ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 में भारत को चार विकेट से हरा दिया है। जीत के लिए मिले 126 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कंगारुओं ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। पहला टी20 बारिश के कारण रद्द हो गया था। अब तीसरा टी20 दो नवंबर को खेला जाएगा।
भारत की पारी
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 37 गेंद में 68 रन की पारी खेली थी। वहीं, हर्षित राणा ने 35 रन बनाए थे। इसके अलावा कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ नहीं छू सका। बाकी के नौ खिलाड़ियों में से चार खिलाड़ी तो खाता भी नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने तीन विकेट लिए। वहीं, जेवियर बार्टलेट और नाथन एलिस को दो-दो विकेट मिले। स्टोइनिस ने एक विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। इस साझेदारी को वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा। उन्होंने हेड को आउट किया। हेड ने 15 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन की पारी खेली। वहीं, मार्श अर्धशतक से चूक गए। वह 26 गेंद में दो चौके और चार छक्कों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। जोश इंग्लिस ने 20 रन बनाए। वहीं, टिम डेविड एक रन बना सके।
बुमराह हैट्रिक से चूके
इसके बाद बुमराह का जलवा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलियाई पारी के 13वें ओवर में बुमराह हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर मिचेल ओवेन को विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। वह 14 रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को बेहतरीन यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। शॉर्ट खाता नहीं खोल सके। हालांकि, स्टोइनिस ने नाबाद छह रन की पारी खेल ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई। भारत की ओर से बुमराह के अलावा वरुण और कुलदीप ने दो-दो विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलियाई पारी के 13वें ओवर में बुमराह हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर मिचेल ओवेन को विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। वह 14 रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को बेहतरीन यॉर्कर पर क्लीन बोल्ड किया। शॉर्ट खाता नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया को दो रन की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया को 112 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव ने जोश इंग्लिस को आउट किया। वह 20 रन बना सके। कुलदीप और वरुण ने अब तक दो-दो विकेट झटके हैं। जीत के लिए कंगारुओं को 14 रन की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया को 90 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। वरुण चक्रवर्ती ने टिम डेविड का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह एक रन बना सके। फिलहाल मिचेल ओवेन और जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 92 रन है। टीम को जीत के लिए अब भी 66 गेंद पर 34 रन की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया को 87 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। कुलदीप यादव ने कप्तान मिचेल मार्श को अभिषेक के हाथों कैच कराया। मार्श ने 26 गेंद में दो चौके और चार छक्कों की मदद से 46 रन की पारी खेली। अब ऑस्ट्रेलिया को 72 गेंद में 39 रन की जरूरत है।
वरुण चक्रवर्ती ने ट्रेविस हेड को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया है। हेड और मार्श के बीच अच्छी साझेदारी हो रही थी, लेकिन तिलक वर्मा ने बाउंड्री पर शानदार कैच पकड़कर हेड की पारी का अंत किया। हेड 15 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुईं।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। हेड और मार्श के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श पारी का आगाज करने उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने दो ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 11 रन बना लिए हैं।
भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 126 रनों का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और भारत की पूरी पारी 18.4 ओवर में 125 रन पर ऑलआउट कर दी। भारत की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने 50 रन से भी कम के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को संभाला जिससे भारत 120 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन अभिषेक शर्मा ने बनाए। अभिषेक ने 37 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली। वहीं, हर्षित ने 35 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने तीन विकेट लिए, जबकि जैवियर बार्टलेट और नाथन एलिस को दो-दो विकेट मिले। मार्कस स्टोइनिस को एक विकेट मिला।
भारत को अभिषेक शर्मा के रूप में नौवां झटका लगा है जो 37 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को कुलदीप यादव के रूप में आठवां झटका लगा है। कुलदीप यादव खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। अभिषेक शर्मा हालांकि क्रीज पर मौजूद हैं।
बार्टलेट ने शिवम दुबे को आउट कर भारत को सातवां झटका दिया है। शिवम चार रन बनाकर आउट हुए।
भारत को हर्षित राणा के रूप में छठा झटका लगा है। हर्षित और अभिषेक के बीच 56 रनों की साझेदारी पूरी हो गई थी, लेकिन बार्टलेट ने हर्षित को आउट कर इसे तोड़ दिया। हर्षित 33 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
हर्षित राणा और अभिषेक शर्मा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 50+ रन जोड़ लिए हैं। भारत का स्कोर भी 100 रन के पार पहुंच गया है।
अभिषेक शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया है। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 50 रन से भी कम के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए थे। लेकिन अभिषेक ने हर्षित के साथ मिलकर पारी को संभाला।
आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद हर्षित राणा और अभिषेक शर्मा के बीच साझेदारी पनप रही है। दोनों बल्लेबाजों के बीच एब तक 25+ रनों की साझेदारी हो चुकी है जिससे टीम का स्कोर 70 के पार पहुंच गया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब रही है और आधी टीम पवेलियन लौट गई है। अक्षर पटेल रन आउट हो गए हैं और भारत ने 49 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिए हैं। अक्षर सात रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम की शुरुआत दूसरे टी20 मैच में काफी खराब रही है और तिलक वर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। भारत ने महज 32 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की पारी लड़खड़ा गई है। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं।
भारत को 23 रन के स्कोर पर दूसरा झटका लगा है। संजू सैमसन इस मैच में तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन प्रभावित नहीं कर सके और एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अब क्रीज पर अभिषेक शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं।
भारत को शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा है। गिल 10 गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हो गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत की पारी शुरू हो गई है। क्रीज पर अभिषेक के साथ शुभमन गिल मौजूद हैं। पहली ही गेंद पर गिल को उस वक्त जीवनदान मिला जब जोश हेजलवुड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू अपील की गई और अंपायर ने उन्हें आउट दिया। गिल ने बिना देरी किए डीआरएस लेने का फैसला किया और रिव्यू में दिखा कि गेंद स्टंप्स से काफी ऊपर है। इस तरह गिल पहली ही गेंद पर आउट होने से बचे।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के खिलाड़ी इस मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी बेन ऑस्टिन की गेंद लगने से मौत हो गई थी जिस कारण दोनों टीमों ने उनके सम्मान में काली पट्टी बांधकर उतरने का फैसला लिया है। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के सदस्यों ने ऑस्टिन को श्रद्धांजलि दी।
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिचेल ओवन, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, जैवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनैमैन, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ऑस्ट्रेलिया ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। भारत ने इस मुकाबले के लिए एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि अर्शदीप सिंह इस मैच में भी नहीं खेलेंगे।
भारत के लिए इस मैच में रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा, अर्शदीप सिंह और नीतीश रेड्डी नहीं खेल रहे थे। बाद में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया था कि चोटिल नीतीश पहले तीन टी20 के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। नीतीश को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे मैच के दौरान चोट लगी थी और वह इससे अभी उबर नहीं सके हैं।
दूसरे मैच से पहले भारत के लिए अच्छी बात सूर्यकुमार का फॉर्म में लौटना है। विश्व कप से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर अपनी टीम से बेखौफ खेल की उम्मीद करते हैं और उसके लिए सूर्यकुमार का फॉर्म अहम होगा। गंभीर चाहते हैं कि उनकी टीम नियमित तौर पर 250, 260 और उससे अधिक स्कोर बनाए। हाल ही में भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन से जाहिर है कि बल्लेबाज गंभीर का फलसफा बखूबी समझ गए हैं।
भारत दूसरे टी20 के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करेगा इसकी संभावना कम है क्योंकि पहला मैच बारिश में धुल गया था। ऐसे में रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ सकता है। भारत को कैनबरा में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की मौजूदगी में भारत का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है। उन्हें हालांकि मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के बल्लों पर अंकुश लगाना होगा जो अतीत में उनके लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं।
Live Cricket Score, India vs Australia (IND vs AUS) T20: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज दूसरा टी20 मुकाबला मेलबर्न में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पिछला मैच बारिश में धुल गया था और अब भारतीय टीम की नजरें सीरीज में बढ़त लेने पर होंगी।