फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 66 रन से हराया, विराट की टीम सेमीफाइनल की रेस में अब भी बरकरार

Wed, 03 Nov 2021 11:41 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अबू धाबी

खास बातें

IND vs AFG T20: भारत ने सुपर-12 के मैच में अफगानिस्तान को 66 रन से हरा दिया। यह मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। टीम इंडिया ने 211 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 7 विकेट पर 144 रन बना सकी।
विज्ञापन
टी-20 विश्व कप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:09 PM, 03-Nov-2021

भारत ने अफगानिस्तान को करारी शिकस्त दी

भारत ने अफगानिस्तान बुधवार को खेले गए सुपर-12 के मुकाबले में 66 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 210 रन बनाए। यह इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम इंडिया ने बेहतरीन शुरुआत की। रोहित और राहुल ने खुलकर शॉट्स खेले। दोनों ने फिफ्टी लगाई। रोहित 74 रन और राहुल 69 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने आतिशी पारी खेली। दोनों ने 22 गेंदों पर 63 रन की नाबाद साझेदारी की। हार्दिक 13 गेंदों पर 35 रन और पंत 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर नाबाद रहे। पांड्या ने चार चौके और दो छक्के, जबकि पंत ने एक चौका और तीन छक्के लगाए। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 69 रन बनाए। 210 रन भारत का टी-20 विश्व कप में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

अफगानिस्तान ने 144 रन बनाए
जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 144 रन ही बना सकी। टीम ने 69 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। हजरतुल्लाह जजई 13, मोहम्मद शहजाद दो, रहमानुल्लाह गुरबाज 19, गुलबदीन नायब 18 और नजीबुल्लाह जादरान 11 रन बना सके। इसके बाद कप्तान मोहम्मद नबी और करीम जनत ने मिलकर छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े।

नबी 32 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राशिद खान (0) कुछ खास नहीं कर सके। अफगानिस्तान के लिए करीम जनत ने 22 गेंदों पर 42 रन की नाबाद पारी खेली। भारत के लिए शमी ने तीन विकेट लिए। वहीं, रविचंद्रन अश्विन को दो विकेट मिला। जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला। रोहित को उनकी बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

नेट रन रेट पर क्या असर पड़ा?
इस जीत के साथ भारतीय टीम का नेट रन रेट प्लस में आ गया है। भारतीय टीम का नेट रन रेट +0.073 है। टीम अंक तालिका में चौथे नंबर पर है। पाकिस्तान आठ अंक के साथ पहले स्थान पर है और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। वहीं, अफगानिस्तान चार मैचों में चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। उसका नेट रन रेट +1.481 है। न्यूजीलैंड चार अंक और +0.816 नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है।

अगर भारतीय टीम स्कॉटलैंड को 5 नवंबर और नामीबिया को 8 नवंबर को बड़े अंतर से हराने में कामयाब होती है। साथ ही अफगानिस्तान की टीम न्यूजीलैंड को 7 नवंबर को हरा देती है, तो भारत सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। भारतीय फैंस को यह भी मनाना होगा कि न्यूजीलैंड की टीम नामीबिया पर बड़ी जीत हासिल नहीं कर सके। भारत के लिए यह अच्छा है कि उसको ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेलना है। उन्हें यह पता होगा कि समीकरण क्या है।

11:00 PM, 03-Nov-2021
अंक तालिका - फोटो : अमर उजाला

शमी के एक ओवर में दो विकेट
126 रन पर अफगानिस्तान को छठा झटका लगा। मोहम्मद नबी 32 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शमी ने जडेजा के हाथों कैच कराया। इसके बाद शमी ने इसी ओवर की तीसरी गेंद पर राशिद खान (0) को पवेलियन भेजा। शमी ने राशिद को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। शमी ने इस मैच में तीन विकेट ले लिए।

10:44 PM, 03-Nov-2021

16 ओवर के बाद स्कोर 98/5

अफगानिस्तान ने 16 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 98 रन बना लिए हैं। फिलहाल करीम जनत और मोहम्मद नबी 18-18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
10:32 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को पांचवां झटका

अफगानिस्तान ने 69 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। अश्विन ने नजीबुल्लाह जादरान को क्लीन बोल्ड किया। वे 11 रन बना सके। अश्विन का यह दूसरा विकेट रहा। 12 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 70 रन है। अगर टीम इंडिया अफगानिस्तान को 99 रन के अंदर आउट करती है तो उनका रन रेट अफगानिस्तान के साथ-साथ न्यूजीलैंड से भी बेहतर हो जाएगा।
 

10:16 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को चौथा झटका

10वें ओवर में अफगानिस्तान को चौथा झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने गुलबदीन नायब को अपनी फिरकी में फंसाया और एलबीडब्लू किया। नायब 20 गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान ने 59 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल कप्तान मोहम्मद नबी और नजीबुल्लाह जादरान क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:07 PM, 03-Nov-2021

48 रन पर अफगानिस्तान का तीसरा विकेट

48 रन पर अफगानिस्तान ने तीसरा विकेट गंवा दिया है। रवींद्र जडेजा ने रहमानुल्लाह गुरबाज को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वह 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। सात ओवर के बाद अफगानिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 49 रन बना लिए हैं। फिलहाल गुलबदीन नायब 17 रन और नजीबुल्लाह जादरान शून्य बनाकर क्रीज पर हैं।

इस टूर्नामेंट में अफगानिस्तान का पावरप्ले में स्कोर

  • 55/1 खिलाफ स्कॉटलैंड
  • 49/4 खिलाफ पाकिस्तान
  • 50/0 खिलाफ नामीबिया
  • 47/2 खिलाफ भारत

09:56 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: शमी को जड़े 21 रन

अफगनिस्ताान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने पांचवें ओवर में मोहम्मद शमी को निशाना बनाया। उन्होंने शमी पर पहले एक चौका लगाया और फिर दो गेंदों में पर लगातार दो छक्के लगाए और इसके बाद एक चौका भी लगाया। इस ओवर में उन्होंने कुल 21 रन बटोरे। इसके बाद हार्दिक के ओवर में भी अफगानिस्तान ने नौ रन बटोरे। 

09:46 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: लगातार दो गेंद पर दो विकेट

13 रन पर अफगानिस्तान का पहला विकेट गिरा। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर शमी ने मोहम्मद शहजाद को अश्विन के हाथों कैच कराया। शहजाद शून्य पर पवेलियन लौटे। इसके बाद चौथे ओवर की पहली गेंद पर बुमराह ने हजरतुल्लाह जजई को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। वे 13 रन बना सके। फिलहाल रहमानुल्लाह गुरबाज और गुलबदीन नायब क्रीज पर हैं।
 

09:40 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान का स्कोर 12/0

अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने टीम को सधी हुआ शुरुआत दी है। टीम ने दो ओवर में बिना विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं। हजरतुल्लाह और शहजाद फिलहाल क्रीज पर हैं। हजरतुल्लाह 12 रन और शहजाद शून्य बनाकर क्रीज पर हैं।

09:31 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान के ओपनर्स क्रीज पर

अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज हजरतुल्लाह जजई और मोहम्मद शहजाद क्रीज पर हैं। भारत के लिए मोहम्मद शमी पहला ओवर फेंक रहे हैं। एक ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना विकेट खोए पांच रन बना लिए हैं।

09:13 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान को 211 रन का लक्ष्य

भारत ने अफगानिस्तान को 211 रनों का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में दो विकेट पर 210 रन बनाए। यह इस टूर्नामेंट का पहला 200 से ज्यादा रन का स्कोर है। टीम इंडिया ने आज बेहतरीन शुरुआत की। रोहित और राहुल ने खुलकर शॉट्स खेले। दोनों ने फिफ्टी लगाई। रोहित 74 रन और राहुल 69 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने आतिशी पारी खेली। दोनों ने 22 गेंदों पर 63 रन की नाबाद साझेदारी की। हार्दिक 13 गेंदों पर 35 रन और पंत 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर नाबाद रहे। पांड्या ने चार चौके और दो छक्के, जबकि पंत ने एक चौका और तीन छक्के लगाए। आखिरी पांच ओवर में भारत ने 69 रन बनाए। 210 रन भारत का टी-20 विश्व कप में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

टी-20 विश्व कप 2021 में सर्वाधिक स्कोर

  • 210/2* भारत खिलाफ अफगानिस्तान, अबू धाबी
  • 190/4 अफगानिस्तान खिलाफ स्कॉटलैंड, शारजाह
  • 189/2 पाकिस्तान खिलाफ नामीबिया, अबू धाबी
  • 181/7 बांग्लादेश खिलाफ पापुआ न्यू गिनी, मस्कट
ओवरऑल टी-20 विश्व कप में भारत का सर्वाधिक स्कोर
  • 218/4 खिलाफ इंग्लैंड, डरबन, 2007
  • 210/2 खिलाफ अफगानिस्तान, अबू धाबी, 2021
  • 192/2 खिलाफ वेस्टइंडीज, मुंबई, 2016
  • 188/5 खिलाफ ऑस्ट्रेलिया, डरबन, 2007
  • 186/5 खिलाफ दक्षिण अफ्रीका, ग्रोस आइलेट, 2010

