फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS 2nd T20: रोहित की तूफानी पारी से जीता भारत, ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

Fri, 23 Sep 2022 11:48 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागपुर

खास बातें

India vs Australia  (IND vs AUS) 2nd T20i: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला नागपुर में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में भारत को चार विकेट से हराया था। दूसरे टी20 में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने दो-दो बदलाव किए थे। यह मुकाबला आठ ओवर का था। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में पांच विकेट पर 90 रन बनाए। जवाब में भारत ने 7.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 23-Sep-2022

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया

भारत ने दूसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ सीरीज भी 1-1 की बराबरी पर आ गई है। 25 सितंबर को हैदराबाद में तीन मैचों की टी20 सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा। मैदान गीला होने की वजह से टॉस में दो घंटे 45 मिनट की देरी हुई। यह मैच आठ-आठ ओवर का कर दिया गया था। पावरप्ले दो ओवर का था और एक गेंदबाज को सिर्फ दो ओवर ही फेंकने थे।

टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने आठ ओवर में पांच विकेट गंवाकर 90 रन बनाए। मैथ्यू वेड ने 20 गेंदों में 43 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, एरॉन फिंच ने 15 गेंदों में 31 रन बनाए। अक्षर पटेल ने दो विकेट झटके।

जवाब में भारत ने 7.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 20 गेंदों में 46 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, दिनेश कार्तिक ने आठवें ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाकर मैच फिनिश किया। कार्तिक दो गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे। केएल राहुल 10 रन, विराट कोहली 11 रन बना सके। वहीं, सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके। एडम जैम्पा ने तीन विकेट झटके।

10:59 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: हार्दिक भी पवेलियन लौटे

सातवें ओवर में 77 के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। पैट कमिंस ने हार्दिक पांड्या को एरॉन फिंच के हाथों कैच कराया। हार्दिक नौ गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 82 रन है। भारत को आखिरी छह गेंदों में नौ रन की जरूरत है।

10:52 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: छह ओवर के बाद भारत 69/3

भारत ने छह ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 69 रन बना लिए हैं। टीम को 12 गेंदों में 22 रन की दरकार है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। एडम जैम्पा ने तीन विकेट लिए। उन्होंने केएल राहुल, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा।

विज्ञापन
10:41 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: जैम्पा ने लिया कोहली-सूर्यकुमार का विकेट

भारत को दूसरा झटका पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। लेग स्पिनर एडम जैम्पा ने भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को क्लीन बोल्ड कर दिया। कोहली ने छह गेंद की पारी में 11 रन बनाए। उन्होंने दो चौके लगाए। जैम्पा ने अलगी ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को आउट कर दिया। सूर्यकुमार खाता खोले बगैर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। जैम्पा हैट्रिक से चूक गए। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 58 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।

10:36 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: राहुल पवेलियन लौटे

तीसरे ओवर में 39 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। केएल राहुल छह गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। एडम जैम्पा ने राहुल को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल विराट कोहली एक रन और कप्तान रोहित शर्मा 11 गेंदों में 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित अब तक अपनी पारी में चार छक्के लगा चुके हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 40 रन है।

विज्ञापन
10:29 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: भारत की तूफानी शुरुआत

भारत ने तूफानी अंदाज में लक्ष्य का पीछा करना शुरु किया है। पहले ओवर में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने 20 रन जोड़े। जोश हेजलवुड के इस ओवर में रोहित ने दो छक्के जड़े, जबकि राहुल ने भी एक छक्का लगाया। रोहित ने दो छक्के लगाने के साथ ही न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित अब टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित के नाम अब टी20 अंतरराष्ट्रीय में 174* छक्के हैं। वहीं, गुप्टिल के नाम 172 छक्के हैं। रोहित अब तक क्रीज पर हैं और वह गुप्टिल से और आगे निकल सकते हैं।

10:09 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 90 रन

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने आठ ओवर में 91 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आठ ओवर में पांच विकेट गंवाकर 90 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर में टीम ने दो विकेट गंवाए।

अक्षर पटेल के इस ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली ने कैमरन ग्रीन का कैच छोड़ा था। इसके बाद तीसरी गेंद पर भरपाई करते हुए ग्रीन को रनआउट कराया। ग्रीन चार गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया। मैक्सवेल खाता भी नहीं खोल सके।

चौथे ओवर में अक्षर पटेल फिर गेंदबाजी के लिए आए और पहली ही गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दिया। अक्षर ने टिम डेविड को ओवर की पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। डेविड तीन गेंदों में दो रन बना सके। हालांकि, अक्षर हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर मैक्सवेल और डेविड को आउट किया।

इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने पांचवें ओवर में कप्तान एरॉन फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिंच 15 गेंदों में 31 रन बना सके। चार विकेट गिर जाने के बाद मैथ्यू वेड ने स्टीव स्मिथ के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी निभाई। स्मिथ पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए। वेड 20 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहे।

अपनी पारी में वेड ने चार चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, स्मिथ पांच गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अक्षर पटेलव ने दो ओवर में 13 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं, बुमराह ने दो ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया। हार्दिक पांड्या ने एक ओवर में 10 रन और युजवेंद्र चहल ने एक ओवर में 12 रन लुटाए। हर्षल पटेल सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने दो ओवर में 32 रन लुटाए और कोई विकेट नहीं मिला।

09:57 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: बुमराह ने फिंच को बोल्ड किया

पांचवें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने कप्तान एरॉन फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिंच 15 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में फिंच ने चार चौके और एक छक्का लगाया। फिलहाल स्टीव स्मिथ और मैथ्यू वेड क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 46 रन है।

09:51 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

चौथे ओवर में ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने टिम डेविड को ओवर की पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। डेविड तीन गेंदों में दो रन बना सके। अक्षर का कहर देखने को मिला है। उन्होंने अपने पहले और पारी के दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया था। अक्षर ने लगातार दो गेंदों में दो विकेट लिए। वहीं, कैमरन ग्रीन रन आउट हुए थे। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 35 रन है। फिलहाल मैथ्यू वेड और एरॉन फिंच क्रीज पर हैं।

09:44 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया को लगे दो झटके

दूसरे ओवर में ऑस्ट्रेलियाई टीम को दो झटके लगे। अक्षर पटेल के इस ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली ने कैमरन ग्रीन का कैच छोड़ा था। इसके बाद तीसरी गेंद पर भरपाई करते हुए ग्रीन को रनआउट कराया। ग्रीन चार गेंदों पर पांच रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल ने ग्लेन मैक्सवेल को क्लीन बोल्ड किया। मैक्सवेल खाता भी नहीं खोल सके। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 19 रन है।

09:32 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: ग्रीन और फिंच क्रीज पर

यह मुकाबला आठ ओवर का है। वहीं, दो ओवर का पावरप्ले है। एक गेंदबाज ज्यादा से ज्यादा दो ओवर फेंक पाएंगे। फिलहाल कैमरन ग्रीन और एरॉन फिंच मैदान पर हैं। एक ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 10 रन है। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने पहले ओवर में गेंदबाजी की।

09:21 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), कैमरन ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, शॉन एबॉट, टिम डेविड, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), पैट कमिंस, डेनियल सैम्स, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।

09:18 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। उमेश यादव और भुवनेश्वर कुमार को प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया है। वहीं, जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत की टीम में वापसी हुई है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने भी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। नाथन एलिस चोटिल हैं। उनकी जगह डेनियल सैम्स को और जोश इंग्लिस की जगह शॉन एबॉट को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।

08:52 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: थोड़ी देर में टॉस

अंपायरों ने रात 8 बजकर 45 मिनट पर मैदान का निरीक्षण किया। इसके बाद अंपायरों ने बताया कि रात नौ बजकर 15 मिनट पर टॉस होगा। वहीं, रात साढ़े नौ बजे मैच की शुरुआत होगी। यह मुकाबला आठ ओवर का होगा। वहीं, दो ओवर का पावरप्ले होगा। इसे छह से घटाकर दो किया है। एक गेंदबाज ज्यादा से ज्यादा दो ओवर फेंक पाएंगे। प्रैक्टिस के लिए सभी खिलाड़ी दोबारा मैदान पर आ चुके हैं। इस मैच के लिए नितिन मेनन और केएन अनंता पदमनाभन फील्ड अंपायर्स हैं।

08:12 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: रात 8.45 बजे अगला निरीक्षण

अंपायरों ने आठ बजे मैदान का दोबारा निरीक्षण किया। मैदान का एक हिस्सा अभी भी गीला है और उसको सुखाने की कोशिश की जा रही है। अंपयारों ने कहा कि भारी बारिश की वजह से वह हिस्सा गीला है और यह खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं है। हम अभी भी इसके सूखने का इंतजार कर रहे हैं। ग्राउंड स्टाफ अपना काम कर रहे हैं। देखते हैं कि आज रात हमें मैच देखने को मिल पाता है या नहीं। हम इस मैच में खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंतित हैं। हम आगे का नहीं सोच रहे। दोनों टीमें मजबूती से यहां खेलेंगी और बाउंड्री का हिस्सा ऐसा है जहां खिलाड़ियों को मजबूत रहना होता है। खिलाड़ियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। ऐसे में हम मैदान को और सूखने देने का इंतजार करेंगे।

अंपायरों ने कहा कि राज नौ बजकर 46 मिनट कट ऑफ टाइम है। अगर तब तक मैच शुरू हुआ तो पांच ओवर का खेल हो पाएगा। 9.46 तक मैच शुरू नहीं हो सका तो मैच रद्द हो जाएगा। रात 8 बजकर 45 मिनट पर अंपायर फिर से मैदान का निरीक्षण करेंगे। तभी कुछ फैसला लिया जाएगा। हालांकि, अब ओवरों में कटौती होगी। यह देखने वाली बात होगी कि कितने ओवर का मैच हो पाता है।

07:10 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: आठ बजे होगा निरीक्षण

मैदान गीला होने की वजह से टॉस में अभी भी देरी हो रही है। सात बजे अंपायरों ने पिच का निरीक्षण किया और पाया कि पिच अभी भी गीली है। वह ग्राउंड की कंडीशन को देखकर खुश नहीं लगे। अंपायरों ने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच से भी बातचीत की। ऐसे में उन्होंने आठ बजे दोबरा से मैदान का निरीक्षण करने का फैसला सुनाया। नागपुर में शुक्रवार को भारी बारिश हुई है। सुपरसोपर्स और मैदान कर्मचारी पिच और मैदान को सुखाने में लगे हुए हैं। अब ओवरों में भी कटौती की जा सकती है।

06:30 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: टॉस में देरी

मैदान गीला होने की वजह से टॉस में देरी हो रही है। सात बजे अंपायर पिच का निरीक्षण करेंगे। नागपुर में भारी बारिश की वजह से यह फैसला लिया गया है। सुपरसोपर्स पिच को सुखाने में लगे हुए हैं।

06:24 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: ग्रीन पर लगाना होगा अंकुश

दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया हर विभाग में सुगठित नजर आ रहा है जबकि उसकी टीम में डेविड वॉर्नर, मिशेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस और मिशेल मार्श जैसे खिलाड़ी नहीं है। वॉर्नर की अनुपस्थिति में पारी का आगाज करने के लिए भेजे गए कैमरन ग्रीन ने अपनी भूमिका शानदार तरीके से निभाई जबकि अनुभवी स्टीवन स्मिथ और ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पहला मैच खेल रहे टिम डेविड ने टीम को मजबूती प्रदान की। मैथ्यू वेड फिनिशर की अपनी भूमिका में खरे उतरे। उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलिया को हालांकि गेंदबाजी में अधिक अनुशासित प्रदर्शन करना होगा क्योंकि मोहाली में तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और ग्रीन ने काफी रन लुटाए थे।

PAK vs ENG: बाबर-रिजवान ने 203 रन की साझेदारी कर बनाए कई विश्व रिकॉर्ड, रोहित-धवन और राहुल को भी पीछे छोड़ा

06:24 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: फील्डिंग में भी खराब प्रदर्शन

पिछले मैच में भारत की फील्डिंग भी अच्छी नहीं रही और उसने तीन आसान कैच टपकाए। इसके लिए पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने भी टीम की आलोचना की थी। बल्लेबाजी में आक्रामक रवैये का फायदा मिल रहा है। पिछले मैच में इसी अंदाज में बल्लेबाजी करके केएल राहुल, हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव ने रन बटोर कर स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया था जबकि शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली जल्दी आउट हो गए थे। टीम में फिनिशर की भूमिका निभा रहे दिनेश कार्तिक को पिछले मैच में ज्यादा मौका नहीं मिला और उन्हें यहां अधिक मौका दिया जा सकता है ताकि विश्वकप के लिए विकल्प खुले रहें।

IPL 2023: अगले सीजन के लिए दिसंबर में हो सकती है नीलामी, चेन्नई ने जडेजा के लिए ठुकराया दिल्ली का ऑफर

06:23 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: स्पिनर चहल भी नहीं है लय में 

एशिया कप से पहले जहां भारत के लिए शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों का रवैया परेशानी का सबब बना हुआ था वहीं अब गेंदबाजी उसके लिए चिंता का विषय बन गया है क्योंकि बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय गेंदबाजों की कमजोरी खुलकर सामने आई है। किसी भी तरह की परिस्थिति में भारत के मुख्य स्पिनर रहे युजवेंद्र चहल में पहले की तरह मारक क्षमता नहीं दिख रही है। पिछले कुछ मैचों में वह काफी महंगे साबित हुए हैं। उन्हें उन विकेटों पर भी अच्छा प्रदर्शन करने का तरीका ढूंढना होगा जो कि स्पिनरों के मददगार नहीं होते हैं। रविंद्र जडेजा के चोटिल होने के कारण टीम में लिए गए ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने हालांकि पिछले मैच में तीन विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की।

Babar Azam Record: विराट की राह चले बाबर, रोहित के रिकॉर्ड की बराबरी की, ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने

06:23 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: हार्दिक ने लुटाए हैं 14 ओवरों में 150 रन

भारतीय टीम अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर चिंतित है जिसमें ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी शामिल हैं। उन्होंने जो पिछले 14 ओवर किए हैं उनमें 150 रन लुटाए हैं। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार डेथ ओवरों में नहीं चल पा रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19वें ओवर में गेंदबाजी की, लेकिन इन तीन ओवरों में उन्होंने 49 रन लुटाए। ऐसी परिस्थितियों में भारत के लिए बुमराह का फिट होना बेहद जरूरी हो गया। भारत को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्वकप से पहले अभी पांच मैच खेलने हैं और इन मैचों में उसे अपनी सभी कमजोरियों को दूर करना होगा। भारत विश्वकप में अपना पहला मैच 23 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।

BCCI AGM 2022: मुंबई में 18 अक्तूबर को होगी बीसीसीआई की एजीएम, अध्यक्ष सहित पांच पदों के लिए भी होंगे चुनाव

06:22 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: नागपुर में गेंदबाजों की भुमिका अहम

विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम का विकेट मोहाली से हालांकि भिन्न होगा। विकेट के धीमे होने की संभावना है और ऐसे में गेंदबाजों की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण बन जाती है। शाम को ओस का प्रभाव देखते हुए कोई भी टीम लक्ष्य का पीछा करना बेहतर समझेगी।

06:21 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: हारे तो दूसरी बार गंवाएंगे सीरीज

भारतीय टीम पर ऑस्ट्रेलिया से लगातार दूसरी घरेलू सीरीज गंवाने का खतरा है। ऑस्ट्रेलिया ने 2019 में विशाखापट्टनम और बेंगलुरु में हुए दो मैचों की सीरीज को 2-0 से जीता था।

06:20 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS Live: बुमराह कर सकते हैं वापसी

भारत के लिए राहत की खबर यह है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी इस मैच में तय मानी जा रही है। सूर्यकुमार यादव ने मैच से एक दिन पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि वह पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए बुमराह को टीम में चुना गया लेकिन टीम प्रबंधन ने उन्हें मोहाली में पहले मैच में अंतिम एकादश में नहीं रखा। इससे यह आशंका पैदा हो गई क्या वह अभी पूरी तरह से फिट हैं या नहीं।

 

06:14 PM, 23-Sep-2022

IND vs AUS 2nd T20: रोहित की तूफानी पारी से जीता भारत, ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज नागपुर में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के लिए यह मैच करो या मरो वाला है। अगर भारतीय टीम हारी तो सीरीज गंवा देगी। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में भारत को चार विकेट से हराया था। भारतीय टीम आज अपने प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव कर सकती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें