फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: गाबा के बाद पर्थ में टूटा ऑस्ट्रेलिया का घमंड, भारत ने पहला टेस्ट 295 रन से जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई

Mon, 25 Nov 2024 01:37 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पर्थ

खास बातें

IND vs AUS Day 4, 1st Test 2024 Highlights: पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला गया। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है और यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचेगी। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 238 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:18 PM, 25-Nov-2024

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया

भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हरा दिया है। पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में कंगारू टीम 238 रन पर सिमट गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 104 रन पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त मिली थी। दूसरी पारी भारत ने छह विकेट पर 487 रन बनाकर घोषित कर दी थी और कुछ बढ़त 533 रन की हासिल की थी। 

ध्यान देने वाली बात यह है कि टीम इंडिया में न तो रोहित शर्मा थे, न ही शुभमन गिल, न ही रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन और न ही मोहम्मद शमी थे। इसके बावजूद टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 2021 में गाबा में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ने के बाद भारत ने अब पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया का घमंड तोड़ा है। इस टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में चार टेस्ट खेले थे और सभी जीते थे। पांचवें में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पहले मैच पर्थ के वाका स्टेडियम में खेले जाते थे। हालांकि, 2018 से ऑप्टस स्टेडियम में मैच खेले जाने लगे। पर्थ (वाका, 2008), एडिलेड (2008), गाबा (2021) और अब पर्थ (ऑप्टस)...भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कुछ ऐतिहासिक मैच जीते हैं।

खास बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया की तुलना में कम अनुभव वाली टीम ने कंगारुओं को चौंकाया है। पर्थ की उछाल और गति वाली पिच पर मेजबान को डरा कर रखना शानदार बात रही। भारत का यह ऑस्ट्रेलिया में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत भी है। 295 रन से यह मुकाबला जीतने से पहले भारत ने मेलबर्न में 1977 में 222 रन से जीत दर्ज की थी। वहीं, 2018 में भारत ने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया को 137 रन से हराया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-3 से क्लीन स्वीप होने के बाद भारतीय टीम की यह वापसी खास है। 

12:55 PM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के नौ विकेट गिरे

ऑस्ट्रेलिया को 227 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने नाथन लियोन को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके।

12:32 PM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट गिरे

ऑस्ट्रेलिया को 227 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने मिचेल स्टार्क को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल एलेक्स कैरी 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। कैरी और स्टार्क के बीच 45 रन की साझेदारी हुई। जुरेल ने एक हाथ से शानदार कैच लपका। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अभी भी 307 रन की जरूरत है। भारत जीत से दो विकेट दूर है।

विज्ञापन
12:10 PM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया 200 के पार

ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 210 रन है। उन्हें जीत के लिए अभी भी 324 रन की जरूरत है। फिलहाल मिचेल स्टार्क और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। भारत ऐतिहासिक जीत से तीन कदम दूर है।

11:43 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

182 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका लगा। भारत जीत से तीन विकेट दूर है। नीतीश ने मिचेल मार्श को क्लीन बोल्ड किया। वह 47 रन बना सके। फिलहाल एलेक्स कैरी और मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए अब भी 352 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
11:13 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

ऑस्ट्रेलिया को 161 के स्कोर पर छठा झटका लगा। बुमराह ने ट्रेविस हेड को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। वह 101 गेंद में आठ चौके की मदद से 89 रन बनाकर आउट हुए। हेड ने मिचेल मार्श के साथ 87 गेंद में 82 रन की साझेदारी निभाई। ऑस्ट्रेलिया को अब 373 और रन की जरूरत है। फिलहाल मार्श के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।

10:46 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 126 रन बना लिए हैं। टीम को जीत के लिए 408 और रन की जरूरत है। वहीं, भारत को पांच विकेट की दरकार है। मार्श और हेड के बीच अब तक 47 रन की साझेदारी हो चुकी है।

09:56 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: चौथे दिन लंच

चौथे दिन लंच ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए 430 और रन की जरूरत है। फिलहाल ट्रेविस हेड 63 रन और मिचेल मार्श पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने नाथन मैकस्वीनी (0), पैट कमिंस (2) और मार्नस लाबुशेन (3) के विकेट रविवार को ही गंवा दिए थे। आज टीम को दो झटके उस्मान ख्वाजा (4) और स्टीव स्मिथ (17) के रूप में लगे। दोनों को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। सिराज ने अब तक तीन विकेट और बुमराह ने दो विकेट लिए हैं।

09:42 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: हेड का अर्धशतक

ट्रेविस हेड ने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 93 रन बना लिए हैं। अब कंगारुओं को 441 रन की जरूरत है। हेड 58 रन बनाकर क्रीज पर हैं, जबकि मिचेल मार्श खाता नहीं खोल सके हैं।

09:26 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: सिराज ने स्मिथ को आउट किया

79 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने स्टीव स्मिथ को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंद में 17 रन बना सके। स्मिथ ने ट्रेविस हेड के साथ 62 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल ट्रेविस 45 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मिचेल मार्श क्रीज पर उतरे हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब भी 455 रन की जरूरत है।

09:22 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: स्मिथ और हेड जमे

ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 78 रन बना लिए हैं। उन्हें अब 456 रन की जरूरत है। फिलहाल हेड 44 रन और स्मिथ 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 60 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को इस साझेदारी को तोड़ने की जरूरत है। यह दोनों खतरनाक बल्लेबाज हैं और मैच पलटने की क्षमता रखते हैं।

08:44 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया 50 रन के पार

ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गवांकर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल ट्रविस् हेड और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया को अब भी 484 रन की जरूरत है। ऑस्ट्रेलिया को आज एकमात्र झटका उस्मान ख्वाजा के रूप में लगा है। उन्हें सिराज ने पवेलियन भेजा।

07:57 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को लगा चौथा झटका

चौथे दिन के दूसरे ओवर में ही ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। भारतीय तेज गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की। मोहम्मद सिराज ने उस्मान ख्वाजा को चलता किया। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 17/4 है। फिलहाल ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।

07:46 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: तीसरे दिन का खेल

तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 12 रन बना लिए थे। नाथन मैकस्वीनी खाता नहीं खोल सके, जबकि पैट कमिंस दो रन और मार्नस लाबुशेन तीन रन बनाकर आउट हुए। उस्मान ख्वाजा तीन रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया को अब भी 522 रन बनाने हैं। टीम इंडिया ने 534 रन का लक्ष्य दिया है। बुमराह ने अब तक दो विकेट लिए हैं, जबकि सिराज को एक विकेट मिला है।

07:45 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS Live Score: भारत की दूसरी पारी

भारत ने अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 487 रन का स्कोर बनाकर पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी के 487 रन से पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर सिमट गई थी। भारत को दूसरी पारी में 46 रन की बढ़त हासिल थी। इस लिहाज से भारत के सामने कुल बढ़त 533 रन की हुई और 534 रन का लक्ष्य दिया।

विराट कोहली के शतक का सभी को इंतजार था। उनके शतक लगाते ही भारतीय ड्रेसिंग रूम की ओर से पारी घोषित करने का फैसला लिया गया। विराट ने 143 गेंद में 100 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। विराट ने लियोन की गेंद पर चौके के साथ शतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 30वां शतक और ओवरऑल तीनों प्रारूप मिलाकर 81वां शतक लगाया। यह ऑस्ट्रेलिया में उनका सातवां शतक रहा। वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। सचिन ने छह शतक लगाए थे। विराट के अलावा नीतीश रेड्डी 27 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे। नीतीश और विराट ने सातवें विकेट के लिए 54 गेंद में 77 रन की नाबाद साझेदारी की।

विराट से पहले यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़ा था और उन्होंने 161 रन की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके और तीन छक्के लगाए थे। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा शतक रहा था। वहीं, केएल राहुल ने पांच चौके की मदद से 77 रन बनाए थे। देवदत्त पडिक्कल ने 25 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने 29 रन बनाए। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल कुछ खास नहीं कर सके और 1-1 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लियोन ने दो विकेट लिए, जबकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और मिचेल मार्श को एक-एक विकेट मिला।

07:40 AM, 25-Nov-2024

IND vs AUS: गाबा के बाद पर्थ में टूटा ऑस्ट्रेलिया का घमंड, भारत ने पहला टेस्ट 295 रन से जीतकर 1-0 की बढ़त बनाई

IND vs AUS Day 3, 1st Test 2024 Highlights: पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच जारी है। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है और यह साफ हो जाएगा कि कौन सी टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचेगी। भारत को कम से कम चार टेस्ट जीतने की जरूरत है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वह एक भी मैच न हारें। भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें