ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड के अर्धशतकों की बदौलत भारत को दूसरे वनडे में 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में वापसी कर ली है। भारत मुंबई में पहला वनडे जीता था। अब सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। तीसरा और अंतिम मुकाबला चेन्नई में 22 मार्च को खेला जाएगा। यह मैच एक तरह से फाइनल होगा। तीसरे वनडे को जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी।
ऑस्ट्रेलिया कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 26 ओवर में 117 रनों पर सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 11 ओवर में 121 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। मिचेल मार्श 36 गेंद पर 66 और ट्रेविस हेड 30 गेंद पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्श ने अपनी पारी में छह चौके और छह छक्के लगाए। हेड ने 10 चौके जड़े।
ऐसी रही भारत की पारी
टीम इंडिया की बात करें तो पावरप्ले (शुरुआती 10 ओवर) में ही भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई। न रोहित शर्मा चले और न ही हार्दिक पांड्या। शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव तो खाता भी नहीं खोल सके। स्थिति यह रही कि 11 में से सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। विराट कोहली ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। वहीं, अक्षर पटेल ने नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। रवींद्र जडेजा ने 16 और रोहित शर्मा ने 13 रन बनाए। केएल राहुल नौ और हार्दिक पांड्या एक रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने पांच और सीन एबॉट ने तीन विकेट लिए। नाथन एलिस को दो सफलता मिली।
मिचेल मार्श ने 28 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की है। वह 29 गेंद पर 54 रन बनाकर खेल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने टीम के 50 रन 32 गेंदों में ही पूरे कर दिए। ऑस्ट्रेलिया ने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 66 रन बना लिए हैं। मार्श और हेड ने 31-31 रन बनाए हैं। दोनों ने 18-18 गेंदों का सामना किया है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 44 ओवर में 52 रन ही बनाने हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने 118 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मजबूत शुरुआत की है। उसने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 14 रन बना लिए हैं। ट्रेविस हेड 10 और मिचेल मार्श एक रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 118 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मिचेल स्टार्क की कहर बरपाती गेंदों के सामने भारतीय टीम 26 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। यह भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में तीसरा सबसे कम स्कोर है। 1981 में भारतीय टीम सिडनी में 63 रन और साल 2000 में सिडनी में ही 100 रन बना सकी थी।
यह घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में भारत का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2007 में वडोदरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 148 रन बनाए थे। वहीं, डिफेंड करने की बात करें तो भारत ने वनडे में सबसे कम स्कोर 105 रन का डिफेंड किया है। यह उन्होंने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ किया था। वहीं, 1985 में टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ 125 रन डिफेंड कर चुकी है। 2006 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 162 रन डिफेंड किया था।
भारत की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर इस मैच में भी फेल रहा। पिछले मैच में भारतीय टीम ने 39 रन पर चार और फिर 83 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इस मैच में 49 रन के कुल स्कोर पर भारतीय टीम के पांच विकेट गिर गए थे। स्टार्क ने कहर बरपाते हुए पहले ही ओवर में शुभमन गिल को लाबुशेन के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। शुभमन ठीक उसी तरह आउट हुए, जैसे वह पिछले मैच में हुए थे।
इसके बाद पारी के पांचवें ओवर में स्टार्क ने कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। ओवर की चौथी गेंद पर स्टार्क ने रोहित को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। रोहित 15 गेंदों में दो चौके की मदद से 13 रन बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर सूर्यकुमार यादव को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। सूर्या ठीक उसी प्रकार आउट हुए, जैसे वह पिछले मैच में आउट हुए थे। सूर्या लगातार दूसरे वनडे में खाता नहीं खोल सके।
इसके बाद मिचेल स्टार्क का अगला शिकार केएल राहुल बने। राहुल 12 गेंदों में नौ रन बना सके। स्टार्क ने राहुल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। शॉन एबॉट ने भारत को पांचवां झटका दिया। उन्होंने हार्दिक पांड्या को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। हार्दिक एक रन बना सके। स्मिथ ने हवा में डाइव मारते हुए कैच पकड़ा। 16वें ओवर में भारत को छठा झटका लगा। विराट कोहली 35 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए।
91 के स्कोर पर भारत को सातवां झटका लगा। नाथन एलिस ने रवींद्र जडेजा को कैरी के हाथों कैच कराया। वह 39 गेंदों में 16 रन बना सके। 103 के स्कोर पर भारत को दो और झटके लगे। शॉन एबॉट ने ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव को हेड के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंदों में चार रन बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर मोहम्मद शमी को विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। शमी खाता भी नहीं खोल सके। स्टार्क ने सिराज को क्लीन बोल्ड कर भारतीय पारी को 117 रन पर समेट दिया।
भारत के कुल सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से चार बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क के अलावा एबॉट ने तीन और नाथन एलिस ने दो विकेट झटके।
25वें ओवर में 103 के स्कोर पर भारत को दो और झटके लगे। शॉन एबॉट ने ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव को हेड के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंदों में चार रन बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर मोहम्मद शमी को विकेटकीपर कैरी के हाथों कैच कराया। शमी खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर नौ विकेट पर 103 रन है।
20वें ओवर में 91 के स्कोर पर भारत को सातवां झटका लगा। नाथन एलिस ने रवींद्र जडेजा को कैरी के हाथों कैच कराया। वह 39 गेंदों में 16 रन बना सके। 20 ओवर के बाद भारत का स्कोर सात विकेट पर 92 रन है।
19 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 16 रन और अक्षर पटेल आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। 71 पर पिछला विकेट गिरा था। ऐसे में दोनों के बीच 19 रन की साझेदारी हो चुकी है।
16वें ओवर में भारत को छठा झटका लगा। विराट कोहली 35 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। भारतीय टीम परेशानियों में नजर आ रही है। टीम इंडिया का कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका है। कोहली को नाथन एलिस ने एल्बीडब्ल्यू किया। इससे पहले स्टार्क ने चार और शॉन एबॉट को एक विकेट मिला था। शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान रोहित शर्मा 13 रन, केएल राहुल नौ रन और हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा क्रीज पर हैं। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 73 रन है।
13 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 29 रन और रवींद्र जडेजा आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। पिछले वनडे की तरह भारतीय टॉप ऑर्डर इस मैच में भी फेल रहा। पिछले मैच में भारत ने 39 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इस मैच में टीम इंडिया को 49 पर पांच झटके लग चुके थे। शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके। कप्तान रोहित शर्मा 13 रन, केएल राहुल नौ रन और हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क ने चार विकेट झटके, जबकि शॉन एबॉट को एक विकेट मिला।
राहुल के आउट होने के बाद टीम इंडिया संभली नहीं थी कि अगले ओवर में शॉन एबॉट ने भारत को एक और झटका दिया। 10वें ओवर में 49 के स्कोर पर एबॉट ने हार्दिक पांड्या को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। हार्दिक एक रन बना सके। स्मिथ ने हवा में डाइव मारते हुए कैच पकड़ा। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 51 रन है। फिलहाल रवींद्र जडेजा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।
नौवें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा। मिचेल स्टार्क कहर बरपा रहे हैं। टीम इंडिया के जो चार विकेट गिरे हैं, वो सभी स्टार्क ने ही लिए हैं। उन्होंने अब पिछले मैच के हीरो रहे केएल राहुल को भी अपना शिकार बनाया है। राहुल 12 गेंदों में नौ रन बना सके। स्टार्क ने राहुल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इससे पहले वह शुभमन गिल (0), रोहित शर्मा (13), सूर्यकुमार यादव (0) को भी पवेलियन भेज चुके हैं। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 49 रन है। फिलहाल कोहली-हार्दिक क्रीज पर हैं।
भारत ने शुरुआती पांच ओवर के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। मिचेल स्टार्क ने पहले ओवर में शुभमन गिल को कैच आउट कराया था। इसके बाद पारी के पांचवें ओवर में उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। ओवर की चौथी गेंद पर स्टार्क ने रोहित को स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। रोहित 15 गेंदों में दो चौके की मदद से 13 रन बना सके। इसके बाद अगली गेंद पर सूर्यकुमार यादव को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। सूर्या ठीक उसी प्रकार आउट हुए, जैसे वह पिछले मैच में आउट हुए थे। सूर्या लगातार दूसरे वनडे में खाता नहीं खोल सके। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 32 रन है। फिलहाल विराट कोहली और केएल राहुल क्रीज पर हैं।
तीन ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 29 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोहली आठ गेंदों में 14 रन और रोहित आठ गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले मिचेल स्टार्क ने शुभमन गिल को लाबुशेन के हाथों कैच कराया था। गिल खाता भी नहीं खोल सके।
भारत को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। पारी की तीसरी गेंद पर शुभमन गिल आउट हो गए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने लाबुशेन के हाथों कैच कराया। शुभमन खाता भी नहीं खोल सके। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर आठ रन है। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं।
भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग करने उतरे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले ओवर में मिचेल स्टार्क गेंदबाजी कर रहे हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी।
ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), मार्नस लाबुशेन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, शॉन एबॉट, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। कंगारू कप्तान स्टीव स्मिथ ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। ग्लेन मैक्सवेल और जोश इंग्लिस को बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह एलेक्स कैरी और नाथन एलिस को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। ईशान किशन और शार्दुल ठाकुर को बाहर किया गया है। रोहित और अक्षर पटेल की टीम में वापसी हुई है।
दूसरे वनडे मैच पर बारिश का साया बना हुआ है। मैच के लिए मौसम की भविष्यवाणी आंधी के साथ बारिश की है। बारिश की संभावना के चलते दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक विशाखापट्टनम में मैच के दौरान करीब चार घंटे बारिश हो सकती है। रविवार को मैदान के ऊपर बादल मंडराने की संभावना 77 प्रतिशत है। वहीं, दोपहर एक बजे से लेकर शाम पांच बजे तक आंधी और बारिश की संभावना है। सुबह में बारिश हो रही थी, लेकिन अभी फिलहाल बारिश रुकी हुई है।
कप्तान स्टीव स्मिथ के लिए चिंता बल्लेबाजों का खराब प्रदर्शन है। मिचेल मार्श द्वारा मिली शानदार शुरुआत को मध्य क्रम और निचले क्रम के बल्लेबाज कायम नहीं रख पाए थे। दूसरे वनडे में स्टीव स्मिथ भी अंतिम एकादश में परिवर्तन करना चाहेगा।
पहले वनडे में शमी ने अपने दूसरे स्पेल में अच्छी वापसी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। उन्होंने मैच में तीन विकेट चटकाए थे। पावरप्ले में भारतीय गेंदबाज महंगे साबित हुए थे अब टीम प्रबंधन इस कमी को दूर करना चाहेगी। शार्दुल ठाकुर ने मुंबई में कुछ खास नहीं किया था। उन्हें बल्लेबाजी का भी मौका नहीं मिला था। विशाखापट्टनम की पिच आमतौर पर सपाट होती है। ऐसे में रोहित शर्मा मिडिल ओवरों के लिए एक एक्स-फैक्टर को शामिल करना चाहेंगे। वह शार्दुल की जगह उमरान मलिक को शामिल कर सकते हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल ने पहले वनडे मैच में अपने अच्छे प्रदर्शन से आलोचकों का मुंह बंद कर दिया जो उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाते आए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीजला में शुरुआती दो टेस्ट में उनका बल्ला नहीं चला था और उनकी जगह गिल को मौका दिया गया था। प्रारूप बदला तो राहुल का प्रदर्शन भी बदल गया।
राहुल ने पहले वनडे में दो कैच पकड़े और फिर जब भारतीय टीम 83 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी तब उन्होंने धैर्य और शानदार खेल दिखाते हुए नाबाद 75 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। वहीं, जडेजा ने 46 रन देकर दो विकेट लिए और बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करते हुए 69 गेंद में 45 रन की नाबाद पारी खेली और राहुल के साथ साझेदारी करके टीम की जीत में अपना योगदान दिया। इस जोड़ी से दूसरे वनडे में भी टीम प्रबंधन अच्छे प्रदर्शन की आस कर रहा होगा।
पिछले मैच में भारतीय टॉप ऑर्डर फेल रहा था। उनसे भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। इस सीरीज के माध्यम से भारतीय टीम वनडे विश्वकप की तैयारियां भी कर रही है, लेकिन पहले वनडे में शीर्ष क्रम के खरा प्रदर्शन ने टीम प्रबंधन की चिंता जरूर बढ़ा दी होगी। मुंबई के वानखेड़े की पिच तेज गेंदबाजों को कुछ मदद कर रही थी और उस पिच पर ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को जल्दी ही पवेलियन भेज दिया था। 189 रन के लक्ष्य का पीछा करने में भारतीय बल्लेबाजों के पसीने छूट गए थे। स्टार्क ने तीन विकेट चटकाए थे। कोहली, गिल, ईशान किशन ने निराश किया था, जबकि सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल पाए थे।
पिछले मैच में हार्दिक पांड्या ने शानदार कप्तानी की थी। मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 188 रन पर रोक दिया था। इसके बाद केएल राहुल ने फॉर्म में वापसी करते हुए नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, रवींद्र जडेजा ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। इस मैच में भी शमी, सिराज, राहुल और जडेजा से अच्छे खेल की उम्मीद होगी।
इस मैच में भारत के नियमित कप्तान रोहित शर्मा वापसी करेंगे। पारिवारिक कारणों से रोहित पिछला वनडे नहीं खेल पाए थे। यह देखने वाली बात होगी कि रोहित की वापसी पर ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव में से कौन बाहर होता है। यह भी देखने वाली बात होगी कि सूर्यकुमार को फिर से मौका दिया जाता है या नहीं। टी20 में तो वह कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन वनडे में उनका रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं है। अक्षर पटेल या वॉशिंगटन सुंदर में से कोई एक टीम में उनकी जगह ले सकता है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज विशाखापट्टनम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने पहला वनडे पांच विकेट से जीता था। ऐसे में आज जीतकर टीम इंडिया सीरीज में अजेय बढ़त लेने के इरादे से उतरेगी। कप्तान रोहित शर्मा की वापसी से टीम मजबूत हुई है। थोड़ी देर में टॉस होगा।