगी। बांग्लादेश ने एडिलेड में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव किया है। बांग्लादेश ने सौम्य सरकार की जगह शोरिफुल इस्लाम और भारत ने दीपक हुड्डा की जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया है।

12:31 PM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: कार्तिक बाहर हुए तो पंत को खेलना तय

मुस्तफिजुर रहमान, तस्किन अहमद, मेहिदी हसन मिराज, कप्तान शाकिब अल हसन और हसन महमूद की मौजूदगी वाला गेंदबाजी आक्रमण अच्छा है, लेकिन उतना प्रभावी नहीं है। भारतीय बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं। रोहित शर्मा ने भी नीदरलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। हालांकि, पंत का अंतिम एकादश से बाहर होना सवाल खड़े करता है। दिनेश कार्तिक की पीठ में आए खिंचाव की वजह से हो सकता है पंत को बांग्लादेश के खिलाफ खेलने का मौका मिले।

11:46 AM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: छह साल बाद टूर्नामेंट में दोनों टीमें आमने-सामने

टी-20 विश्वकप में भारत और बांग्लादेश छह साल बाद भिड़ रहे हैं। इससे पहले 2016 के विश्वकप में भारतीय टीम ने 23 मार्च को हुए मैच में बांग्लादेश पर सिर्फ एक रन से जीत दर्ज की थी।

10:55 AM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20 Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल , युजवेंद्र चहल।

बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शान्तो, सौम्य सरकार, लिटन दास, शाकिब अल हसन (कप्तान), आफिफ हुसैन, मोसादेक हुसैन, नूरुल हसन (विकेटकीपर), यासिर अली, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, तस्कीन अहमद, मेहदी हसन मिराज, एबादोत हुसैन, शोरफुल इस्लाम, नसुम अहमद।

10:46 AM, 02-Nov-2022

IND vs BAN T20: टी20 वर्ल्ड कप में भारत की तीसरी जीत, बारिश से प्रभावित मैच में बांग्लादेश को पांच रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 वर्ल्ड कप का 35वां मुकाबला भारत और बांग्लादेश के बीच एडिलेड में खेला जाएगा। पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ जीत के बाद भारत की नजर तीसरी जीत पर है। उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। दूसरी ओर, बांग्लादेश ने नीदरलैंड और जिम्बाब्वे को हराकर चार अंक हासिल किए हैं। उसे भी दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार मिली थी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें