फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे में भारत को 66 रन से हराया, राजकोट में पहली बार कंगारू टीम से मिली हार

Wed, 27 Sep 2023 10:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

खास बातें

India vs Australia 3rd ODI 2023: ऑस्ट्रेलिया ने तीन वनडे मैचों की सीरीज का अंत जीत के साथ किया है। शुरुआती दो मुकाबलों में हारने के बाद उसने तीसरे और अंतिम मैच में भारत को 66 रन से हरा दिया। इस हार के बावजूद टीम इंडिया ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। हालांकि, उसका पहली बार वनडे सीरीज में कंगारू टीम के खिलाफ क्लीन स्वीप करने का सपना अधूरा रह गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 352 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 49.4 ओवर में 286 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:37 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS: जीत की हैट्रिक नहीं लगा पाई टीम इंडिया

भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की हैट्रिक नहीं लगा पाई। राजकोट में खेले गए तीसरे वनडे में उसे 66 रन से हार का सामना करना पड़ा। मोहम्मद सिराज आउट होने वाले टीम के आखिरी बल्लेबाज रहे। उन्हें 50वें ओवर की चौथी गेंद पर कैमरन ग्रीन ने कप्तान पैट कमिंस के हाथों कैच कराया। सिराज ने आठ गेंद पर एक रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा खाता खोले बगैर नाबाद रहे।

राजकोट में भारत की चार वनडे मैचों में यह तीसरी हार है। टीम इंडिया यहां पहली बार 2013 में वनडे खेली थी। तब इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन से हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने 18 रन से हराया। 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 36 रन से जीत मिली थी। अब उसी टीम के खिलाफ यहां हार मिली है।

रोहित-कोहली का अर्धशतक
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 352 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 49.4 ओवर में 286 रन पर सिमट गई। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 81 रन बनाए। विराट कोहली ने 56 और श्रेयस अय्यर ने 48 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। रवींद्र जडेजा ने 35 और केएल राहुल ने 26 रन का योगदान दिया। वॉशिंगटन सुंदर ओपनिंग करने आए और 18 रन बनाकर आउट हो गए।

मैच फिनिश नहीं कर पाए सूर्यकुमार
सूर्यकुमार इस मैच को फिनिश नहीं कर पाए। वह सिर्फ आठ रन ही बना सके। जसप्रीत बुमराह ने पांच और कुलदीप यादव ने दो रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। जोश हेजलवुड को दो सफलता मिली। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, कैमरन ग्रीन और तनवीर सांघा ने एक-एक विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती चार बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श ने 84 गेंदों में 13 चौके और चार छक्के की मदद से 96 रन की पारी खेली। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 56 रन, स्टीव स्मिथ ने 74 रन और मार्नस लाबुशेन ने 72 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, लेकिन इसके लिए उन्होंने 10 ओवर में 81 रन खर्च किए।

09:29 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारत को नौवां झटका

भारत को नौवां झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा। उन्हें तनवीर सांघा ने आउट किया। जडेजा ने 36 गेंद पर 35 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा बल्लेबाजी के लिए उतरे।

09:17 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: कमिंस ने बुमराह को किया आउट

भारत को आठवां झटका ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने दिया। उन्होंने जसप्रीत बुमराह को मार्नश लाबुशेन के हाथों कैच कराया। बुमराह ने 11 गेंद पर पांच रन बनाए।

विज्ञापन
09:09 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: हेजलवुड ने लिया विकेट

जोश हेजलवुड ने ऑस्ट्रेलिया को सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 42वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कुलदीप यादव को क्लीन बोल्ड कर दिया। कुलदीप 12 गेंद पर दो रन बनाए। भारत ने 44 ओवर में सात विकेट पर 266 रन बनाए हैं। रवींद्र जडेजा 17 और जसप्रीत बुमराह चार रन बनाकर नाबाद हैं।

08:46 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: श्रेयस अय्यर का विकेट गिरा

भारत को बड़ा झटका ग्लेन मैक्सवेल ने 39वें ओवर में दिया। उन्होंने तीसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर को क्लीन बोल्ड कर दिया। अय्यर ने 43 गेंद पर 48 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद कुलदीप यादव क्रीज पर आए हैं।

विज्ञापन
08:40 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: सूर्यकुमार यादव भी आउट

भारत को पांचवां झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। वह 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। सूर्यकुमार को जोश हेजलवुड ने ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने सात गेंद पर आठ रन बनाए। उनके आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा क्रीज पर आए। भारत ने 38 ओवर में पांच विकेट पर 243 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर 42 और रवींद्र जडेजा नौ रन बनाकर नाबाद हैं।

08:31 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: अय्यर-राहुल की साझेदारी टूटी

श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की साझेदारी टूट गई है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 54 गेंद पर 52 रन की साझेदारी की। ऐसा लग रहा था राहुल और अय्यर मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा देंगे या मैच समाप्त कर देंगे, लेकिन भारतीय प्रशंसकों का दिल मिचेल स्टार्क ने तोड़ दिया। उन्होंने 36वें ओवर की पांचवीं गेंद पर केएल राहुल को आउट कर दिया। राहुल 30 गेंद पर 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने कैच लिया। भारत ने 36 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर 39 और सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर नाबाद हैं।

08:05 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: अय्यर के साथ राहुल टिके

रोहित शर्मा और विराट कोहली के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने मोर्चा संभाल लिया है। भारत ने 31 ओवर में तीन विकेट पर 196 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 19 ओवर में 157 रन चाहिए। राहुल और अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 25 गेंद पर 25 रन की साझेदारी कर ली है। अय्यर 30 और राहुल नौ रन बनाकर नाबाद हैं।

07:50 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: कोहली हुए आउट

ऑस्ट्रेलिया को मैच में बड़ी सफलता 27वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मिली। विराट कोहली को ग्लेन मैक्सवेल ने स्टीव स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। कोहली ने 61 गेंद पर 56 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद केएल राहुल क्रीज पर आए हैं।

07:44 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: विराट का अर्धशतक

विराट ने 56 गेंदों पर वनडे करियर का 66वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। भारत ने 26 ओवर में दो विकेट गंवाकर 167 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट 57 गेंदों में 54 रन और श्रेयस अय्यर 12 गेंदों में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को 24 ओवर में 185 रन की जरूरत है।

07:27 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारत को दूसरा झटका

21वें ओवर में 144 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। इस ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा ने सीधा शॉट खेला। मैक्सवेल खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया और गेंद उनके हाथ से जा चिपकी। इस तरह वह कैच आउट हो गए। रोहित ने 57 गेंदों में 81 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने पांच चौके और छह छक्के लगाए। हालांकि, वह क्रिस गेल का एक बड़ रिकॉर्ड इस मैच में तोड़ने से चूक गए। रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट यानी तीनों फॉर्मेट मिलाकर 471 पारियों में 551 छक्के लगाए हैं। वहीं, गेल ने 553 छक्के लगाए थे। अब रोहित गेल का रिकॉर्ड विश्व कप में तोड़ सकते हैं। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। 

07:18 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारत को 228 रन की जरूरत

भारतीय टीम ने 19 ओवर में एक विकेट गंवाकर 125 रन बना लिए हैं। फिलहाल टीम को 31 ओवर में 228 रन की जरूरत है। कप्तान रोहित शर्मा 51 गेंदों में 73 रन और विराट कोहली 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।

07:00 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: रोहित-कोहली क्रीज पर

15 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 43 गेंदों में 61 रन और विराट कोहली 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 210 गेंदों में 263 रन की जरूरत है।

06:41 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को 74 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रोहित के साथ ओपनिंग करने आए वॉशिंगटन सुंदर 30 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मैक्सवेल ने लाबुशेन के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में सुंदर ने एक चौका और एक छक्का लगाया। इससे पहले रोहित ने कप्तानी पारी खेलते हुए वनडे करियर का 52वां अर्धशतक लगाया। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 74 रन है। फिलहाल रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

06:36 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: रोहित का वनडे में 52वां अर्धशतक

भारत ने 10 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाे 72 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 31 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 52वां अर्धशतक रहा। रोहित फिलहाल 34 गेंदों में 54 रन और सुंदर 26 गेंदों में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

06:10 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: चार ओवर के बाद भारत 23/0

चार ओवर के बाद भारत ने बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों में 20 रन और वॉशिंगटन सुंदर 10 गेंदों में तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

05:59 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: रोहित के साथ सुंदर ओपनिंग करने आए

भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। रोहित शर्मा के साथ नया ओपनर आया है। वॉशिंगटन सुंदर को कप्तान के साथ ओपनिंग के लिए भेजा गया है। देखते हैं यह जोड़ी क्या कमाल दिखा पाती है।

05:20 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारत को 353 रन का लक्ष्य

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 353 रन का लक्ष्य रखा है। कंगारुओं ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 352 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 84 गेंदों में 13 चौके और चार छक्के की मदद से 96 रन की पारी खेली। वहीं, डेविड वॉर्नर ने 56 रन, स्टीव स्मिथ ने 74 रन और मार्नस लाबुशेन ने 72 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, लेकिन इसके लिए उन्होंने 10 ओवर में 81 रन खर्च किए।

04:54 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: लाबुशेन का अर्धशतक

ऑस्ट्रेलिया ने 46 ओवर में छह विकेट गंवाकर 326 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्नस लाबुशेन 46 गेंदों में 58 रन और पैट कमिंस 12 गेंदों में नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लाबुशेन ने 43 गेंदों में वनडे करियर का आठवां अर्धशतक जोड़ा। उन्होंने चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। 

04:39 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

ऑस्ट्रेलिया को 43वें ओवर में 299 के स्कोर पर छठा झटका लगा। कैमरन ग्रीन को कुलदीप यादव ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। ग्रीन नौ रन बना सके। 43 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 303 रन है। लाबुशेन 37 गेंदों में 42 रन और पैट कमिंस चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट झटके हैं। 

04:28 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: बुमराह को दूसरी सफलता

40 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट गंवाकर 286 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्नस लाबुशेन 30 गेंदों में 34 रन और कैमरन ग्रीन पांच गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बुमराह ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया। वह पांच रन बना सके। इससे पहले बुमराह ने कैरी को भी आउट किया था। 

04:15 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका

ऑस्ट्रेलिया को 37वें ओवर में 267 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। बुमराह ने एलेक्स कैरी को कोहली के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 11 रन बना सके। फिलहाल मार्नस लाबुशेन और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। 

03:45 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: स्टीव स्मिथ को सिराज ने भेजा पवेलियन

32वें ओवर में 242 के स्कोर पर मोहम्मद सिराज ने स्टीव स्मिथ को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। स्मिथ 61 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बना सके। इससे पहले मिचेल मार्श 96 रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर कैच आउट हुए थे। फिलहाल मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। 

03:30 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: मार्श पवेलियन लौटे

ऑस्ट्रेलिया को 28वें ओवर में 215 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। कुलदीप यादव ने मिचेल मार्श को प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच कराया। वह चार रन से शतक से चूक गए। मार्श ने 84 गेंदों में 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 96 रन की पारी खेली। फिलहाल स्टीव स्मिथ 61 रन बनाकर क्रीज पर हैं। मार्नस लाबुशेन उनका साथ निभाने आए हैं।

03:20 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: भारतीय गेंदबाज विकेट को तरसे

25 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 188 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श 72 गेंदों में 78 रन और स्टीव स्मिथ 44 गेंदों में 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। स्मिथ ने वनडे करियर का 30वां अर्धशतक लगाया। साथ ही उन्होंने वनडे में पांच हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं।

03:10 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: मार्श की आक्रामक बल्लेबाजी

23वें ओवर में बुमराह गेंदबाजी के लिए आए। इस ओवर में उन्होंने 19 रन लुटाए। इसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल हैं। ये चारों बाउंड्रीज मिचेल मार्श ने लगाए। बुमराह ने चार ओवर में 45 रन खर्च कर दिए हैं और उन्हें कोई भी विकेट नहीं मिला है। 23 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 176 रन है। फिलहाल मिचेल मार्श 64 गेंदों में 73 रन और स्टीव स्मिथ 40 गेदों में 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

02:43 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: मार्श का अर्धशतक

17 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 131 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श 45 गेंमदों में 50 रन और स्टीव स्मिथ 23 गेंदों में 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 53 रन की साझेदारी हो चुकी है। स्टीव ने वनडे में 5000 रन भी पूरे कर लिए हैं। वहीं, मार्श का यह वनडे में 17वां अर्धशतक रहा। वॉर्नर 34 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका 78 के स्कोर पर लगा था।

02:40 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live: मार्श अर्धशतक के करीब

16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 128 रन बना लिए हैं। फिलहाल मिचेल मार्श 42 गेंमदों में 49 रन और स्टीव स्मिथ 20 गेंदों में 23 रन बनाकर खेल रहे हैं। वॉर्नर 56 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए।

02:09 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: अर्धशतक लगाकर वॉर्नर आउट

नौवें ओवर की पहली गेंद पर डेविड वॉर्नर आउट हुए और ऑस्ट्रेलिया को 78 के स्कोर पर पहला झटका लगा। वॉर्नर ने मार्श के साथ मिलकर महज 49 गेंदों में 78 रन की तूफानी साझेदारी निभाई। प्रसिद्ध कृष्णा ने वॉर्नर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। सीरीज में यह उनका लगातार तीसरा अर्धशतक और वनडे करियर का 31वां अर्धशतक रहा। वॉर्नर ने 34 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 56 रन की पारी खेली। फिलहाल स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। नौ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 84 रन है।

02:06 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: वॉर्नर अर्धशतक के करीब

सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना विकेट गंवाए 65 रन बना लिए हैं। वॉर्नर 31वें वनडे अर्धशतक के नजदीक हैं। उन्होंने 27 गेंदों में 43 रन और मिचेल मार्श ने 15 गेंदों में 22 रन बना लिए हैं। यह दोनों भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे हैं। यह पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार दिख रही है। 

01:48 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की तेज शुरुआत

चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 37 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 15 गेंदों में 18 रन और मिचेल मार्श नौ गेंदों में 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। चौथे ओवर में सिराज गेंदबाजी के लिए आए थे और इस ओवर में वॉर्नर ने एक चौका और दो छक्के लगाए। 

01:34 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी शुरू

ऑस्ट्रेलियाई टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। मिचेल मार्श और डेविड वॉर्नर क्रीज पर हैं। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर पांच रन है।

01:18 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: बीसीसीआई ने कही यह बात

बीसीसीआई की ओर से कहा गया है कि चार स्थानीय खिलाड़ी धर्मेंद्र जडेजा, प्रेरक मांकड़, विश्वराज जडेजा और हार्विक देसाई पूरे मैच के दौरान ड्रिंक्स और फील्डिंग के लिए टीम के साथ रहेंगे।

01:07 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श, डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, तनवीर सांघा, जोश हेजलवुड।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

01:03 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी है। कमिंस ने प्लेइंग-11 में पांच बदलाव किए हैं। मिचेल स्टार्क और ग्लेन मैक्सवेल की वापसी हुई है। वहीं, तनवीर सांघा वनडे में डेब्यू कर रहे हैं। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी प्लेइंग-11 में काफी बदलाव किए हैं। रोहित खुद, कुलदीप और विराट टीम में वापसी कर रहे हैं। वहीं, शुभमन, शार्दुल, अश्विन और ईशान नहीं खेल रहे हैं। अश्विन की जगह वॉशिंगटन सुंदर ऑफ स्पिनर की भूमिका निभाएंगे। ईशान किशन वायरल फीवर से गुजर रहे हैं।

12:41 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: गिल को आराम, पांड्या-शमी और ठाकुर घर लौटे

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि पांच खिलाड़ी तीसरे वनडे में चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि शुभमन गिल को बीमारी के चलते आराम दिया गया है। कई खिलाड़ियों की व्यक्तिगत समस्याएं हैं। केवल 13 खिलाड़ियों में से अंतिम एकादश का चयन किया जाएगा। अक्षर पटेल एनसीए में चोट से उबर रहे हैं जो उन्हें एशिया कप के दौरान लगी थी। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या अपने-अपने घर लौट गए हैं। हार्दिक को इस मैच में लौटना था, लेकिन उन्हें वापस घर भेज दिया गया है। अक्षर भी इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। रोहित, कोहली और कुलदीप पहले दो वनडे में नहीं खेले थे। वे तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध हैं। रोहित ने कहा कि इस समय उनका घर जाना ठीक था। हम चाहते हैं कि विश्वकप से पहले टीम का हर खिलाड़ी तरोताजा रहे। अश्विन को लेकर रोहित ने कहा कि अश्विन ने पहले दो वनडे मैचों में जो लय दिखाई है, उससे उन्हें किसी भी स्थिति में विश्वकप के लिए रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर आश्वासन मिला है। उन्हें खेलने का अच्छा अनुभव है और दबाव की स्थिति से अच्छे से निपटते हैं। अश्विन ने लंबे समय बाद वनडे में वापसी की है।

12:40 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: कमिंस और स्टार्क के खेलने की उम्मीद

ऑस्ट्रेलियाई टीम इस तरह से नहीं हारती है। उसे आत्ममंथन करके वनडे क्रिकेट में लगातार पांच हार के इस सिलसिले को तोड़ना होगा। कुछ महीने पहले ही मिचेल स्टार्क की शानदार गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2-1 से हराया था। नियमित कप्तान पैट कमिंस, ग्लेन मैक्सवेल और स्टार्क के इस मैच में खेलने की उम्मीद है। बल्लेबाजी में ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशाने से भी अच्छी पारियों की उम्मीद होगी। ऑस्ट्रेलिया पर लगातार पांच हार के क्रम को तोड़ने का भी दबाव रहेगा। पिछली बार 2020 में ऑस्ट्रेलिया को लगातार पांच वनडे मैचों में शिकस्त मिली थी। ऑस्ट्रेलिया पिछली बार पांच से ज्यादा वनडे मैच लगातार 2018 में हारा था। तब उसे लगातार सात वनडे में हार मिली थी। 

12:40 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: लगातार चौथा वनडे जीतना चाहेगा भारत

भारतीय टीम शुरुआती दो मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। यह टीम इंडिया का आगामी वनडे विश्वकप से पहले इस प्रारूप में अंतिम मैच है। इसके बाद वनडे टीम विश्वकप का अभ्यास मैच खेलेगी। अगर भारतीय टीम यह मैच जीत लेती है तो यह उसकी वनडे में लगातार चौथी जीत भी होगी। साथ ही दोनों टीमें विश्वकप में अपने अभियान का आगाज आठ अक्तूबर को चेन्नई में एक-दूसरे के खिलाफ ही करेंगी।

12:39 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS Live Score: पहली बार सफाया कर सकती है टीम इंडिया

कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पहली बार सफाया (क्लीन स्वीप) करने का मौका है। दोनों में से कोई भी टीम अपनी धरती पर या दूसरे की मेजबानी में एक-दूसरे का सफाया नहीं कर पाई है।

12:34 PM, 27-Sep-2023

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे में भारत को 66 रन से हराया, राजकोट में पहली बार कंगारू टीम से मिली हार

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। भारत ने बी टीम के साथ खेलते हुए अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते थे। पिछले दोनों मैच में केएल राहुल कप्तान रहे थे। भारत ने पहला वनडे पांच विकेट और दूसरा वनडे डकवर्थ लुईस नियम के तहत 99 रन से जीता था। तीसरा वनडे जीतकर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया का सफाया करना चाहेगी। इस मैच में नियमित कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और कुलदीप यादव वापसी कर रहे हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें