फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PM XI Highlights: अभ्यास मैच में भारत ने पीएम एकादश को छह विकेट से हराया, गिल-नीतीश और सुंदर चमके

Sun, 01 Dec 2024 05:13 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कैनबरा

खास बातें

AUS PM XI vs IND Live Cricket Score Today : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच दो दिवसीय अभ्यास मैच का आज दूसरा दिन है। शनिवार को पहले दिन बारिश के कारण खेल धुल गया था और टॉस भी नहीं हो सका था। भारत ने प्रधानमंत्री एकादश को छह विकेट से हरा दिया। बारिश से प्रभावित मुकाबले में प्रधानमंत्री एकादश ने भारत के खिलाफ 43.2 ओवर में 10 विकेट पर 240 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने 43वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 241 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश - फोटो : X
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:52 PM, 01-Dec-2024

IND vs PM XI Live Score: भारत ने प्रधानमंत्री एकादश को हराया

एडिलेड टेस्ट से पहले भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच खेला। पहले दिन का खेल बारिश से धुलने के कारण यह मुकाबला दूसरे दिन खेला गया। जिसमें टीम इंडिया ने उन्हें छह विकेट से हरा दिया। प्रधानमंत्री एकादश ने 43.2 ओवर में 240 रन बनाए। जवाब में भारत ने 43वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 241 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया। चूंकि यह मुकाबला 46 ओवर तक खेलना था, इसलिए टीम इंडिया ने खेल जारी रखा। इस तरह भारत ने 17 रन की बढ़त बनाई।

गिल ने जड़ा अर्धशतक
अभ्यास मैच में शुभमन गिल का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 62 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे लेकिन वह नाबाद रहे। बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में गिल अंगूठे की चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। हालांकि, अब वह वापसी के लिए तैयार हैं और दूसरे टेस्ट में खेलते दिख सकते हैं। 

यशस्वी-नीतीश के अलावा सुंदर भी चमके
इस मैच में यशस्वी जायसवाल ने 59 गेंदों में 45 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान नौ चौके जड़े। हालांकि, वह अपना अर्धशतक नहीं पूरा कर सके। इसके अलावा केएल राहुल ने 27, रोहित शर्मा ने तीन, नीतीश कुमार रेड्डी ने 42, रवींद्र जडेजा ने 27, सरफराज खान ने एक रन बनाए। वहीं, वाशिंगटन सुंदर 42 और देवदत्त पडिक्कल चार रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ 46 ओवर में पांच विकेट पर 257 रन बनाए।

04:43 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: जडेजा 27 रन बनाकर आउट

रवींद्र जडेजा 27 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें रेन्शा ने अपना शिकार बनाया। अब आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सरफराज खान उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत लक्ष्य से सिर्फ 10 रन दूर है।

04:11 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: शुभमन गिल ने पूरा किया अर्धशतक

अभ्यास मैच में शुभमन गिल का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने 62 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और नाबाद पवेलियन लौटे। वहीं, नीतीश 42 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें कोनोर ने अपना शिकार बनाया। अब बल्लेबाजी के लिए वाशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा उतरे हैं।

विज्ञापन
03:32 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: रोहित तीन रन बनाकर आउट

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें एंडरसन ने ओलिवर डेविस के हाथों कैच कराया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नीतीश कुमार रेड्डी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शुभमन गिल मौजूद हैं।

03:08 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: कप्तान रोहित उतरे

केएल राहुल रिटायर हर्ट होकर पवेलियन लौट गए हैं और उनकी जगह भारतीय कप्तान रोहित शर्मा उतरे हैं। रोहित विराट कोहली से पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। उनके साथ शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। राहुल ने 44 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए। 

विज्ञापन
02:55 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: यशस्वी अर्धशतक से चूके

चार्ली एंडरसन ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर भारत को पहला झटका दिया। यशस्वी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन एंडरसन ने उन्हें आउट कर पचासा जड़ने से रोका। यशस्वी ने केएल राहुल के साथ मिलकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। यशस्वी 59 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही यशस्वी और राहुल के बीच पहले विकेट के लिए हुई 75 रनों की साझेदारी टूट गई। अब  क्रीज पर शुभमन गिल उतरे हैं जो चोट के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेल सके थे। 

02:36 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत का स्कोर 50 के पार

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है और पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है। राहुल और यशस्वी की शानदार बल्लेबाजी से भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 रन का बिना किसी नुकसान के पार कर लिया है।

02:05 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: यशस्वी-राहुल की सधी शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ यशस्वी और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत की है। इन दोनों बल्लेबाजों ने सात ओवर की समाप्ति तक 21 रन जोड़ लिए हैं और विरोधी टीम को सफलता हासिल नहीं करने दी है। 

01:38 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत की पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ भारतीय पारी शुरू हो गई है। यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। राहुल और यशस्वी ने ही पर्थ टेस्ट में पारी का आगाज किया था। 

01:05 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत को मिला 241 रनों का लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने भारत के सामने अभ्यास मुकाबले में 241 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने 43.2 ओवर में 240 रन बनाए। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज सैंम कोंसटास ने शानदार बल्लेबाजी की और 97 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाए। कोंसटास के अलावा हानो जैकब्स ने 60 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन की पारी खेली, वहीं जैक क्लेटॉन ने 40 रन बनाए जिससे टीम भारत के सामने लड़ने लायक स्कोर खड़ा करने में सफल रही।  

भारत के लिए हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 44 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि आकाश दीप को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला। तेज गेंदबाजों ने इस मैच में दमदार गेंदबाजी की। हालांकि टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में गेंदबाजी नहीं की। 

इससे पहले, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सिराज और आकाश दीप ने ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश को दो झटके दिए। हालांकि, बीच में बारिश आ गई और मैच को कुछ देर के लिए रोकना भी पड़ा। बारिश के कारण ओवर में कटौती की गई और मुकाबला 46-46 ओवर कराने का फैसला किया गया। शुरुआती झटकों के बाद कोंसटास और क्लेटॉन ने पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस साझेदारी को हर्षित ने तोड़ा। उन्होंने फिर ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश को लगातार झटके देकर बैकफुट पर ढकेल दिया। दूसरे छोर पर कोंसटास ने अपनी पारी जारी रखी और शतक लगाने में सफल रहे। 

12:50 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: कोंसटास आउट हुए

आकाश दीप ने सैम कोंसटास को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। कोंसटास शतक पूरा करने के बाद पवेलियन लौटे। कोंसटास ने 97 गेंदों पर 14 चौकों और एक छक्के की मदद से 107 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने 40 ओवर की समाप्ति के बाद आठ विकेट पर 212 रन बनाए हैं। 

12:32 PM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: कोंसटास का शतक

गिरते विकेटों के बीच सधी हुई पारी खेलने वाले सैम कोंसटास ने भारत के खिलाफ अभ्यास मैच में शतक जड़ दिया है। शुरुआती दो झटकों के बाद कोंसटास ने क्लेटॉन के साथ शतकीय साझेदारी की थी, लेकिन क्लेटॉन के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश की पारी लड़खड़ा गई थी और उसने सात रन के अंतराल पर पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, कोंसटास दूसरे छोर पर टिके रहे और उन्होंने पारी को संभाले रखा है। 

11:54 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत को मिली सातवीं सफलता

प्रसिद्ध कृष्णा ने एडन ओ कोनोर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश को सातवां झटका दिया। भारतीय गेंदबाजों ने विरोधी टीम को मुश्किल में डाल दिया है। कोंसटास और क्लेटॉन के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई थी, लेकिन जैसे ही हर्षित ने क्लेटॉन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश की टीम की लय लड़खड़ा गई और टीम ने सात रन के अंतराल पर पांच विकेट गंवा दिए। कोनोर चार रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, दूसरे छोर पर कोंसटास क्रीज पर टिके हुए हैं और 78 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

11:47 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश मुश्किल में

हर्षित राणा ने दमदार गेंदबाजी जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के छठा झटका दिया। हर्षित ने अपनी पिछली छह गेंदों पर चार विकेट झटके और विरोधी टीम को मुश्किल में डाल दिया। हर्षित ने पहले क्लेटॉन को आउट किया और फिर डेविस को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। इसके बाद अगले ओवर में उन्होंने जैक एडर्वड्स को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। वहीं, इसी ओवर में सैम हार्पर को खाता खोले बिना आउट किया। हर्षित अब तक मैच में चार विकेट ले चुके हैं। 

11:44 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: हर्षित को मिली तीसरी सफलता

तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश को मुश्किल में डाल दिया है। हर्षित ने पहले क्लेटॉन को आउट किया और फिर डेविस को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। इसके बाद अगले ओवर में उन्होंने जैक एडर्वड्स को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। एडर्वड्स एक रन बनाकर आउट हुए। 

11:38 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: हर्षित ने कराई वापसी

हर्षित ने क्लेटॉन के बाद ओलिवियर डेविस को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया और मैच में भारत की वापसी कराई। डेविस खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि, कोंसटास अभी क्रीज पर मौजूद हैं और दूसरे छोर से पारी को संभाले हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने 23 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 131 रन बना लिए हैं। 

11:36 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: ऑस्ट्रेलिया को लगा तीसरा झटका

तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार फॉर्म में दिख रहे क्लेटॉन को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। क्लेटॉन 40 रन बनाकर आउट हुए और अर्धशतक लगाने से चूक गए। इसी के साथ क्लेटॉन और कोंसटास के बीच शतकीय साझेदारी का अंत हुआ। 

11:19 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश का स्कोर 100 के पार

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है। सैम कोंसटास और जैक क्लेटॉन क्रीज पर टिके हुए हैं और भारतीय गेंदबाजों को सफलता हासिल करने का मौका नहीं दे रहे हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए अबतक 90 गेंदों पर 94 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। 

11:07 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: कोंसटास का पचासा

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बल्लेबाज सैम कोंसटास ने अर्धशतक जड़ दिया है। कोंसटास फिलहाल 54 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

10:50 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश का स्कोर 50 के पार

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने शुरुआती झटकों से खुद को उबारा और 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया। भारत ने बारिश से बाधित इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश को दो झटके दिए। बारिश के कारण मैच थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा था और अब मैच 46-46 ओवर का हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने 14 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 59 रन बनाए हैं। क्रीज पर कोंसटास और क्लेटॉन मौजूद हैं। 

10:13 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत को मिली दूसरी सफलता

तेज गेंदबाज आकाश दीप ने जेयडेन गुडविन को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। गुडविन चार बनाकर आउट हुए। 

10:11 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: मैच दोबारा शुरू

भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच अभ्यास मैच दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के चलते मैच को रोकना पड़ा था। हालांकि, ओवर में कटौती की गई है और अब दोनों टीमें 46-46 ओवर खेलेंगी। 

09:39 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: बारिश के कारण मैच रुका

भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच चल रहा अभ्यास मुकाबला बारिश के कारण रोकना पड़ा है। बारिश हालांकि ज्यादा तेज नहीं है, लेकिन मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। मैच रुकने तक ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश ने 5.3 ओवर में एक विकेट पर 21 रन बना लिए हैं। क्रीज पर फिलहाल सैम कोंसटास 11 रन और जेयडेन गुडविन चार रन बनाकर मौजूद हैं। भारत को पहली सफलता मोहम्मद सिराज ने मैट रेनशॉ को आउट कर दिलाई। 

09:34 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत को मिला पहला विकेट

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने मैट रेनशॉ को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। रेनशॉ पांच रन बनाकर आउट हुए। 

09:12 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: अभ्यास मैच शुरू

भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच मैच शुरू हो गया है। ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश की ओर से सैम कोंसटास और मैट रेनशॉ बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं। इस मैच के लिए शुभमन गिल को भी शामिल किया गया है। गिल चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में नहीं खेले थे, लेकिन उनकी अभ्यास मैच के लिए वापसी हुई है। अभ्यास मैच होने के कारण भारत ने प्लेइंग-11 घोषित नहीं की है। भारत ने 19 खिलाड़ियों की सूची सौंपी है। 

08:52 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: मैच के लिए दोनों टीमें

भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नीतीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, हर्षित राणा, सरफराज खान, अभिमन्यू ईश्वरन, देवदत्त पडिक्कल। 

ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादशः जैक एडवर्ड्स (कप्तान), मैट रेनशॉ, जैक क्लेटन, ओलिवर डेविस, जेयडन गुडविन, सैम हार्पर (विकेटकीपर), चार्ली एंडरसन, सैम कोंसटास, स्कॉट बोलैंड, लॉयड पोप, हानो जैकब, माहिल बियर्डमैन, एडन ओ कोनोर, जैम रियान।

 

08:45 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। मैच भारतीय समयानुसार सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा। दोनों टीमें 50-50 ओवर खेलेंगी और पहले ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश की टीम बल्लेबाजी करेगी। 

08:28 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: बल्लेबाजी संयोजन पर होगा ध्यान

भारतीय टीम का ध्यान इस अभ्यास मैच में सही बल्लेबाजी संयोजन तलाशने पर केंद्रित होगा। पहले टेस्ट मैच में नियमित कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल उपलब्ध नहीं थे। रोहित की जगह यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल ओपनिंग करने उतरे थे। एडिलेड में पिंक बॉल टेस्ट में यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत का बल्लेबाजी संयोजन कैसा रहा है। अभ्यास मैच में शुभमन गिल को मौका मिलेगा या नहीं यह भी देखना होगा क्योंकि वह पहले टेस्ट से पूर्व चोटिल हो गए थे। 

08:20 AM, 01-Dec-2024

IND vs PMXI Live: आज 50-50 ओवर खेलेंगी दोनों टीमें

बारिश की वजह से भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री इलेवन के बीच गुलाबी गेंद से अभ्यास मैच का पहला दिन धुल गया था। मैच में अब तक टॉस भी नहीं हो सका है। यह दो दिवसीय अभ्यास मैच है। दूसरे दिन दोनों टीमें 50-50 ओवर खेलेंगी। यानी दोनों टीमें 50-50 ओवर बल्लेबाजी करेंगी। 

08:15 AM, 01-Dec-2024

IND vs PM XI Highlights: अभ्यास मैच में भारत ने पीएम एकादश को छह विकेट से हराया, गिल-नीतीश और सुंदर चमके

PM XI vs India Pink Ball Practice Match: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के बीच दो दिवसीय अभ्यास मैच का आज दूसरा दिन है। शनिवार को पहले दिन बारिश के कारण खेल धुल गया था और टॉस भी नहीं हो सका था। भारतीय टीम के पास इस मैच से छह दिसंबर से एडिलेड में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले अपनी तैयारियों को परखने का अच्छा अवसर है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें