फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: मुश्किल पिच पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, राहुल-जडेजा ने मिलकर दिलाई जीत

Fri, 17 Mar 2023 09:08 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

India vs Australia (IND vs AUS) 1st ODI Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम करने के बाद वनडे सीरीज भी जीतने उतरी है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 189 रन का लक्ष्य रखा था। भारत ने यह लक्ष्य 39.5 ओवर में हासिल कर लिया।
विज्ञापन
जडेजा और राहुल ने शानदार साझेदारी की - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:40 PM, 17-Mar-2023

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराया

भारत ने मुंबई के वानखेड़े में खेले गए पहले वनडे में ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.4 ओवर में 188 रन पर सिमट गई थी। कंगारुओं के लिए मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 81 रन की पारी खेली थी।

जवाब में भारत ने 39.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केएल राहुल ने लय में वापसी की और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा रवींद्र जडेजा भी 45 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 108 रन की नाबाद साझेदारी हुई।

इस जीत के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। अब अगला वनडे रविवार को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 16 साल बाद हराया है। 

दोनों के बीच इस मैदान पर पांच वनडे खेले गए हैं। इसमें से भारत ने तीन और ऑस्ट्रेलिया ने दो मुकाबले जीते हैं। टीम इंडिया ने पिछली बार ऑस्ट्रेलिया को इस मैदान पर वनडे में 2007 में हराया था। इसके बाद 2020 में ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर भारत को शिकस्त दी थी। अब करीब 16 साल बाद भारत एकबार फिर ऑस्ट्रेलिया को हराने में कामयाब रहा है।

08:11 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: राहुल ने अर्धशतक जड़ा

केएल राहुल ने 74 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 13वां अर्धशतक रहा। फिलहाल राहुल 75 गेंदों में 54 रन और रवींद्र जडेजा 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 35 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 150 रन है। टीम इंडिया को अब भी 39 रन की जरूरत है। दोनों के बीच 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है।

07:55 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा-राहुल की शानदार पारी

30 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 20 रन और केएल राहुल 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अब 67 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
07:32 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा-राहुल ने संभाली पारी

27 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 108 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 16 रन और केएल राहुल 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 25 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को अब भी 81 रन की जरूरत है।

07:01 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: हार्दिक पांड्या भी आउट

भारत को 20वें ओवर में 83 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस ने हार्दिक पांड्या को कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। हार्दिक 31 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने केएल राहुल के साथ पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों में 44 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल रवींद्र जडेजा और केएल राहुल क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 83 रन है। टीम इंडिया को अब 30 ओवर में 106 रन की जरूरत।

विज्ञापन
06:47 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: हार्दिक-राहुल ने संभाली पारी

17 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 78 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान हार्दिक पांड्या 23 रन और केएल राहुल 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया को जीत के लिए अब भी 111 रन की जरूरत है।

06:23 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। इस जोड़ी पर ही टीम इंडिया को जीत दिलाने का दारोमदार रहेगा। 

06:11 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

39 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 31 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्नस लाबुशेन ने स्टार्क की गेंद पर उनका कैच पकड़ा। गिल ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। इस मैच में यह मिशेल स्टार्क की तीसरी सफलता है। अब लोकेश राहुल के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 43 रन है।

06:09 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 39/3

189 रन का पीछा करते हुए भारत ने पावरप्ले में तीन विकेट खोकर 39 रन बनाए हैं। शुभमन गिल और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों 23 रन की साझेदारी कर चुके हैं और धीरे-धीरे भारतीय पारी को आगे बढ़ा रहे हैं।

05:41 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत का तीसरा विकेट गिरा

16 रन के स्कोर पर ही भारत को तीसरा झटका लगा है। मिशेल स्टार्क की स्विंग करती गेंदों का भारतीय बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं है। विराट कोहली के बाद सूर्यकुमार यादव भी आउट हो चुके हैं। स्टार्क ने उन्हें भी विकेटों के सामने फंसाया। वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 20 रन है।

05:38 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत का दूसरा विकेट गिरा

16 रन के स्कोर पर भारत को बड़ा झटका लगा है। विराट कोहली नौ गेंद में चार रन बनाकर मिशेल स्टार्क का शिकार बने हैं। स्टार्क ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। 16 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम मुश्किल में आ गई है। अब शुभमन गिल के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। भारत को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत है।

05:34 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 15/1

भारतीय टीम ने चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 15 रन बना लिए हैं। गिल आठ और विराट कोहली चार रन बनाकर खेल रहे हैं। ये दोनों अच्छी लय में हैं और लंबी साझेदारी कर टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।

05:24 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत का पहला विकेट गिरा

189 रन का पीछा करते हुए पांच रन पर भारत का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने आठ गेंद में तीन रन बनाए। मार्कस स्टोइनिस ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब शुभमन गिल के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं।

05:19 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। शुभमन गिल और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दो ओवर में भारत ने पांच रन बना लिए हैं।

04:32 PM, 17-Mar-2023

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 189 रन का लक्ष्य दिया

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 189 रन का लक्ष्य रखा है। कंगारू टीम 35.4 ओवर में 188 रन पर सिमट गई। एक वक्त ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 129 रन था, इसके बाद टीम 59 रन बनाने में आठ विकेट गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया ने 19.3 ओवर में दो विकेट पर 129 रन बना लिए थे। तब मिचेल मार्श और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर थे।

रवींद्र जडेजा ने मार्श को आउट किया और इसके बाद पूरी टीम 35.4 ओवर में ढह गई। यानी 17 ओवर के अंदर भारत ने ऑस्ट्रेलिया पारी को खत्म कर दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन मिचेल मार्श ने बनाए। उन्होंने 65 गेंदों में 81 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चला। मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने तीन-तीन विकेट झटके।

ऑस्ट्रेलियाई पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी। ट्रेविस हेड पांच रन बनाकर सिराज का शिकार बने थे। इसके बाद मिचेल मार्श और कप्तान स्टीव स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई थी। स्मिथ को हार्दिक पांड्या ने विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह 22 रन बना सके। इसके बाद मार्श ने लाबुशेन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई। मार्श को जडेजा ने सिराज के हाथों कैच कराया। वह 65 गेंदों में 10 चौके और पांच छक्के की मदद से 81 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर पवेलियन लौटे।

मार्श के आउट होते ही पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ढह गई। लाबुशेन को कुलदीप ने जडेजा के हाथों कैच कराया। वह 15 रन बना सके। इसके बाद मोहम्मद शमी का कहर देखने को मिला। उन्होंने अपने तीन ओवर में तीन विकेट लिए। सबसे पहले 28वें ओवर में जोश इंग्लिस को बोल्ड किया। इंग्लिस 26 रन बना सके। इसके बाद 30वें ओवर में कैमरन ग्रीन को बोल्ड किया। ग्रीन 12 रन बना सके। फिर 32वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। स्टोइनिस पांच रन बनाकर आउट हुए।

जडेजा ने मैक्सवेल को हार्दिक के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल आठ रन बना सके। वहीं, सिराज ने शॉन एबॉट और एडम जाम्पा को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को 188 रन पर समेट दिया। शमी और सिराज ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि जडेजा को दो विकेट मिला। हार्दिक और कुलदीप ने एक-एक विकेट लिया।

04:24 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के नौ विकेट गिरे

34वें ओवर में ऑस्ट्रेलिया को नौवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने शॉन एबॉट को स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। फिलहाल मिचेल स्टार्क और एडम जाम्पा क्रीज पर हैं।

04:19 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के आठ विकेट गिरे

33 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट गंवाकर 188 रन बना लिए हैं। 33वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने ग्लेन मैक्सवेल को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल आठ रन बना सके। फिलहाल शॉन एबॉट और मिचेल स्टार्क क्रीज पर हैं।
 

04:10 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

मैच में मोहम्मद शमी कहर बरपा रहे हैं। उन्होंने अपने पिछले तीन ओवर में तीन विकेट झटके हैं। पारी के 28वें ओवर में जोस इंग्लिस को बोल्ड करने के बाद शमी ने 30वें ओवर में कैमरन ग्रीन को भी क्लीन बोल्ड किया। इंग्लिस 26 और ग्रीन 12 रन बना सके। 30वें ओवर में शमी के पास एक और विकेट लेने का मौका था, लेकिन स्लिप में शुभमन गिल ने मार्कस स्टोइनिस का कैच छोड़ दिया था। तब स्टोइनिस खाता भी नहीं खोल सके थे। हालांकि, स्टोइनिस इस जीवनदान का कुछ खास फायदा नहीं उठा सके और 32वें ओवर में शमी ने स्लिप में शुभमन के हाथों ही उन्हें कैच कराया। 32 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 184 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और शॉन एबॉट क्रीज पर हैं। 

04:04 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

मैच में मोहम्मद शमी कहर बरपा रहे हैं। जोस इंग्लिस को बोल्ड करने के बाद शमी ने कैमरन ग्रीन को भी क्लीन बोल्ड किया। ग्रीन 19 गेंदों में 12 रन बना सके। इस ओवर में शमी के पास एक और विकेट लेने का मौका था, लेकिन स्लिप में शुभमन गिल ने मार्कस स्टोइनिस का कैच छोड़ दिया। तब स्टोइनिस खाता भी नहीं खोल सके थे। 30 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 174 रन है। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। 

03:48 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका

ऑस्ट्रेलिया को 28वें ओवर में 169 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। मोहम्मद शमी ने जोस इंग्लिस को बोल्ड किया। गेंद इंग्लिस के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी। इंग्लिस 27 गेंदों में 26 रन बना सके। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं।

03:30 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। जोश इंग्लिस और कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं। मिशेल मार्श के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम बैकफुट पर आई है। अब भारत के पास कंगारू टीम के मध्यक्रम पर दवाब बनाकर और विकेट लेने का मौका है। 26 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 155 रन है।

03:22 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: 139 रन पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

139 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। कुलदीप यादव की गेंद पर रवींद्र जडेजा ने मार्नस लाबुशेन का शानदार कैच पकड़ा। लाबुशेन ने 22 गेंद में 15 रन बनाए। अब जोश इंग्लिस के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाजों ने अब ऑस्ट्रेलियाई टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया है।

03:10 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा

129 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। मिशेल मार्श 65 गेंद पर 81 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाए। रवींद्र जडेजा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह मोहम्मद सिराज को कैच थमाकर आउट हुए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए मार्नस लाबुशेन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। अब लाबुशेन के साथ जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं। 21 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 133 रन है।

03:02 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। मार्श और लाबुशेन के बीच भी अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। मार्श अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद तेजी से रन बना रहे हैं और भारत को उन्हें जल्द से जल्द आउट करना होगा। 19 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 124 रन है।

03:00 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: मिशेल मार्श का अर्धशतक

मिशेल मार्श ने 51 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह इस मैच में पारी की शुरुआत करने आए थे और एक छोर संभालकर तेजी से रन बनाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम अच्छी स्थिति में पहुंच गई है। अह अब तक अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के लगा चुके हैं।

02:51 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के करीब

दो विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है। मिशेल मार्श अपने अर्धशतक के बेहद करीब हैं, जबकि लाबुशेन क्रीज पर नजरें जमाने की कोशिश कर रहे हैं। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 94 रन है।

02:38 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

77 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा है। हार्दिक पांड्या ने स्टीव स्मिथ को विकेटकीपर लोकेश राहुल के हाथों कैच कराया। स्मिथ ने 30 गेंद में 22 रन बनाए। अब मिशेल मार्श के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। स्मिथ और मार्श की साझेदारी खतरनाक दिख रही थी, लेकिन कप्तान हार्दिक ने सही समय पर भारत को विकेट दिलाया है। अब टीम इंडिया लगातार कंजूसी से गेंदबाजी कर मिशेल मार्श को भी आउट कर सकती है।

02:35 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में 76 रन बनाए

स्टीव स्मिथ और मिशेल मार्श की जोड़ी के सामने भारतीय गेंदबाज अब तक बेअसर दिखे हैं। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं और 70 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं। मिशेल मार्श अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 76 रन है।

02:25 PM, 17-Mar-2023

IND Vs AUS Live Score: पावरप्ले के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 59/1

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 59 रन बनाए हैं। स्टीव स्मिथ और मिशेल मार्श के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। मार्श अच्छी गति से रन बना रहे हैं और अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, स्मिथ संभलकर खेल रहे हैं। 11 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 70 रन है।

02:21 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: स्मिथ-मार्श के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों ऑस्ट्रेलियाई टीम को बेहतर स्थिति में ले आए हैं। मार्श आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि स्मिथ संभलकर खेल रहे हैं। पांच रन पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा था, इसके बाद से इन दोनों ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी गति से रन बनाए हैं।

02:14 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार

एक विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और मिशेल मार्श ने ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला है। अब इन दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है और दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे।

01:58 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: ऑस्ट्रेलिया ने पांच ओवर में 29 रन बनाए

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पांच ओवर में 29 रन बना लिए हैं। मिशेल मार्स और स्टीव स्मिथ अब तेजी से रन बना रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों ने खराब गेंदबाजी भी की है और ये दोनों उसका फायदा भी उठा रहे हैं। छह ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 33 रन है।

01:51 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 19/1

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 19 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड के जल्दी आउट होने के बाद मिशेल मार्श ने तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी उठाई है।

01:40 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

पांच रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा है। ट्रेविस हेड 10 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज की गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप पर चली गई और भारत को पहला विकेट मिला। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर पांच रन है। अब मिशेल मार्श के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।

01:31 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी शुरू

टॉस हारकर ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आ चुकी है। ट्रेविस हेड और मिशेल मार्श ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, मोहम्मद शमी ने भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की है। पहले ओवर का खेल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना किसी नुकसान के एक रन है।

01:10 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: वॉर्नर और कैरी फिट नहीं होने के चलते टीम से बाहर

ऑस्ट्रेलिया के सीनियर खिलाड़ी डेविड वॉर्नर पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। इस वजह से इस मैच में वह नहीं खेल रहे हैं और मिशेल मार्श पारी की शुरुआत करेंगे। वहीं, विकेटकीपर एलेक्स कैरी बीमार होने की वजह से घर लौट गए हैं। उनकी जगह जोश इंग्लिस को टीम में शामिल किया गया है।
 

01:04 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: शुभमन गिल, ईशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी।

ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, सीन एबॉट, मिशेल स्टार्क, एडम जम्पा।

01:02 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस हारने पर खुशी जताई है, क्योंकि पिच को देखते हुए पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी करने का फैसला करना मुश्किल था।

12:58 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: रोहित के बिना कमजोर है भारत

भारतीय टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इससे टीम इंडिया इस मुकाबले में थोड़ी कमजोर होगी। हालांकि, ईशान किशन के पास इस मैच में बड़ी पारी खेलकर टीम में अपना दावा मजबूत करने का मौका है। रोहित के अलावा श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

12:20 PM, 17-Mar-2023

IND vs AUS Highlights: मुश्किल पिच पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया, राहुल-जडेजा ने मिलकर दिलाई जीत

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर दोनों टीमें सीरीज में विजयी आगाज करना चाहेंगी। टेस्ट सीरीज में भले ही ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन वनडे में कंगारू टीम काफी मजबूत है। भारतीय जमीन पर ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड भी अच्छा है। ऐसे में भारत के लिए यह मैच जीतना आसान नहीं होगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें