02:29 PM, 15-Dec-2023
IND vs BAN Live: भारत ने 188 रन बनाए
भारत ने अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश के सामने 189 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 188 रन पर सिमट गई। 61 रन तक टीम इंडिया ने छह विकेट गंवा दिए थे।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। आदर्श सिंह दो रन, अर्शिन कुलकर्णा एक रन, प्रियांशु मोलिया 19 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान उदय सहारन खाता भी नहीं खोल सके। सचिन दास ने कुछ अच्छे शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन 22 गेंद पर तीन चौके की मदद से 16 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। अरावेली अवनीश खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने मुरुगन अभिषेक के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी निभाई। मुशीर और अभिषेक दोनों ने अर्धशतक जड़े। मुशीर 61 गेंद में तीन चौके की मदद से 50 रन और अभिषेक 74 गेंद में छह चौके और दो छक्के की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए।
सौमी पांडे एक रन और नमन तिवारी 11 रन बनाकर आउट हुए। राज लिंबानी 11 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश की ओर से मारूफ मृधा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, रोहनत बोरसोन और शेख जिबोन ने दो-दो विकेट लिए। महफुजुर रहमान को एक विकेट मिला।