09:12 PM, 03-Nov-2021

हार्दिक का कैच छूटा

19वें ओवर में हार्दिक पांड्या का कैच छूट गया। नवीन उल हक के ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक ने ऑफ साइड में ऊंचा शॉट खेला। मिड ऑफ पर मौजूद नजीबुल्लाह जादरान ने कैच छोड़ दिया। इस दौरान हार्दिक रन लेने के चक्कर में अफगानिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद शहजाद से टकरा गए। दोनों फिलहाल ठीक हैं।

09:02 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: भारत का दूसरा विकेट गिरा

147 रन पर भारत का दूसरा विकेट गिरा। केएल राहुल 48 गेंदों पर 69 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें गुलबदीन नायब ने क्लीन बोल्ड किया। 17 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 160 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 1 रन और ऋषभ पंत 7 गेंदों पर 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पंत ने 15वें ओवर में गुलबदीन की गेंद पर लगातार दो छक्के लगाए। इसमें से एक छक्का उन्होंने एक हाथ से लगाया था।

08:54 PM, 03-Nov-2021

भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी

रोहित और राहुल की 140 रन की साझेदारी टी-20 विश्व कप में भारत की किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड विरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के नाम था। उन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में 136 रन की साझेदारी की थी।

टी-20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी

  • 140: रोहित और राहुल खिलाफ अफगानिस्तान, अबू धाबी, 2021
  • 136: सहवाग और गंभीर खिलाफ इंग्लैंड, डरबन, 2007
  • 106: रोहित और कोहली खिलाफ वेस्टइंडीज, मीरपुर, 2014
  • 100: रोहित और कोहली खिलाफ बांग्लादेश, मीरपुर 2014

08:48 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: रोहित शानदार पारी खेलकर आउट

15वें ओवर में रोहित आउट हो गए। उन्हें करीम जनत ने नबी के हाथों कैच कराया। रोहित 47 गेंदों पर 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और तीन छक्के लगाए। 15 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 142 रन बना लिए हैं। केएल राहुल 66 रन और ऋषभ पंत एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
 

08:38 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: रोहित के बाद राहुल का भी अर्धशतक

रोहित के बाद केएल राहुल ने भी फिफ्टी लगाई है। उन्होंने 11 महीने बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक लगाया। पिछली फिफ्टी उन्होंने 4 दिसंबर 2020 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया था। यह राहुल के टी-20 अंतरराष्ट्रीय की 13वीं फिफ्टी रही। भारत ने 14 ओवर में बिना विकेट गंवाए 135 रन बना लिए हैं। राहुल 40 गेंदों पर 60 रन और रोहित 45 गेंदों पर 74 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:33 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: रोहित ने जड़ा अर्धशतक

रोहित ने 233 दिनों के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अर्धशतक जड़ा है। पिछली फिफ्टी उन्होंने इस साल 20 मार्च को लगाई थी। तब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 64 रन बनाए थे। यब रोहित के टी-20 अंतरराष्ट्रीय का 23वां अर्धशतक रहा। उन्होंने राहुल के साथ शतकीय साझेदारी भी कर ली है। भारत ने 12 ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 107 रन बना लिए हैं। रोहित 39 गेंदों पर 58 रन और राहुल 34 गेंदों पर 48 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:22 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: ड्रिंक्स ब्रेक, स्कोर 85/0

पिछले दो मैच में बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बाद इस मैच में भारत ने तेज शुरुआत की है। पहले 10 ओवर में टीम ने बिना विकेट गंवाए 85 रन बना लिए हैं। रोहित 32 गेंदों पर 44 रन और राहुल 29 गेंदों पर 40 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:16 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: 9 ओवर के बाद स्कोर 74/0

भारत ने नौ ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 74 रन बना लिए हैं। रोहित और राहुल ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई और संभलकर शॉट्स लगाए हैं। रोहित 40 रन और राहल 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:07 PM, 03-Nov-2021

पावरप्ले में भारत का सर्वाधिक स्कोर

यह इस टी-20 विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर है। ओवरऑल यह स्कोर इस टी-20 विश्व कप में पांचवें नंबर पर है। सात ओवर में भारत ने बिना विकेट गंवाए 59 रन बना लिए हैं। रोहित 36 रन और राहुल 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

सुपर-12 में सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर

  • 66/0 इंग्लैंड खिलाफ ऑस्ट्रेलिया, दुबई
  • 63/0 ऑस्ट्रेलिया खिलाफ श्रीलंका, दुबई
  • 55/1 अफगानिस्तान खिलाफ स्कॉटलैंड, शारजाह
  • 54/1 श्रीलंका खिलाफ बांग्लादेश, शारजाह
  • 53/0 भारत खिलाफ अफगानिस्तान, अबू धाबी
  • 53/1 श्रीलंका खिलाफ ऑस्ट्रेलिया, दुबई

08:03 PM, 03-Nov-2021

पावरप्ले के बाद स्कोर 53/0

भारत ने पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में बिना विकेट गंवाए 53 रन बना लिए हैं। रोहित और राहुल ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई। रोहित 34 रन और राहुल 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:56 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: पांच ओवर के बाद स्कोर 52/0

भारत ने पांच ओवर में पचास रन पूरे कर लिए हैं। रोहित-राहुल ने नवीन उल हक के ओवर में 17 रन बंटोरे। रोहित ने इस ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। रोहित 19 गेंदों पर 34 रन और राहुल 12 गेंदों पर 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
 

07:46 PM, 03-Nov-2021

रोहित-राहुल की बेहतरीन शुरुआत

रोहित और राहुल ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई है। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर 35/0 है। रोहित 19 रन और राहुल 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

07:43 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: तीन ओवर के बाद स्कोर 30/0

तीन ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 30/0 है। रोहित और राहुल ने नवीन उल हक के तीसरे ओवर में सात रन बंटोरे। रोहित 16 रन और राहुल 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:33 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: दूसरे ओवर के बाद स्कोर 23/0

दूसरे ओवर में टीम इंडिया ने 16 रन बंटोरे हैं। यह ओवर शराफुद्दीन अशरफ फेंक रहे थे। रोहित ने इस ओवर में एक चौका और राहुल ने एक चौका और एक छक्का लगाया। राहुल 13 रन और रोहित 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दूसरे ओवर के बाद स्कोर 23/0 है।

07:29 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: रोहित और राहुल क्रीज पर

भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल क्रीज पर हैं। दोनों से आज के मैच में बड़ी पारी की उम्मीद होगी। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी पहला ओवर फेंक रहे हैं। पहले ओवर में भारत ने सात रन बनाए।

07:21 PM, 03-Nov-2021

टॉस के वक्त कप्तान क्या बोले?

विराट कोहली: सबसे पहले तो इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि स्थिति काफी मुश्किल है। यह कहकर कि अभी भी एक मौका है, हम एक टीम के रूप में इस मौके को देखेंगे और सकारात्मक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे। हम जानते हैं कि हम क्षमता के अनुरूप नहीं खेले हैं, जो भी कारण हो, लेकिन इसे पीछे छोड़ने की आवश्यकता है। मैं भी टॉस जीतता तो पहले गेंदबाजी करता, लेकिन अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ यह बुरी बात नहीं है।

मोहम्मद नबी: हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिछले गेम के दूसरे हाफ में काफी ओस थी। मुजीब नहीं खेल रहा है। हम टॉस हारने और जीतने दोनों के लिए हमेशा तैयारी करते हैं, लेकिन आज हम ओस के कारण पहले गेंदबाजी करेंगे। हम सामान्य क्रिकेट खेलेंगे और जाकर क्रिकेट को एंजॉय करेंगे।

07:12 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: भारतीय टीम में दो बदलाव

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। वरुण चक्रवर्ती की जगह रविचंद्रन अश्विन और ईशान किशन की जगह सूर्यकुमार यादव टीम में आए हैं। हार्दिक पांड्या यह मैच भी खेल रहे हैं। अश्विन की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में चार साल, तीन महीने यानी 51 महीने के बाद वापसी हुई है। वहीं, अफगानिस्तान में एक बदलाव हुआ है। मुजीब उर रहमान की जगह शराफुद्दीन अशरफ टीम में आए हैं। 
 

07:08 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: दोनों टीमें

भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।

अफगानिस्तान: हज़रतुल्लाह ज़ज़ई, मोहम्मद शहज़ाद (विकेटकीपर), रहमानुल्ला गुरबाज़, नजीबुल्लाह ज़दरान, मोहम्मद नबी (कप्तान), गुलबदीन नायब, शराफ़ुद्दीन अशरफ़, राशिद ख़ान, करीम जनत, नवीन-उल-हक, हामिद हसन।

06:55 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अफगानिस्तान ने जीता टॉस

अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। कोहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पिछले लगातार छह मैचों में टॉस हार चुके हैं। वहीं, इस वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी बार टॉस हारे हैं। इस साल आठ टी-20 में विराट ने कप्तानी की है और सिर्फ एक में टॉस जीत पाए हैं।

टी-20 में विराट का टॉस के साथ रिकॉर्ड बहुत खराब रहा है। विराट ने 47 टी-20 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है और 30 में उन्होंने टॉस गंवाए हैं। ओवरऑल तीनों फॉर्मेट को मिलाकर विराट ने 208 मैचों में कप्तानी की है और इसमें से 122 मैचों में वे टॉस हार चुके हैं।

 

06:51 PM, 03-Nov-2021

सामने आई अबू धाबी की पिच

बीसीसीआई ने पिच की तस्वीर शेयर की है। मैच में ओस अहम भूमिका निभा सकता है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के कुछ मैच इस मैदान पर भी खेले गए थे। उस दौरान अबू धाबी की पिच थोड़ी धीमी रही थी। विश्व कप के दौरान भी इसमें कोई बदलाव नहीं दिखा। 
 

06:06 PM, 03-Nov-2021
बुमराह चहल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं - फोटो : सोशल मीडिया

बुमराह बना सकते हैं रिकॉर्ड

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अफगानिस्तान के खिलाफ अगर तीन विकेट लेते हैं, तो वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। वह इस मामले में स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ देंगे। चहल के नाम 63 विकेट हैं, जबकि बुमराह के नाम 61 विकेट हैं।

06:03 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: गेंदबाजों को करना होगा दमदार प्रदर्शन

टीम इंडिया को अगर यह मैच जीतना है तो पावरप्ले में विकेट निकालने होंगे। अब तक पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों में टीम इंडिया के गेंदबाज सिर्फ दो विकेट ही निकाल सके हैं। पिछले 17 मैचों में सिर्फ एक बार टीम इंडिया पावरप्ले में एक से ज्यादा विकेट ले पाई है। अगर जसप्रीत बुमराह को छोड़ दें तो कोई भी गेंदबाज अब तक इस वर्ल्ड कप में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया है। इस मैच में भारतीय स्पिनर्स को भी अपना दम दिखाना होगा।

05:50 PM, 03-Nov-2021

भारतीय बल्लेबाजों पर होगा पूरा दारोमदार

रोहित शर्मा और केएल राहुल का फॉर्म पिछले दो मैचों में कुछ खास नहीं रहा है। ये दोनों बल्लेबाज इस मैच में वापसी की कोशिश में होंगे। हार्दिक पांड्या ने दो मैचों में 35 गेंद में 31 रन ही बनाए हैं। ऐसे में उन्हें बाहर किया जा सकता है। अफगानिस्तान के खिलाफ राशिद और गुलबदीन नायब के बीच के ओवर अहम होंगे जिन्हें संभलकर खेलना होगा। इसके अलावा ऋषभ पंत से भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। 
 

05:38 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG Live Score: अश्विन खेलेंगे या नहीं

आज के मैच में सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को मौका दिया जाएगा या नहीं। वरुण चक्रवर्ती पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ फॉर्म में नहीं दिखे हैं। वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी कुछ खास प्रभावित नहीं किया है। ऐसे में कप्तान विराट कोहली अश्विन को टीम में लाना चाहेंगे। जहां दूसरे देशों के स्पिनर्स विपक्षी टीम पर हावी हैं, वहीं भारतीय स्पिनर्स कुछ खास नहीं कर सके हैं। अश्विन के साथ राहुल चाहर को भी मौका मिल सकता है। ऐसे में हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को बाहर किया जाएगा। ईशान की जगह सूर्यकुमार टीम में आ सकते हैं।

भारत की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह
 

05:30 PM, 03-Nov-2021

IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 66 रन से हराया, विराट की टीम सेमीफाइनल की रेस में अब भी बरकरार

IND vs AFG Live Score: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में बुधवार को भारत और अफगानिस्तान की टीम आमने-सामने थी। यह मैच अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया। भारत के लिए ये मैच करो या मरो मुकाबले जैसा था। मैच शुरू होने से पहले अंक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर था।

वहीं, अफगानिस्तान तीन में से दो मैच जीतकर ग्रुप-2 में दूसरे स्थान पर है। एक जीत से सेमीफाइनल का उनका दावा मजबूत हो जाएगा। हारने पर अफगानिस्तान टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। साथ में यह भी मनाना होगा कि भारत नामीबिया और स्कॉटलैंड को बड़े अंतर से नहीं हरा पाए। न्यूजीलैंड की टीम भी रेस में बनी हुई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें