फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा, पुजारा का अर्धशतक, लियोन को 8 विकेट

Thu, 02 Mar 2023 05:57 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

खास बातें

India vs Australia 3rd Test Day 2 Highlights: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पहली पारी 109 रन पर सिमट गई थी। जवाब में आज ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 197 रन पर सिमट गई। भारत ने दूसरी पारी में 163 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा है।
विज्ञापन
चेतेश्वर पुजारा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:56 PM, 02-Mar-2023

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया की दूसरी पारी 163 रन पर सिमट गई। पहली पारी में भारत ने 109 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 197 रन बनाए थे। कंंगारुओं को 88 रन की बढ़त मिली थी। भारत ने दूसरी पारी में 163 रन बनाए और इस तरह 75 रन की बढ़त हासिल की और 76 रन का लक्ष्य रखा। मोहम्मद सिराज के रूप में भारत का आखिरी विकेट गिरा। इसी के साथ अंपायर ने दूसरे दिन का खेल खत्म करने की भी घोषणा कर दी। अब ऑस्ट्रेलिया को अगले तीन दिन में 76 रन बनाने हैं। 

ऑस्ट्रेलिया के नाथन लियोन ने दूसरी पारी में 64 रन देकर आठ विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर की दूसरी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इससे पहले 2017 में बेंगलुरु में लियोन ने 50 रन देकर आठ विकेट झटके थे। दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही थी। शुभमन गिल पांच रन बनाकर लियोन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। कप्तान रोहित शर्मा 12 रन बनाकर लियोन की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू हुए।

इसके बाद विराट कोहली भी कुछ खास नहीं कर सके और मैथ्यू कुह्नेमैन की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए। रवींद्र जडेजा सात रन बनाकर लियोन का शिकार बने। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। श्रेयस ने 27 गेंदों में 26 रन भी बनाए, लेकिन स्टार्क की गेंद पर ख्वाजा को कैच देकर अपने विकेट गंवा दिया।

श्रेयस ने पुजारा के साथ मिलकर 35 रन की साझेदारी निभाई। नाथन लियोन ने श्रीकर भरत को क्लीन बोल्ड कर भारत को छठा झटका दिया। भरत तीन रन बना सके। इस बीच पुजारा ने टेस्ट करियर का 35वां अर्धशतक जड़ा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह उनका 16वां अर्धशतक रहा। अश्विन को आउट कर लियोन ने 23वीं बार पारी में पांच विकेट झटके। इसके बाद लियोन ने पुजारा को भी स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया।

पुजारा 142 गेंदों पर 59 रन की जुझारू पारी खेल आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। लियोन ने उमेश को ग्रीन के हाथों कैच कराया और आखिर में सिराज को क्लीन बोल्ड कर पारी में आठ विकेट झटके। लियोन के अलावा मिचेल स्टार्क और कुह्नेमैन को एक-एक विकेट मिला।

04:32 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत के नौ विकेट गिरे

भारत के नौ विकेट गिर चुके हैं। लियोन ने पहले चेतेश्वर पुजारा को स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। इसके बाद पुजारा ने 142 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। अकेले पुजारा ही ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने जूझते दिखे। इसके बाद लियोन ने उमेश को कैमरन ग्रीन के हाथों कैच कराया। भारत की बढ़त पिलहाल 67 रन की है। लियोन अब तक दूसरी पारी में सात विकेट ले चुके हैं।

03:51 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: लियोन ने पांच विकेट झटके

भारत को 140 के स्कोर पर छठा झटका लगा। नाथन लियोन ने रविचंद्रन अश्विन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 16 रन बना सके। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा अर्धशतक लगाकर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। लियोन का यह दूसरी पारी में पांचवां विकेट रहा। इससे पहले वह रोहित, शुभमन, जडेजा, भरत को पवेलियन भेजा। भारत की बढ़त फिलहाल 50 से ज्यादा रन की है।

विज्ञापन
03:34 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: पुजारा का अर्धशतक

चेतेश्वर पुजारा ने 46वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यह उनके टेस्ट करियर का 35वां अर्धशतक है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका 16वां अर्धशतक है। भारत ने 46 ओवर में छह विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। पुजारा 50 और अश्विन 10 रन बनाकर नाबाद हैं।

03:16 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत को छठा झटका

भारत को 118 के स्कोर पर छठा झटका लगा। नाथन लियोन ने श्रीकर भरत को क्लीन बोल्ड किया। वह तीन रन बना सके। यह लियोन की मिली चौथी सफलता रही। इससे पहले वह रोहित, शुभमन, जडेजा को आउट कर चुके हैं। भारत की लीड अब 32 रन की हो गई है। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। पुजारा अर्धशतक के करीब हैं।
 

विज्ञापन
03:00 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत को पांचवां झटका

भारत को 113 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे श्रेयस अय्यर 27 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। श्रेयस ने चेतेश्वर पुजारा के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और श्रीकर भरत क्रीज पर मौजूद हैं।
 

02:18 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: चायकाल तक भारत 79/4

चायकाल तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। चेतेश्वर पुजारा 36 रन और श्रेयस अय्यर खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। इससे पहले रोहित शर्मा 12 रन, शुभमन गिल पांच रन, विराट कोहली 13 रन और रवींद्र जडेजा सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने तीन और मैथ्यू कुह्नेमैन ने एक विकेट लिया है। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से नौ रन पीछे है। 

02:11 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: जडेजा भी पवेलियन लौटे

भारत को दूसरी पारी में 78 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। नाथन लियोन ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडबल्यू आउट किया। जडेजा सात रन बना सके। लियोन को मिली यह तीसरी सफलता है। इस पारी में वह जडेजा से पहले रोहित शर्मा और शुभमन गिल को आउट कर चुके हैं। वहीं, कुह्नेमैन ने विराट कोहली को आउट किया था। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 10 रन पीछे है।

01:42 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: कोहली भी आउट

विराट कोहली के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा। वह 13 रन बनाकर मैथ्यू कुह्नेमैन की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 88 रन की बढ़त ली थी, ऐसे में भारत अब भी 19 रन पीछे है। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा 33 रन और रवींद्र जडेजा दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

01:17 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: कोहली-पुजारा क्रीज पर

भारत ने अपनी दूसरी पारी में 19 ओवर में दो विकेट गंवाकर 44 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा 12 रन और शुभमन गिल पांच रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 44 रन पीछे है।

12:57 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत को दूसरा झटका

दूसरी पारी में भारत को दूसरा झटका लगा है। शुभमन गिल के बाद कप्तान रोहित शर्मा भी आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने रोहित को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। रोहित 33 गेंदों में 12 रन बना सके। फिलहाल चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 55 रन पीछे है।

12:22 PM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत को पहला झटका

भारत को दूसरी पारी में पहला झटका लग चुका है। लंच के बाद पहले ही ओवर में नाथन लियोन ने शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। वह 15 गेंदों में पांच रन बना सके। फिलहाल रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। भारत अब भी ऑस्ट्रेलिया से 73 रन आगे है। 

11:38 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: दूसरे दिन लंच तक भारत 13/0

लंच तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा पांच रन और शुभमन गिल चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने पहली पारी में 109 रन बनाए थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 197 रन पर समाप्त हुई। इस तरह कंगारुओं ने भारत पर 88 रन की बढ़त ली थी। भारत फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से 75 रन पीछे है।

11:27 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: भारत की दूसरी पारी शुरू

भारत की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। दोनों लंच तक भारत का कोई विकेट नहीं गिरने देने की कोशिश करेंगे। 

11:10 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Test Live Score Day 2: ऑस्ट्रेलिया क 27 मिनट में समेटा

भारत ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को 197 रन पर समेट दिया है। आज कंगारुओं ने चार विकेट पर 156 रन से आगे खेलना शुरू किया। तब पीटर हैंड्सकॉम्ब और कैमरन ग्रीन क्रीज पर थे। इसके बाद करीब एक घंटे तक इन दोनों ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ खेल हो गया।

27 मिनट के अंदर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के अगले छह विकेट ले लिए। 10 बजकर 40 मिनट पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा था। इसके बाद 11 बजकर सात मिनट पर ऑस्ट्रेलियाई टीम सिमट गई। भारत ने 34 गेंदों के अंदर और 11 रन बनाने में ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट गिरा दिए।

71वें ओवर की आखिरी गेंद पर अश्विन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब के रूप में ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया था। इसके बाद 77वें ओवर की तीसरी गेंद पर 197 रन पर ऑस्ट्रेलिया की पूरी पारी सिमट गई। आज अश्विन और उमेश यादव ने तीन-तीन विकेट लिए। 

उमेश ने कैमरन ग्रीन (21) को एल्बीडब्ल्यू किया। इसके मिचेल स्टार्क और टॉड मर्फी (0) को क्लीन बोल्ड किया। वहीं, हैंड्सकॉम्ब (19) के अलावा अश्विन ने एलेक्स कैरी (3) को आउट किया। फिर नाथन लियोन (5) को आउट कर पूरी पारी को 197 रन पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 88 रन की बढ़त हासिल की।

इससे पहले रवींद्र जडेजा ने बुधवार को चार विकेट झटके थे। उन्होंने ट्रेविस हेड (9), उस्मान ख्वाजा (60), मार्नस लाबुशेन (31) और स्टीव स्मिथ (26) को आउट किया था।

11:10 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को दो और झटके

ऑस्ट्रेलियाई पारी पिछले पांच ओवर में लड़खड़ा गई है। आज दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई पारी के 71वें ओवर में दिन का पहला और कुल पांचवां विकेट गिरा था। अश्विन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को आउट किया था। इसके बाद तो अश्विन और उमेश यादव ने कहर बरपाया है। तब से ऑस्ट्रेलिया पांच विकेट गंवा चुकी है। इनमें से अश्विन ने दो और उमेश ने तीन विकेट लिए हैं। अश्विन ने एलेक्स कैरी को एल्बीडब्ल्यू किया। इसके बाद उमेश ने टॉड मर्फी को क्लीन बोल्ड किया। 

10:55 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

मैच के दूसरे दिन उमेश यादव ने कहर बरपाते हुए दो विकेट ले लिए हैं। उन्होंने कैमरन ग्रीन के बाद मिचेल स्टार्क को भी आउट किया। स्टार्क एक रन बना सके। उमेश ने स्टार्क को क्लीन बोल्ड किया। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 192 रन है।

10:47 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: हैंड्सकॉम्ब के बाद ग्रीन भी आउट

टीम इंडिया ने बाजी पलट दी है। ऑस्ट्रेलिया को सात गेंदों के अंदर दो झटके लगे हैं। बुधवार को नाबाद रहे दोनों बल्लेबाज अब पवेलियन लौट चुके हैं। 71वें ओवर की आखिरी गेंद पर रविचंद्रन अश्विन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वह 98 गेंदों में 19 रन बना सके। इसके बाद अगले ओवर यानी 72वें ओवर की आखिरी गेंद पर उमेश यादव ने कैमरन ग्रीन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। ग्रीन 57 गेंदों में 21 रन बना सके। ग्रीन और हैंड्सकॉम्ब ने पांचवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई थी। 73 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 191 रन है। ऑस्ट्रेलियाई टीम की बढ़त अब तक 82 रन की हो चुकी है।

10:41 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका

आखिरकार अश्विन ने आज के दिन भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने पीटर हैंड्सकॉम्ब को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वह 98 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। हैंड्सकॉम्ब और ग्रीन के बीच 40 रन की साझेदारी हुई। 

10:23 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: भारतीय गेंदबाज विकेट को तरसे

आज दूसरे दिन एक घंटे से ज्यादा समय का खेल हो चुका है और टीम इंडिया विकेट के लिए तरस गई है। भारतीय गेंदबाजों को आज कोई विकेट नहीं मिला है। बुधवार को कंगारू के चार विकेट गिरे थे और आज कैमरन ग्रीन और पीटर हैंड्सकॉम्ब संभल कर खेल रहे हैं। दोनों ने अब तक 30+ रन की साझेदारी कर ली है। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 156 रन बनाए थे, आज 69 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 180 रन बना लिए हैं। हैंड्सकॉम्ब और ग्रीन दोनों 18-18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की बढ़त 70 से ज्यादा रन की हो चुकी है।

10:15 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: आज अब तक ऑस्ट्रेलिया को कोई झटका नहीं

आज 45 मिनट से ज्यादा का खेल चुका है और भारतीय टीम आज एक भी विकेट नहीं ले सकी है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन और पीटर हैंड्सकॉम्ब शानदार बैटिंग कर रहे हैं। दोनों ने कल के स्कोर में अब तक 20 रन जोड़ लिए हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम की बढ़त 60 रन से ज्यादा की हो गई है। 

09:29 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: मैच शुरू

दूसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चार विकेट पर 156 रन से आगे खेलना शुरू किया है। पीटर हैंड्सकॉम्ब और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं। मोहम्मद सिराज आज के पहले ओवर में गेंदबाजी कर रहे हैं।

08:49 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा ने लिए चारों विकेट

भारत की ओर से अब तक चारों विकेट रवींद्र जडेजा ने लिए हैं। उन्होंने ट्रेविस हेड (9), उस्मान ख्वाजा (60), मार्नस लाबुशेन (31) और कप्तान स्टीव स्मिथ (26) को पवेलियन भेजा। ऑस्ट्रेलिया ने 12 पर पहला विकेट गंवाया था। इसके बाद ख्वाजा-लाबुशेन ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी निभाई। ख्वाजा ने अर्धशतक लगाया और लाबुशेन के साथ मिलकर ऑस्ट्रेलिया को मजबूती तक पहुंचाया। फिलहाल पीटर हैंड्सकॉम्ब सात रन और कैमरन ग्रीन छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:45 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया 47 रन से आगे

ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 47 रन से आगे है। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलियाई पारी को 200 के अंदर समेटने की कोशिश करेगी। पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने नौ और भारतीय स्पिनर्स ने चार विकेट लिए। आज भी स्पिनर्स का दबदबा रह सकता है। सब कुछ रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा पर निर्भर करेगा। इनके प्रदर्शन तय करेगी कि टीम इंडिया इस मैच में कैसा प्रदर्शन करेगी।

08:29 AM, 02-Mar-2023

IND vs AUS Highlights: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 76 रन का लक्ष्य रखा, पुजारा का अर्धशतक, लियोन को 8 विकेट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में चार मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन स्पिनर्स ने कहर बरपाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पहली पारी 109 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स मैथ्यू कुह्नेमैन ने पांच, नाथन लियोन ने तीन और टॉड मर्फी ने एक विकेट लिया। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 156 रन बना लिए थे। आज टीम उससे आगे खेलेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें