बांग्लादेश ने भारत को दूसरा वनडे में पांच रन से हरा दिया है। ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 271 रन बनाए। मेहदी हसन मिराज ने 83 गेंदों में 100 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा महमुदुल्लाह ने 77 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 50 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 266 रन बना सकी। इस मैच की शुरुआत में रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे। उनके बाएं अंगूठे में फील्डिंग के दौरान गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद रोहित को अस्पताल भी ले जाया गया था।
वह स्टेडियम में लौटे, लेकिन उनके बाएं अंगूठे में पट्टी लगी थी। ऐसे में वह फील्डिंग के लिए नहीं उतरे। साथ ही ओपनिंग करने भी नहीं आए। रोहित नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और उन्होंने वहां से मैच लगभग पलट दिया था। चोटिल अंगुली के बाद भी रोहित ने 28 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेली। भारत को आखिरी ओवर में 20 रन की जरूरत थी। गेंद मुस्तफिजुर रहमान के हाथों में थी और रोहित स्ट्राइक पर थे।
पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। दूसरी और तीसरी गेंद पर रोहित ने लगातार दो चौके जड़े। इसके बाद चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना। आखिरी दो गेंदों पर भारत को जीत के लिए 12 रन की जरूरत थी। पांचवीं गेंद पर रोहित ने छक्का लगाया। आखिरी गेंद पर मुस्तफिजुर ने यॉर्कर बॉल फेंकी और कोई रन नहीं बना। इस तरह बांग्लादेश ने जीत हासिल की। मैच का टर्निंग पॉइंट 48वां ओवर रहा, जिसमें मोहम्मद सिराज स्ट्राइक पर थे और रहमान ने यह ओवर मेडन निकाला। इस ओवर में कोई रन नहीं बनना भारत के लिए गेमचेंजर साबित हुआ।
आखिरी तीन ओवर में भारत को जीत के लिए 40 रन चाहिए थे। 48वां ओवर मेडन रहा। वहीं, 49वें ओवर में महमुदुल्लाह गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में टीम इंडिया ने 20 रन बटोरे। रोहित ने दो छक्के लगाए। वहीं, ओवर की आखिरी गेंद पर सिराज क्लीन बोल्ड हो गए। इस तरह आखिरी ओवर में 20 रन बचे थे, लेकिन टीम इंडिया 15 रन ही बना सकी। रोहित के अलावा श्रेयस अय्यर ने 82 रन और अक्षर पटेल ने 56 रन की पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से इबादत हुसैन ने तीन विकेट लिए। वहीं, मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन को दो-दो विकेट मिले।
बांग्लादेश ने साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। बांग्लादेश ने 2015 के बाद पहली बार भारत से कोई वनडे सीरीज जीती है। इस सीरीज के पहले वनडे में बांग्लादेश ने भारत को एक विकेट से हराया था।
भारत को आखिरी ओवर में 20 रन की जरूरत है। रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। मुस्तफिजुर रहमान गेंदबाजी कर रहे हैं।
46वें ओवर में भारत को आठवां झटका लगा। दीपक चाहर 18 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें इबादत हुसैन ने शांतो के हाथों कैच कराया। रोहित शर्मा अंगूठे में चोट के बावजूद बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 46वें ओवर में उन्होंने दो छक्के और एक चौका लगाया। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 231 रन है। भारत को जीत के लिए 24 गेंदों में 41 रन की जरूरत है।
भारत को 43वें ओवर में सातवां झटका लगा। शार्दुल ठाकुर 23 गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शाकिब ने स्टंप आउट कराया। टीम इंडिया को अब 42 गेंदों में 64 रन की जरूरत है। सातवां विकेट गिरने के बाद चोटिल कप्तान रोहित शर्मा बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने मैच की शुरुआत में बाएं अंगूठे में चोट लगी थी। इसके बाद स्कैन के लिए उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया था। इसके बाद उनके बाएं अंगूठे में प्लास्टर देखा गया था। हालांकि, इसके बावजूद वह बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
भारत ने 42 ओवर में छह विकेट गंवाकर 204 रन बना लिए हैं। फिलहाल शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए 48 गेंदों में 68 रन की जरूरत है।
भारत ने 39 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 191 रन बना लिए हैं। फिलहाल शार्दुल ठाकुर तीन रन और दीपक चाहर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। इबादत हुसैन के इस ओवर में अक्षर पटेल 56 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने शाकिब को कैच थमा दिया। अपनी पारी में अक्षर ने दो चौके और तीन छक्के लगाए। भारत को अब 66 गेंदों में 81 रन की जरूरत है।
37 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 189 रन है। फिलहाल अक्षर पटेल 54 गेंदों में 56 रन और शार्दुल ठाकुर दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को अब 78 गेंदों में 83 रन की जरूरत है। अक्षर ने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने श्रेयस के साथ मिलकर भारतीय टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकाला।
