ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे वनडे में भारत को 21 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही तीन मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम की है। भारतीय टीम चार साल बाद अपने घर में कोई वनडे सीरीज हारी है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 269 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने अच्छी शुरुआत की थी और विराट कोहली के अर्धशतक के चलते मैच जीतने के करीब पहुंचा था, लेकिन अंत में भारत ने लगातार विकेट गंवाए और पूरी टीम 248 रन पर सिमट गई।
इस सीरीज का पहला मैच भारत ने मुंबई में पांच विकेट से जीता था। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने विशाखापट्टनम में दूसरा वनडे 10 विकेट से अपने नाम किया था और अब तीसरा मैच भी जीतकर सीरीज भी जीत ली।
243 रन के स्कोर पर भारत का नौवां विकेट गिरा है। मोहम्मद शमी 10 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मार्कस स्टोइनिस ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। शमी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर दर्शकों का मनोरंजन जरूर किया, लेकिन ये रन मैच का नतीजा बदलने के लिए पर्याप्त नहीं थे। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 245 रन है।
225 रन के स्कोर पर भारत का आठवां विकेट गिरा है। एडम जैम्पा ने रवींद्र जडेजा को 18 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा और अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। जडेजा ने 33 गेंद में 18 रन बनाए। अब कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी क्रीज पर हैं। भारत के जीतने की उम्मीद खत्म हो चुकी है।
218 रन के स्कोर पर भारत का सातवां विकेट गिरा है। हार्दिक पांड्या 40 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। अब रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं। हार्दिक के आउट होने के साथ ही भारत के जीतने की संभावना कमजोर हो गई है। रवींद्र जडेजा अच्छी लय में नहीं दिख रहे हैं और उनके लिए अकेले इतने रन बनाना आसान नहीं होगा।
छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 210 रन के पार जा चुका है। रवींद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और टीम इंडिया को जीत दिला सकते हैं। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 216 रन है।
छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। रवींद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं। दोनों के बीच उपयोगी साझेदारी हो रही है। टीम इंडिया को जीत दिलाने का दारोमदार इन्हीं दोनों खिलाड़ियों पर है। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 204 रन है।
सूर्यकुमार यादव इस मैच में भी पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। इस सीरीज के तीनों मैच में वह अपना खाता खोल पाने में नाकाम रहे हैं। एश्टन एगर ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने दो लगातार गेंदों में विकेट लेकर भारतीय टीम को बैकफुट पर ढकेल दिया है। अब भारत के लिए मैच में जीत हासिल करना मुश्किल होगा। हार्दिक पांड्या के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 37 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 196 रन है।
185 रन के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। विराट कोहली के रूप में भारत को पांचवां झटका लगा। कोहली ने 72 गेंद में 54 रन बनाए। एश्टन एगर ने उन्हें डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया। कोहली ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। कोहली के आउट होने के साथ ही भारतीय टीम मुश्किल में आ गई है। अब हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार क्रीज पर हैं।
चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 170 रन के पार जा चुका है। हार्दिक पांड्या और विराट कोहली क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और टीम इंडिया को बेहतर स्थिति में ले जा रहे हैं। कोहली अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं और मैच खत्म करने की ओर देख रहे हैं। वहीं, हार्दिक तेज से रन बना रहे हैं। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 177 रन है।
विराट कोहली का अर्धशतक पूरा हो चुका है। उन्होंने 61 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। कोहली ने अब तक अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया है। वह शानदार लय में दिख रहे हैं और भारतीय टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। अब भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी कोहली के कंधों पर ही है। भारत को जीत के लिए 19 ओवर में 110 रन की जरूरत है। कोहली के साथ हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।
151 रन पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। अक्षर पटेल चार गेंद में दो रन बनाने के बाद रन आउट हो गए। स्टीव स्मिथ की शानदार फील्डिंग के चलते ऑस्ट्रेलिया को अहम विकेट मिला है और कंगारू टीम मैच में वापस आ गई है। विराट कोहली और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। ये दोनों अच्छी साझेदारी कर टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे। टेस्ट सीरीज में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले अक्षर को इस मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया है।
146 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। लोकेश राहुल 50 गेंद में 32 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। एडम जैम्पा ने उन्हें शॉन एबॉट के हाथों कैच कराया। राहुल और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। अब कोहली के साथ अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 147 रन है।
विराट कोहली और लोकेश राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज संभलकर खेल रहे हैं और बड़ी साझेदारी कर मैच को कंगारू टीम से दूर ले जा रहे हैं। भारत का स्कोर दो विकेट पर 130 रन के पार जा चुका है। कोहली अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 25 ओवर में दो विकेट खोकर 123 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर अपनी नजरें जमा चुके हैं। कोहली अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, इस जोड़ी ने धीमी गति से रन बनाए हैं, लेकिन ये दोनों पारी को आगे बढ़ा रहे हैं और मैच को करीब लेकर जा रहे हैं। बड़ी साझेदारी होने पर टीम इंडिया मैच में बहुत आगे निकल जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में काफी कंजूसी के साथ रन दिए हैं और कोहली-राहुल की जोड़ी पर दबाव बना रहे हैं। पिछले पांच ओवर में टीम इंडिया कोई चौका-छक्का नहीं लगा पाई है। लोकेश राहुल 30 से ज्यादा गेंदों का सामना कर चुके हैं, लेकिन उनके बल्ले से कोई चौका-छक्का नहीं निकला है। 23 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 117 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। भारत ने दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे, लेकिन विराट कोहली ने लोकेश राहुल के साथ मिलकर भारतीय पारी संभाली है और टीम इंडिया का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। राहुल एक छोर संभालकर खेल रहे हैं, जबकि कोहली दूसरे छोर पर रन बना रहे हैं। 18 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 104 रन है।
77 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 49 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। एडम जैम्पा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसला और एलबीडबल्यू आउट किया। गिल ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। अब विराट कोहली के साथ लोकेश राहुल क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 80 रन है।
एक विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 70 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। गिल अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, कोहली क्रीज पर अपनी निगाहें जमा रहे हैं। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर रन है।
65 रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 17 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शॉन एबॉट ने उन्हें मिचेल स्टार्क के हाथों कैच कराया। अब शुभमन गिल के साथ विराट कोहली क्रीज पर हैं।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारत को मजबूत शुरुआत दी है। दोनों ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। भारत ने आठ ओवर में बिना किसी नुकसान के 55 रन बना लिए हैं। शुभमन गिल 31 और रोहित शर्मा 22 रन बनाकर नाबाद हैं।
270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की है। शुभमन गिल और कप्तान रोहित शर्मा की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों संभलकर खेल रहे हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 18 रन है।
270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। पहले ओवर में भारत ने चार रन बनाए हैं। इस मैच में ये दोनों टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे। इस सीरीज के दोनों मुकाबलों में भारत के सलामी बल्लेबाजों ने निराश किया है।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 270 रन का लक्ष्य रखा है। मोहम्मद सिराज ने स्टार्क को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की पारी समाप्त की। स्टार्क ने 10 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 49 ओवर में ही 269 रन पर सिमट गई। चेन्नई की पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत आसान नहीं है, ऐसे में भारत के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना बहुत आसान नहीं होगा। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 47 रन मिशेल मार्श ने बनाए। वहीं, भारत के लिए हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव ने तीन-तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले।
पहली पारी में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श की जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। पावरप्ले में इन दोनों ने 61 रन जोड़े। हालांकि, हेड 33 रन बनाकर हार्दिक का शिकार बन गए। इसके बाद हार्दिक ने स्टीव स्मिथ को खाता भी नहीं खोलने दिया और मार्श को 47 के स्कोर पर आउट किया। 17 रन के अंतराल में तीन विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम बैकफुट पर आ गई और हार्दिक ने भारत की वापसी कराई।
डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन ने चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की, लेकिन कुलदीप यादव ने दोनों को आउट कर मैच में भारत की पकड़ मजबूत कर दी। मार्कस स्टोइनिस और एलेक्स कैरी ने छठे विकेट के लिए 58 रन जोड़े, लेकिन अक्षर ने स्टोइनिस को 25 रन के स्कोर पर गिल के हाथों कैच कराया। इसके बाद कुलदीप ने शानदार गेंद कर कैरी को बोल्ड कर दिया। कैरी ने 38 रन बनाए।
एबॉट ने 26, एगर ने 17 और स्टार्क-जैम्पा ने 10-10 रन का योदगान देकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 269 रन तक पहुंचाया। भारत के लिए हार्दिक और कुलदीप ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और सिराज को दो-दो विकेट मिले।
शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के कई बल्लेबाजों को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। अधिकतर बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेलकर अपने विकेट गंवाए। स्टीव स्मिथ को छोड़ ऑस्ट्रेलिया के हर बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ छुआ, लेकिन भी अर्धशतक नहीं बना सका। दो बल्लेबाजों ने 30 रन से ज्यादा का स्कोर बनाया, जबकि चार बल्लेबाजों का स्कोर 20-30 के बीच रहा। अगर इनमें से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलता तो कंगारू टीम 300 रन के करीब स्कोर बना सकती थी।
नौ विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। स्टार्क और जैम्पा क्रीज पर हैं। दोनों की कोशिश पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 275 रन के करीब ले जाने की होगी।
247 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। एश्टन एगर 21 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद सिराज ने उन्हें अक्षर पटेल के हाथों कैच कराया। अब स्टार्क के साथ एडम जैम्पा क्रीज पर हैं। 46 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 249 रन है।
245 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का आठवां विकेट गिरा है। अक्षर पटेल ने सॉन एबॉट को आउट कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई है। एबॉट ने 23 गेंद में 26 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। 45 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 245 रन है।
एश्टन एगर और सॉन एबॉट के बीच आठवें विकेट के लिए उपयोगी साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में दिख रहे हैं और अच्छी गति से रन बना रहे हैं। 44 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 231 रन है।
कुलदीप यादव ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने एलेक्स कैरी को 39वें ओवर की पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। कैरी ने 46 गेंद पर 38 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 39 ओवर में सात विकेट पर 203 रन बना लिए हैं। सीन एबॉट और एश्टन एगर क्रीज पर हैं।
मार्कस स्टोइनिस को अक्षर पटेल ने आउट कर दिया है। वह 26 गेंद पर 25 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल की गेंद पर शुभमन गिल ने उनका कैच लिया। स्टोइनिस ने छठे विकेट के लिए एलेक्स कैरी के साथ 58 रनों की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट पर 196 रन हैं।
मार्कस स्टोइनिस और एलेक्स कैरी ने ऑस्ट्रेलिया की पारी संभाली है। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए अच्छी साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 170 रन के पार जा चुका है। अब ये दोनों बड़ी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को 300 रन के करीब ले जाने की कोशिश करेंगे। वहीं, टीम इंडिया इस साझेदारी को तोड़ कंगारू टीम को छोटे स्कोर पर समेटना चाहेगी।
पांच विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और मार्नस स्टोइनिस की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों साझेदारी कर अपनी टीम को मैच में वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं।
138 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कुलदीप यादव ने मार्नस लाबुशेन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। लाबुशेन ने 45 गेंद में 28 रन बनाए। शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा। अब एलेक्स कैरी और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। अब तक भारत के लिए हार्दिक और कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी की है। हार्दिक पांड्या तीन और कुलदीप दो विकेट ले चुके हैं। 29 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 145 रन है।
125 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा है। कुलदीप यादव ने डेविड वॉर्नर को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वॉर्नर ने 31 गेंद में 23 रन बनाए। अब मार्नस लाबुशेन के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 126 रन है।
ऑस्ट्रेलिया की पारी के 20 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने तीन विकेट पर 106 रन बना लिए हैं। डेविड वॉर्नर 16 और मार्नश लाबुशेन आठ रन बनाकर खेल रहे हैं। वॉर्नर को 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर जीवनदान मिला। जडेजा की गेंद पर मोहम्मद सिराज उनका कैच नहीं ले पाए।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका भी हार्दिक पांड्या ने ही दिया। उन्होंने मिचेल मार्श को 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। मार्श ने 47 गेंद पर 47 रन बनाए। उन्होंने आठ चौके और एक छक्का लगाया। मार्श के आउट होने के बाद मार्नश लाबुशेन क्रीज पर आए हैं।
ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका भी हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टीव स्मिथ को आउट कर दिया। स्मिथ का कैच विकेट के पीछे केएल राहुल ने लिया। वह खाता भी नहीं खोल सके। स्मिथ के बाद बल्लेबाजी के लिए डेविड वॉर्नर आए हैं।
भारत को पहली सफलता हार्दिक पांड्या ने दिलाई। उन्होंने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ट्रेविस हेड को आउट कर दिया। हेड 31 गेंद पर 33 रन बनाकर कुलदीप यादव को कैच थमा बैठे। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में एक विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श 40 गेंद पर 40 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान स्टीव स्मिथ को अभी अपना खाता खोलना है।
ऑस्ट्रेलिया की पारी का पावरप्ले समाप्त हो गया है। उसने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 61 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श 33 गेंद पर 33 और ट्रेविस हेड 27 गेंद पर 27 रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम को पहली सफलता का इंतजार है।
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श ने टीम को तेज शुरुआत दी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 39 रन बना लिए हैं। मिचेल मार्श 16 गेंद पर 27 और ट्रेविस हेड 14 गेंद पर 11 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। ट्रेविस हेड के साथ मिचेल मार्श क्रीज पर उतरे हैं। डेविड वॉर्नर को ओपनिंग में नहीं भेजा गया है। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), मार्नश लाबुशेन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, एश्टन एगर, सीन एबॉट, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टीम इंडिया चेन्नई की नई पिच पर पहले गेंदबाजी करेगी। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टीम में एक भी बदलाव नहीं किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम में डेविड वॉर्नर की वापसी हुई है। वह अनफिट कैमरून ग्रीन की जगह खेलेंगे।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला थोड़ी देर में खेला जाएगा। दोनों टीमें चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारत की नजर सीरीज जीतने पर है। उसने मुंबई में पहला वनडे पांच विकेट से जीता था। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने विशाखापट्टनम में दूसरा वनडे 10 विकेट से अपने नाम किया था। इस तरह सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।