फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Day 3 Highlights: अहमदाबाद में तीसरे दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर 289/3, ऑस्ट्रेलिया 191 रन आगे

Sat, 11 Mar 2023 05:19 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

India vs Australia 4th Test 2023 Day 3 Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 480 रन बनाए। जवाब में भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 191 रन पीछे है।
विज्ञापन
शुभमन गिल और विराट कोहली - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:05 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: तीसरे दिन का खेल खत्म

अहमदाबाद में तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत का स्कोर 289/3 है। विराट कोहली 59 और रवींद्र जडेजा 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 191 रन पीछे है। जडेजा और कोहली के बीच 44 रन की साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों मैच के चौथे दिन बड़ी साझेदारी कर टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में जाना चाहेंगे। भारत पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाकर मैच के आखिरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को आउट करने की कोशिश करेगा।

मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उस्मान ख्वाजा ने 180 और कैमरून ग्रीन ने 114 रन बनाकर अपनी टीम को 480 रन तक पहुंचाया। अंत में टॉड मर्फी ने उपयोगी 41 रन बनाए। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने छह विकेट लेकर कंगारू टीम की पारी को समेटा। इसके जवाब में भारत ने भी शानदार शुरुआत की। रोहित 35 और पुजारा 42 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए। विराट कोहली के अर्धशतक के चलते भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से 191 रन पीछे है और उसके सात विकेट बचे हुए हैं।

04:36 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: विराट कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने इस मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। टेस्ट में पिछली 16 पारियों में वह पहली बार अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं। अब विराट की कोशिश लंबी पारी खेलकर इसे शतक में बदलने की होगी। विराट के बेहतरीन अर्धशतक के चलते भारत का स्कोर 270 रन के पार जा चुका है।

04:21 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: विराट कोहली अर्धशतक के करीब

विराट कोहली अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत में 4000 रन पूरे कर लिए हैं। वह पांचवें भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने घरेलू जमीन पर टेस्ट में 4000 रन पूरे किए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर और वीरेन्द्र सहवाग यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

विज्ञापन
03:54 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोहली अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। वहीं, जडेजा भी क्रीज पर अपनी नजरें जमा रहे हैं। इन दोनों की कोशिश दिन के आखिर में तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त कम करने की होगी।

03:39 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: भारत का तीसरा विकेट गिरा

245 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 235 गेंद में 128 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब विराट कोहली के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 80 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 246 रन है।

विज्ञापन
03:27 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Live: विराट और गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। गिल शतक लगाकर खेल रहे हैं और विराट कोहली भी धीमी शुरुआत के बाद लय पकड़ चुके हैं। भारतीय टीम का स्कोर 77 ओवर के बाद दो विकेट पर 243 रन है। ऑस्ट्रेलिया के पास अभी भी 200 रन से ज्यादा की बढ़त है। भारत की कोशिश तीसरे सत्र में तेजी से रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की बढ़त कम करने की होगी।

02:43 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: चायकाल के बाद खेल शुरू

चायकाल के बाद खेल शुरू हो चुका है। आज के तीसरे सत्र का खेल जारी है। भारत ने दो विकेट गंवाकर 196 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 109 रन और विराट कोहली दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

02:08 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: चेतेश्वर पुजारा आउट

जिस ओवर में शुभमन ने शतक जड़ा उसी ओवर की आखिरी गेंद पर चेतेश्वर पुजारा आउट हो गए। उन्हें टॉड मर्फी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। पुजारा अर्धशतक से चूक गए और 121 गेंदों में तीन चौके की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। पुजारा ने शुभमन के साथ दूसरे विकेट के लिए 248 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल शुभमन गिल 103 रन बनाकर और विराट कोहली खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। चायकाल तक भारत ने दो विकेट गंवाकर 188 रन बना लिए हैं। भारत ऑस्ट्रेलिया से अब 292 रन पीछे है।

02:03 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: शुभमन गिल का शतक

शुभमन गिल ने 194 गेंदों पर टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने टॉड मर्फी की गेंद पर फाइन लेग के ऊपर से चौका लगाकर शतक पूरा किया। ओवरऑल यह उनका सातवां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। वनडे में शुभमन चार और टी20 में एक शतक लगा चुके हैं। शुभमन ने टेस्ट करियर का पहला शतक बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। भारत का स्कोर फिलहाल एक विकेट पर 180 रन के पार है। चेतेश्वर पुजारा भी अर्धशतक के करीब हैं।

01:10 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: भारत का स्कोर 150 के पार

480 रन का पीछा करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 150 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 76 रन और चेतेश्वर पुजारा 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 78 रन की साझेदारी हो चुकी है। 

12:27 PM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: शुभमन-पुजारा ने संभाली पारी

लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। भारत ने एक विकेट पर 140 से ज्यादा रन बना लिए हैं। टीम इंडिया फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 330 से ज्यादा रन पीछे है। शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा के बीच 60 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। शुभमन 71 रन और पुजारा 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

11:33 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: लंच तक शुभमन-पुजारा नाबाद

तीसरे दिन लंच तक भारत ने एक विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 119 गेंदों में 65 रन और चेतेश्वर पुजारा 46 गेंदों में 22 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 55 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित शर्मा 35 रन बनाकर आउट हुए थे। उन्हें मैथ्यू कुह्नेमैन ने लाबुशेन के हाथों कैच कराया था।

10:56 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: शुभमन गिल का अर्धशतक

शुभमन गिल ने मिचेल स्टार्क की गेंद पर चौका लगाकर टेस्ट करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। भारत ने एक विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। शुभमन का साथ पुजारा निभा रहे हैं।

10:49 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: शुभमन अर्धशतक के करीब

भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 93 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 45 रन और चेतेश्वर पुजारा 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 387 रन पीछे है। शुभमन पांचवें अर्धशतक से सिर्फ पांच रन दूर हैं।

10:17 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: भारत को पहला झटका

भारत को 74 के स्कोर पर पहला झटका लगा। मैथ्यू कुह्नेमैन ने रोहित को अपनी जाल में फंसाया। उन्होंने शॉर्ट और आउटसाइड ऑफ बॉल पिच कराया और रोहित ने सीधे उस गेंद को कवर पॉइंट पर खेला। लाबुशेन ने आसान कैच लपका। रोहित 58 गेंदों में 35 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं।

10:15 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: भारत का स्कोर 70 रन के पार

भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 70 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 37 रन और रोहित शर्मा 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

09:38 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: तीसरे दिन का खेल शुरू

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों बड़ी साझेदारी करना चाहेंगे और भारत की वापसी कराना चाहेंगे। रोहित और शुभमन ने 40+ रन जोड़ लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने दिन के शुरुआत में ही स्पिन अटैक लगा दिया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ नाथन लियोन से लगातार गेंदबाजी करा रहे हैं।

08:24 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: अश्विन के नाम कीर्तिमान

अश्विन ने इस पारी में कुल छह विकेट झटके। 32वीं बार उन्होंने टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए हैं। वहीं, भारतीय जमीन पर 26वीं बार उन्होंने ऐसा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सातवीं बार अश्विन ने टेस्ट में पारी में पांच विकेट लिए हैं। वह अब तक कंगारुओं के खिलाफ टेस्ट में 113 विकेट ले चुके हैं। अश्विन के अलावा शमी को दो विकेट मिले। वहीं, अक्षर-जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

08:23 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: मर्फी और लियोन ने 70 रन की साझेदारी की

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को 387 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने मिचेल स्टार्क को शॉर्ट लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। स्टार्क छह रन बना सके। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट गंवाकर 409 रन बनाए थे। चायकाल के बाद पहले ही ओवर में अक्षर पटेल ने उस्मान ख्वाजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 422 गेंदों में 180 रन बना सके। इसके बाद नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने नौवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी निभाई। अश्विन ने मर्फी (41) को एल्बीडब्ल्यू और फिर लियोन (34) को कोहली के हाथों कैच करा ऑस्ट्रेलियाई पारी को 480 रन पर खत्म कर दिया।

08:23 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: कैमरन ग्रीन ने जड़ा शतक

शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 255 रन से आगे खेलना शुरू किया। तब उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन क्रीज पर मौजूद थे। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 208 रन की साझेदारी निभाई। आउट होने से पहले कैमरन ग्रीन ने टेस्ट करियर का अपना पहला शतक जड़ा। वह 170 गेंदों में 114 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने ग्रीन को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया। इसी ओवर में अश्विन ने एलेक्स कैरी को भी पवेलियन भेजा। कैरी खाता भी नहीं खोल सके। 

08:22 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: पहले दिन क्या हुआ था?

अहमदाबाद की सपाट पिच पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले विकेट के लिए हेड और ख्वाजा ने 61 रन जोड़े। इसके बाद हेड (32) और लाबुशेन (3) आउट हुए, लेकिन स्मिथ ने ख्वाजा के साथ बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाया। स्मिथ (38) अर्धशतक नहीं लगा पाए और उनके बाद आए पीटर हैंड्सकॉम्ब (17) भी छोटे स्कोर पर पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद पहले दिन ग्रीन और ख्वाजा ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस बीच ख्वाजा ने अपना शतक भी पूरा किया।

08:21 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: बड़ा स्कोर करना चाहेगी टीम इंडिया

टीम इंडिया अभी ऑस्ट्रेलिया से 444 रन पीछे है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 480 रन पर समाप्त हुई थी। उस्मान ख्वाजा ने 180 रन, कैमरन ग्रीन ने 114 रन और टॉड मर्फी ने 41 रन की पारी खेली थी। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने छह विकेट झटके थे। तीसरे दिन भारतीय टीम रोहित-शुभमन द्वारा मिली अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करना चाहेगी।

08:19 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Live: रोहित-शुभमन नाबाद

दूसरे दिन के खेल के समाप्त होने तक भारत ने अपनी पहली पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 36 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम को शुक्रवार को 10 ओवर बैटिंग करनी पड़ी। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 33 गेंदों में 17 रन और शुभमन गिल 27 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद हैं।

08:08 AM, 11-Mar-2023

IND vs AUS Day 3 Highlights: अहमदाबाद में तीसरे दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर 289/3, ऑस्ट्रेलिया 191 रन आगे

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 480 रन बनाए। जवाब में भारत की पहली पारी जारी है। आज तीसरे दिन का खेल जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें