फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Day 3 Highlights: भारत ने दूसरा टेस्ट छह विकेट से जीता, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की

Sun, 19 Feb 2023 02:11 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

India vs Australia 2nd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भारतीय टीम ने छह विकेट से जीत लिया है। इसके साथ ही भारत ने चार मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए थे। इसके जवाब ने भारत ने 262 रन बनाए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की टीम 113 रन पर सिमट गई और भारत के सामने 115 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया ने इसे तीसरे दिन ही चार विकेट खो कर हासिल कर लिया।
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:49 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत ने छह विकेट से जीता मैच

भारतीय टीम ने यह मैच छह विकेट से अपने नाम कर लिया है। चेतेश्वर पुजारा ने मर्फी की गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। पुजारा 31 और भारत 23 रन बनाकर नाबाद रहे। यह मैच जीतने के साथ ही भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। इस जीत के साथ ही भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की राह बेहद आसान हो गई है। अब भारत को बाकी दो मैच में एक जीत की जरूरत है और टीम इंडिया जून में लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलेगी।

मैच में क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और नागपुर की तुलना में बेहतर खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने रन बनाने की कोशिश की और सकारात्मक सोच के साथ बल्लेबाजी करते हुए 263 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब के अर्धशतकों ने ऑस्ट्रेलिया को अच्छे स्कोर तक पहुंचने में मदद की। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारतीय टीम ने बेहद खराब शुरुआत की और पहली पारी में पिछड़ती नजर आ रही थी, लेकिन अश्विन-अक्षर ने शतकीय साझेदारी कर भारत को मैच में वापस ला दिया। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 114 रन जोड़े। अंत में ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में सिर्फ एक रन की बढ़त मिली। भारत के लिए अक्षर ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। वहीं, विराट कोहली और अश्विन ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए लियोन ने पांच विकेट लिए। मर्फी-कुह्ममैन को दो-दो विकेट मिले।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में भी अच्छी शुरुआत की और एक समय पर यह टीम 65 रन पर एक विकेट गंवाकर बेहतर स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन तीसरे दिन की शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलिया ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए और पूरी टीम 113 रन पर सिमट गई। पहली पारी में एक रन की बढ़त के आधार पर भारत के सामने 115 रन का लक्ष्य था, जिसे टीम इंडिया ने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसके साथ ही भारत ने चार मैच की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। अगला मैच जीतते ही भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। 

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा मुकाबला एक मार्च से इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।

01:40 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 100 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। पुजारा और भरत क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों मिलकर भारतीय टीम को जीत के करीब ले गए हैं। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 105 रन है।

01:28 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

88 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर 10 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने उन्हें टॉड मर्फी के हाथों कैच कराया। अय्यर ने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। वह तेजी से रन बनाकर मैच खत्म करना चाहते थे, लेकिन इसी प्रयास में आउट हो गए। अब पुजारा के साथ श्रीकर भरत क्रीज पर हैं। 23 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 91 रन है।

विज्ञापन
01:10 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का तीसरा विकेट गिरा

69 रन के स्कोर पर भारत का तीसरा विकेट गिरा है। विराट कोहली 31 गेंद में 20 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। टॉड मर्फी ने उन्हें विकेटकीपर कैरी के हाथों स्टंप आउट कराया। कोहली ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। अब चेतेश्वर पुजारा के साथ श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। अभी भी भारतीय टीम जीत से 46 रन दूर है।

12:50 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों उपयोगी साझेदारी कर रहे हैं और टीम इंडिया जीत के करीब पहुंच गई है। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 64 रन है।

विज्ञापन
12:35 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का स्कोर 50 रन के करीब

विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा मुश्किल पिच पर संघर्ष कर रहे हैं और भारत को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत का स्कोर 50 रन के करीब पहुंच चुका है। टीम इंडिया की पकड़ मैच में मजबूत हो रही है। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 47 रन है।

12:19 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का दूसरा विकेट गिरा

38 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट गिरा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 20 गेंद में 31 रन बनाकर रन आउट हो चुके हैं। पुजारा के साथ गलतफहमी के चलते उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा। रोहित ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। अब पुजारा के साथ कोहली क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 39 रन है।

12:11 PM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: लंच के बाद खेल शुरू

दिल्ली टेस्ट के तीसरे दिन लंच के बाद का खेल शुरू हो गया है। लंच तक टीम इंडिया ने एक विकेट पर 14 रन बनाए थे। रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। केएल राहुल का बल्ला एक फिर नहीं चला। उन्हें लंच से पहले नाथन लियोन ने एक रन के निजी स्कोर पर आउट किया था।

11:32 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: लंच तक भारत का स्कोर 14/1

तीसरे दिन लंच तक भारत का स्कोर एक विकेट पर 14 रन है। कप्तान रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 101 रन की जरूरत है।

11:21 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत का पहला विकेट गिरा

115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही है। लोकेश राहुल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नाथन लियोन ने उन्हें विकेटकीपर एलेक्स कैरी के हाथों कैच कराया। अब कप्तान रोहित के साथ पुजारा क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर छह रन है।

11:13 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: भारत की बल्लेबाजी शुरू

115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।

11:04 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: 113 रन पर सिमटी ऑस्ट्रेलियाई टीम

रवींद्र जडेजा ने कुह्नमैन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 113 रन पर खत्म कर दी है। कुह्नमैन ने दो गेंद का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल पाए। वह क्लीन बोल्ड हुए। जडेजा ने इस पारी में सात और अश्विन ने तीन विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में एक रन की बढ़त मिली थी। इस वजह से भारत के सामने 115 रन का लक्ष्य है। मैच का नतीजा आज आना तय है। अब टीम इंडिया मुश्किल पिच पर संभलकर बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य हासिल करने की कोशिश करेगी। हालांकि, इस पिच पर ज्यादा रक्षात्मक शैली उपयोगी नहीं होगी। ऐसे में भारतीय बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने का मौका भी नहीं छोड़ेंगे। 
 



मैच में अब तक क्या हुआ?
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहली पारी में 263 रन बनाए। उस्मान ख्वाजा और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं। भारत के लिए शमी ने चार और अश्विन-जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके जवाब में भारत ने खराब शुरुआत के बावजूद 262 रन बना लिए। अक्षर पटेल ने शानदार अर्धशतक लगाया और अश्विन के साथ शतकीय साझेदारी की। विराट कोहली ने भी 44 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने पांच विकेट लिए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम सिर्फ 113 रन पर सिमट गई। जडेजा ने सात और अश्विन ने तीन विकेट लिए। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 43 रन ट्रेविस हेड ने बनाए। उनके अलावा सिर्फ मार्नस लाबुशेन (35) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। अब भारत के सामने जीत के लिए 115 रन का लक्ष्य है।

10:56 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया के नौ विकेट गिरे

113 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का नौवां विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने नाथन लियोन को बोल्ड किया। लियोन ने 21 गेंद में आठ रन बनाए। इस पारी में यह जडेजा की छठी सफलता है। अब टॉड मर्फी और कुह्नमैन क्रीज पर हैं।

10:45 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: जडेजा ने झटके पांच विकेट

रवींद्र जडेजा ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एलेक्स कैरी को सात रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसी के साथ जडेजा ने पांच विकेट पूरे किए। कैरी ने 10 गेंद में एक चौके की मदद से सात रन बनाए। अब नाथन लियोन के साथ टॉड मर्फी क्रीज पर हैं।

10:39 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार

सात विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। एलेक्स कैरी और नाथन लियोन क्रीज पर हैं। तीसरे दिन भारत ने शानदार गेंदबाजी की है और पहले एक घंटे में ही ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट हासिल कर लिए हैं। जडेजा को चार और अश्विन को तीन विकेट मिले हैं। अब टीम इंडिया जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया की टीम को समेटकर अपने लिए छोटा से छोटा लक्ष्य चाहेगी।

10:30 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिरा

95 रन के स्कोर पर ही ऑस्ट्रेलिया का सातवां विकेट गिर गया है। कप्तान पैट कमिंस पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। जडेजा ने इस पारी में चार और अश्विन ने तीन विकेट लिए हैं। इन दोनों ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को छोटे स्कोर पर समेटने की पूरी तैयारी कर ली है। अब नाथन लियोन और एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।

10:27 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा

95 रन के स्कोर पर ही ऑस्ट्रेलिया का छठा विकेट गिरा है। रवींद्र जडेजा ने पीटर हैंड्सकॉम्ब को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। हैंड्सटकॉम्ब ने तीन गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता भी नहीं खोल सके। अब ऑस्ट्रेलिया की टीम छोटे स्कोर पर सिमट सकती है और मैच का नतीजा आज के दिन ही आ सकता है।

10:22 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का पांचवां विकेट गिरा

95 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रविचंद्रन अश्विन ने मेट रेनशॉ को विकेटों के सामने फंसाकर कंगारू टीम को पांचवां झटका दिया। रेनशॉ ने आठ गेंद में दो रन बनाए। अश्विन ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब हैंड्सकॉम्ब के साथ एलेक्स कैरी क्रीज पर हैं।

10:15 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Day 3 Live Score: ऑस्ट्रेलिया का चौथा विकेट गिरा

भारतीय टीम ने तीसरे दिन की शानदार शुरुआत की है। पहले सत्र में ही अश्विन-जडेजा की जोड़ी ने तीन अहम विकेट हासिल कर लिए हैं। ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ के बाद मार्नस लाबुशेन भी आउट हो चुके हैं। रवींद्र जडेजा ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर 95 रन पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। लाबुशेन ने 50 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 35 रन बनाए। जडेजा की गेंद नीची रहने पर लाबुशेन समय पर बल्ला नीचे नहीं ला पाए और बोल्ड हो गए। अब मैट रेनशा के साथ पीटर हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं। 22 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 95 रन है।

10:03 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Day 3 Live Score: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

85 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा है। रविचंद्रन अश्विन ने एक बार फिर स्टीव स्मिथ को अपना शिकार बनाया है। स्मिथ ने 19 गेंद की पारी में एक चौके की मदद से नौ रन बनाए। अश्विन की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में वह विकेटों के सामने पकड़े गए। अंपायर ने उन्हें आउट दिया तो स्मिथ ने रिव्यू लिया, लेकिन वह खुद को बचा नहीं सके। अब मार्नस लाबुशेन के साथ मैट रेनशॉ क्रीज पर हैं। 20 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 90 रन हैं।

09:34 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Day 3 Live: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

रविचंद्रन अश्विन ने तीसरे दिन के पहले ही ओवर में भारतीय टीम को सफलता दिलाई है। उन्होंने दूसरी पारी में 65 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। ट्रेविस हेड 46 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर श्रीकर भरत ने उनका कैच पकड़ा। हेड ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। अब लाबुशेन के साथ स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 66 रन है।

09:30 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Day 3 Live: दिल्ली में तीसरे दिन का खेल शुरू

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है। ट्रेविस हेड और लाबुशेन क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों तेजी से रन बना रहे हैं और भारत के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की कोशिश में लगे हैं। तीसरे दिन भी हेड ने पहले ही ओवर में चौका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं।

09:22 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS 2nd Test Day 3 Live: तीसरे दिन के लिए तैयार टीम इंडिया

तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ ने पूरी टीम से बात की और सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। दिल्ली टेस्ट में फिलहाल दोनों टीमें मैच में बनी हुई हैं और मैच का नतीजा आना भी लगभग तय है। आज का दिन मैच में निर्णायक भूमिका अदा करेगा। मैच का नतीजा चौथे या पांचवें दिन भी आ सकता है, लेकिन तीसरे दिन बेहतर खेल दिखाने वाली टीम मैच में काफी आगे निकल जाएगी और आज बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम के मैच जीतने की संभावना ज्यादा है।
 

08:40 AM, 19-Feb-2023

IND vs AUS Day 3 Highlights: भारत ने दूसरा टेस्ट छह विकेट से जीता, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाए। इसके जवाब ने भारत ने 262 रन बनाए और पहली पारी के अधार पर ऑस्ट्रेलिया को एक रन की बढ़त मिली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 61/1 है और उसके पास कुल 62 रन की बढ़त है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटकर चौथी पारी में अपने लिए कम से कम रन का लक्ष्य चाहेगी। आज मैच का तीसरा दिन है। भारत के स्पिन गेंदबाजों पर ऑस्ट्रेलिया को छोटे स्कोर पर समेटने की जिम्मेदारी होगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें