बांग्लादेश ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को एक विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 41.2 ओवर में 186 रन पर सिमट गई। केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। जवाब में एक वक्त टीम इंडिया मजबूत स्थिति में थी। उसने 136 पर बांग्लादेश के नौ विकेट गिरा दिए थे।
हालांकि, इसके बाद मैदान पर बड़ी गलतियां कर भारतीय टीम ने मैच को अपने हाथ से निकल जाने दिया। केएल राहुल ने 43वें ओवर में बांग्लादेश की जीत के हीरो रहे मेहदी हसन मिराज का आसान कैच छोड़ दिया। उस वक्त मिराज 15 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसका फायदा उठाकर मिराज और मुस्तफिजुर रहमान ने 10वें यानी आखिरी विकेट के लिए 51 रन की नाबाद साझेदारी कर डाली।
मिराज ने एकतरफा अंदाज में अपनी टीम को जीत दिलाई। वह 39 गेंदों पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, मुस्तफिजुर नौ रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का अगला मैच सात दिसंबर को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।
बांग्लादेश को 136 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। सिराज ने 40वें ओवर में हसन महमूद को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। हसन खाता भी नहीं खोल सके। सिराज को मिली यह तीसरी सफलता रही।
बांग्लादेश को 39वें ओवर में दो झटके लगे। मध्य प्रदेश के रीवा के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने अंतरराष्ट्रीय करियर के डेब्यू मैच में एक ओवर में दो विकेट लिए। उन्होंने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अफीफ हुसैन को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। अफीफ छह रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर इबादत हुसैन हिट विकेट हो गए। इबादत खाता भी नहीं खोल सके। 39 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर आठ विकेट पर 135 रन है। फिलहाल टीम को 66 गेंदों पर 52 रन की जरूरत है।
बांग्लादेश को लगातार दो गेंदों पर दो झटके लगे हैं। 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने महमूदुल्लाह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। वह 14 रन बना सके। इसके बाद 36वें ओवर की पहली गेंद पर सिराज ने मुशफिकुर रहीम को बोल्ड किया। रहीम 18 रन बना सके। वॉशिंगटन सुंदर और सिराज ने दो-दो विकेट झटके हैं। फिलहाल अफीफ हुसैन और मेहदी हसन मिराज क्रीज पर हैं। 36 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 128 रन है। टीम को अब भी 84 गेंदों पर 59 रन की जरूरत है।
चार विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 115 रन के पार जा चुका है। मुश्फिकुर रहीम और महमुदुल्लाह क्रीज पर हैं। दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी हो रही है और ये दोनों मिलकर धीरे-धीरे बांग्लादेश को लक्ष्य की तरफ ले जा रहे हैं।
चार विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। अनुभवी मुश्फिकुर रहीम और महमुदुल्लाह की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों बांग्लादेश को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 27 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 106 रन है।
95 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का चौथा विकेट गिरा है। शाकिब अल हसन 38 गेंद पर 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर विराट कोहली ने शानदार कैच पकड़ कर शाकिब को पवेलियन भेजा। अब महमुदुल्लाह और मुश्फिकुर रहीम क्रीज पर हैं। 24 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 97 रन है।
74 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। कप्तान लिटन दास 63 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने उन्हें विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच आउट कराया। 20 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। लिटन दास और शाकिब अल हसन उपयोगी साझेदारी कर चुके हैं और धीरे-धीरे अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। 16 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 61 रन है।
बांग्लादेश की टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 40 रन के पार जा चुका है। लिटन दास और शाकिब अल हस क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज फिलहाल संघर्ष कर रहे हैं और साझेदारी कर बांग्लादेश का स्कोर आगे बढ़ा रहे हैं। 14 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 48 रन है।
187 रन का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 30 रन बनाए हैं। नजमुल हसन शान्तो और एनामुल हक आउट हो चुके हैं। अब कप्तान लिटन दास और शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर ने एक-एक विकेट लिया है।
26 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का दूसरा विकेट गिरा है। एनामुल हक 29 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज की गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने उनका कैच पकड़ा। अब लिटन दास के साथ शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 25 रन है। एनामुल हक और लिटन दास क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और अच्छी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच लिटन दास चोटिल भी हो चुके हैं और मांसपेशियों की समस्या से जूझ रहे हैं।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश का स्कोर छह ओवर के बाद एक विकेट पर 17 रन है। एनामुल हक और लिटन दास क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज बेहतरीन लय में हैं और अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों को बांधकर रखा है।
तीन ओवर के बाद बांग्लादेश ने एक विकेट गंवाकर आठ रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान लिटन दास एक रन और अनामुल हक सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। दीपक चाहर ने पारी के पहले ओवर की पहली ही गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो को पवेलियन भेजा था।
बांग्लादेश की टीम को पहली ही गेंद पर झटका लगा। दीपक चाहर ने पारी की पहली ही गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो को पवेलियन भेजा। स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका कैच पकड़ा। फिलहाल कप्तान लिटन दास और अनामुल हक क्रीज पर हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बांग्लादेश के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा है। मोहम्मद सिराज के रूप में भारत का 10वां विकेट गिरा। इबादत हसन की गेंद पर महमुदुल्लाह ने उनका कैच पकड़ा। सिराज ने 20 गेंद में नौ रन बनाए। इस मैच में भारतीय टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी। पूरी टीम 41.2 ओवर में 186 रन के स्कोर पर आउट हो गई। लोकेश राहुल ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए शाकिब अल हसन ने पांच और इबादत हसन ने चार विकेट लिए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। 23 रन के स्कोर पर शिखर धवन टीम का साथ छोड़ गए। धवन ने 17 गेंद में सात रन बनाए। इसके बाद रोहित शर्मा भी 27 रन बनाकर आउट हो गए। शाकिब के इसी ओवर में विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए। कोहली ने नौ रन बनाए। 49 रन पर तीन विकेट गंवाकर भारतीय टीम संघर्ष कर रही थी। इसके बाद श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल ने भारत का स्कोर 92 रन तक पहुंचाया। श्रेयस भी 24 रन बनाकर आउट हो गए।
पांचवें विकेट के लिए लोकेश राहुल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ 60 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। इसके बाद सुंदर भी 19 रन बनाकर शाकिब का शिकार बने। सुंदर के आउट होते ही भारतीय पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। शाहबाज अहमद और दीपक चाहर खाता खोले बिना आउट हुए। शार्दुल ठाकुर दो और मोहम्मद सिराज नौ रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप सेन दो रन बनाकर नाबाद रहे।
बांग्लादेश के लि शाकिब अल हसन ने पांच और इबादत हसन ने चार विकेट लिए। मेहदी हसन मिराज को एक विकेट मिला।
178 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है और अब भारत के 200 रन तक पहुंचने की उम्मीद भी लगभग खत्म हो चुकी है। राहुल ने 70 गेंद में 73 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। इबादत हसन की गेंद पर उन्होंने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर सीधे इनामुल के पास पहुंच गई और उन्होंने बेहतरीन कैच पकड़ा। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 179 रन है। अब मोहम्मद सिराज और कुलदीप सेन क्रीज पर हैं। इबादत हसन इस मैच में तीन विकेट ले चुके हैं।
इस मैच में बांग्लादेश के लिए शाकिब अल हसन पांच विकेट ले चुके हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को अपना पहला शिकार बनाया और उन्हें क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने रोहित को क्लीन बोल्ड किया। इसी ओवर में उन्होंने विराट कोहली को भी लिटन दास के हाथों कैच कराया और दूसरी सफलता हासिल की। शाकिब के तीसरे शिकार वॉशिंगटन सुंदर बने। सुंदर ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की और इबादत हसन ने उनका कैच पकड़ा। इसके बाद शाकिब ने शार्दुल ठाकुर को क्लीन बोल्ड किया और उसी ओवर में दीपक चाहर को एलबीडब्ल्यू आउट किया।
156 रन के स्कोर पर भारत के आठ विकेट गिर चुके हैं। दीपक चाहर खाता खोले बिना आउट हुए। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया। शाकिब अल हसन ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। अब लोकेश राहुल के साथ मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं।
156 रन के स्कोर पर भारत के सात विकेट गिर चुके हैं। शार्दुल ठाकुर तीन गेंद में दो रन बनाकर आउट हुए। शाकिब अल हसन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इस मैच में वह चार विकेट ले चुके हैं। अब लोकेश राहुल के साथ दीपक चाहर क्रीज पर हैं।
153 रन के स्कोर पर भारत के छह विकेट गिर चुके हैं। शाहबाज अहमद को इबादत हसन ने शाकिब अल हसन के हाथों कैच आउट कराया। शाहबाज ने भारत के लिए अपनी पारी में चार गेंदों का सामना किया और खाता नहीं खोल पाए। छोटी गेंद पर शॉट खेलने के प्रयास में शाहबाज ने अपना विकेट गंवाया। अब लोकेश राहुल के साथ शार्दिल ठाकुर क्रीज पर हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 156 रन है।
152 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। शाकिब अल हसन ने वॉशिंगटन सुंदर को आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। सुंदर ने 43 गेंद में 19 रन बनाए। शाकिब की गेंद पर उन्होंने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की लेकिन सीधे इबादत हसन को कैच थमा बैठे। अब लोकेश राहुल के साथ शाहबाज अहमद क्रीज पर हैं। 33 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 152 रन है।
लोकेश राहुल का अर्धशतक पूरा हो चुका है। उन्होंने 49 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। इस मैच में राहुल बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और भारत को मुश्किल से बाहर निकाला है। वह अब तक तीन चौके और तीन छक्के लगा चुके हैं। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 152 रन है।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और भारत को सम्मानजनक स्कोर तक ले जा रहे हैं।
भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 130 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच बेहतरीन साझेदारी हो रही है। दोनों बल्लेबाज अच्छे तरीके से खेल रहे हैं और भारत को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 29 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 131 रन है।
भारत का स्कोर चार विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और भारतीय टीम को धीरे-धीरे बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, चार विकेट गिरने की वजह से इन दोनों पर बड़ी साझेदारी करने का दबाव है। फिलहाल ये दोनों संभलकर खेल रहे हैं। 24 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 101 रन है।
92 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर 39 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए। इबादत हसन की छोटी गेंद को पुल करने के प्रयास में अय्यर ने अपना विकेट गंवाया। वह क्रीज पर सेट हो चुके थे। ऐसे में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन श्रेयस ने गलत समय पर खराब शॉट खेला और सेट होने के बाद विकेट फेंककर चले गए। अब लोकेश राहुल के साथ वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। 21 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 94 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच चुका है। श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल अच्छी लय में दिख रहे हैं। दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी हो चुकी है और अब भारतीय टीम मैच में वापसी कर रही है। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 82 रन है।
भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 70 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और श्रेयस अय्यर संभलकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। 49 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन इन दोनों ने अच्छी साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी कराई है।
भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। भारत के तीन अनुभवी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। इस वजह से भारतीय टीम मुश्किल में दिख रही है। फिलहाल श्रेयस अय्यर और केएल राहुल क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 50 रन है।
एक ही ओवर में दो विकेट गंवाकर भारतीय मुश्किल में पड़ चुकी है। शाकिब अल हसन ने एक ही ओवर में रोहित और कोहली को आउट कर भारतीय टीम को मुश्किल में डाल दिया है। विराट कोहली 15 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हुए। शाकिब अल हसन की गेंद पर लिटन दास ने उनका शानदार कैच पकड़ा।
48 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 31 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और ओक छक्का लगाया। शाकिब अल हसन ने उन्हें अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। भारत की सलामी जोड़ी के पवेलियन लौटने के बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।
पावरप्ले में भारत ने एक विकेट खोकर 48 रन बनाए हैं। शिखर धवन इस मैच में लय में नहीं थे। वह 17 गेंद में सात रन बनाकर आउट हुए। 23 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा। इसके बाद शिखर धवन और विराट कोहली ने पारी को संभाला और भारत को बेहतरी स्थिति में ले जा रहे हैं। दोनों के बीच 25 रन की साझेदारी हो चुकी है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है। शिखर धवन 17 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मेंहदी हसन मिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। मेंहदी हसन ने धवन को बांधकर रखा था और उन्हें कोई रन नहीं दे रहे थे। ऐसे में धवन ने रिवर्स स्वीप पर रन बटोरने की कोशिश की और क्लीन बोल्ड हो गए। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 23 रन है। रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने धीमी शुरुआत की है। शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने लंबे समय बाद भारत के लिए पारी की शुरुआत की है। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 12 रन है।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज, कुलदीप सेन।
बांग्लादेशः लिटन दास (कप्तान), एनामुल हक, नजमुल हुसैन संतो, शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमुदुल्लाह, अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद, मुस्तफिजुर रहमान, इबादत हुसैन।
बांग्लादेश के कप्तान लिटिन दास ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए कुलदीप सेन अपना पहला मैच खेल रहे हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें भारतीय टीम की कैप दी। मध्यप्रदेश के रीव जिले के रहने वाले कुलदीप सेन के पिता बाल काटने का काम करते थे। कुलदीप ने मुश्किल हालातों में संघर्ष करके भारतीय टीम तक का सफर तय किया है।
इस मैच से पहले भारतीय टीम ने अभ्यास किया। टीम इंडिया के कई खिलाड़ी टी20 विश्व कप के बाद सीधे बांग्लादेश पहुंचे हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों ने लय में आने के लिए जमकर अभ्यास किया। इस दौरान विराट कोहली सहित कई खिलाड़ियों ने काफी क्रिकेट खेला और फुटबॉल के साथ भी मस्ती की। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले भारत के ड्रेसिंग रूम का माहौल अच्छा है और टीम इंडिया यहां विजयी आगाज करने की कोशिश करेगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेर बांग्ला स्टेडियम में है। भारतीय टीम सात साल बाद यहां वनडे सीरीज खेल रही है। इससे पहले भारतीय टीम धोनी की कप्तानी में यहां खेली थी। भारत जीत के साथ वनडे टीम की शुरुआत करना चाहेगा।