भारत ने अफगानिस्तान को तीसरे टी20 मुकाबले में 127 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 221 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई। शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने मुकाबला जीतने के साथ सीरीज में क्लीन स्वीप किया।
12 ओवर की पांचवी गेंद में रवि बिश्नोई ने राशिद खान को बोल्ड कर अफगानिस्तान को एक और झटका दिया। राशिद ने पांच गेंदों में एक चौके की मदद से छह रन बनाए और बिश्नोई की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अफगानिस्तान की पारी लगातार लड़खड़ा रही है।
11वें ओवर में नितीश रेड्डी ने अफगानिस्तान की पारी को पूरी तरह हिला दिया। उन्होंने पहले मोहम्मद नबी को बोल्ड किया। इसके बाद राशिद खान ने एक रन लिया, लेकिन अगली ही गेंद पर अजमतुल्लाह ओमरजई बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रवि बिश्नोई के हाथों कैच आउट हो गए। ओवर की पांचवीं गेंद पर रेड्डी ने मुजीब उर रहमान को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड कर दिया। नबी नौ गेंदों में एक चौके की मदद से 8 रन, जबकि ओमरजई 13 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। मुजीब खाता भी नहीं खोल सके। इस तरह नितीश रेड्डी ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं।
भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ा गई है। 10 ओवर में टीम ने पांच विकेट गंवाकर 78 रन बनाए हैं। अक्षर पटेल ने दो विकेट लेकर शुरुआत में दबाव बनाया, जबकि जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर और रवि बिश्नोई ने भी विकेट चटकाए। इब्राहिम जादरान 25 रन बनाकर आउट हुए। अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है।
अफगानिस्तान को पांचवां झटका लगा है। रवि बिश्नोई ने नूर उल रहमान को 11 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। नूर ने 15 गेंदों में दो चौकों की मदद से 11 रन बनाए। उनका कैच नितीश रेड्डी ने लॉन्ग ऑफ पर पकड़ा। इसके साथ ही अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई। मोहम्मद नबी अब क्रीज पर आए हैं।
अफगानिस्तान का स्कोर 47/4 हो गया है और भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर उसकी पारी को झटका दिया है। 4.5 ओवर में जसप्रीत बुमराह ने करीब 140 किमी/घंटे की रफ्तार से सटीक यॉर्कर डालकर दारविश रसूली को खाता खोले बिना बोल्ड किया। इसके बाद 5.2 ओवर में यश ठाकुर ने इब्राहिम जादरान को आउट कर दिया। जादरान 16 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनका कैच विकेटकीपर ईशान किशन ने पकड़ा।
अक्षर पटेल ने एक ही ओवर में अपना दूसरा विकेट झटक लिया। सिदीकुल्लाह अटल घुटने के बल बैठकर स्लॉग स्वीप खेलने गए, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में ऊंची चली गई। डीप मिडविकेट पर अभिषेक शर्मा ने आसान कैच पकड़ लिया। अटल तीन गेंदों में एक रन बनाकर आउट हुए।
तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने रहमानुल्लाह गुरबाज को बोल्ड कर दिया। गेंद ज्यादा टर्न नहीं हुई और सीधी रही। गुरबाज इसे संभाल नहीं सके और 11 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी पारी में तीन चौके शामिल रहे।
अफगानिस्तान की पारी का आगाज हो गया है। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान क्रीज पर मौजूद हैं। गुरबाज स्ट्राइक पर हैं, जबकि भारत की ओर से नितीश रेड्डी गेंदबाजी की शुरुआत करेंगे। पहले ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 15/0 है।
भारत ने अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 222 रन का लक्ष्य रखा है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 221 रन बनाए। भारतीय पारी के दौरान अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट लेकर शानदार वापसी की।
श्रेयस अय्यर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। फजलहक फारूकी की गेंद पर अय्यर ने रन लेने की कोशिश की, लेकिन इब्राहिम जादरान ने शानदार डायरेक्ट हिट लगाकर उन्हें रन आउट कर दिया। अय्यर ने 20 गेंदों में 29 रन बनाए।
भारत को ईशान किशन के रूप में पांचवां झटका लगा है। इसके बाद नितीश भी कैच आउट हो गए।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत को संजू सैमसन के रूप में तीसरा झटका लगा है। सैमसन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक पूरा कर चुके थे, लेकिन अजमातुल्लाह ओमरजई ने उन्हें अपना शिकार बनाया। सैमसन 35 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 50 रन बनाए।
भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। सैमसन ने 34 गेंदों पर पचासा पूरा किया।
भारत को तिलक वर्मा के रूप में दूसरा झटका लगा है। तिलक रन आउट होकर पवेलियन लौट गए हैं। तिलक दो रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। राशिद खान ने अभिषेक को अपना शिकार बनाया। अभिषेक धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने 30 गेंदों पर शतक पूरा किया था। इसके बाद हालांकि, वह अपना विकेट गंवा बैठे। अभिषेक 34 गेंदों पर नौ चौकों और 11 छक्कों की मदद से 108 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक और सैमसन के बीच पहले विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी हुई।
भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। अभिषेक ने भारत के लिए टी20 में सबसे तेज शतक लगाया है। अभिषेक और सैमसन के बीच शानदार साझेदारी जारी है और भारत का स्कोर देखते ही देखते 150 रन के करीब पहुंच रहा है।
भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने टी20 में 9000 रन पूरे कर लिए हैं। सैमसन ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में पावरप्ले में ही 100 रन पूरे कर लिए हैं। टी20 में भारत का यह पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। अभिषेक शर्मा और सैमसन ने भारत को तूफानी शुरुआत दिलाई है। अभिषेक और सैमसन के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। अभिषेक ने चौकों-छक्कों की बरसात कर दी है और वह धुआंधार बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत ने अब तक अफगानिस्तान के हर गेंदबाज को अपने निशाने पर लिया है।
अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ 16 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। अभिषेक और सैमसन के बीच शानदार साझेदारी जारी है और भारत का स्कोर पावरप्ले में 80 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने पांच ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 85 रन बना लिए हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने दमदार शुरुआत की है। भारत ने चौथे ओवर में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। अभिषेक शर्मा तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं और उनका साथ संजू सैमसन निभा रहे हैं।
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई है। अभिषेक तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं और लगातार अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा रहे हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत के लिए संजू सैमसन के साथ अभिषेक शर्मा उतरे हैं।
भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह।
अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अब्दुल्लाह अहमदजई, डारविश रसूली, नूर उल रहमान, अजमातुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी।
अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह यश ठाकुर को मौका दिया गया है। अफगानिस्तान ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है।
आलम यह है कि नीतीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को अभी तक बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला है। नीतीश कुमार रेड्डी ने दूसरे मैच में 24 रन देकर तीन विकेट लिए जो टीम के लिए अच्छा संकेत है। उन्हें चोटिल हार्दिक पांड्या के बैकअप के रूप में देखा जाता है। चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह खेल रहे रवि बिश्नोई ने दूसरे मैच अच्छा प्रदर्शन किया और उन्हें एक और मौका दिए जाने की संभावना है। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह हमेशा की तरह प्रभावशाली रहे।
अब सैमसन और अभिषेक शर्मा दोनों ही अच्छी फॉर्म में हैं। यह दोनों खिलाड़ी एक ही प्रारूप में नियमित रूप से खेलते हैं और इसलिए वह भी विश्राम नहीं लेना चाहेंगे। ऐसे में टीम प्रबंधन को बदलाव का फैसला करना होगा। ईशान किशन को विश्राम देकर सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करने का विकल्प भी मौजूद है। किशन ने राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से पहले दलीप ट्रॉफी में पूर्वी क्षेत्र की कप्तानी की थी। सैमसन मौजूदा सीरीज में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही टीम प्रबंधन चाहेगा कि अय्यर और तिलक वर्मा को क्रीज पर कुछ समय बिताने का मौका मिले, क्योंकि शुरुआती दो मैचों में शीर्ष तीन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से बाकी बल्लेबाजों को खेलने का खास मौका नहीं मिला।
भारतीय टीम ने पहले दो मैच में दमदार प्रदर्शन किया और अफगानिस्तान को खेल के हर विभाग में पस्त किया। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मंगलवार को दूसरे मैच के बाद कहा था कि तीसरे और अंतिम मैच में टीम संयोजन में बदलाव हो सकता है ताकि सभी खिलाड़ियों को 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए जापान रवाना होने से पहले जरूरी मैच अभ्यास का मौका मिल सके। अब तक के चयन से यह स्पष्ट हो गया है कि भारत सूर्यवंशी को जगह देने के लिए कोई विशेष प्रयास करने को तैयार नहीं है। सूर्यवंशी ने जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू किया था क्योंकि तब संजू सैमसन सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं थे।
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले चुकी है। अब दोनों टीमों के बीच गुरुवार को आखिरी मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने शुरुआती दो मैचों में वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया था, लेकिन अब संकेत मिले हैं कि उन्हें प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है। भारत की नजरें इस मैच को जीतकर क्लीन स्वीप करने पर होंगी।
Today Cricket Live Score IND vs AFG 3rd T20i 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीसरा टी20 मुकाबला खेला जा रहा है। भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है और अब उसकी नजरें क्लीन स्वीप पर लगी होंगी।