फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs BAN: भारत ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में 227 रन से हराया, सीरीज में क्लीन स्वीप होने से बची टीम इंडिया

Sat, 10 Dec 2022 08:41 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चटग्राम

खास बातें

India vs Bangladesh (IND vs BAN) 3rd ODI Highlights: भारत ने तीन वनडे मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 227 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह सीरीज में क्लीन स्वीप होने से बच गया। बांग्लादेश ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 409 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम 34 ओवर में 182 रनों पर सिमट गई।
विज्ञापन
भारतीय क्रिकेट टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:42 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत की शानदार जीत

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 227 रन से जीत हासिल की। बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया की वनडे में यह सबसे बड़ी जीत है। उसने इससे पहले 11 अप्रैल 2003 को उसके खिलाफ ढाका में 200 रन से जीत दर्ज की थी। मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 409 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम 34 ओवर में 182 रनों पर सिमट गई।

भारत की जीत के हीरो ईशान किशन और विराट कोहली रहे। किशन ने 210 रन की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक है। अनुभवी विराट कोहली ने 113 रन की पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर ने आखिरी ओवरों में 27 गेंद पर 37 रन बनाए। गेंदबाजी में टीम इंडिया के लिए शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल और उमरान मलिक को 1-1 सफलता मिली।

बांग्लादेश की बात करें तो उसके लिए शाकिब अल हसन ने 50 गेंद पर 43 रन बनाए। कप्तान लिटन दास 29, यासिर अली 25 और महमूदुल्लाह 20 रन बनाकर आउट हुए। उसके लिए गेंदबाजी में तस्कीन अहमद, एबादत हुसैन और शाकिब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए। मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज को एक-एक सफलता मिली।

06:19 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा नौवां झटका

बांग्लादेश को नौवां झटका शार्दुल ठाकुर ने दिया। शार्दुल ने एबादत हुसैन को आउट कर दिया। एबादत चार गेंदों का सामना करने के बावजूद खाता नहीं खोल पाए। एबादत एलबीडब्ल्यू हो गए।

06:13 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश के आठ विकेट गिरे

बांग्लादेश के आठ विकेट गिर गए हैं। इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेहदी हसन मिराज को शार्दुल ठाकुर ने पवेलियन भेज दिया। मेहदी हसन ने पांच गेंद पर तीन रन बनाए। टीम इंडिया जीत से अब दो विकेट दूर है।

विज्ञापन
06:08 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा दोहरा झटका

बांग्लादेश को दो ओवर में दो झटके लगे। 27वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने महमूदुल्लाह को आउट कर दिया। महमूदुल्लाह ने 26 गेंद पर 20 रन बनाए। इस दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। उनके बाद अगले ओवर में आफिफ हुसैन पवेलियन लौट गए। आफिफ 12 गेंद पर आठ रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। उमरान मलिक ने उनका कैच लिया।

05:43 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: शाकिब अल हसन पवेलियन लौटे

बांग्लादेश के मुख्य बल्लेबाज शाकिब अल हसन 23वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। शाकिब को कुलदीप यादव ने क्लीन बोल्ड कर दिया। उन्होंने 50 गेंद पर 43 रन बनाए। इस दौरान चार चौके लगाए। शाकिब के आउट होने के बाद आफिफ हुसैन क्रीज पर आए हैं। बांग्लादेश ने 24 ओवर में पांच विकेट पर 124 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
05:26 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा चौथा झटका

बांग्लादेश को चौथा झटका उमरान मलिक ने दिया। उन्होंने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर यासिर अली को एलबीडब्ल्यू कर दिया। यासिर 30 गेंद पर 25 रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल शाकिब अल हसन 37 और महमूदुल्लाह एक रन बनाकर नाबाद हैं। बांग्लादेश ने 20 ओवर में चार विकेट पर 109 रन बना लिए हैं।

04:54 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा तीसरा झटका

भारत को तीसरी सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को आउट कर दिया। रहीम 13 गेंद पर सात रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उनके आउट होने के बाद यासिर अली क्रीज पर आए हैं। बांग्लादेश ने 13 ओवर में तीन विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। शाकिब अल हसन 27 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद हैं।

04:30 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा दूसरा झटका

बांग्लादेश को दूसरा झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर लिटन दास को आउट किया। लिटन दास ने 26 गेंद पर 29 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। लिटन के आउट होने के बाद मुशफिकुर रहीम क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर शाकिब अल हसन हैं। 

04:19 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश को लगा पहला झटका

बांग्लादेश को पहला झटका पांचवें ओवर की पहली गेंद पर लगा। अक्षर पटेल ने अपने पहले ओवर में सफलता हासिल की। उन्होंने अनामुल हक को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। अनामुल सात गेंद पर आठ रन ही बना सके। उनके आउट होने के बाद अनुभवी बल्लेबाज शाकिब अल हसन क्रीज पर आए हैं। दूसरे पर लिटन दास नाबाद हैं।

03:30 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: बांग्लादेश के सामने 410 रन का लक्ष्य

भारत ने बांग्लादेश के सामने 410 रन का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए ईशान किशन ने 210 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली ने 113 रन की पारी खेली। इन दोनों ने 290 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, टीम इंडिया यह सीरीज हार चुकी है, लेकिन तीसरा वनडे जीतकर भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ टेस्ट सीरीज की शुरुआत करना चाहेगा।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत अच्छी नहीं थी। शिखर धवन तीन रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए रिकॉर्ड 290 रन की साझेदारी हुई। किशन 131 गेंद पर 24 चौके और 10 छक्कों की मदद से 210 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विराट ने 91 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 113 रन बनाए। एक समय पर लग रहा था कि भारत 450 से ज्यादा का स्कोर बनाएगा, लेकिन ये दोनों बल्लेबाज छह ओवर के अंतराल में आउट हो गए और कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। इस वजह से टीम इंडिया अंत में आठ विकेट खोकर 409 रन ही बना पाई। 

श्रेयस अय्यर तीन, लोकेश राहुल आठ, शार्दुल ठाकुर तीन और कुलदीप यादव ने तीन रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर ने 37 और अक्षर पटेल ने 20 रन की पारी खेली भारत का स्कोर 400 के पार पहुंचाया। 

बांग्लादेश के लिए तस्किन अहमद, इबादत हुसैन, शाकिब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन को एक-एक विकेट मिला।

03:23 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 400 रन के पार

छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 400 रन के पार जा चुका है। भारतीय टीम ने छठी बार वनडे क्रिकेट में 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया है। भारतीय टीम भले ही वनडे सीरीज गंवा चुकी हो, लेकिन इस मैच में मजबूत स्थिति में है और यहां जीत हासिल कर टेस्ट सीरीज में पूरे आत्मविश्वास के साथ पहुंचेगी।

03:11 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का छठा विकेट गिरा

390 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। अक्षर पटेल 17 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। तस्किन अहमद ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अक्षर ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 398 रन है।

02:54 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 350 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 350 रन के पार जा चुका है। अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दोनों तेजी से रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।

02:50 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: विराट कोहली शतक लगाकर आउट

विराट कोहली भी शतकीय पारी खेलने के बाद आउट हो चुके हैं। 344 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। कोहली ने 91 गेंद पर 113 रन बनाए। उनकी इस पारी में 11 चौके और दो छक्के शामिल थे। शाकिब अल हसन ने उन्हें मेहदी अहस मिराज के हाथों कैच कराया। अब अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।

02:48 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का चौथा विकेट गिरा

344 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 10 गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इबादत हसन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब विराट कोहली और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।

02:35 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: विराट का शतक पूरा

विराट कोहली ने अपना 44वां वनडे शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 85 गेंदों में एक छक्के और 11 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका 72वां शतक है। ईशान के दोहरे शतक के बाद कोहली के इस शतक ने भारत का स्कोर 350 रन के करीब पहुंचा दिया है। कोहली ने तीन साल से ज्यादा समय के इंतजार के बाद वनडे में कोई शतक लगाया है। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 339 रन है।

02:31 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

320 रन के स्कोर पर भारत की तीसरा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। इबादत हसन ने उन्हें लिटन दास के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने आठ गेंद में तीन रन बनाए। अब विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं।

02:21 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का दूसरा विकेट गिरा

305 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। ईशान किशन 131 गेंद पर 210 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 24 चौके और 10 छक्के लगाए। विराट कोहली के साथ उन्होंने 290 रन की साझेदारी की। तस्किन अहमद की गेंद पर लिटन दास ने किशन का कैच पकड़ा। अब विराट कोहली के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 

02:18 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 300 रन के पार

भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 300 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और ईशान किशन के बीच दूसरे विकेट के लिए 290 रन की साझेदारी हो चुकी है। किशन दोहरा शतक लगा चुके हैं। विराट भी अपने शतक के करीब हैं। टीम इंडिया के पास इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने का सुनहरा मौका है।

02:07 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: ईशान किशन ने दोहरा शतक लगाया

ईशान किशन ने अपने वनडे करियर का पहला दोहरा शतक पूरा कर लिया है। वह अब तक 126 गेंद में 23 चौके और नौ छक्कों की मदद से 200 रन बना चुके हैं। उनकी इस शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर 300 रन के करीब है। वहीं, विराट कोहली भी अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वह इस मैच में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 72वां शतक पूरा कर सकते हैं। 

02:00 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: विराट और ईशान के बीच 250 रन की साझेदारी

विराट कोहली और ईशान किशन के बीच 164 गेंदों पर 250 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों अब तेजी से रन बना रहे हैं और भारतीय टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। किशन अपने दोहरे शतक के करीब हैं। वहीं, विराट भी शतक की तरफ बढ़ रहे हैं। 32 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 269 रन है।

01:46 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और विराट कोहली के बीच 200 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। किशन अपने दोहरे शतक के करीब हैं। वह बांग्लादेश के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन चुके हैं। 31 ओवर में भारत ने एक विकेट पर 257 रन बना लिए हैं।

01:38 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: किशन ने सहवाग को पीछे छोड़ा

ईशान किशन ने 103 गेंद पर अपने 150 रन पूरे किए और इसके साथ ही वीरेन्द्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा दिया। सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में 112 गेंद पर 150 रन पूरे किए थे। किशन के पास इस मैच में दोहरा शतक लगाने का बेहतरीन मौका है। अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो दुनिया के पहले बल्लेबाज होंगे, जिन्होंने बिना कोई शतक लगाए वनडे क्रिकेट में 200 रन की पारी खेली हो। इससे  पहले वनडे क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी पारी 93 रन थी, जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली थी। यह ईशान का 10वां वनडे मैच है और नौवीं बार उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला है।

ईशान किशन बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सहवाग ने 2011 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ 175 रनों की पारी खेली थी। किशन अब तक 179 रन बना चुके हैं।

01:34 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: विराट ने वनडे करियर का 65वां अर्धशतक लगाया

विराट कोहली ने वनडे करियर का 65वां अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 54 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। इस पारी में कोहली अब तक चार चौके लगा चुके हैं। किशन के साथ उनकी साझेदारी 200 से ज्यादा रन की हो चुकी है और भारतीय टीम तेजी से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 28 ओवर में भारत ने एक विकेट पर 217 रन बना लिए हैं।

01:32 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 200 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और विराट कोहली के बीच 150 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। ईशान किशन अपना शतक बनाकर खेल रहे हैं और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, विराट कोहली एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। वह भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। 24 साल के ईशान ने इस मैच में अपने वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी खेली है।

01:21 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: ईशान किशन और विराट के बीच 150 रन की साझेदारी

ईशान किशन और विराट कोहली के बीच 150 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और तेजी से भारत का स्कोर आगे बढ़ा रहे हैं। खासकर ईशान किशन शतक लगा चुके हैं और बहुत तेज गति से रन बना रहे हैं। कोहली भी अपने अर्धशतक के करीब हैं। भारत का स्कोर 25 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 170 रन है। टीम इंडिया तेजी से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है।

01:17 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: ईशान किशन का शतक पूरा

ईशान किशन ने अपने वनडे करियर की नौवीं पारी में पहली बार शतक लगाया है। उन्होंने इस मैच में 85 गेंदों में अपने 100 रन पूरे किए। रोहित की जगह टीम में आए किशन ने शानदार बल्लेबाजी की है। वह अब तक 15 चौके और दो छक्के लगा चुके हैं। उनकी बेहतरीन पारी के चलते भारतीय टीम ने 24 ओवर में 162 रन बना लिए हैं, जबकि भारत के नौ विकेट बचे हुए हैं।

01:09 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: ईशान पहले वनडे शतक के करीब

ईशान किशन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की है और अपने वनडे करियर में पहली बार शतक के करीब पहुंच गए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते भारत का स्कोर एक विकेट पर 150 रन के पास पहुंच गया है। किशन के साथ कोहली भी शानदार लय में दिख रहे हैं। दोनों के बीच 125 रन की साझेदारी हो चुकी है।

12:57 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: विराट-किशन के बीच शतकीय साझेदारी

विराट कोहली और ईशान किशन के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। किशन तेजी से रन बना रहे हैं, जबकि विराट एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। किशन अपने शतक के करीब पहुंच चुके हैं। भारत का स्कोर 19 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 116 रन है।

12:48 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 100 रन के पार

ईशान किशन और विराट कोहली के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। विराट एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। वहीं, ईशान किशन तेजी से रन बना रहे हैं। ये दोनों मिलकर भारत का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार पहुंचा चुके हैं। धवन का विकेट जल्दी गिरने के बावजूद भारत ने अच्छी शुरुआत की है। अब इन दोनों अपनी साझेदारी और लंबी कर इस शुरुआत का फायदा उठाना होगा। 18 ओवर में भारत ने एक विकेट पर 110 रन बना लिए हैं।

12:38 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 90 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 90 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और तेजी से भारत का स्कोर आगे ले जा रहे हैं। 16 ओवर में भारतीय टीम ने एक विकेट खोकर 92 रन बनाए हैं। इनमें से 65 रन ईशान किशन के बल्ले से आए हैं। विराट 18 रन बनाकर खेल रहे हैं और धवन तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। छह रन अतिरिक्त के जरिए आए हैं।

12:29 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: ईशान किशन का अर्धशतक

ईशान किशन को लंबे समय बाद भारत के लिए खेलने का मौका मिला है और उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया। रोहित की जगह टीम में आए किशन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। शुरुआत में अपना समय लेकर खेलने वाले किशन ने इबादत हसन के ओवर में 18 रन बटोरे। उन्होंने 49 गेंदों में अपने 50 रन पूरे किए। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 73 रन है।

12:21 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और ईशान किशन की जोड़ी क्रीज पर है। किशन अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। वहीं, विराट भी क्रीज पर नजरें जमा चुके हैं और अब बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे।

12:19 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाए

पावरप्ले का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 45 रन बना लिए हैं। शिखर धवन के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन और विराट कोहली ने अच्छी बल्लेबाजी की है और भारत को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 

12:12 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का स्कोर 30 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 30 रन के पार जा चुका है। ईशान किशन और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर आगे बढ़ा रहे हैं। सात ओवर के बाद भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 35 रन बना लिए हैं।

12:01 PM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत का पहला विकेट गिरा

15 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। शिखर धवन आठ गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मेहदी हसन मिराज ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट किया। धवन इस सीरीज में लगातार फेल हुए हैं। तीसरे मैच में भी वह कुछ खास नहीं कर पाए।

11:36 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN 3rd ODI Live: भारत की धीमी शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने धीमी शुरुआत की है। शिखर धवन और ईशान किशन ने भारत के लिए पारी की शुरुआत की है। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के एक रन है।

11:08 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: शिखर धवन, ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।

बांग्लादेश: एनामुल हक, लिटन दास (कप्तान), यासिर अली, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमुदुल्लाह, अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, इबादत हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, तस्किन अहमद।

11:06 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN Live: भारतीय टीम में दो बदलाव

इस मैच में भारत की कप्तानी लोकेश राहुल कर रहे हैं, क्योंकि टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा चोट की वजह से पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। टीम इंडिया इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी है। चोटिल रोहित शर्मा की जगह ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, दीपक चाहर की जगह कुलदीप यादव टीम के साथ जुड़े हैं।

11:03 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN Live: बांग्लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में बांग्लादेश की टीम दो बदलाव के साथ उतरी है। यासिर अली और तस्किन अहमद को इस मैच में मौका दिया गया है। वहीं, नजमुल हसन शान्तो और हसन महमूद टीम का हिस्सा नहीं हैं।

10:09 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN Live: रोहित की चोट से बढ़ी परेशानी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पिछले मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी चोट ने भारतीय टीम की परेशानी बढ़ा दी है। दूसरे मैच में वह चोट के बावजूद बल्लेबाजी के लिए आए थे, लेकिन भारतीय टीम को मैच नहीं जिता सके। इस मैच में उनकी जगह ईशान किशन या राहुल त्रिपाठी को मौका मिल सकता है।

10:06 AM, 10-Dec-2022

IND vs BAN: भारत ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में 227 रन से हराया, सीरीज में क्लीन स्वीप होने से बची टीम इंडिया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला चटग्राम में है। तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। अब यह टीम क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं, भारत की कोशिश सीरीज का आखिरी मैच जीतकर अपनी नाक बचाने की होगी। भारत अब तक बांग्लादेश के खिलाफ कोई भी वनडे सीरीज 3-0 के अंतर से नहीं हारा है और इस बार भी टीम इंडिया इस शर्मनाक रिकॉर्ड से बचना चाहेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें