भारत ने पहले टी20 में अफगानिस्तान को छह विकेट से हरा दिया है। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 158 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 17.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शिवम दुबे ने 40 गेंद में 60 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, रिंकू सिंह नौ गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। दूसरा मैच 14 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। मैच की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
14 ओवर में भारत ने चार विकेट गंवाकर 121 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को अब 36 गेंद में 38 रन की जरूरत है। फिलहाल रिंकू सिंह और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। भारत को जितेश शर्मा के रूप में चौथा झटका लगा। मुजीब ने जितेश को जादरान के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंद में पांच चौके की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने शिवम के साथ 45 रन की साझेदारी निभाई।
भारत ने 11 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल जितेश शर्मा 11 रन और शिवम दुबे 28 रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को 54 गेंद में 69 रन की जरूरत है। रोहित शर्मा, शुभमन गिल और तिलक वर्मा पवेलियन लौट चुके हैं।
भारत को नौवें ओवर में 72 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। तिलक वर्मा 22 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अजमतुल्लाह ओमरजई ने गुलबदीन नईब के हाथों कैच कराया। नौ ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 74 रन है। फिलहाल शिवम दुबे और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं।
चौथे ओवर में 28 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल 12 गेंद पर पांच चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मुजीब उर रहमान ने गुरबाज के हाथों स्टंप आउट कराया। इससे पहले रोहित खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। फिलहाल तिलक वर्मा और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 28 रन है।
14 महीने बाद वापसी करने वाले रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित ने मिड ऑफ पर शॉट खेला। वहां मौजूद फील्डर से मिसफील्ड हुई और तब तक रोहित दूसरे छोर तक पहुंच गए। हालांकि, शुभमन ने क्रीज नहीं छोड़ा और वह नॉन स्ट्राइकर एंड पर ही रह गए। ऐसे में रोहित रन आउट हुए। वह पवेलियन लौटते समय नाखुश दिखे और शुभमन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट गंवाकर पांच रन है। फिलहाल शुभमन गिल और तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान ने पांच विकेट खोकर 158 रन बनाए हैं। भारत के सामने 159 रन का लक्ष्य है। भारतीय टीम के लिए इस लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा। हालांकि, यह बहुत मुश्किल लक्ष्य भी नहीं है। अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 42 रन मोहम्मद नबी ने बनाए। उनके अलावा अजमतुल्लाह ओमरजई ने 29 रन की पारी खेली। गुरबाज ने 23 और कप्तान जादरान ने 29 रन बनाए। नजीबुल्लाह ने अंत में 19 रन की पारी खेल। टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। भारत के लिए मुकेश कुमार और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। शिवम दुबे को एक विकेट मिला।
130 रन पर अफगानिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मोहम्मद नबी 27 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हुए। मुकेश कुमार ने उन्हें रिंकू सिंह के हाथों कैचच कराया। अब नजीबुल्लाह जादरान के साथ करीम जनत क्रीज पर हैं। यहां से अफगानिस्तान के लिए 150 रन तक पहुंचना मुश्किल होगा। 19 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 143/5 है।
125 रन पर आफगानिस्तान का चौथा विकेट गिरा है। मुकेश कुमार ने अजमतुल्लाह ओमरजई को क्लीन बोल्ड किया। ओमरजई ने 22 गेंद में 29 रन बनाए। अब मोहम्मद नबी के साथ नजीबुल्लाह क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 130/5 है।
16 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 120 रन बना लिए हैं। मोहम्मद नबी विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 22 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 39 रन बना लिए हैं। ओमरजई के साथ चौथे विकेट के लिए उनकी साझेदारी अब तक 36 गेंद में 63 रन की हो चुकी है। ओमरजई 18 गेंद में 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान ने 13 ओवर के बाद तीन विकेट पर 83 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद नबी 12 और अजमतुल्लाह ओमरजई 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान को 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर तीसरा झटका लगा। अक्षर पटेल ने टी20 डेब्यू करने वाले रहमत शाह को बोल्ड किया। वह तीन रन बना सके। अक्षर को यह दूसरी सफलता मिली। इससे पहले उन्होंने रहमनुल्लाह गुरबाज को आउट किया था। वह 23 रन बना सके थे। वहीं, कप्तान इब्राहिम जादरान (25) को शिवम दुबे ने आउट किया। फिलहाल मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह ओमरजई क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 65 रन है।
50 के स्कोर पर अफगानिस्तान ने दो विकेट गंवा दिए। यह दोनों विकेट उनके ओपनर्स के रहे। सबसे पहले आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल ने रहमनुल्लाह गुरबाज को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों स्टंप कराया। फिर अगले ही ओवर की दूसरी गेंद पर शिवम दुबे ने इब्राहिम जादरान को रोहित के हाथों कैच कराया। गुरबाज 28 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन और जादरान 22 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
छह ओवर के बाद अफगानिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल इब्राहिम जादरान 16 गेंद में 16 रन और रहमनुल्लाह गुरबाज 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। शिवम दुबे ने तीसरे ओवर में जादरान का आसान कैच छोड़ा था। तब वह एक रन बनाकर क्रीज पर थे।
तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर शिवम दुबे ने कप्तान इब्राहिम जादरान का आसान कैच छोड़ दिया। ओवर की पांचवीं गेंद पर जादरान ने मिड ऑफ पर हवा में शॉट खेला और दुबे के हाथ से गेंद लगकर मैदान पर गिर गई। तब जादरान एक रन बनाकर क्रीज पर थे। चार ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 21 रन है। जादरान के साथ गुरबाज क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान की पारी तीन मिनट की देरी से शुरू हुई। दरअसल, जैसे ही अफगानिस्तान के ओपनर्स इब्राहिम जादरान और रहमनुल्लाह गुरबाज बल्लेबाजी के लिए आए साइट स्क्रीन में एक जगह कुछ गड़बड़ी नजर आई। जिसे टेप और कपड़ा लगाकर बंद किया गया। इस वजह से मैच शुरू होने में तीन मिनट की देरी हुई। पहले ओवर में अर्शदीप सिंह ने गेंदबाजी की और मेडन ओवर फेंका।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार।
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमत शाह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मोहम्मद नबी, नजीबुल्लाह जादरान, करीम जनत, गुलबदीन नायब, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान।
पहले टी20 में भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित शर्मा ने वापसी पर ही टॉस जीता और भारत के लिए पहले गेंदबाजी चुनी। संजू सैमसन यह मैच नहीं खेल रहे हैं। जितेश शर्मा को बतौर विकेटकीपर तरजीह दी गई है। यह जितेश का होम ग्राउंड है। आईपीएल में वह पंजाब किंग्स के लिए खेलते हैं।
हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में अलीगढ़ के रिंकू सिंह पर बतौर फिनिशर एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित करनी की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में शानदार प्रदर्शन किया। यहां भी वह अगर एक बार फिर चलते हैं तो टी-20 विश्व कप के लिए टीम में उनका चयन लगभग पक्का माना जाएगा। दक्षिण अफ्रीका से अचानक लौटने के बाद ईशान किशन की जगह पर विदर्भ के जितेश शर्मा और संजू सैमसन में से किसी एक को विकेट के पीछे कमान संभालने का मौका मिलेगा। जितेश का दावा मजबूत लग रहा है। वह पिछली दो सीरीज से टीम में हैं। हार्दिक की जगह शिवम दुबे को मौका मिल सकता है। कुलदीप यादव स्पिन विभाग में अगुवाई करेंगे।
विश्व कप से पहले इस अंतिम टी-20 सीरीज में भारतीय क्रिकेटर अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद आईपीएल के जरिए कोर ग्रुप में शामिल क्रिकेटरों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वकप के लिए टीम का चयन होगा। विश्व कप जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेला जाना है। रोहित पर जिम्मेदारी होगी कि जिस तरह उन्होंने वनडे विश्वकप में भारतीय टीम को पावरप्ले में तेज शुरुआत दी, उसी तरह वह यहां भी प्रदर्शन करें।
दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद भारतीय टीम बुधवार को ही पीसीए स्टेडियम में एकत्र हुई। शाम तक यही माना जा रहा था कि रोहित और विराट 14 माह बाद एक साथ टी-20 में वापसी करेंगे, लेकिन द्रविड के खुलासे के बाद निगाहें रोहित पर आ टिकी हैं। रोहित और विराट ने ऑस्ट्रेलिया में हुए टी-20 विश्वकप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम बार शिरकत की थी। कप्तान रोहित इस मैच में यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग के लिए उतर सकते हैं। स्थानीय क्रिकेटर शुभमन गिल नंबर एक के स्थान पर उतर सकते हैं। तिलक वर्मा के भी इस मुकाबले में खेलने की उम्मीद है।
रोहित शर्मा नवंबर 2022 के बाद अपना पहला टी-20 मैच खेलने उतरेंगे। यह दोनों देशों के बीच पहली टी-20 सीरीज है। भारत के लिए अच्छी बात यह भी है कि अफगानिस्तान टीम के खतरनाक स्पिनर राशिद खान पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। राशिद ने बीते वर्ष नवंबर में सर्जरी कराई है और वह अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं।
टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की अंतिम टी-20 सीरीज के पहले मैच में सारी निगाहें कप्तान रोहित शर्मा पर आ टिकी हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ गुरुवार को होने वाले इस मुकाबले में रोहित के साथ विराट कोहली को भी वापसी करनी थी, लेकिन कोच राहुल द्रविड़ ने मैच की पूर्व संध्या पर स्पष्ट कर दिया कि विराट इस मैच में अपने पारिवारिक कारणों से नहीं खेलेंगे। कोहली सीरीज के अंतिम दोनों मैच में वह उपलब्ध रहेंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और अफगानिस्तान के बीच मोहाली स्टेडियम में तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। यह जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया की आखिरी टी20 सीरीज है। वहीं, इस सीरीज के लिए कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी टी20 टीम में वापसी हुई है। विराट निजी कारणों से पहला मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। वहीं, अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान चोट की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं।