फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 255/4, ख्वाजा शतक लगाकर क्रीज पर

Thu, 09 Mar 2023 04:43 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

India vs Australia Test Highlights Day 1: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया टेस्ट सीरीज अपने नाम करना चाहेगी और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 255 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 104 और ग्रीन 49 रन बनाकर खेल रहे हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:38 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: पहले दिन का खेल खत्म

पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 255/4 है। उस्मान ख्वाजा 104 रन और कैमरन ग्रीन 49 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। इन दोनों के बीच 85 रन की साझेदारी हो चुकी है और ऑस्ट्रेलिया की टीम मैच में मजबूत स्थिति में है। मुकाबले के दूसरे दिन ये दोनों बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को और बेहतर स्थिति में पहुंचाना चाहेंगे। 

पहले दिन क्या हुआ?
अहमदाबाद की सपाट पिच पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले विकेट के लिए हेड और ख्वाजा ने 61 रन जोड़े। इसके बाद हेड और लाबुशेन आउट हुए, लेकिन स्मिथ ने ख्वाजा के साथ बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को बेहतर स्थिति में पहुंचाया। स्मिथ अर्धशतक नहीं लगा पाए और उनके बाद आए पीटर हैंड्सकॉम्ब भी छोटे स्कोर पर पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद ग्रीन और ख्वाजा ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। इस बीच ख्वाजा ने अपना शतक भी पूरा किया। वहीं, ग्रीन अर्धशतक के करीब हैं। भारत के लिए शमी ने दो और अश्विन-जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।

04:32 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: उस्मान ख्वाजा का शतक

उस्मान ख्वाजा ने पहले दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 246 गेंद में अपने 100 रन पूरे किए। इस सीरीज में शतक लगाने वाले वह सिर्फ दूसरे खिलाड़ी हैं।

04:30 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। ग्रीन अपने अर्धशतक और ख्वाजा शतक के करीब हैं।

विज्ञापन
04:11 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ख्वाजा ग्रीन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में खेल रहे हैं और तेजी से रन बना रहे हैं। ख्वाजा अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, ग्रीन भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। 85 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 235 रन है।

03:58 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और कंगारू टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं।

विज्ञापन
03:14 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

170 रन के स्कोर पर मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। उन्होंने पीटर हैंड्सकॉम्ब को क्लीन बोल्ड किया। हैंड्सकॉम्ब ने 27 गेंद में तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाए। अब उस्मान ख्वाजा के साथ कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं। 72 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 174 रन है।


02:39 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा

151 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। स्मिथ ने 135 गेंद में तीन चौकों की मदद से 38 रन बनाए। जडेजा की गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे में लगने के बाद स्टंप पर जा लगी और उनकी पारी का अंत हुआ। स्मिथ ने ख्वाजा के साथ 79 रन की साझेदारी की। अब ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं।


02:33 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार

अहमदबाद टेस्ट में पहले दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा की जोड़ी क्रीज पर मौजूद है। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है और ऑस्ट्रेलियाई टीम अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ रही है। ख्वाजा का अर्धशतक हो चुका है। वहीं, स्टीव स्मिथ भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं।

02:02 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: दूसरे सत्र का खेल खत्म

पहले दिन दूसरे सत्र का खेल खत्म हो चुका है। चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 149/2 है। स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर नजरें जमा चुके हैं और शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। हालांकि, दोनों ने काफी धीमी बल्लेबाजी की है, लेकिन दूसरे सत्र में भारत को कोई विकेट नहीं दिया है। इन दोनों के सामने भारतीय गेंदबाज बेअसर दिखे हैं। स्टीव स्मिथ 38 और उस्मान ख्वाजा 65 रन बनाकर खेल रहे हैं।

01:27 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: उस्मान ख्वाजा का अर्धशतक

उस्मान ख्वाजा ने 146 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक नौ चौके लगाए हैं। तीसरे विकेट के लिए वह स्टीव स्मिथ के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। इससे पहले उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी की थी। यह टेस्ट क्रिकेट में ख्वाजा का 22वां अर्धशतक है। उनकी शानदार पारी के चलते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 130 रन के पार जा चुका है।

01:09 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 100 रन के पार जा चुका है। कप्तान स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर तक ले जा रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। ख्वाजा अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।

12:16 PM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: दूसरे सत्र का खेल शुरू

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में पहले दिन के दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 80 रन के पार जा चुका है। स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा क्रीज पर हैं। दोनों खिलाड़ी संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

11:32 AM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 75/2

पहले दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 75/2 है। कप्तान स्टीव स्मिथ दो और उस्मान ख्वाजा 27 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी ने एक-एक विकेट लिया है। ट्रेविट हेड 32 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर जडेजा को कैच थमा बैठे। इसके बाद शमी ने तीन रन के स्कोर पर मार्नस लाबुशेन को बोल्ड किया। हालांकि, इसके बाद ख्वाजा और स्मिथ ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया।

11:14 AM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

72 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा है। मार्नस लाबुशेन 20 गेंद में तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शमी ने उन्हें बोल्ड किया। मार्नस अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन शमी की अंदर आती गेंद को खेलने में गलती कर गए और गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे में लगकर स्टंप पर जा लगी। अब उस्मान ख्वाजा के साथ कप्तान स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।


10:44 AM, 09-Mar-2023

Live Score IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

61 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया टीम का पहला विकेट गिरा है। ट्रेविस हेड 44 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया। हेड शानदार लय में दिख रहे थे, लेकिन वह खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। अब उस्मान ख्वाजा के साथ मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 62 रन है।

10:28 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के पार

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में शानदार शुरुआत की है। पहले विकेट के लिए उस्मान ख्वाजा और ट्रेविस हेड के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना नुकसान 56 रन है।

09:42 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live Score: पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की अच्छी शुरुआत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अच्छी शुरुआत की है। तीन ओवर का खेल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 15 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी क्रीज पर है।

09:26 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: राष्ट्रगान के समय खिलाड़ियों के साथ रहे प्रधानमंत्री

राष्ट्रगान के समय भी दोनों देशों के प्रधानमंत्री अपनी-अपनी टीम के खिलाड़ियों के साथ थे। प्रधानमंत्री मोदी टीम इंडिया के खिलाड़ियों के साथ खड़े होकर राष्ट्रगान गाते दिखे। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज कंगारू खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रगान के समय खड़े रहे।

09:24 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: जय शाह ने पीएम मोदी को दिया खास तोहफा

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खास आर्टवर्क दिया। इसमें दोनों देशों के क्रिकेट के 75 वर्ष के रिश्ते को संजोया गया है।
 

 

09:19 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: बीसीसीआई अध्यक्ष ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को दिया खास तोहफा

पहले दिन का खेल शुरू होने से पहले बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को एक खास आर्टवर्क गिफ्ट किया, जिसमें दोनों देशों के क्रिकेट के रिश्ते के 75 वर्षों को दिखाया गया है।
 

 

09:14 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: रवि शास्त्री ने दोनों नेताओं को क्रिकेट का इतिहास बताया

टॉस के बाद रवि शास्त्री पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलिया पीएम एंथनी अल्बानीज के साथ स्टेडियम की गैलरी में पहुंचे। यहां भारतीय क्रिकेट से जुड़े कई खास लम्हों को संजोया गया है। रवि शास्त्री ने दोनों नेताओं को इनके बारे में बताया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए ऐतिहासिक मुकाबलों के बारे में भी रवि शास्त्री ने दोनों नेताओं को बताया। दोनों देशों के बीच क्रिकेट के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की तस्वीरें भी यहां लगाई गई थीं।

09:08 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, उमेश यादव।

ऑस्ट्रेलिया: ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), पीटर हैंड्सकॉम्ब, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, टॉड मर्फी, मैथ्यू कुह्नमैन, नाथन लियोन।

09:05 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पिछले मैच में जीत हासिल करने वाली कंगारू टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी है। वहीं, भारतीय टीम में एक बदलाव किया गया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है और मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी हुई है। इस मैच में टॉस बहुत ही खास सिक्के से हुआ था, जिसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के संबंध के 75 वर्षों को दिखाया गया है।

09:00 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्रियों ने कप्तानों को दी खास कैप

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज पहले दिन का खेल देखेंगे। मैच से पहले दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अपने-अपने देश की क्रिकेट टीम के कप्तान को सम्मानित किया और उन्हें खास टेस्ट मैच की खास टोपी भी दी। इसके बाद एक खास गाड़ी में दोनों नेताओं ने स्टेडियम का एक चक्कर भी लगाया।

08:52 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS 4th Test Live: भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्टेडियम पहुंचे

भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री यह मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंच चुके हैं। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एथनी अल्बानेस स्टेडियम में मौजूद हैं। पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने उनका स्वागत किया। बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी, बीसीसीआई सचिव जय शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी स्टेडियम में मौजूद हैं।

08:32 AM, 09-Mar-2023

IND vs AUS Highlights: पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 255/4, ख्वाजा शतक लगाकर क्रीज पर

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। भारतीय टीम चार मैच की सीरीज में 2-1 से आगे है और चौथा मुकाबला जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम करना चाहेगी। इसके अलावा भारत के लिए यह मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी बेहद अहम है। यह मैच जीतने पर भारतीय टीम टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें