भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल में खेला जा रहा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 123 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरन ग्रीन सात और मार्नस लाबुशेन 41 रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम अब चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को जल्द से जल्द समेटने की कोशिश करेगी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे। जवाब में भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को 173 रन की लीड मिली थी। दूसरी पारी में 123 रन मिलाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम की अब तक कुल बढ़त 296 रन की हो गई है।
दूसरी पारी में उस्मान ख्वाजा 13 रन, डेविड वॉर्नर एक रन, स्टीव स्मिथ 34 रन और ट्रेविस हेड 18 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव को एक-एक विकेट मिला। पिछली पारी के दोनों शतकवीर स्मिथ और हेड को जडेजा ने पवेलियन भेजा।
रवींद्र जडेजा ने भारत को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने 37वें ओवर की तीसरी गेंद पर पहली पारी में शतक लगाने वाले ट्रेविस हेड को आउट कर दिया। हेड 27 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लिया। ऑस्ट्रेलिया ने 37 ओवर में चार विकेट पर 112 रन बना लिए हैं। मार्नश लाबुशेन 36 और कैमरन ग्रीन एक रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 285 रन की हो गई है।
ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 31वें ओवर में 86 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रवींद्र जडेजा की गेंद पर स्टीव स्मिथ बड़े शॉट के लिए गए और गेंद हवा में उठा दिया। शार्दुल ठाकुर ने पॉइंट्स से दौड़ लगाते हुए कैच लपका। स्मिथ 47 गेंदों में 34 रन बना सके। इसमें तीन चौके शामिल हैं। स्मिथ और लाबुशेन के बीच तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी हुई। ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 260 रन की हो चुकी है।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 24 ओवर में दो विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्नस लाबुशेन 31 रन और स्टीव स्मिथ 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त अब तक 240+ रन की हो चुकी है।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को 24 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। उमेश यादव ने उस्मान ख्वाजा को विकेटकीपर श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। उस्मान दूसरी पारी में 13 रन बना सके। पहली पारी में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। इससे पहले सिराज ने डेविड वॉर्नर को आउट किया था। वह एक रन बना सके थे। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 200+ रन की हो गई है।
चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 23 रन बना लिए हैं। इस पारी में भारतीय गेंदबाजों ने अब तक 11 ओवर गेंदबाजी की है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को आसान रन नहीं दिए हैं। सिराज और शमी ने सटीक लाइन लेंथ पर गेंदबाजी की। इसकी सफलता सिराज को मिली। उन्होंने डेविड वॉर्नर को विकेटकीपर भरत के हाथों कैच कराया। वॉर्नर एक रन बना सके। फिलहाल उस्मान ख्वाजा 13 रन और मार्नस लाबुशेन आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे, जबकि भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई थी। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 173 रन की बढ़त के साथ मैदान पर उतरी थी। ऐसे में टीम की कुल बढ़त 196 रन की हो गई है।
डेविड वॉर्नर का दूसरी पारी में नहीं चला। पहली पारी में उन्होंने 43 रन बनाए थे। वॉर्नर को दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज ने अपना शिकार बनाया। विकेट के पीछे केएस भरत ने उनका कैच लिया। वॉर्नर आठ गेंद पर एक रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल उस्मान ख्वाजा और मार्नश लाबुशेन क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के 469 रन के जवाब में भारत की पहली पारी 296 रन पर सिमट गई है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर 173 रन की बढ़त ले ली है। भारत के लिए अजिंक्य रहाणे ने 89 और शार्दुल ठाकुर ने 51 रन की पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने भी 48 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए। स्कॉट बोलैंड, कैमरून ग्रीन और मिचेल स्टार्क को दो-दो विकेट मिले। नाथन लियोन ने एक विकेट लिया। इस मैच में अभी ढाई दिन का खेल बचा है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरी पारी में अच्छा स्कोर बनाकर चौथे दिन फिर से भारतीय टीम को बल्लेबाजी के लिए बुलाना चाहेगी। वहीं, टीम इंडिया की कोशिश कंगारू टीम को छोटे से छोटे स्कोर पर समेटने की होगी।
294 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर 109 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। कैमरून ग्रीन ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब मोहम्मद शमी के साथ मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। 69 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 294 रन है।
शार्दुल ठाकुर ने 108 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए हैं। उनकी पारी के चलते भारत का स्कोर आठ विकेट पर 300 रन के करीब पहुंच चुका है।
271 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। उमेश यादव 11 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पैट कमिंस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब शार्दुल ठाकुर के साथ मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। 66 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 271 रन है।
रहाणे के आउट होने के बाद शार्दुल ठाकुर ने उमेश यादव के साथ मिलकर भारत का स्कोर 270 रन के पार पहुंचा दिया है। शार्दुल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
261 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। अजिंक्य रहाणे 129 गेंद में 89 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। पैट कमिंस ने उन्हें कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। गली में खड़े ग्रीन ने शानदार कैच पकड़ा। रहाणे ने शार्दुल के साथ सातवें विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी की। अब शार्दुल ठाकुर और उमेश यादव क्रीज पर हैं। 63 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 263 रन है।
ओवल में तीसरे दिन लंच के बाद खेल शुरू हो चुका है। अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर 260 रन के पार जा चुका है। दोनों बल्लेबाज शतकीय साझेदारी कर चुके हैं। अब रहाणे अपना शतक और शार्दुल अपना अर्धशतक पूरा करने की कोशिश करेंगे।
तीसरे दिन पहले सत्र का खेल खत्म हो चुका है। भारतीय टीम ने छह विकेट पर 260 रन बना लिए हैं। अजिंक्य रहाणे 89 और शार्दुल 36 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी हो चुकी है। इसके साथ ही भारतीय टीम के ऊपर से फॉलोऑन का खतरा भी लगभग टल गया है। फॉलोऑन से बचने के लिए भारत को नौ रन की जरूरत है। हालांकि, टीम इंडिया अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 209 रन पीछे है। इस सत्र में श्रीकर भरत बहुत जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन इसके बाद रहाणे और शार्दुल ने टीम इंडिया की वापसी कराई। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने दोनों को कई जीवनदान भी दिए। कंगारू कप्तान कमिंस ने दोनों को एक-एक बार आउट किया, लेकिन दोनों मौकों पर उनका पैर लाइन से आगे था और यह नो गेंद हो गई।
शार्दुल ठाकुर और अजिंक्य रहाणे के बीच सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। रहाणे अपने शतक और शार्दुल अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। इन दोनों बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते भारत का स्कोर छह विकेट पर 250 रन के पार पहुंच गया है। अब भारतीय टीम के ऊपर से फॉलोऑन का खतरा भी लगभग टल गया है। 60 ओवर के बाद भारत का स्कोर 260 रन है।
अजिंक्य रहाणे ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी की है और टेस्ट करियर में अपने 5000 रन भी पूरे कर लिए हैं। उन्होंने शार्दुल ठाकुर के साथ शानदार साझेदारी कर भारत को मुश्किल से निकाला है। ऑस्ट्रेलिया की खराब फील्डिंग के चलते दोनों खिलाड़ियों को कई जीवनदान भी मिले हैं। 57 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 244 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। अजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया को मुश्किल से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 50 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 215 रन है।
अजिंक्य रहाणे ने पैट कमिंस की गेंद पर छक्का लगाने के साथ ही 92 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह टेस्ट में उनका 26वां अर्धशतक है। उनकी शानदार पारी के चलते टीम इंडिया का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 196 रन है।
शार्दुल ठाकुर को दो जीवनदान मिल चुके हैं। पहले उस्मान ख्वाजा ने उनका कैच छोड़ा था, तब उनका खाता भी नहीं खुला था। वह सिर्फ चौथी गेंद खेल रहे थे। इसके बाद ग्रीन ने आठ रन के स्कोर पर उन्हें जीवनदान दिया। रहाणे अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं और शार्दुल के योगदान के चलते भारत का स्कोर 46 ओवर के बाद छह विकेट पर 191 रन है।
तीसरे दिन का खेल शुरू होते ही भारत को बड़ा झटका लगा है। केएस भरत 15 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। स्कॉट बोलैंड ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब अजिंक्य रहाणे के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं। 39 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 154 रन है।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथे ओवर में मोहम्मद सिराज ने पहला झटका दिया। उन्होंने उस्मान ख्वाजा को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। ख्वाजा खाता भी नहीं खोल सके। दो के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद डेविड वॉर्नर ने मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। वॉर्नर को लंच से ठीक पहले शार्दुल ठाकुर ने विकेटकीपर भरत के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंदों में आठ चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 73 रन बना लिए थे।
लंच की ठीक बाद मोहम्मद शमी ने मार्नस लाबुशेन को क्लीन बोल्ड किया। वह 62 गेंदों में तीन चौके की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। 24.1 ओवर में लाबुशेन का विकेट गिरा था। इसके बाद ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और पूरे दिन कोई विकेट नहीं गिरने दिया और पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 327 रन था। दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और ऑस्ट्रेलिया की टीम 142 रन और जोड़कर ऑल आउट हो गई। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 469 रन बनाए। ट्रेविस हेड 163 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 31वां शतक लगाया। वह 121 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन छह रन, एलेक्स कैरी 48 रन, मिचेल स्टार्क पांच रन, पैट कमिंस नौ रन और लियोन नौ रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए सिराज ने चार विकेट लिए। शमी और शार्दुल को दो-दो विकेट मिले। जडेजा ने एक विकेट लिया।
ऑस्ट्रेलिया के 469 रन के जवाब में भारत का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फेल रहा। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन, शुभमन गिल 13 रन, चेतेश्वर पुजारा 14 रन, विराट कोहली 14 रन बनाकर आउट हुए। 71 रन तक भारत ने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रवींद्र जडेजा और रहाणे ने पांचवें विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी निभाई। जडेजा को ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने स्लिप में कैच आउट कराया। वह 48 रन बना सके। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। भारत को फॉलोऑन बचाने के लिए 269 रन यानी अब 118 रन और बनाने हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 29 रन और श्रीकर भरत पांच रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 469 रन बनाए थे। यानी भारतीय टीम अभी उसके स्कोर से 318 रन पीछे है।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-23 का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंग्लैंड के ओवल में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए। स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने शतकीय पारियां खेलीं। वहीं, भारत के लिए सिराज ने चार विकेट लिए। इसके जवाब में टीम इंडिया दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट में 151 रन बना चुकी है। अजिंक्य रहाणे और श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। इन्हीं दोनों खिलाड़ियों से भारतीय फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद है।