35वें ओवर में भारत को पांचवां झटका लगा। इस ओवर की आखिरी गेंद पर मेहदी हसन मिराज ने श्रेयस अय्यर को अफीफ हुसैन के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने 102 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से 82 रन की पारी खेली। उन्होंने अक्षर पटेल के साथ टीम इंडिया को मुश्किल स्थिति से निकाला और पांचवें विकेट के लिए 101 गेंदों में 107 रन की साझेदारी निभाई। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 172 रन है। फिलहाल टीम इंडिया को 90 गेंदों में 100 रन की जरूरत है। शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
भारत ने 34 ओवर में चार विकेट गंवाकर 163 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को जीत के लिए अब 96 गेंदों में 109 रन की जरूरत है। फिलहाल अक्षर पटेल 44 गेंदों में 41 रन और श्रेयस अय्यर 99 गेंदों में 75 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 95 गेंदों में 98 रन की साझेदारी हो चुकी है।
30 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 143 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब भी 120 गेंदों में 129 रन की जरूरत है। फिलहाल श्रेयस अय्यर 89 गेंदों में 68 रन और अक्षर पटेल 30 गेंदों में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक पांचवें विकेट के लिए 71 गेंदों में 78 रन की साझेदारी हो चुकी है।
श्रेयस अय्यर ने 69 गेंदों में वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक जड़ा। उनके और अक्षर पटेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने 25 ओवर में चार विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं।
21 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट पर 94 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 57 गेंदों में 40 रन और अक्षर पटेल आठ गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को अब 178 रन की जरूरत है। भारतीय टीम की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। रोहित शर्मा चोटिल होने की वजह से बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उनकी जगह विराट कोहली शिखर धवन के साथ ओपनिंग के लिए उतरे। कोहली पांच रन, धवन आठ रन, वॉशिंगटन सुंदर 11 रन और केएल राहुल 14 रन बनाकर आउट हुए।
65 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। मेहदी हसन मिराज ने लोकेश राहुल को एलबीडब्ल्यू आउट किया है। राहुल ने 28 गेंदों में 14 रन बनाए। अब श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। भारतीय कप्तान रोहित पहले ही चोटिल हो चुके हैं। ऐसे में अब शार्दुल और दीपक चाहर ही बल्लेबाजी के लिए बचे हैं। टीम इंडिया को अभी भी जीत के लिए 207 रन की जरूरत है। ऐसे में टीम इंडिया मुश्किल में फंस चुकी है। अगर भारत को यह मैच जीतना है तो किसी खिलाड़ी को अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारी खेलनी होगी। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 65 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 60 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों धीरे-धीरे साझेदारी करके भारत को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। 18 ओवर में भारत ने तीन विकेट खोकर 64 रन बना लिए हैं।
भारत ने 15 ओवर में तीन विकेट खोकर 56 रन बना लिए हैं। भारत को अभी भी जीत के लिए 216 रन की जरूरत है। श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर भारत को मैच में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और लोकेश राहुल क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों बल्लेबाज साझेदारी कर भारत की पारी आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है। अब तक भारत के तीन विकेट गिर चुके हैं और रोहित का बल्लेबाजी के लिए आना मुश्किल है। ऐसे में इन दोनों के बाद सिर्फ शार्दुल, दीपक और अक्षर पटेल ही बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं। इन जोड़ी को बड़ी साझेदारी करनी होगी। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन है।
39 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। वॉशिंगटन सुंदर 19 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। शाकिब अल हसन ने उन्हें लिटन दास के हाथों कैच कराया। 272 रन का पीछा करते हुए भारत ने पावरप्ले में 39 रन बनाकर तीन विकेट खो दिए हैं और अब यह टीम संंघर्ष कर रही है। श्रेयस अय्यर के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं।
भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 20 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 22 रन है।
13 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शिखर धवन 10 गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने एक चौका लगाया। मुस्तफिजुर ने उन्हें मेहदी हसन के हाथों कैच कराया। 272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की सलामी जोड़ी 13 रन के अंदर पवेलियन लौट गई है। ऐसे में टीम इंडिया मुश्किल में है। अब श्रेयस अय्यर के साथ वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। सुंदर आमतौर पर छठे या सातवें नंबर पर खेलते हैं, लेकिन इस मैच में कप्तान राहुल ने बदलाव करते हुए उन्हें चौथे नंबर पर भेजा है। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 18 रन है।
272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का पहला विकेट सात रन के स्कोर पर गिरा है। विराट कोहली छह गेंद पर पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। इबादत हसन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर सात रन है।
272 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शिखर धवन के साथ विराट कोहली ने पारी की शुरुआत की है। कोहली ने पारी की पहली गेंद पर ही चौका लगाया है। पहले ओवर का खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने भारत के सामने 272 रन का लक्ष्य रखा है। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने बेहतरीन शतक लगाया। वहीं, महमुदुल्लाह ने 77 रन की शानदार पारी खेली। इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 148 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। अंत में नसुम अहमद ने 11 गेंद में 18 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं थी। एनामुल हक सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय तक कप्तान लिटन दास अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। इसके बाद उन्होंने नजमुल हसन शान्तो के साथ 28 रन की साझेदारी की, लेकिन लिटन दास भी 23 गेंद में सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बांग्लादेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। शान्तो 21, शाकिब अल हसन आठ, मुश्फिकुर रहीम 12 और अफीफ हुसैन खाता खोले बिना आउट हो गए।
19 ओवर में बांग्लादेश ने 69 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए थे। भारतीय गेंदबाज शानदार लय में थे। सुंदर तीन विकेट ले चुके थे। सिराज ने दो और उमरान ने एक विकेट लिया था। सभी गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी की थी, लेकिन इसके बाद मेहदी और महमुदुल्लाह ने मैच पलट दिया। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी हुई। इस जोड़ी ने पहले धीरे-धीरे बल्लेबाजी कर अर्धशतकीय साझेदारी की फिर तेजी से रन बनाए। ये दोनों बांग्लादेश का स्कोर 69 से 217 तक ले गए।
महमुदुल्लाह 96 गेंद पर 77 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन मेहदी जमे रहे। उन्होंने अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाए और नसूम के साथ 54 रन की साझेदारी की। मैच की आखिरी गेंद पर उन्होंने अपना शतक भी पूरा किया। मेहदी ने 83 गेंद में नाबाद 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से आठ चौके और चार छक्के निकले। नसूम 11 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।
भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने तीन विकेट लिए। सिराज और उमरान को दो-दो विकेट मिले। हालांकि, सिराज ने 73 और उमरान ने 58 रन लुटा दिए।
मेहदी हसन और नसूम अंत के ओवरों में तेजी से रन बना रहे हैं। बांग्लादेश का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 250 रन के पार जा चुका है। मेहदी हसन अपने शतक के करीब पहुंच रहे हैं। वह 85 रन बनाकर खेल रहे हैं। 49 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर सात विकेट पर 255 रन है।
217 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का सातवां विकेट गिरा है। महमुदुल्लाह रियाद 96 गेंद पर 77 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उमरान मलिक की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल ने उनका कैच पकड़ा। महमुदुल्लाह और मेहदी के बीच सातवें विकेट के लिए 148 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। इसी साझेदारी की बदौलत बांग्लादेश की टीम मैच में मजबूत स्थिति में आ चुकी है। एक समय पर बांग्लादेश ने 69 रन के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन महमुदुल्लाह और मेहदी बांग्लादेश का स्कोर 217 रन तक ले गए।
बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 200 रन के पार जा चुका है। मेंहदी हसन और महमुदुल्लाह के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन अंदाज में खेल रहे हैं और तेजी से रन बना रहे हैं। अगर यह जोड़ी अंत तक खेल पाती है तो दोनों के पास शतक लगाने का मौका रहेगा। फिलहाल मेहदी और महमुदुल्लाह 65 रन बनाकर खेल रहे हैं। 45 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 203 रन है। दोनों के बीच 133 रन की साझेदारी हो चुकी है।
41 ओवर के बाद बांग्लादेश ने छह विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। मेहदी हसन के बाद महमुदुल्लाह ने भी अर्धशतक लगाया है। दोनों के बीच 100+ रन की साझेदारी हो चुकी है। मेहदी 61 गेंदों में 57 रन और महमुदुल्लाह 74 गेंदों में 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
38 ओवर के बाद बांग्लादेश ने छह विकेट गंवाकर 165 रन बना लिए हैं। फिलहाल महमुदुल्लाह 61 गेंदों में 45 रन और मेहदी हसन मिराज 56 गेंदों में 51 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मेहदी हसन ने लगातार दूसरे वनडे में बेहतरीन बल्लेबाजी की और वनडे करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। पिछले मैच में मेहदी हसन ने अपने दम पर बांग्लादेश की टीम को जीत दिलाई थी। दोनों के बीच 90+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
36 ओवर के बाद बांग्लादेश ने छह विकेट पर 155 रन बना लिए हैं। भारतीय गेंदबाज छह विकेट गिराने के बाद विकेट के लिए तरस गए हैं। पिछले मैच के हीरो रहे मेहदी हसन मिराज और महमूदुल्लाह के बीच 80+ रन की साझेदारी हो चुकी है। यह सातवें विकेट के लिए बांग्लादेश का भारत के खिलाफ सबसे बड़ी साझेदारी है। मेहदी अपने तीसरे वनडे अर्धशतक के करीब हैं। वह 49 रन और महमूदुल्लाह 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
छह विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 125 रन के पार जा चुका है। मेंहदी हसन और महमुदुल्लाह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और बांग्लादेश को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत को जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी। 31 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 126 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। मेंहदी हसन मिराज ने एक बार फिर बांग्लादेश की पारी को संभाला है। वह महमुदुल्लाह के साथ बेहतरीन साझेदारी कर चुके हैं और अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकाल रहे हैं। पिछले मैच में उन्होंने आखिरी विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी कर बांग्लादेश को जीत दिलाई थी और इस मैच में भी बांग्लादेश को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 27 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 106 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 80 रन के पार जा चुका है। मेहदी हसन और महमुदुल्लाह क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज शानदार लय में हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने अब तक सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए हैं। वहीं सिराज को दो और उमरान मलिक को एक विकेट मिला है। 22 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 86 रन है।
वॉशिंगटन सुंदर ने लगातार दो गेंदों पर विकेट लेकर भारत को छठी सफलता दिलाई है। रहीम को आउट करने के बाद अगली गेंद पर उन्होंने अफीफ हुसैन को क्लीन बोल्ड किया। अफीफ पहली गेंद खेलकर ही पवेलियन लौट गए। सुंदर अगर अगले ओवर की पहली गेंद पर कोई विकेट ले पाते हैं तो वह अपनी हैट्रिक पूर करेंगे। 20 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर छह विकेट पर 71 रन है। महमुदुल्लाह के सात मेंहदी हसन मिराज क्रीज पर हैं। मेंहदी ने पिछले मैच में शानदार बल्लेबाजी कर बांग्लादेश का मैच जिताया था।
69 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का पांचवां विकेट गिर चुका है। वॉशिंगटन सुंदर ने मुश्फिकुर रहीम को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई है। रहीम ने दो चौकों की मदद से 24 गेंद पर 12 रन बनाए। शिखर धवन ने उनका कैच पकड़ा। भारत के लिए मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर दो-दो विकेट ले चुके हैं। वहीं, उमरान मलिक को एक विकेट मिला है। अब अफीफ हुसैन और महमुदुल्लाह क्रीज पर हैं।
66 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का चौथा विकेट गिरा है। वॉशिंगटन सुंदर ने शाकिब अल हसन को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। शाकिब ने 20 गेंद में एक चौके की मदद से आठ रन बनाए। शाकिब ने सुंदर की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हुए। गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में गई और शिखर ने आसान कैच पकड़ा। हालांकि, गेंद उनकी हथेली में नहीं आई थी और कैच छूटने का खतरा था, लेकिन गेंद उनके हाथ और शरीर के बीच फंस गई और धवन ने कैच पूरा किया। 18 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 66 रन है।
इस मैच के दूसरे ओवर में फील्डिंग के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए थे। उनके अंगूठे में चोट लगी है। सिराज की गेंद पर बांग्लादेश के एनामुल हक ने स्लिप में आसान कैच दिया था, लेकिन रोहित सही तरीके से इसे पकड़ नहीं पाए। गेंद उनके अंगूठे में लगी और उनके हाथ से खून भी निकलने लगा। वह तुरंत मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद स्कैन के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। उनकी जगह रजत पाटीदार फील्डिंग कर रहे हैं। वहीं, लोकेश राहुल टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं।
रोहित की चोट ने भारत की परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि इस मैच में भी उनका बल्लेबाजी करना बाकी है। इसके बाद भारत को बांग्लादेश के साथ ही एक वनडे और दो टेस्ट मैच खेलने हैं। कप्तान रोहित का न रहना भारत के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि रोहित की चोट कितनी गंभीर है।
52 रन के स्कोर पर बांग्लादेश का तीसरा विकेट गिरा है। उमरान मलिक ने नजमुल हसन शान्तो को क्लीन बोल्ड किया है। शान्तो ने 35 गेंद पर 21 रन बनाए। 14 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 57 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर बांग्लादेश का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। नजमुल हसन शान्तो और शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाजों ने दोनों पर दबाव बना रखा है, लेकिन यह जोड़ी बांग्लादेश का स्कोर धीरे-धीरे आगे बढ़ा रही है और बड़ी साझेदारी कर दबाव कम करने की कोशिश कर रही है।
मोहम्मद सिराज ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। अब तक बांग्लादेश के दो विकेट गिरे हैं और दोनों सिराज ने लिए हैं। उन्होंने दोनों विकेट अंदर आती गेंदों पर लिए हैं। पहले एनामुल को आउट करने वाले सिराज ने कप्तान लिटन दास को अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। लिटन दास ने 23 गेंदों पर सात रन बनाए। इस पारी में वह सिर्फ एक चौका लगा सके। पावरप्ले में बांग्लादेश ने दो विकेट खोकर 44 रन बनाए हैं।
बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 30 रन के पार जा चुका है। कप्तान लिटन दास और नजमुल हसन शान्तो क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है।
मोहम्मद सिराज ने बांग्लादेश की टीम को पहला झटका दिया है। उन्होंने सलामी बल्लेबाज एनामुल हक को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने दो चौकों की मदद से नौ गेंद में 11 रन बनाए। अब कप्तान लिटन दास के साथ शंतो क्रीज पर हैं। तीन ओवर का खेल खत्म होने के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 13 रन है।
बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी के लिए मैदान में आ चुकी है। लिटन दास और एनामुल हक ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, भारत के लिए पहला ओवर दीपक चाहर कर रहे हैं। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद बांग्लादेश का स्कोर बिना किसी नुकसान के एक रन है।
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक।
बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शान्तो, लिटन दास (कप्तान), एनामुल हक, शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), महमुदुल्लाह, अफीफ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, नसुम अहमद, इबादत हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान।
भारतीय टीम भी इस मैच में दो बदलाव के साथ उतरी है। शाहबाज अहमद की जगह अक्षर पटेल को मौका दिया गया है। वहीं, कुलदीप सेन की जगह उमरान मलिक को टीम में शामिल किया गया है। कुलदीप सेन चोटिल हैं और चयन के लिए उपल्बध नहीं हैं। पहले मैच के बाद उनकी पीठ में जकड़न है। बीसीसीआई मेडिकल टीम ने कुलदीप को आराम करने की सलाह दी है। वहीं, अक्षर पटेल फिट होने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। बांग्लादेश की टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। हसन महमूद की जगह नसूम को मौका दिया गया है।
भारतीय टीम को इससे पहले बांग्लादेश में वनडे सीरीज में हार झेलनी पड़ी थी। इस सीरीज में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। ढाका के मैदान में उन्होंने पहले मैच में पांच और दूसरे मैच में छह विकेट लिए थे। उनकी शानदार गेंदबाजी के चलते ही भारतीय टीम सीरीज हार गई थी। बांग्लादेश की जमीन पर यही एकमात्र सीरीज रही है, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा है। अगर भारतीय टीम आज हार जाती है तो बांग्लादेश की जमीन पर दूसरी सीरीज गंवा देगी। टीम इंडिया यह मैच जीतकर शर्मनाक हार से बचना चाहेगी।
नमस्कार, उमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला भी ढाका में है। भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो वाला है। यह मैच हारने पर टीम इंडिया सीरीज भी गंवा देगी। वहीं, जीतने पर सीरीज में 1-1 की बराबरी करेगी। सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने एक विकेट के अंतर से गंवा दिया था। भारतीय बल्लेबाज इस मैच में पूरी तरह फेल रहे थे। फील्डिंग में भी भारत का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। भारतीय टीम इस मैच में इन कमजोरियों को दूर करके जीत हासिल करना चाहेगी।